सोमवार, 6 मई 2024

लोकसभा चुनाव: तीसरे चरण के चुनाव में दांव पर लगी दो चार मुख्यमंत्रियों व छह केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा!

सात मई को ईवीएम में कैद होगा 122 महिलाओं समेत 1331 प्रत्याशियों का सियासी भविष्य 
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली। देश लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल मंगलवार को देश के 11 राज्यों व केंद्र शासित राज्यों की की 93 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में 122 महिलाओं समेत 1331 प्रत्याशी अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। देश के गृहमंत्री अमित शाह समेत छह केंद्रीय और दो यूपी के मंत्रियों की प्रतिष्ठा दावं पर है। जबकि इस चरण के सियासी दंगल में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की भी अग्नि परीक्षा होगी। वहीं केई पूर्व केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जानीमानी हस्तियां भी सियासी जंग के मैदान में हैं। 
लोकसभा की 543 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में पहले और दूसरे चरण में 190 सीटों के चुनाव के बाद अब तीसरे चरण में सात मई मंगलवार को होने वाले चुनाव के लिए रविवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। दरअसल तीसरे चरण के चुनाव के लिए 12 राज्यों की 95 सीटों पर चुनाव होना तय था, जिसमें दूसरे चरण में बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण स्थगित मध्य प्रदेश की बैतूल सीट का चुनाव भी शामिल है। लेकिन चुनाव आयोग ने तीसरे चरण में जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट का सात मई को होने वाला चुनाव भी स्थगित करके छठे चरण में 25 मई को कराने का फैसला किया। तो वहीं गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से सूरत लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित होना भी इस चरण के कार्यक्रम में बदलाव का कारण बना। इसलिए अब सात मई को तीसरे चरण में 11 राज्यों की 93 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
इन केंद्रीय मंत्रियों की दांव पर प्रतिष्ठा 
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें गुजरात की गांधीनगर से गृहमंत्री अमित शाह, पोरबंदर से स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और राजकोट से मत्स्य पालन, पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, कर्नाटक की धारवाड़ से संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, मध्य प्रदेश की गुना से नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा यूपी की आगरा से विधि एवं न्याय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल शामिल हैं। वहीं यूपी की योगी सरकार के मैनपुरी सीट से ठाकुर जयवीर सिंह तथा हाथरस से अनूप वाल्मिकि भी चुनाव मैदान में हैं। 
चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की अग्नि परीक्षा 
मंगलवार को तीसरे चरण के चुनाव में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की भी अग्नि परीक्षा होने जा रही है। इनमें मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा राजगढ़ से दिग्विजय सिंह चुनाव मैदान में हैं। वहीं कर्नाटक की पूर्व मुख्यमंत्रियों बसवराज बोम्मई और जगदीश शेट्टार, हावेरी सीट से बसवाराव बोम्मई तथा बेलागावी सीट से जगदीश शेट्टार अपनी सियासी प्रतिष्ठा दांव पर लगाकर चुनाव मैदान में हैं। 
यूपी की इन सीटो पर उतरे योगी के दो मंत्री 
मैनपुरी लोकसभा सीट से कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह तथा हाथरस लोकसभा सीट पर अनूप वाल्मिकि भाजपा प्रत्याशी बनाए गये है। यूपी की जिन दस सीटों पर तीसरे चरण में मतदान होगा, उनमें से आठ सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर सपा काबिज है। 
भाजपा ने उतारे 82 प्रत्याशी 
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 11 राज्यों की 93 लोकसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरे 1331 प्रत्याशियों में वैसे तो सबसे ज्यादा 640 निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों सबसे ज्यादा 82 प्रत्याशी भाजपा चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद बसप ने 79, कांग्रेस 68, सपा ने 10, तृणमूल कांग्रेस ने 6, शिवसेना(यूबीटी) ने पांच, शिवसेना(शिंदे) ने दो, राकांपा(सपा), राकांपा(अजीत), जदयू, राजद और सीपीआई(एम)ने 3-3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। इसके अलावा कर्नाटक राष्ट्र समिति ने सभी 14 सीटों पर अपने प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। 
सभी दलों ने लगाया दागियों पर दांव 
 देश की सियासत में सभी दल दागियों पर दांव खेलते आ रहे हैं। इसी तीसरे चरण में भी 241 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिसमें राजनीतिक दलों में सबसे ज्यादा 26 कांग्रेस, 22 भाजपा, 7 बसपा, 5 सपा, 4 शिवसेना(उद्धव), 3 राजद, 2-2 राकांपा(सपा) व शिवसेना(शिंदे) के प्रत्याशी शामिल हैं। इनके अलावा जदयू, तृणमूल कांग्रेस आप के एक-एक प्रत्याशी आपराधिक पृष्ठभूमि की फेहरिस्त में शामिल हैं। वहीं 103 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी आपराधिक मामले लंबित होने की अपने शपथ पत्रों में घोषणा की है। 
सियासी जंग में धनकुबेरों की भरमार 
लोकसभा चुनाव के इस दौर में 386 प्रत्याशी करोड़पतियों की फेहरिस्त में शामिल है, जिसमें सबसे ज्यादा भाजपा ने 76 और कांग्रेस ने 60 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। जबकि बसपा के 29, सपा के 9, शिवसेना के 5, तृणमूल के 4, राकांपा(सपा), जदयू, राजद व राकांपा(अजीत) के 3-3 तथा शिवसेना के दोनों प्रत्याशियों के नाम करोड़पतियों की सूची में हैं। इन करोड़पति प्रत्याशियों में 1361 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर गोवा दक्षिण लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी पल्लवी श्रीनिवास डेम्पो तथा सबसे गरीब महाराष्ट्र की कोल्हापुर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी इरफान अबुतालिब चांद है, जिसने अपनी संपत्ति केवल 100 रुपये घोषित की है। 
 -------------- 
तीसरे चरण में कितनी सीट व प्रत्याशी 
राज्य     सीट  प्रत्याशी  दागी  करोड़पति 
असम      4       47        8         15 
बिहार       5      54      13        20 
छत्तीसगढ़ 7  168      16       37 
गोवा          2    16        4        6 
गुजरात   25    265     36       67 
कर्नाटक 14      227    37       69 
मध्य प्रदेश 9   127      18       37 
महाराष्ट्र   11   258      67       71 
उत्तर प्रदेश 10 100      25      46 
पश्चिम बंगाल 4 57 13 13 
दा. न. हवेली
/ दमन- दीव     2 12     4     5
 ------------------------------ 
कुल        93     1331    241  386 
इन सीटों पर होगा चुनाव
असम: कोकराझार, धुबरी, बारपेटा, गुवाहाटी। बिहार: झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगरिया। 
छत्तीसगढ़: सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर।
गोवा: उत्तरी गोवा व दक्षिणी गोवा 
गुजरात: सभी 26 सीट गांधीनगर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजकोट से केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, पोरबंदर सीट से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, वहीं दाहोद से पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह भाभोर और भरुच सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री मनसुख भाई बरुवा। 
कर्नाटक: बेलगाम, बेल्लारी, बीदर, बीजापुर, धारवाड़, गुलबर्गा, शिमोगा और उत्तर कन्नड़ मध्य प्रदेश: भिंड, मुरैना, ग्वालियर, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, गुना, सागर और बैतूल। 
महाराष्ट्र: रायगढ़ बारामती, ओसमानाबाद, लातूर, शोलापुर, मधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरि, कोल्हापुर और हत्कांगले। 
उत्तर प्रदेश: संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सिकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली।
पश्चिम बंगाल: मालदाहा उत्तर, मालदाहा दक्षिण, जंगीपुर, मुर्शिदाबाद। 
06May-2024

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें