बुधवार, 24 अप्रैल 2019

लोकसभा चुनाव-तीसरा चरण: अमित शाह व राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों का भविष्य कैद

लोकसभा चुनाव: तीसरे चरण में 16 राज्यों की 117 सीटों पर मतदान संपन्न 
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को 16 राज्यों में 117 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। इस चरण में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा केंद्रीय मंत्रियों और पूर्व मुख्यंत्रियों समेत कई दर्जन सियासी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, जिनके ईवीएम में कैद हुए सियासी भविष्य का फैसला 23 मई को मतगणना के बाद होगा।
तीसरे चरण में सत्रहवीं लोकसभा के लिए मंगलवार को संपन्न हुए 16 राज्यों की 117 सीटों के चुनाव में कुल 1612 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 316 राष्ट्रीय, 76 क्षेत्रीय और 496 गैरमान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशी भी शामिल हैं। जबकि सर्वाधिक 724 निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में इस चुनावी जंग में हैं। इस चरण में सियासी योद्धाओं के सामने करीब 18.56 करोड़ मतदाताओं का चक्रव्यूह था।
मंगलवार को तीसरे चरण के चुनाव में जिन प्रमुख सियासी दिग्गजों का भिवष्य दांव पर है उनमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात की गांधीनगर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से अपना सियासी भविष्य ईवीएम में कैद करा चुके हैं। इनके अलावा केरल से केंद्रीय मंत्री अल्फोंस कन्नमथनम व तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर बनाम पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा के राजशेखरन, उत्तर गोवा से केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येसो नाइक, कर्नाटक की गुलबर्ग सीट से कांग्रेस के दिग्गज मलिकार्जुन खडगे की प्रतिष्ठा दांव पर है। यूपी की बरेली सीट से केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, पीलीभीत से भाजपा नेता वरूण गांधी के भविष्य का फैसला ईवीएम में कैद हो चुका है, तो वहीं यूपी की मैनपुरी सीट पर पूर्व केंद्रीय एवं मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की प्रतिष्ठा भी दांव पर है, तो वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव फिरोजाबाद से अपने भतीजे व एसपी उम्मीदवार अक्षय यादव के खिलाफ चुनावी जंग में सियासी वर्चस्व का फैसला मतदाताओं ने ईवीएम में कैद कर दिया है। इसके अलावा यूपी के रामपुर सीट पर भाजपा से अभिनेत्री जया प्रदा का मुकाबला सपा के आजम खां से हो रहा है। बिहार में मधेपुरा में राजद के टिकट पर शरद यादव, जदयू के टिकट पर दिनेश चंद्र यादव के अलावा पप्पू यादव जनाधिकार पार्टी के बैनर तले त्रिकोणीय संघर्ष कर रहे हैं। ओडिशा की पुरी सीट से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा, जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीएफ प्रत्याशी महबूबा मुफ्ती का सियासी भविष्य भी ईवीएम में कैद हो चुका है।
इन सीटों पर फिलहाल इन दलों का कब्जा
तीसरे चरण के लिए जिन 117 सीटों पर मंगलवार को मतदान हुआ है, उनमें सर्वाधिक 62 सीटों पर भाजपा, 16 सीटों पर कांग्रेस, छह पर बीजद, सात पर माकपा, चार पर राकांपा, तीन पर समाजवादी पार्टी के अलावा शिवसेना, राजद, एआईयूडीएफ और आईयूएमएल ने पिछले चुनाव में दो-दो सीटें जीती थी। इसके अलावा लोजपा, तृणमूल कांग्रेस, पीडीपी, आरएसपी, केरल कांग्रेस-एम, भाकपा स्वाभिमानी पक्ष के पास एक-एक सीट है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों का कब्जा है।
भाजपा की अग्नि परीक्षा
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सर्वाधिक 62 सीटों को बचाने के साथ अन्य सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अग्नि परीक्षा होगी। पिछले चुनाव में गुजरात की सभी 26 सीटों पर भाजपा ने परचम लहराया था। जबकि छत्तीसगढ़ की सात में से छह पर भाजपा का कब्जा है। इसके अलावा कर्नाटक में 11 सीटों और उत्तर प्रदेश की 10 सीटों में से आठ पर भाजपा काबिज है। , जबकि महाराष्ट्र की 14 में से छह, गोवा की दोनों सीटों के अलावार असम, बिहार, दादर नागर हवेली और दमन-दीव की एक-एक सीटों पर भी भाजपा ने ही जीत दर्ज की थी।
इन राज्यों में हुआ चुनाव: गुजरात में सभी 26 और केरल (20) की सभी सीटों के अलावा कर्नाटक और महाराष्ट्र की 14-14, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की पांच, गोवा की दो सीटों और दादर एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव और त्रिपुरा की एक-एक सीट पर मतदान हुआ।
यहां विधानसभा के लिए भी पडे वोट:इसके साथ ही मतदान ओडिशा, गुजरात और गोवा की कुछ विधानसभा सीटों पर भी मतदान हुआ। 
24Apr-2019

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें