सोमवार, 12 जून 2017

भारत का आम होगा खास-विदेशों में होगा रिकार्ड निर्यात

इस साल बढ़ा आम का उत्पादन
हरिभूमि ब्यूरो.
नई दिल्ली।
देश में फसल उत्पादन में वृद्धि का दावा करती आ रही केंद्र सरकार का अनुमान है कि इस साल देश में राष्ट्रीय फल आम का उत्पादन बढ़ने से रिकार्ड निर्यात किया जा सकता है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार विश्व बाजार में भारतीय आम की मांग बढने के कारण इस बार इसका निर्यात 50 हजार टन पार कर जाने की उम्मीद है। सरकारी आकलन के अनुसार देश में 19 लाख 21 हजार टन आम आम की फसल के उत्पादन होने का अनुमान है, जो पिछले साल 18 लाख 60 हजार टन का उत्पादन हुआ था। देश से पिछले साल 45,730 टन आम का निर्यात किया गया था। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण का कहना है कि विश्व बाजार में भारतीय आम की मांग में वृद्धि को देखते हुए दक्षिण कोरिया जैसे देश के रूप में भी भारत को नया बाजार मिला है। जबकि अमरीका, इंग्लैंड, जापान, खाड़ी के देशों और यूरोपीय यूनियन के देशों में भारतीय आम का निर्यात पहले से होता आ रहा है। कोरिया में पिछले साल आम निर्यात किया गया था और यहां के बाजार में उसने अपनी पहचान बनाई है। उत्तर भारत विशेषकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आम के तैयार होने के साथ ही आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों में इसके व्यापार के चरम पर पहुंचने तथा रिकार्ड निर्यात की संभावना है। इसमें खासतौर से उत्तर प्रदेश में दशहरी, लंगडा,चौसा, रामकेला, फजरी, मल्लिका, आम्रपाली, सौरभ, गौरव,राजीव, स्टौल, बम्बईहरा, रोमानी, गौरजीत, तोतापरी, बंग्लौरा, हजरी, लखनऊ सफेदा, मलीहावादी सफेदा, नीलम, सहित अनेक देशी प्रजातियों के आम की विदेशों में भी मांग की जाती रही है।
विश्व में 62 फीसदी योगदान
कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण के अनुसार आम का उत्पादन पाकिस्तान, बंग्लादेश, नेपाल, अमरीका,फिलीपीन्स, सयुक्त अरब, अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, जाबिया, माले, ब्राजील, पेरू, केन्या, जमायिका, तन्जानिया, मेडागास्कर, जापरे, हेती, आइवरी, कोस्ट, थाईलैंड, इण्डोनेशिया, श्रीलंका समेत अन्य कई देशो में आम का उत्पादन होता है। लेकिन दुनियाभर के आम उत्पादक देशों में भारत का आम का लगभग 62 प्रतिशत उत्पादन होता है।

सर्वाधिक उत्पादन
भारत में आम उगाने वाले क्षेत्रो में सर्वाधिक क्षेत्रफल उत्तर प्रदेश में है, लेकिन सर्वाधिक उत्पादन आन्ध्र प्रदेश में होता है। आम की विश्व में लगभग 1100 प्रजातिया (किस्मे) पायी जाती है। जून महीना आते ही दशहरी, चौसा, मालदह, आम्रपाली, मल्लिका तथा कई अन्य प्रमुख किस्मों का आम पक कर तैयार हो जाता है तथा किसान और व्यापारी इसे बाजार में उतार देते हैं।
12June-2017

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें