गुरुवार, 25 अप्रैल 2024

लोकसभा चुनाव: दूसरे चरण में दांव पर दो पूर्व मुख्यमंत्रियों व चार केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा!

 

सियासी दिग्गजों के परिजनों की किस्मत का भी कल ईवीएम में बंद होगा फैसला
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली। देश लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल शुक्रवार को देश के 13 राज्यों व केंद्र शासित राज्यों की की 88 सीटों पर वोटिंग की जाएगी। इस चरण में 101 महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर समेत कुल 1202 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण के चुनाव में जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलवा चार केंद्रीय मंत्रियों और दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, वहीं पूर्व मंत्रियों, पूर्व सीएम के बेटो, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों के लिए भी इस लोकसभा चुनाव में उनका सियासी भविष्य दांव पर है। 
लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान भी बुधवार को समाप्त हो गया है। अब 26 अप्रैल को होने वाले मतदान में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों का सियासी भविष्य तय करने के लिए मतदाताओं की वोटिंग करने की बारी है। इन 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में 11 महिलाओ समेत सबसे ज्यादा 247 प्रत्याशी कर्नाटक की 14 सीटों पर हैं, जबकि सबसे कम चार प्रत्याशी बाहरी मणिपुर सीट पर है, जहां कुछ विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण में भी मतदान कराया जा चुका है। इससे ज्यादा नौ प्रत्याशी त्रिपुरा पूर्व सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। जहां तक महिला प्रत्याशियों का सवाल है सबसे ज्यादा 25 महिलाएं केरल की 20 सीटों पर हो रहे लोकसभा चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट पर बसपा के प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है, जहां अब तीसरे चरण में चुनाव कराया जाएगा और दूसरे चरण में अब केवल छह लोकसभा सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण के चुनाव की खास बात ये भी है कि मध्य प्रदेश की दमोह लोकसभा सीट पर एक ट्रांसजेंडर दुर्गा मौसी भी सियासी जंग के मैदान में है। 
सर्वाधिक निर्दलीय प्रत्याशियों ने लगाया दांव 
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 568 निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि राजनीतिक दलों सबसे ज्यादा 74 प्रत्याशी बसपा ने उतारे हैं। इसके बाद भाजपा ने 69, कांग्रेस 68, सीपीआई(एम) ने 18, जदयू व भाकपा ने पांच, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस व शिवेसेना (यूबीटी) ने 4-4, शिवसेना ने 3-3, रालोद व राजद ने 2-2 के अलावा कर्नाटक राष्ट्र समिति ने 14 प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। 
दो पूर्व मुख्यमंत्रियों व चार केंद्रीय मंत्रियों की दांव पर प्रतिष्ठा 
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होने वाले मतदान में जहां छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव सीट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कर्नाटक की मॉंडया लोकसभा सीट पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमार स्वामी चुनाव मैदान में हैं। वहीं केरल की एंटीगल सीट से केंद्रीय संसदीय राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन, तिरुवंतपुरम सीट से केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर, राजस्थान की जोधपुर सीट से केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, बाडमेर सीट से केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी के अलावा कोटा सीट से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी प्रतिष्ठा का चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्थान में ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेट दुष्यंत व जालौर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेट वैभव गहलोत भी चुनाव मैंदान में हैं। इसके अलावा सियासी प्रतिष्ठा के लिए भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा गौतमबुद्धनगर व पीपी चौधरी राजस्थान की पाली सीट और कांग्रेस के पूर्व मंत्री शशि थरुर कर्नाटक के तिरुवंतपुरम सीट से चुनावी जंग लड़ रहे हैं। 
सांसदों ने झोंकी ताकत 
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में जिन मौजूदा सांसदों की साख दांव पर है, उनमें बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट पर भाजपा के तेजस्वी सूर्या, यूपी की मथुरा सीट पर हेमा मालिनी, केरल की वायनॉड सीट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा महाराष्ट्र की अमरावती लोकसभा सीट नवनीत राणा भी चुनाव मैदान में है। जबकि मेरठ लोकसभा सीट से रामायण सीरियल के ‘राम’ अरुण गोविल भाजपा प्रत्याशी के रुप में सियासी मैदान में हैं। वहीं परभणी लोकसभा सीट से महायुति के सहयोगी दल राष्ट्रीय समाज पक्ष के अध्यक्ष महादेव जानकर भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा कर्नाटक की मैसूर लोकसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व राजपरिवार के सदस्य यादुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार चुनाव मैदान में उतारा, तो वहीं बिहार की पूर्णिया सीट भी पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने चुनाव को चर्चित बना दिया है। 
दागी प्रत्याशियों की भरमार 
इस चरण के लोकसभा चुनाव में 250 आपराधिक पृष्ठभूमि के प्रत्याशी है, जिनमें से 167 के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले लंबित हैं। इनमें से 32 प्रत्याशियों ने दोषसिद्ध होने का भी शपथ पत्र दिया है। जहां तक दलों के प्रत्याशियों का सवाल है उसमें कांग्रेस के 35, भाजपा के 31 तथा बसपा के छह प्रत्याशी दागियों की सूची में शामिल हैं। सबसे ज्यादा 243 आपराधिक मामले केरल की वायनॉड सीट पर भाजपा प्रत्याशी के. सुरेन्द्रन के खिलाफ हैं, जिसमें 139 गंभीर धाराओं में दर्ज मामले हैं। इसके बाद दूसरे पायदान 211 आपराधिक मामलो के साथ एर्नाकुलम सीट से भाजपा प्रत्याशी डा. डीके राधाकृष्णा के खिलाफ लंबित हैं। तीसरे पायदान पर इडुक्की सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दीन कॉरीकॉज के खिलाफ लंबित हैं। 
एक तिहाई करोड़पति उम्मीदवार 
लोकसभा के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में राजनीतिक दलों ने करोड़पतियों पर भी सियासी दांव खेला है। कर्नाटक की मांडया सीट पर जद(एस) प्रत्याशी एवं पूर्व सीएम कुमार स्वामी को चुनौती देने उतरे कांग्रेस प्रत्याशी 622 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर प्रत्याशियों में शामिल हैं। इसके बाद बंगलूर ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी डीके सुरेश 593 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे पायदान पर है। वहीं तीसरे पायदान पर यूपी की मथुरा सीट से चुनाव लड़ रही भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी ने 278 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। 
मणिपुर की शेष सीटों पर मतदान 
बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र की 28 में से 15 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान हो चुका है। बाकी इस लोकसभा सीट के दायरे में आने वाली 13 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। बाहरी मणिपुर लोकसभा सीट पर केवल चार 4 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 
---------------- 
दूसरे चरण में कितनी सीट व प्रत्याशी 
असम में पांच सीटो पर 61 प्रत्याशी, बिहार में पांच सीटो पर 50, छत्तीसगढ में तीन सीटो पर 4, जम्मू-कश्मीर में एक सीटट पर 22, कर्नाटक में 14 सीटो पर  247, केरल में 20 सीटो पर 194, मध्य प्रदेश में 6 सीटो पर 80, महाराष्ट्र में 8 सीटो पर 204, राजस्थान में 13 सीटो पर 152, त्रिपुरा में एक सीट पर 09, उत्तर प्रदेश में 8 सीटो पर 91, पश्चिम बंगाल में तीन सीटो पर 47 व मणिपुर में एक सीटो पर  04 चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
दूसरे चरण में 13 राज्यों की इन 88 सीटों पर होगा मतदान 
केरल: कोल्लम, इडुक्की, पथानामथिट्टा, कासरगोड, अटिंगल, वडकारा, तिरुवनंतपुरम, कन्नूर, अलाप्पुझा, वायनाड, मावेलिक्कारा, मलप्पुरम, पोन्नानी, पलक्कड़, कोझिकोड, चलाकुडी, एर्नाकुलम, त्रिशूर, अलाथुर और कोट्टायम। 
राजस्थान: भीलवाड़ा, टोंक-सवाई माधोपुर, जालौर, उदयपुर, बाड़मेर, बांसवाड़ा, झालावाड़-बारां, चित्तौड़गढ़, अजमेर, पाली, जोधपुर, कोटा और राजसमंद।
कर्नाटक: उत्तर कन्नड़, बीजापुर, बेल्लारी, शिमोगा चिक्कोडी, दावणगेरे, बीदर, बेलगाम, हावेरी, बागलकोट, धारवाड़, गुलबर्ग, रायचूर और कोप्पल। 
उत्तर प्रदेश: मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बागपत, मथुरा, गाजियाबाद, अमरोहा और बुलंदशहर। 
महाराष्ट्र: अमरावती, वर्धा, अकोला, हिंगोली, नांदेड़, यवतमाल वाशिम, परभनी और बुलढाणा। 
असम: सिलचर, कलियाबोर, करीमगंज, मंगलदोई और नागांव। 
मध्य प्रदेश: टीकमगढ़, दमोह, सतना, होशंगाबाद, खजुराहो और रीवा। 
बिहार: किशनगंज, कटिहार, बांका, पूर्णिया और भागलपुर। 
छत्तीसगढ़: कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव। 
पश्चिम बंगाल: रायगंज, बालूरघाट और दार्जिलिंग। 
त्रिपुरा: त्रिपुरा पूर्व। 
जम्मू-कश्मीर: जम्मू लोकसभा क्षेत्र। 
मणिपुर: बाहरी मिणपुर की 13 विधानसभा क्षेत्र।
25Apr-2024

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें