शनिवार, 4 मई 2019

लोस चुनाव-पांचवें चरण में दांव पर होगी 6 केंद्रीय मंत्रियों व 3 पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा!

लोकसभा चुनाव: पांचवे चरण 51 सीटों पर 6 मई को मतदान
राहुल-सोनिया समेत दर्जनों दिग्गजों की अग्नि परीक्षा
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली। 
लोकसभा चुनाव के लिए पांचवे चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में गृहमंत्री राजनाथ समेत आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के साथ तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। वहीं तीन पूर्व केंद्रीय मंत्रियों समेत दर्जनों सियासी दिग्गजों की साख के लिए अग्नि परीक्षा होनी है।
सत्रहवीं लोकसभा के लिए पहले चार चरणों में 543 में से 373 सीटों का चुनाव पूरा होने के बाद अब पांचवे चरण में छह मई को सात राज्यों की 51 सीटों के लिए होने वाले मतदान पर टिकी हुई हैं। पांचवे चरण में जिन 51 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें 40 सीटें राजग के कब्जे में है, जिनमें 39 भाजपा और एक लोजपा के पास है। जबकि तृणमूल कांग्रेस के पास सात और कांग्रेस के पास दो के अलावा एक-एक सीट पीडीपी और बीएलएसपी के कब्जे में हैं। इनमें यूपी की 14 में 12, राजस्थान में सभी 12, मध्य प्रदेश में सभी सात और झारखंड की सभी चारों सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि बिहार की पांच में तीन भाजपा व एक लोजपा के कब्जे में है। जम्मू-कश्मीर की लद्धाख सीट पर भी भाजपा का कब्जा है। इन सीटों में पश्चिम बंगाल की सभी सातों सीटें तृणमूल कांग्रेस के पास हैं, जबकि यूपी में दो सीटों पर कांग्रेस और जेएंडके की एक सीट पर पीडीपी काबिज है। इस दौर की चुनावी जंग में 79 महिलाओं समेत 674 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 150 राष्ट्रीय दल, 31  क्षेत्रीय दल, 240 गैर पंजीकृत दलों के अलावा 253 निर्दलीय रूप से सियासी संग्राम में शामिल हैं।
इन दिग्गजों की दांव पर होगी प्रतिष्ठा
पांचवे चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर 6 मई को होने वाले चुनाव में उत्तर प्रदेश में लखनऊ लोकसभा सीट पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह व उनके सामने अभिनेता शत्रुघ्न सिंहा की पत्नी पूनम सिंहा, अमेठी सीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा उनके मुकाबले कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी, राय बरेली सीट पर यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, फतेहपुर सीट पर केंद्रीय मंत्री निरंजन ज्योति, धौरहार सीट पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता जतिन प्रसाद प्रतिष्ठा के लिए संघर्ष में हैं। राजस्थान में बीकानेर सीट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जयपुर ग्रामीण से राज्यवर्धन राठौर और उनके सामने कांग्रेस की प्रत्याशी एवं धावक कृष्णा पूनिया, नागौर से कांग्रेस की ज्योति मिर्धा चुनावी जंग में हैं। झारखंड में हजारीबाग सीट से केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, खूंटी सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री रहे भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के अलावा कोडरमा सीट पर यूपीए के प्रत्याशी एंव पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का सियासी भविष्य दांव पर लगा है। बिहार में सारण सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, तो पश्चिम बंगाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री टीएमसी के दिनेश त्रिवेदी, डा. रत्ना डे, कल्याण बनर्जी के अलावा जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर तीन चरणों के चुनाव में अंतिम मतदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की किस्मत का फैसला भी ईवीएम में बंद हो जाएगा।
सात राज्यों की इन 51 सीटों पर चुनाव
लोकसभा के पांचवे दौर में जिन 51 सीटों पर छह मई को चुनाव होगा। इनमें उत्तर प्रदेश की 14 सीटें सीतापुर, मोहनलालगंज, फिरोजाबाद, धौरहरा, अमेठी, लखनऊ, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, बाराबंकी,  कौशांबी, कैसरगंज, गोंडा, बहराइच, बिहार की 5 सीटें मधुबनी, सीतामढ़ी, सारन, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम बंगाल की 7 सीटें उलुबेरिया, श्रीरामपुर, बंगांव, बैरकपुर, हावड़ा, हुगली, आरामबाग, मध्यप्रदेश की 7 सीटों दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल, टीकमगढ़ शामिल हैं। राजस्थान की 12 सीटें बीकानेर, गंगानगर, झुंझुनू, चुरू, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली धौलपुर, दौसा, नागौर, सीकर तथा झारखंड की चार सीटें रांची, खूंटी, कोडरमा, हजारीबाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की दो सीटों लद्धाख और अनंतनाग के शोपियां जिला में मतदान होगा।
----------------------
दागियों व कुबेरों पर दांव
लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय दलों समेत सभी दलों ने पांचवे चरण में भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले और करोड़पतियों को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी जंग में उतारा है। इस चरण में 79 महिलाओं समेत 674 उम्मीदवारों में 126 के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं, जिनमें 95 गंभीर अपराध वाले प्रत्याशियों में तीन पर हत्या का आरोप भी है। दागियों में सबसे ज्यादा 22 भाजपा, 14 कांग्रेस, 9-9 सपा व बसपा के प्रत्याशी इस फेहरिस्त में शामिल हैं। इन 126 दागियों के अलावा हत्या, अपहरण, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, बलात्कार जैसे संगीन मामले वाले 95 प्रत्याशियों में भाजपा के 19, कांग्रेस के 13, बसपा व सपा के 7-7 और 18 निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी दांव खेल रहे हैं। वहीं 184 करोड़पति उम्मीदवार भी सियासी दांव आजमा रहे हैं। कुबेरों में सबसे ज्यादा 38 प्रत्याशी भाजपा, 32 कांग्रेस,17 बसपा, आठ सपा, के अलावा 31 निर्दलीय प्रत्याशी करोड़पतियों की फेहरिस्त में शामिल हैं।
--------------------
20 सीट रेडअलर्ट घोषित
लोकसभा के पांचवे दौर के चुनाव में 20 सीटें रेडअलर्ट के दायरे में है, जहां तीन या उससे ज्यादा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशी चुनावी जंग लड़ रहे हैं, इनमें सबसे ज्यादा आठ सीट यूपी, पांच सीट पश्चिम बंगाल, तीन सीट बिहार तथा एक-एक सीट मध्य प्रदेश व जम्मू-कश्मीर की शामिल है।
------------------
सर्वाधिक प्रत्याशी ग्रेजुएट
पांचवे चरण के चुनाव में 348 प्रत्याशी स्नातक या उससे ज्यादा शिक्षित हैं, जबकि 264 पांचवी से इंटरमिडिएट तक की शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं। वहीं छह अनपढ़ उम्मीदवार उम्मीदवार भी सियासत की जंग में किस्मत आजमा रहे हैं।
---------------------------
8.76 करोड़ वोटरों का चक्रव्यूह
पांचवे चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर करीब 4.13 करोड़ महिलाओं समेत 8.75 करोड़ 88722 मतदाताओं को वोटिंग करनी है। मतदाताओं के इस चक्रव्यूह को भेदने के लिए  674 उम्मीदवार के बीच जंग है।
------------------------------------------------
राज्य                 सीटें    प्रत्याशी संख्या      वोटर        मतदान केंद्र
उत्तर प्रदेश           14       182           24709515       28072
राजस्थान            12       134           23179623       23783
मध्य प्रदेश          07       110            11956447        15240
बिहार                05       82              8766722         8899
झारखंड             04        61              6587028         5550
पश्चिम बंगाल-   07         83            11691889        13290
जम्मू-कश्मीर       02       22               697498           1254
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -----------------------
कुल-               51         674           87588722      96088
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -------------
05May-2019

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें