मंगलवार, 28 जनवरी 2020

नमामि गंगे: यूपी के 27 जिलों से गुजरेगी गंगा यात्रा

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत से मिले यूपी के महेन्द्र सिंह
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
नमामि गंगे मिशन को प्रोत्साहन देने की दिशा में आगामी 27 से 31 जनवरी तक उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित गंगा यात्रा राज्य के 27 जिलों ओर 1038 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा 1199 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से गुरुवार को यहां नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान यह जानकारी उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने दी है। केंद्रीय मंत्री शेखावत से मुलाकात करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार द्वारा नमामि गंगे के तहत इस भव्य एवं दिव्य गंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को गंगा यात्रा का रोडमैप और रूट चार्ट की जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा का सफर 1199 किमी होगा। 27 जनवरी से शुरू होने वाली यह यात्रा 27 जनपदों, 1038 ग्राम पंचायतों और 1650 राजस्व ग्रामों से गुजरेंगी। उन्होंने बताया कि प्रथम यात्रा बिजनौर से कानपुर तथा द्वितीय यात्रा बलिया से कानपुर तक की होगी। इन यात्राओं का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस प्रस्तावित गंगा यात्रा की विस्तृत जानकारी और रूपरेखा के साथ रूट चार्ट का प्रस्तुतिकरण करते हुए उन्होंने कहा कि इन यात्राओं में केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश के मंत्रियों के अलावा जिलों के प्रभारी मंत्री तथा क्षेत्रीय व स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी सम्मिलित होंगे। जल शक्ति मंत्री ने यात्रा के रात्रि निवास स्थलों एवं प्रदे के विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना की भी विस्तार से जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री शेखावत और यूपी के मंत्री की बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा यूपी की सिंचाई एवं जल संसाधन सचिव अपर्णा यू. एवं नमामि गंगा के प्रदे सलाहकार आदित्य विद्यासागर सहित विभागीय नोडल अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने प्रस्तावित गंगा यात्रा की तैयारियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते दिया।
17Jan-2020
 





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें