बुधवार, 28 मई 2014

मोदी टीम में सहयोगी दलों व राज्यों पर रहा फोकस!



ओ.पी. पाल. नई दिल्ली।
नरेन्द्र मोदी की प्रधानमंत्री पद के साथ उनकी टीम के 45 अन्य मंत्रियों ने शपथ ली है, जिसमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश व महाराष्टÑ को तरजीह दी गई। इस टीम में सहयोगी दलों को भी स्थान देकर राजग में भी संतुलन बनाने की कवायद की गई।
सोमवार शाम को देश के 15वें प्रधानमंत्री के तौर पर राष्टÑपति प्रणब मुखर्जी ने नरेन्द्र मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोदी के साथ ही उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई। मोदी की टीम में उनके अलावा 23 कैबिनेट मंत्रियों, दस राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा 12 राज्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। मोदी के मंत्रिमंडल में जहां सहयोगी दलों को स्थान दिया गया है, वहीं राज्यों को भी प्रतिनिधित्व मिला है। सहयोगी दलों में बिहार से लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान को कैबिनेट व रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाह को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। वहीं आंध्र प्रदेश से तेदेपा के पशुपति अशोक गजपति राजू ने शपथ ग्रहण की, तो महाराष्टÑ से शिवसेना के अनंत गीते और शिरोमणि अकाली दल की पंजाब से हरसीमरत कौर बादल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
मोदी की टीम में राज्यों को भी फोकस किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश से पांच कैबिनेट समेत सर्वाधिक नौ सांसदों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इनमें कैबिनेट मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह, उमा भारती, नजमा हेपतुल्ला, कलराज मिश्र, मेनका गांधी ने शपथ ली, तो जनरल वीके सिंह व संतोष गंगवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है, जबकि डा. संजीव बालियान व मनोज सिन्हा को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके बाद महाराष्टÑ से नितिन गडकरी, अनंत गीते,गोपीनाथ मंडे को कैबिनेट, प्रकाश जावडेकर, पीयूष गोयल को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा राव साहेब दादाराव दानवे को राज्यमंत्री बनाया गया है। बिहार से रविशंकर प्रसाद सिंह, राधामोहन सिंह, राम विलास पासवान को कैबिनेट, धमेन्द्र प्रधान को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिया गया तथा उपेन्द्र कुशवाह को राज्य मंत्री बनाया गया है। मध्य प्रदेश से सुषमा स्वराज, नरेन्द्र सिंह तोमर, थांवरचंद गहलोत को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। दिल्ली की चांदनी चौक से जीते डा. हर्षवर्धन को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। जबकि छत्तीसगढ़ की रायगढ़ सीट से जीते विष्णुदेव साई को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। राजस्थान से भी निहाल चंद को राज्य मंत्री बनाया गया। हरियाणा से राव इंद्रजीत सिंह को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री व कृष्णपाल गुर्जर को राज्य मंत्री बनाया गया। इसके अलावा कर्नाटक से अनंत कुमार व सदानंद गौडा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जबकि जीएम सिद्धेश्वर को राज्यमंत्री बनाया गया है। आंध्र प्रदेश से एम वैंकया नायडू व अशोक गजपति राजू को कैबिनेट व निर्मला सीतारमण को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। उडीसा के जोएल ओराम को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। अरुणाचल प्रदेश से किरन रिजिजू को राज्यमंत्री, असम से सर्वानंद सोनवाल को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री, गोवा से श्रीपद यसो नाईक को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री, जम्मू-कश्मीर से डा. जितेन्द्र सिंह को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाया गया है। झारखंड से सुदर्शन भगत को राज्य मंत्री बनाया गया है। गुजरात से मनसुख भाई धानजी भाई वसावा को राज्यमंत्री बनाया गया है। तमिलनाडु की कन्याकुमारी से जीतकर आए भाजपा के पी राधाकृष्ण को राज्यमंत्री बनाया गया है, इसके अलावा यूपी की अमेठी से राहुल गांधी के मुकाबले हारी राज्यसभा सदस्य स्मृति ईरानी तथा अमृतसर से पराजित हुए राज्यसभा सदस्य अरूण जेटली को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
27May-2014

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें