सोमवार, 11 नवंबर 2019

जल्द होगा हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार


भाजपा अध्यक्ष शाह देंगे मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली।  
हरियाणा में भाजपा-जजपा की गठबंधन की सरकार में मंत्रिमंडल का विस्तार अगले सप्ताह होने की संभावना है, जिसके लिए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सदस्यों के नामों की सूची अंतिम रूप देने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सौंपी जानी है, जिस पर शाह की मुहर लगते ही मंत्रिमंडल के विस्तार को अंजाम दिया जाएगा।
ऐसे संकेत शनिवार को यहां नई दिल्ली में भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों ने दिये हैं। पिछले तीन दिनों से दिल्ली प्रवास पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर चर्चा की। शनिवार को ऐसे संकेत यहां हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मीडिया से बातचीत के दौरान दे चुके है कि मंत्रिमंडल में भाजपा-जजपा की हिस्सेदारी पर कोई मतभेद नहीं है और सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जा चुका है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री भाजपा हाईकमान के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करके मंत्रिमंडल में भाजपा-जजपा समीकरणों के साथ जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के तहत मंत्रिमंडल के विस्तार का खाका तैयार किया गया है, जिसमें भाजपा और जजपा पहले ही मंथन कर चुके हैं। भाजपा के सूत्रों की माने तो दो-तीन दिन अभी राज्यपाल भी राज्य में नहीं है, जिनके आने के बाद ही संभवत: 14 या 15 नवंबर को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।
मंत्रिमंडल के नामों की सूची तैयार
भाजपा सूत्रों की माने तो हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल करने के लिए विधायकों के नामों को भाजपा वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई चर्चा के बाद सूचीबद्ध किया जा चुका है यानि मंत्रिमंडल विस्तार का पूरा खाका तैयार है और अब महज इस सूची को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चर्चा के साथ उनकी मुहर लगना बाकी है। भाजपा सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा राज्य में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार में दोनों दलों के न्यूनतम साझा कार्यक्रम समिति के प्रस्तावों को क्रियान्वित किए जाने के बारे में भी मंत्रियों के विभागों पर भी भाजपा हाईकमान की मुहर लगवाई जानी है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में डटे मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस संबन्ध में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि इस संबन्ध में मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ कई दौर की बातचीत कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मंत्रिमंडल में शामिल नामों पर मुहर लगवाने से पहले मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला व प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट से चर्चा के बाद प्रदेश के पार्टी संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शीर्ष पदाधिकारयिों की सहमति भी हासिल कर ली है, जिसमें उप मुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला द्वारा अपने दलों के विधायकों के नाम भी शामिल किये गये हैं।
---------------------------------
अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद पर सुनाए गये निर्णय को एक एतिहासिक फैसला करार देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक स्थायी समाधान दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक  बहुत बडे विषय पर सर्वसम्मति से एक एतिहासिक निर्णय दिया है। इस स्थायी समाधान से सभी को संतोष हुआ है। मंदिर का निर्माण निश्चित तौर पर हो सकेगा। मुस्लिम पक्ष पांच एकड़ भूमि पर एक भव्य मस्जिद बना सकेगा। एक सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने प्रदेश में आपसी सौहार्द व सामाजिक भाईचारा सामान्यतया बना ही रहता है। व्यवहारिकतौर पर सावधानियाँ  रखना भी आवश्यक होता है। समाज में शांति समितियां सक्रिय हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखे जाने के दृष्टिगत नागरिक प्रशासन व पुलिस व्यवस्था मुस्तैद है।
सामाजिक सद्भाव बढ़ेगा: चौटाला                        
नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय को एक संतुलित निर्णय बताते हुए हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस निर्णय से दोनों पक्षों को उनके अधिकार मिल सके हैं। चौटाला ने कहा कि इस लंबित विवाद पर सर्वोच्च न्यायालय ने सर्वसम्मति से एक संतुलित निर्णय दिया है। देश में सामाजिक सद्भाव मजबूती से विद्यमान व बरकरार है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था पूर्णरूप से सही है और हरियाणा प्रदेश का एक-एक व्यक्ति सामाजिक सद्भाव को बनाए रखते हुए आगे बढता रहेगा।
10Nov-2019

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें