रविवार, 24 सितंबर 2023

हरियाणा में तेजी से बढ़ी प्रति व्यक्ति आय

पिछले नौ साल में दोगुना से ज्यादा की दर्ज की गई वृद्धि
घरेलू उत्पाद में भी पडोसी राज्यों से आगे हरियाणा 
ओ.पी. पाल.नई दिल्ली। देश में पिछले तीन साल में प्रति व्यक्ति आए में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें आय बढ़ाने के लिए जो कदम बढ़ा रही है। देश में वित्तीय वर्ष 2023 में औसतन प्रति व्यक्ति आय दो लाख रुपये सालाना है। इसमें राज्यों की बात की जाए तो हरियाणा में पिछले नौ साल में प्रति व्यक्ति आय दोगुना से भी ज्यादा बढ़कर करीब तीन लाख रुपये सालाना के नजदीक पहुंच गई है, जबकि हरियाणा पिछले तीन साल में राज्य घरेलू उत्पाद भी बढ़कर दो लाख रुपय के आंकड़े के नजदीक आंका गया है।
 
केंद्रीय सांख्यिकी कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023 तक प्रतिव्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। आंकड़ो के मुताबिक देश में औसतन प्रति व्यक्ति आय दो लाख रुपये सालाना है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2030 तक 70 फीसदी होने की उम्मीद जताई गई है। जबकि आजादी के 100 साल पूरा होने यानि साल 2047 तक देश में औसतन प्रति व्यक्ति आय 15 लाख रुपये सालाना पहुंचने की उम्मीद है। केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की इस कवायद के कारण भारत पांचवी अर्थव्यस्था बन चुका है और आने वाले पांच साल में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था की राह पर है। इसके लिए सभी राज्य सरकारें भी श्रमिकों, किसानों और अन्य सभी क्षेत्र में कार्य करने वाले कामगारों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने में जुटी हुई हैं। मंत्रालय के आंकड़ो के मुताबिक फिलहाल प्रति व्यक्त आय में तेलंगाना पहले और कर्नाटक दूसरे पायदान पर है। साल 2022 में सिक्किम व गोवा इस मुकाम पर रहे हैं। देश की अर्थव्यस्था में योगदान देने के लिए सभी राज्यों में प्रति व्यक्ति आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 
हरियाणा ने पडोसी राज्यों को पछाड़ा 
हरियाणा में मनोहर लाल सरकार सरकार ने खेती और किसानी पर फोकस करते हुए प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय जहां साल 2014 में 1,35,700 रुपये सालाना थी, वहीं साल 2023 में यह बढ़कर 2,96,685 रुपये प्रति वर्ष दर्ज की गई यानी दोगुना से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। वहीं राज्य घरेलू उत्पाद 1,81,961 रुपये सालाना आंका गया है। सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो साल 2022 में यह प्रति व्यक्त आय 2,64,835 तथा 2021 में 2,29,065 रुपये सालाना दर्ज की गई थी। हरियाणा प्रति व्यक्ति आय को लेकर फिलहाल अपने पड़ोसी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आगे चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में प्रति व्यक्ति आय प्रतिवर्ष पंजाब में 1,73,873 रुपये, राजस्थान में 1,56,149 रुपये, हिमाचल प्रदेश में 2,22,227 रुपये है। जबकि उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय महज 83,565 रुपये सालाना दर्ज की गई है। 
योजनाओं से आमदनी बढ़ाने की कवायद 
हरियाणा सरकार ने पिछले नौ वर्ष के दौरान राज्य के निवासियों की आय बढ़ाने और उनके जीवन स्तर में सुधार करने के लिए अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए हैं। हरियाणा की लगभग 90 प्रतिशत आबादी कृषि के आधार पर जीवन यापन करती है। इसलिए सरकार ने खेती किसानी पर सर्वाधिक ध्यान दिया है। किसानों के लिए प्राकृतिक आपदा से निपटने में मुआवजे में वृद्धि की गई और फसल विविधीकरण तथा कृषि के आधुनिकीकरण पर जोर दिया गया। हरियाणा प्रगतिशील किसान सम्मान योजना और सेम एवं कल्याण भूमि सुधार योजना इन में प्रमुख है। सरकार ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सब्जियों और फलों की बागवानी पर भी फसल बीमा योजना लागू की। इसी तरह सरकार ने समाज के निचले स्तर पर आय बढ़ाने के लिए पूर्व सैनिक पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा बेरोजगारी भत्ते में भी वृद्धि की है। 
24Sep-2023

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें