शुक्रवार, 4 सितंबर 2015

मुलायम ने तोड़ नाता-बिखर गया जनता परिवार!

महागबंधन को झटका: 
बिहार में अपने बलबूत पर चुनाव लड़ेगी सपा
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली।
बिहार विधानसभा चुनाव की हुंकार भरते जनता परिवार के महागबंधन को मुलायम सिंह यादव ने अपने आपको अलग करते हुए तगड़ा झटका दिया है। समाजवादी पार्टी के महागबंधन से नाता तोड़ने को पिछले महीने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की पीएम नरेन्द्र मोदी और हाल ही में महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव की भाजपा प्रमुख अमित शाह से हुई मुलाकात की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार जनता परिवार के महागठबंधन ने बिहार की 243 विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी ने 49 सीटों पर दावा ठोका था, लेकिन बाद में 17 और फिर 12 सीटों पर सपा सहमति भी हो गई थी। इसके बावजूद बिहार में महागबंधन में जदयू तथा राजद ने 100-100 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया, जबकि 40 सीटें कांग्रेस और बाकी तीन सीटे राकांपा को देने पर सहमति बनाई। बाकी तीन सीटें राकांपा को देने का फैसला किया गया, लेकिन राकांपा ने इंकार कर दिया। महागबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जब जनता परिवार में सबसे बड़े घटक सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपने तेवर दिखाने शुरू किये तो राकांपा के हिस्से में दी जा रही तीन सीटों के अलावा राजद प्रमुख लालू यादव ने अपने हिस्से से दो सीटे मिलाकर कुल पांच सीटे सपा को देने का ऐलान कर दिया। इससे सपा के तेवर और तीखे हो गये। बिहार में पांच सीटे मिलने से नाराज आखिर सपा ने महागबंधन से अलग अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। सपा के इस फैसले ने बिहार चुनाव से पहले लालू-नीतीश के साथ हुए महागठबंधन को तगड़ा झटका माना जा रहा है।
सपा ने ये लगाये आरोप
समाजवादी पार्टी के संसदीय दल की लखनऊ में हुई बैठक में बिहार चुनाव अपने दम पर लड़ने के लिये गये इस फैसले का खुलासा सपा के महासचिव रामगोपाल यादव ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सीटों का बंटवारा करते हुए जनता परिवार में सबसे बड़ा दल होते हुए समाजवादी पार्टी से कोई बातचीत तक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल 2 या 5 सीटें दिए जाने से न तो नेृतत्व सहमत था और न ही बिहार में पार्टी के कार्यकर्ता, बल्कि इसे सपा का अपमान करार दिया गया। लिहाजा पार्टी ने बिहार के पार्टी कार्यकतार्ओं की भावना का सम्मान करते हुए एक सम्मानजनक तरीके से अपने बलबूते चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। रामगोपाल ने हालांकि यह संकेत भी दिये हैं कि बिहार चुनाव में सपा कुछ अन्य दलों से भी तालमेल कर सकती है। इसके लिए पार्टी का अन्य दलों के साथ बातचीत का दौर जारी है।
------
बाक्स
जनता दल-यू के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा है कि जनता परिवार की एकजुटता के लिए इस महागठबंधन को टूटने नहीं दिया जाएगा। जद-यू प्रमुख ने दावा किया कि हम पुराने सहयोगी हैं और वे मुलायम सिंह यादव से मिलकर सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद दूर कर लेंगे। उन्होनें कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव जनता परिवार के छह पूर्ववर्ती घटकों के प्रस्तावित एकीकृत दल के नेता भी हैं। बिहार के सपा अध्यक्ष के साथ आपस में बातचीत करके सीटों पर सहमति बना लेंगे। उन्होंने दावा किया कि  निश्चित रूप से इस समस्या को हल करने के लिए बीच का रास्ता निकाल लिया जाएगा। मुलायम के अलावा जदयू नेता ने इस अटकल को खारिज कर दिया कि सपा भाजपा के हाथों में खेल रही है।
04Sep-2015

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें