रविवार, 20 अक्तूबर 2019

हरियाणा: कांग्रेस ने खेला सबसे ज्यादा दागियों व कुबेरों पर दांव


इस बार दागी उम्मीदवारों की भरमार, करोड़पतियों में आई कमी
सोहना सीट से जजपा के रोहिताश सबसे अमीर प्रत्याशियों में शुमार
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए 21 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में इस बार पिछले चुनाव की तुलना में दागी प्रत्याशियों की संख्या में इजाफा हुआ है, जो करोड़पति प्रत्याशियों में कमी देखी गई है। कांग्रेस पार्टी ने सबसे ज्यादा दागी प्रत्याशियों पर दांव खेला है, जबकि करोड़पति प्रत्याशियों में कांग्रेस और भाजपा के बीच बराबरी का मुकाबला है। सबसे अमीर प्रत्याशियों में सोहना सीट से जजपा के प्रत्याशी राहिताश हैं तो तीन प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास फूटी कोड़ी भी नहीं है।
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए चल रहे चुनावी संग्राम में इस बार 104 महिलाओं समेत 1168 प्रत्याशी हैं, जिनमें 279 राष्ट्रीय दलों, 145 क्षेत्रीय दलों, 369 गैर मान्यता प्राप्त दलों के अलावा 376 निर्दलीय रूप से विधानसभा में जाने के मकसद से चुनावी जंग में हैं। चुनावी जंग में उतरे प्रत्याशियों में 117 अपराधिक पृष्ठभूमि और 481 करोड़पतियों की फेहरिस्त में शामिल हैं। जबकि पिछले वर्ष 2014 के चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने उतरे कुल 1351 में से 563 करोड़पतियों ने चुनाव लड़ा था, जिनमें केवल 75 ही जीत सके थे। जबकि 94 दागियों में से मात्र नौ प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधानसभा में दाखिल हुए थे। इस बार दागी प्रत्याशियों की संख्या बढ़ी है और करोड़पति उम्मीदवारों में गिरावट दर्ज की गई है। एडीआर की विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार 117 दागी प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 13 कांग्रेस के बाद 12 बसपा, 10 जजपा, 7 इनेलो और तीन भाजपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा 29 निर्दलीय और 12 आप के प्रत्याशियों पर भी अपराधिक दाग है। इनमें गंभीर आरोप वाले 70 प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 9 बसपा के बाद 8 कांग्रेस, 6 जजपा, 5 इनेलो और एक भाजपा प्रत्याशी शामिल है, इनमें पांच उम्मीदवारों पर महिलाओं के प्रति अपराध, जिनमें तीन पर बलात्कार का आरोप है। जबकि पांच उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास करने के आरोप हैं। 11 प्रत्याशी ऐसे भी हैं जिन्होंने अपने ऊपर दोषसिद्ध मामले घोषित किये हैं।
कुबेर प्रत्याशियों की भरमार
हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरे 481 करोड़पतियों की फेहरिस्त में प्रमुख दलों में कांग्रेस और भाजपा के 79-79, जजपा के 62, इनेलो के 50 और बसपा के 34, आम आदमी पार्टी के 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। हालांकि सबसे ज्यादा 99 निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम करोड़तियों के सूची में हैं। विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की औसतन संपत्ति 4.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। इनमें सबसे ज्यादा कांग्रेस के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 13.72 करोड़, भाजपा प्रत्याशियों की 11.69 करोड़, जजपा प्रत्याशियों की 11.29 करोड़ इनेलो प्रत्याशियों की 4.05 करोड़, बसपा प्रत्याशियों की 2.48 करोड़ तथा निर्दलीय प्रत्याशियों की 1.79 करोड़ औसत संपत्ति है।
टॉप टेन अमीर प्रत्याशी
चुनाव मैदान में उतरे करोड़पति प्रत्याशियों में 325.22 करोड़ की संपत्ति के साथ गुडगांव की सोहना सीट से जजपा उम्मीदवार रोहताश सिंह पहले पायदान पर हैं। जबकि 170.45 करोड़ की संपत्ति के साथ हिसार की नारनौंद सीट से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु दूसरे और गुडगांव सीट से कांग्रेस सुखबीर सिंह कटारिया तीसरे पायदान पर हैं। हिसार की आदमपुर सीट से कांग्रेस के कुलदीप विश्नोई 105.54 करोड़ के साथ चौथे स्थान पर हैं। इनके बाद सिरसा से हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा ने 95.43 करोड़, बाढ़रा से जजपा के नैन सिंह ने 91.78 करोड़, गन्नौर से भाजपा की निर्मल रानी ने 88.31 करोड़, लोहारू से भाजपा के जेपी दलाल ने 76.75 करोड़, उचानाकलां से जजपा के दुष्यंत चौटला ने 74.77 करोड़ तथा पंचकुला से कांग्रेस के चंद्र मोहन ने 69.26 करोड़  रुपये की संपति घोषित की है।
सबसे गरीब प्रत्याशी
करनाल की घरोंदा सीट से आरपीआई के प्रत्याशी सतबीर सिंह, सोनीपत की राई सीट से निर्दलीय बिजेन्द्र कुमार और खरखौदा सीट से हरपाल ने अपनी संपत्ति शून्य घोषित की है, लेकिन वे चुनावी जंग लड़ रहे हैं। इनके अलावा सबसे कम संपत्ति घोषित करने वाले प्रत्याशियों में आदमपुर सीट से निर्दलीय मनोज कुमार ने पांच हजार, नारनौंद से बहुजन मुक्ति पार्टी की रानी देवी ने छह हजार तथा नूहं से निर्दलीय प्रत्याशी इम्तियाज खान ने 11 हजार रुपये की संपत्ति होने का दावा किया है।
16Oct-2019

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें