शनिवार, 13 सितंबर 2014

यूपी में सपा व भाजपा के बीच होगा मुकाबला !

मैनपुरी लोकसभा सीट के अलावा 11 विधानसभा सीटो पर उप चुनाव आज
यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेंगे उप चुनाव
ओ.पी. पाल

मैनपुरी/ नई दिल्ली।
नौ राज्यों में तीन लोकसभा और 33 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव कल शनिवार को होगा, जिसके लिए चुनाव आयोग ने कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किये हैं। उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी सपा के लिए मैनपुरी लोकसभा व 11 विधानसभाओं का उप चुनाव साख की कसौटी पर है, जहां भाजपा ने भी अपना राजनीतिक जाल बिछाकर पूरी ताकत झोंक दी है।
शनिवार को हो रहे उप चुनाव में उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और 11 विधानसभा चुनाव में सपा और भाजपा की सीधी टक्कर मानी जा रही है, जहां सभी राज्यों की सीटों पर वैसे तो केंद्र सरकार का नेतृत्व कर रही भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है, लेकिन उत्तर प्रदेश के उपचुनाव भाजपा के लिए अत्यंत अहम माने जा रहे हैं, जहां सपा प्रमुख मुलायम सिंह के नेतृत्व में यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट और 11 विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना पार्टी के लिए अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा, इसका कारण है कि मैनपुरी लोकसभा और अन्य विधानसभा सीटों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिस प्रकार से चुनाव आयोग ने अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की है इस प्रकार की सुरक्षा लोकसभा के आम चुनाव में भी नहीं की गई थी। सपा के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि सपा अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है उसके सामने केवल जीत के अंतर को बढ़ाने की दरकार है। जहां तक चुनाव आयोग द्वारा अप्रत्याशित केंद्रीय बल तैनात करने का सवाल है उसके लिए समाजवादी पार्टी ने भाजपा का इशारा बताया है। वहीं लगातार मैनपुरी और आसपास के मौसम का मिजाज भी मतदान को प्रभावित करेगा, इसे सपा भी स्वीकार कर रही है, लेकिन यह भी दावा कर रही है कि सपा समर्थकों में जोश है जो बारिश के बावजूद भी वोट डालने जाएंगे और सपा की जीत निश्चित है। जबकि भाजपा के नेताओं ने मैनपुरी में दावा किया कि इस क्षेत्र में चुनाव के दौरान गड़बड़ी होने की आशंका न रहे इसलिए सुरक्षा बल जरूरी था, ताकि मतदाता बेखौफ मतदान स्थल तक अपने अधिकार का प्रयोग कर सके। भाजपा भी निष्पक्ष चुनाव होने पर अपनी जीत सुनिश्चित मानकर चल रही है। मैनपुरी लोकसभा सीट के अलावा उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर नगर, बिजनौर,ठाकुरद्वारा, नोएडा, निघासन, लखनऊ पूर्व, हमीरपुर, चरखारी, सिराथु, बल्हा व रोहनियां विधानसभा सीटों पर भी मतदान कराया जा रहा है। लोकसभा के आम चुनाव में यूपी में बेहतर प्रदर्शन करके भाजपा ने परचम लहराया था, जिसके लिए ये उपचुनाव अत्यंत अहम माने जा रहे हैं। दूसरी और मैनपुरी लोकसभा सीट पिछले ढाई दशक से सपा के कब्जे में है, जिसे बचाने की चुनौती राज्य के सत्तारूढ़ दल के सामने है। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी और 11 विधानसभा चुनाव भाजपा व सपा के लिए इसलिए भी अहम हैं जिनसे वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव की दिशा तय होगी।
नौ राज्यों के उपचुनाव पर राजग की नजरें
16वीं लोकसभा के लिए 543 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा के नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी और बडोदरा से चुनाव जीता था, तो इसी प्रकार सपा के मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ व मैनपुरी से जीत हासिल की थी। जबकि तेलंगाना की मेडक सीट से लोकसभा चुनाव जीते टीआरएस प्रमुख चन्द्रशेखर राव ने भी राज्य का मुख्यमंत्री बनने पर इस्तीफा दे दिया था। निर्वाचन नियमों के अनुसार नरेन्द्र मोदी ने बडोदरा तथा मुलायम सिंह ने मैनपुरी संसदीय सीट से इस्तीफा दिया था। इन तीनों लोकसभा सीटों पर शनिवार को उप चुनाव हो रहा है। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट और 11 विधानसभा सीटों के अलावा गुजरात की बडोदरा लोकसभा और नौ विधानसभा सीटों दीसा, मनीनगर, टंकारा, खंभालिया, मंगरोल, तलाजा, आनंद, मतर, व लिमखेडा में उपचुनाव होगा। वहीं आंध्र प्रदेश की नंदीगामा, आसाम की सिल्चन, लखीपुर तथा जमुनामुख, छत्तीसगढ़ की अनतागढ़(सु), राजस्थाना की सूरजगढ़, वेइर, नसीराबाद व कोटा दक्षिण, सिक्किम की रंगांग-यंगांग, त्रिपुरा की मानु, पश्चिम बंगाल की बसीरहट दक्षिण व चौवरांगी विधानसभा सीट पर भी कल शनिवार को उपचुनाव हो रहा है। इन सभी सीटों पर राजग की नजरें टिकी हुई है।
13Sep-2014

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें