ओ.पी. पाल. नई दिल्ली।
लोकसभा
चुनाव के तीन चरणों में चौथे चरण का 71 सीटों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है,
जिसके लिए चुनावी जंग में उतरे 943 सियासी योद्धाओं में 210 आपराधिक पृष्ठभूमि के
हैं तो वहीं 306 करोड़पति प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चौथे चरण में
कांग्रेस को पीछे धकेलकर भाजपा ने ज्यादा दागियों को अपना प्रत्याशी बनाया है,
जबकि भाजपा और कांग्रेस ने 50-50 करोड़पति चुनावी मैदान में उतारे हैं।

दागियों में निर्दलीयों की भरमार
चौथे चरण
में चुनाव मैदान में 349 निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें से
सर्वाधिक 60 प्रत्याशियों के नाम दागियों की फेहरिस्त में शामिल है, जिनमें 45
प्रत्याशियों पर संगीन आपराधिक मामले चल रहे हैं। जबकि राष्ट्रीय दलों में भाजपा
के 57 में से 25 दागी प्रत्याशी हैं, जिनमें 20 के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं।
इसके बाद कांग्रेस के 57 में से 18 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले हैं, जिनमें 9 के
खिलाफ संगीन मामले लंबित हैं। बसपा के 54
में से 11 प्रत्याशियों पर दाग है, जिनमें 10 के खिलाफ संगीन मामले विचाराधीन हैं।
जबकि शिवसेना के 21 में 12 दागी प्रत्याशियों की सूची में शामिल हैं, जिनमें नौ के
खिलाफ संगीन मामले हैं।
भाजपा-कांग्रेस का करोड़पतियों पर दांव
लोकसभा
चुनाव के चौथे चरण में करोड़पति 306 प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 50-50 प्रत्याशी
भाजपा और कांग्रेस ने चुनावी जंग में उतारे हैं। इसके अलावा बसपा ने 20, शिवसेना
ने 13, सपा ने आठ करोड़पतियों को टिकट थमाया है। करोड़पति प्रत्याशियों की औसत
संपत्ति 4.53 करोड़ रुपये सामने आई है। इनमें कांग्रेस के 57 प्रत्याशियों की
29.03 करोड़, शिवसेना के 21 प्रत्याशियों की 17.85 करोड़, भाजपा के 57
प्रत्याशियों की 13.63 करोड़ रुपये तथा
बसपा के 54 प्रत्याशियों की 2.69 करोड़ रुपये औसत संपत्ति घोषित की गई है।
कांग्रेस का प्रत्याशी सबसे अमीर
चुनावी
जंग में उतरे करोड़पतियों में सर्वाधिक 660 करोड़ रुपये की संपत्ति मध्य प्रदेश के
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी नकुलनाथ ने घोषित की
है, जो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे हैं। इसके बाद 125 करोड़ की
संपत्ति के साथ महाराष्ट्र की दक्षिण मध्य मुंबई से वंचित बहुजन अघाडी के
प्रत्याशी संजय सुशील भोसले दूसरे अमीर प्रत्याशी हैं। यूपी की झांसी लोकसभा सीट
से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा 124 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ
तीसरे पायदान पर हैं।
सबसे गरीब तीन प्रत्याशी
लोकसभा
चुनाव के चौथे चरण के चुनाव में सबसे गरीब तीन निर्दलीय प्रत्याशी हैं, जिनमें
महाराष्ट्र की नासिक लोकसभा सीट से प्रियंका रामराव शिरोले, थाने सीट से
विठ्ठलनाथा चव्हाण तथा राजस्थान की टांक संवाई माधोपुर से चुनाव लड़ रही प्रेमलता
बंसीवाल ने एक रुपये की भी संपत्ति घोषित नहीं की है।
सर्वाधिक स्नातक प्रत्याशी
इस दौर के
चुनाव में सबसे ज्यादा 454 प्रत्याशियों की शैक्षिक योग्यता स्नातक या उससे ज्यादा
है, जबकि 404 कक्षा पांच से 12वीं तक पढ़े लिखे हैं। वहीं जहां 34 प्रत्याशी
साक्षर हैं, तो नौ प्रत्याशी अनपढ़ भी चुनावी जंग लड़ रहे हैं।
25Apr-2019
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें