शनिवार, 15 फ़रवरी 2020

आप के 45 विधायक समेत 55 प्रत्याशियों की संपत्ति बढ़ी

दिल्ली विस चुनाव: पांच साल में औसतन हुआ 13 फीसदी इजाफा
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली।  
आगामी आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरे 672 प्रत्याशियों में से 55 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो पिछले चुनाव में भी हिस्सेदारी कर चुके है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के 45 विधायकों समेत फिर से चुनाव मैदान में उतरे इन 55 प्रत्याशियों की संपत्ति में पिछले पांच साल के भीतर औसतन 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में विभिन्न दलों समेत वर्ष 2015 के चुनाव के बाद वर्ष 2020 के चुनाव मैदान में उतरे इन 55 उम्मीदवारों द्वारा चुनाव अयोग के समक्ष घोषित की गई संपत्ति का गैर सरकारी संगठन एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स यानि एडीआर ने विश्लेषण किया है। एडीआर की इस रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली विधानसभा चुनाव में पुन: उम्मीदवार बने इन 55 विधायकों की औसतन संपत्ति जहां वर्ष 2015 में  7.25 करोड़ थी, वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में यह बढ़कर 8.17 करोड़ हो गई है यानि इसमें 92.12 लाख रुपये यानि 13 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा बदरपुर सीट से बसपा प्रत्याशी नारायण दत्त शर्मा की संपत्ति में सबसे अधिक 144 फीसदी का इजाफा हुआ है, जो पिछला चुनाव आप के टिकट पर लड़े थे जबकि दूसरे पायदान पर कांग्रेस प्रत्याशियों के दो विधायकों की संपत्ति में 118 फीसद का इजाफा हुआ है। भाजपा के पांच प्रत्याशी की संपत्ति में 14 फीसद की वृद्धि के साथ तीसरे पायदान पर हैं। इसके अलावा आप के 45 विधायकों की संपत्ति में 11 फीसदी बढ़ोतरी हुई है, जबकि राकांपा के दो प्रत्याशियों की संपत्ति लगभग आठ फीसदी बढ़ी है।
गहलौत की संपत्ति सबसे ज्यादा बढ़ी
रिपोर्ट के अनुसार ऐसे प्रत्याशियों में नजफगढ़ से आप के कैलाश गहलोत की संपत्ति में 37.45 करोड़ से बढ़कर 46.07 करोड़ हुई है, जो सबसे ज्यादा इजाफा है। जबकि मोतीनगर से आप के शिव चरण गोयल की संपत्ति में 6.28 करोड़ की वृद्धि के साथ 2015 में संपत्ति 18.14 करोड़ के मुकाबले 2020 में 24.43 करोड़ हो गई है। इसी तरह छत्तरपुर से आप के ही करतार सिंह तंवर की संपत्ति 2015 में 17.65 करोड़ के मुकाबले बढ़कर 2020 में 23.84 करोड़ घोषित की गई है, जिसमें में 6.19 करोड़ की वृद्धि हुई है। इनके अलावा नांगलौई जट से आप के प्रत्याशी रघुविंदर शोकीन की संपत्ति 5.82 करोड की बढ़ोतरी के साथ 6.22 करोड़ से छलांग लगाकर 12.05 करोड़ पहुंच गई है। टॉप-5 प्रत्याशियों में संपत्ति में इजाफे के लिहाज से विश्वासनगर से भाजपा के विधायक ओम प्रकाश शर्मा की संपत्ति पिछले पांच साल में 5.49 करोड़ बढ़ी है, जिसकी वर्ष 2015 में 19.26 करोड़ रुपये थी और 2020 के चुनाव में उन्होंने 24.74 करोड़ रुपये घोषित की है।
सभी उम्मीदवारों की औसत संपत्ति
दिल्ली के मौजूदा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने उतरे 672 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.34 करोड़ रुपये है, जो बीते चुनाव के 673 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.32 करोड़ के मुकाबले करीब एक करोड़ का इजाफा दर्ज कर रही है। 2020 के चुनाव में आप के 70 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 15.25 करोड़ रुपये है। कांग्रेस के 66 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 11.68 करोड़ और भाजपा के 67 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 10.22 करोड़ रुपये है।
अधिकतम संपत्ति भी ज्यादा हुई
मुंडका से आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे धर्मपाल लाकड़ा की संपत्ति 292 करोड़ रुपये है। बीते चुनाव में सबसे ज्यादा संपत्ति मनजिंदर सिंह सिरसा ने घोषित की थी। उनके पास 239 करोड़ रुपये थे। सिरसा इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। लाकड़ा के बाद आप की प्रेमिला टोकस और बदरपुर से चुनाव लड़ रहे राम सिंह नेताजी के पास अस्सी करोड़ से ज्यादा संपत्ति है।
निर्दलियों के पास सबसे कम संपत्ति
पालम विधानसभा से चुनाव लड़ रहे आरपीआई (ए) के राजेश कुमार के पास 3600 रुपये की संपत्ति है। शालीमार बाग से निर्दलीय प्रत्याशी पूनम कौशिक की संपत्ति 6917 और नई दिल्ली से राहुल बेनीवाल के पास 7031 की संपत्ति है।
05Feb-2020

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें