गुरुवार, 28 जुलाई 2022

कॉमनवेल्थ गेम्स: अब बर्मिंघम में दिखेगा हरियाणा के महारथियों का दम

भारतीय दल में हरियाणा के सर्वाधिक 40 खिलाड़ी शामिल 
ओलंपियनों व पिछले कॉमनवेल्थ के पदक विजेताओं पर होंगी निगाहें 
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली। हरियाणा देश का ऐसा राज्य के रूप में विकसित हो रहा है, जिसके बिना खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ियों के बिना भारत का प्रदर्शन अधूरा माना जाने लगा है। टोक्यो के बाद इंग्लैंड के बर्मिंघम में आगामी 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले 22वेंराष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे 215 भारतीय खिलाड़ियों के दल में सर्वाधिक 40 खिलाड़ी यानि 20 फीसदी अकेले हरियाणा के खिलाड़ी शामिल हैं। पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भी हरियाणा के खिलाड़ियों की भागीदारी 24 फीसदी से ज्यादा थी, जिसमें भारत को मिले पदकों में एक मात्र स्वर्ण समेत 43 फीसदी से ज्यादा हरियाणा के खिलाड़ियों का ही योगदान रहा। दुर्भाग्यवश टोक्यो में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाले हरियाणा के नीरज चोपड़ा ने चोटिल होने के कारण राष्ट्रमंडल खेलों से अपना नाम वापस ले लिया है। हरियाणा देश का ऐसा राज्य बन चुका है, जिसके बिना खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों में भारत का प्रदर्शन फीका रह जाता है। हर खेल में प्रदेश की प्रतिभाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर खेलों में जिस प्रकार का प्रदर्शन करने में माहिर है। उसके लिए हरियाणा ‘पढ़ोगे लिखोगे, बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे होगें खराब’ जैसी कहावतों को बदलता नजर आ रहा है। मसलन बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज चोपड़ा के अलग होने के बाद हरियाणा के 43 छोरे और छोरियां अपना जलवा बिखरने को तैयार हैं। टोक्यों ओलंपिक में भारतीय कुश्ती दल में सभी पहलवान हरियाणा के थे, तो राष्ट्रमंडल खेलों में भी एक दर्जन पहलवानों में पांच महिलाओं समेत 11 पहलवान इसी सूबे के हैं, जबकि 12वीं महिला पहलवान मुजफ्फरनगर(यूपी) की दिव्या काकरान शामिल है। जबकि 12 मुक्केबाजों में दो महिला समेत छह, महिला हॉकी में कप्तान समेत 18 में से 9 खिलाड़ी, 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम में दो, महिला क्रिकेट में एक खिलाड़ी ने अपनी जगह बनाई है। इसके अलावा विभिन्न स्पर्धाओं के लिए हरियाणा की चार महिला समेत छह पैरा खिलाड़ी भी राष्ट्रमंडल खेलों में बर्मिंघम का टिकट ले चुके हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में 18 महिलाओं समेत 35 भारतीय एथेलीटों में हरियाणा के आठ एथेलीट हिस्सा ले रहे हैं ,जिनमें जिमनास्टिक में एक, जूडो में एक महिला, साइक्लिंग में एक महिला के अलावा भाला फेंक में एक महिला, दो धावक और एक-एक महिला डिस्कस थ्रो व शॉटपुट स्पर्धा के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दम दिखाने को तैयार हैं। 
गोल्ड कोस्ट में एक तिहाई पदकों का योगदान 
आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 2018 में हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत को मिले कुछ 66 पदकों में 22 यानि एक तिहाई पदक दिलाने में हरियाणा के खिलाडियों की हिस्सेदारी थी, जिनमें नौ स्वर्ण पदक, सात रजत और छह कांस्य पदक हरियाणा के बेटो-बेटियों ने दिलाए थे। इनमें दो स्वर्ण सहित सात पदक हरियाणवी महिला खिलाडिय़ों के नाम रहे। हरियाणा को स्वर्ण पदक दिलाने में भाला फेंक में पानीपत के नीरज चोपड़ा भी शामिल थे। इनके अलावा झज्जर की निशानेबाज मनु भाकर, यमुनानगर के निशानेबाज संजीव राजपूत, करनाल के निशानेबाज अनीश भानवाला, चरखी दादरी की महिला पहलवान विनेश फौगाट, भिवानी के मुक्केबाज विकास कृष्ण यादव, फरीदाबाद के मुक्केबाज गौरव सोलंकी, रोहतक के पहलवान सुमित मलिक तथा झज्जर के पहलवान बजरंग पूनिया स्वर्ण विजेता बने थे। जबकि सात रजत पदकों को मुक्केबाज अमित पंघाल व भिवानी के मनीष कौशिक के अलावा सीमा पुनिया, बबीता फौगाट, अंजुम मोदगिल, मौसम खत्री, पूजा ढांडा हासिल किया था। जबकि आधा दर्जन कांस्य पदक हरियाणा की महिला पहलवान साक्षी मलिक व किरन बिश्नोई, पहलवान सोमवीर कादयान, निशानेबाज अंकुर मित्तल, भारोत्तलक दीपक लाठर व मुक्केबाज मनोज कुमार ने हासिल किये थे। 
टोक्यों ओलंपिक में बिखेरा जलवा 
टोक्यो ओलंपिक में तो भारतीय दल में 31 यानि 24 फीसदी खिलाड़ी हरियाणा के ही थे, जिसमें भारत के हिस्से में आए सात पदकों में तीन हरियाणा ने दिलाए, जिसमें एक मात्र स्वर्ण पदक भी पानीपत के नीरज चोपड़ा ने दिलाकर इतिहास रचा। यही नहीं कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम में भी दो हरियाणा के लाड़लों की हिस्सेदारी रही। इसी प्रकार टोक्यो पैरा ओलंपिक में भारत को मिले 19 पदकों में छह पदक हरियाणा के पांच एथेलीटों की बदौलत मिले। मसलन पिछले चार ओलंपिक में देश की झोली में आए 20 पदकों में 11 पदक अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने दिलाए। 
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल में छाएगा हरियाणा 
एथेलेटिक: जिमनास्टिक में योगेश्वर (अम्बाला), जूडो में सुचिका तरियाल(रोहतक), भाला फेंक में शिल्पा रानी (जींद), धावक संदीप कुमार(महेंदरगढ) व अमित कुमार(झज्जर), डिस्कस थ्रो में सीमा आंतिल पुनिया(सोनीपत), शाट पुट में मनप्रीत कौर(अम्बाला) के अलावा महाराष्ट्र की हरियाणा से साइक्लिंग में मयूरी धनराज लूटे।
कुश्ती: रवि दहिया(सोनीपत) बजरंग पूनिया(झज्जर), नवीन(सोनीपत), दीपक पूनिया(झज्जर), दीपक नेहरा(रोहतक), मोहित ग्रेवाल(भिवानी), पूजा गहलौत(सोनीपत), विनेश फौगाट(चरखी दादरी), अंशु मलिक(जींद), साक्षी मलिक(रोहतक), पूजा सिहाग(रोहतक) । 
मुक्केबाजी: नीतू घनघस(भिवानी), जैस्मिन लंबोरिया(भिवानी), अमित पंघाल(रोहतक), सुमित कुंडू (जींद), संजीत(रोहतक) और सागर अहलावत (झज्जर)। हाकी महिला: सविता पूनिया-कप्तान (सिरसा), उदिता(हिसार), शर्मिला देवी(हिसार), मोनिका(सोनीपत), नेहा (सोनीपत), ज्योति(फतेहाबाद), निशा(सोनीपत), नवजोत कौर (कुरुक्षेत्र) और नवनीत कौर (कुरुक्षेत्र)। 
हाकी पुरुष : सुरेंद्र कुमार (कुरुक्षेत्र) और अभिषेक(सोनीपत)। 
महिला क्रिकेट: शैफाली वर्मा(रोहतक) 
पैरा खिलाड़ी:शर्मिला-शॉटपुट(रेवाडी), पूनम शर्मा-शॉटपुट(हिसार), संतोष कुमारी-शॉटपुट(भिवानी), गीता-पावरलिफ्टिंग(सोनीपत),सुधीर लाठ पावरलिफ्टंग(सोनीपत) और देवेन्द्र-डिस्कस थ्रो(भिवानी)। 
28July-2022

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें