शनिवार, 31 अक्तूबर 2020

केंद्र ने त्रिपुरा को दी नौ सड़क परियोजनाओं की सौगात

केंद्रीय मंत्री ने किया 2752 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास हरिभूमि ब्यूरो.नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने त्रिपुरा के बुनियादी विकास को बढ़ावा देने के लिए 2752.49 करोड़ रुपये की 262.34 किलोमीटर की कुल नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की नींव रखी। यहां नई दिल्ली में मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए त्रिपुरा के आयोजित एक समारोह में केंद्रीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने केंद्रीय डोनर मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह के साथ नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की नींव रखी। इन परियोजनाओं के तहत त्रिपुरा में 261.339 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत 2752.49 करोड़ रुपये होगी। इन परियोजनाओं में ब्रिज, पुल एवं अन्य कई मार्गो की मरम्मत और चौडीकरण भी शामिल है। इन सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद वर्चुअल समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहाकि त्रिपुरा में पिछले छह वर्षों में करीब 300 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ा गया है। आज राज्य में 850 किलोमीटर से अधिक एनएच हैं। उन्होंने बताया कि त्रिपुरा में 8 हजार करोड़ रुपये की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। गडकरी ने कहा कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच राज्य में भूमि अधिग्रहण लागत के लिए 365 करोड़ रुपये का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राज्य में दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी होने जा रही है, जिसमें 750 करोड़ रुपये की लागत वाले उदयपुर-अगरतला मार्ग के साथ 49 किलोमीटर 2-लेन अगले महीने पूरा हो रहा है। वहीं 129 करोड़ रुपये की लागत से भारत की तरफ सेब्रम और बांग्लादेश की तरफ से रामगढ़ के बीच 1.8 किलोमीटर लंबा फेनी ब्रिज इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इस पुल सामाजिक, आर्थिक और रक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सब्रम और चटगांव के बीच की दूरी 75 किलोमीटर है, जिसके कारण इस पुल से चटगाँव और कोलकाता बंदरगाहों से परिवहन और माल की ढुलाई में आसानी होगी। इस परियोजना में सब्बुम के पास एक एकीकृत चेक पोस्ट भी प्रस्तावित है। समारोह में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए केंद्रीय सड़क राज्यमंत्री वीके सिंह, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के अलावा सांसदों, विधायकों और केंद्र तथा राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बांग्लादेश तक मिलेगी कनेक्टिविटी केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इन सड़क परियोजनाएं पूरी होने पर अंतर-राज्यीय और बांग्लादेश तक तेज और परेशानी मुक्त संपर्क मिल सकेगा और राज्य के पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक प्रमुख प्रगति होगी। नई परियोजनाएं पूरे राज्य में विभिन्न पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक स्थानों और धार्मिक स्थलों को यातायात का बेहतर संपर्क, तेज और सुरक्षित आवाजाही प्रदान करेगी। इससे क्षेत्र के अकुशल, अर्ध-कुशल और कुशल श्रमशक्ति के लिए बड़ी संख्या में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की संभावना है। परियोजनाओं से वाहनों की यात्रा के समय और रख-रखाव लागत और ईंधन की खपत में कमी आएगी। परियोजना के कार्यान्वयन से इलाके की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। ये कृषि वस्तुओं के परिवहन में सुधार करेंगे और अधिक से अधिक बाजारों तक पहुंच बनाएंगे, जिससे माल और सेवाओं की लागत कम होगी। ये स्वास्थ्य देखभाल और आपातकालीन सेवाओं के लिए आसान और त्वरित पहुंच भी बनाएंगे। वहीं इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यह इस क्षेत्र के पर्यटन, आर्थिक और अंतर्राष्ट्रीय संपर्क के विकास में लंबी छलांग होगी। आखिरकार इससे त्रिपुरा राज्य की जीडीपी को गति मिलेगी। 28Oct-2020

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें