सोमवार, 30 सितंबर 2019

भिलाई इस्पात संयंत्र में गुणवत्तापूर्ण उत्पादकता बढ़ाने में खरे उतरे कर्मचारी


दो श्रेणी में 19 कर्मचारियों के नाम रहे राष्ट्रीय विश्वकर्मा पुरस्कार
बलोदा बाजार की अल्ट्राटेक सीमेंट सुरक्षा मानकों पर खरी
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
श्रम क्षेत्र में वर्ष 2017 के दौरान छत्तीसगढ़ में भारतीय इस्पात प्राधिकरण के भिलाई इस्पात संयंत्र में गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन सामने आया है, जिसके लिए सयंत्र के 19 कर्मचारियों ने दो श्रेणियों में विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किये हैं। वहीं राज्य के बलोदा बाजार की अल्ट्रा सीमेंट कंपनी को राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार से नवाजा गया है। जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार हासिल करने में मध्य प्रदेश के हिस्से में सात और हरियाणा के हिस्से में छह पुरस्कार आए हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य में प्रदर्शन वर्ष 2017 के लिए विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार (वीआरपी) और राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार (एनएसए) विजेताओं की सूची जारी की है। इस सूची के अनुसार देशभर के विभिन्न उद्योगों और उनके कर्मचारी समूहों को तीन श्रेणियों में 28 विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कारों को 131 कर्मचारियों में साझा किया है। इनमें छत्तीसगढ़ के भिलाई इस्पात सयंत्र के 19 कर्मचारियों के हिस्से में यह पुरस्कार आया है। इसमें बी श्रेणी में 50-50 हजार रुपये के दिये जाने वाले आठ पुरस्कारों में इस संयत्र के छह कर्मचारियों के समूह में मनोज कुमार मेशराम, वी. जनार्धन राव, राधाकृष्ण नायर, कैलाश राम, शीतल कुमार मिश्रा तथा भेवेन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया है। जबकि सी श्रेणी के 25-25 हजार रुपये के 15 पुरस्कारों में से दो पुरस्कार भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के दो समूहों को दिया गया है, जिसमें एक समूह में छह व दूसरे समूह में सात कर्मचारियों के हिस्से में यह पुरस्कार आया है। सी श्रेणी के पुरस्कार विजेताओं में के. शेषगिरी, चौधरी मनीष जैन, मुद्ददा मुरलीधर, किशोर कुमार साय, रिपन सुतराधर तथा हेमंत कुमार के अलावा विवेकानंद सुर, अरुण कुमार प्रसाद, शेख महमूद, रुपसिंह ठाकुर, प्रकाश चन्द्र वर्मा, आर. रेजी कुमार ता माधव राव शामिल हैं।
मध्य प्रदेश को दस पुरस्कार
विश्वकर्मा राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिपलानी स्थित भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लि. को सी श्रेणी के आठ व दो कर्मचारियों के अलग-अलग समूह को 25-25 हजार रुपये के दस पुरस्कार मिले हैं। इनमें पहले समूह में रंजीत जयश्वर व अश्विनी कुमार साहू तथा दूसरे समूह में संदीप अन्नासाहेब शिंदे, मनीश कुमार तिवारी, चन्द्रशेखर यादव, अल्कार सिंह सोलंकी, शम्सुल हक, क्रूतिबासा बिश्वल, अनीत वसंत रणदिवे व नीरज कुमार ठाकुर सम्मानित किये गये हैं।
सुरक्षा मानको में हरियाणा अव्वल
राष्‍ट्रीय सुरक्षा पुरस्‍कार उन औद्योगिक प्रतिष्‍ठानों, निर्माण स्‍थलों, बंदरगाहों और परमाणु ऊर्जा नियामकीय बोर्ड के अधीनस्‍थ प्रतिष्‍ठानों को उत्कृष्ट  सुरक्षा मानकों के शानदार प्रदर्शन पर दिया जाता है। मसलन संस्थान में कोई दुर्घटना न हुई हो और कर्मचारी अपने आपको सुरक्षित महसूस करते हो। ऐसे दुर्घटना निवारण कार्यक्रमों के तहत प्रबंधन एवं कामगारों के हितों के लिए दिये गये पुरस्कार में हरियाणा राज्य ने बाजी मारी है। 
19Sep-2019
 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें