सोमवार, 30 सितंबर 2019

हरियाणा कांग्रेस की गुटबंदी को खत्म करने में जुटा पार्टी हाईकमान


विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति में समन्वय बनाने का प्रयास 
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
हरियाणा विधानसभा चुनाव का जल्द ही कभी भी ऐलान किया जा सकता है। हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी कुमारी सैलजा को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के बाद और बढ़ती नजर आ रही है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा चुनाव प्रचार समिति का ऐलान करते हुए सभी गुटों के नेताओं को जगह दी है, ताकि आपस में समन्वय कायम किया जा सके।
कांग्रेस हाईकमान ने पिछले सप्ताह ही हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कई अन्य कांग्रेस दिग्गजों के बीच तनातनी के बीच ही हरियाणा कांग्रेस की बागडौर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा को सौंपते हुए उन्हें प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस हाईकमान ने सैलजा के साथ भूपेन्द्र हुड्डा को विधानसभा में एलओपी की जगह दी। कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले के बाद अशोक तंवर गुट के कांग्रेस नेताओं की नाराजगी राज्य में साफतौर से देखी गई है। चूंकि हरियाणा विधानसभा चुनाव सिर पर है इसलिए कांग्रेस हाईकमान राज्य में कांग्रेस को एकजुटता के साथ चुनावी गतिविधियों में जिम्मेदारी के साथ मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस प्रचार समिति की बागडौर कैप्टन अजय यादव को सौंपी
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा मंजूर की गई हरियाणा प्रदेश चुनाव प्रचार समिति में सभी गुटों के नेताओं को स्थान दिया गया है। इस समिति के चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव तथा संयोजक दिलूराम बाजीगर को बनाया गया है। इनके अलावा इस समिति में नियुक्त किये गये सदस्यों में कुमारी सैलजा, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के अलावा किरण चौधरी, अशोक तंवर, रणदीप सिंह सुरजेवाला, फूलचंद मुलाना, कुलदीप बिश्नोई, दीपेन्द्र हुड्डा, कुलदीप शर्मा, गीता भुक्कल, श्रुति चौधरी, अनिता यादव, धर्मवीर गाबा, अनिल ठक्कर, आशा शर्मा, ललित नागर, धर्मसिंह छोकर, अजय चौधरी आदि नेताओं को भी जगह दी गई है।
सैलजा की दी गई चुनाव समिति की कमान
कांग्रेस हाईकमान द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए गठित की गई हरियाणा चुनाव समिति की चेयरमैन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा को बनाया गया है। कुमारी सैलजा के नेतृत्व में 29 सदस्यीय चुनाव समिति में सदस्यों के रूप में भी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, अशोक तंवर, रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी, कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अजय यादव, फूलचंद मुलाना, महेन्द्र प्रताप सिंह, दीपेन्द्र हुड्डा, आनंद संह दांगी, करन सिंह दलाल, शादीलाल बत्रा, बजरंगदास गर्ग, जयपाल सिंह लाली, परमवीर सिंह, अनिल धनौरी के अलावा युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, छात्र युवा संगठन के अध्यक्ष और सेवादल के प्रतिनिधि को इस समिति में जगह दी गई है।
12Sep-2019
 



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें