शनिवार, 16 मार्च 2019

लोकसभा चुनाव का बजा बिगुल


लोकसभा के साथ होंगे चार राज्यों के विधानसभा चुनाव
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
देश में सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के साथ ही आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा व सिक्किम राज्य के विधानसभा चुनाव भी कराएं जाएंगे।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ यह जानकारी भी दी है कि लोकसभा के साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा व सिक्किम राज्य के विधानसभा चुनाव भी होंगे। ओडिशा में चार चरणों में लोकसभा के चुनाव होंगे, जिनके साथ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा के चुनाव भी कराएं जाएंगे। जबकि आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम राज्य के विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होंगे। चुनाव आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार ओडिशा में लोकसभा चुनाव 11, 18, 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जिनके साथ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा के लिए भी मतदान कराया जाएगा। ओडिशा की 21 संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 147 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। आंध्र प्रदेश में सभी 25 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में चुनाव कराया जाएगा, जिसके साथ राज्य की 175 विधानसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इसी प्रकार अरुणाचल प्रदेश की दो लोकसभा सीटों पर भी पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा, जिसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव होंगे। जबकि सिक्किम में भी 11 अप्रैल को पहले चरण में लोकसभा चुनाव के साथ राज्य विधानसभा के लिए भी मतदान कराया जाएगा। सिक्किम की एक मात्र लोकसभा सीट के साथ राज्य की 32 विधानसभा सीटों के लिए भी 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। 
11Mar-2019

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें