बुधवार, 5 मार्च 2025

साक्षात्कार: साहित्य और संस्कृति से मिलती है समाज को नई दिशा: डा. कंवल नयन कपूर

साहित्य और संस्कृति क्षेत्र में हासिल की लोकप्रियता
     व्यक्तिगत परिचय 
नाम: डा. कंवल नयन कपूर 
जन्मतिथि: 09 अगस्त 1944 
जन्म स्थान: रावलपिंडी (पश्चिम पाकिस्तान) 
शिक्षा: बी.ए(ऑनर्स व संस्कृत), एमए(हिन्दी), पीएच.डी.
संप्रत्ति: सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष, एमएलएन महाविद्यालय यमुनानगर, लेखक, साहित्यकार 
सपंर्क/पता: 6, प्रोफेसर कालोनी, यमुनानगर, मोबा. 9896033903/01732-226333 
BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य और संस्कृति में सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर बेबाक लेखन करने के मकसद से साहित्यकार अपनी विभिन्न विधाओं में साधना करके समाज में व्याप्त विसंगतियों को पाटने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे ही लेखकों में शुमार वरिष्ठ साहित्यकार डा. कंवल नयन कपूर अपने रचना संसार में साहित्य के साथ सांसकृतिक क्षेत्र में भी अपनी लेखनी चलाते आ रहे हैं। खासबात है कि शिक्षाविद् होने के बावजूद उन्होंने साहित्यिक कृति के शोध से ही पीएचडी की उपाधि हासिल की। उन्होंने गद्य और पद्य दोनों विधाओं में बाल मन से लेकर महिलाओं और बुजर्गो को अपने रचनाओं में समाहित करके कहानी, लघुकथा, नाटक, कविता और आध्यात्मिक कृतियों के साथ चित्रकारी को अंजाम देकर लोकप्रियता हासिल की है। अपने साहित्यिक और सांस्कृति क्षेत्र के सफर को लेकर वरिष्ठ साहित्यकार डा. कंवल नयन कपूर ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में ऐसे अनछुए पहलुओं का जिक्र किया है, जिसमें समाज साहित्य और संस्कृति से समाज को नई दिशा देना संभव है। 
हरियाणा के साहित्य एवं सांस्कृतिक जगत में लोकप्रिय हुए वरिष्ठ साहित्यकार डा. कंवल नयन कपूर का जन्म 9 अगस्त 1944 को रावल पिंडी (पश्चिमी पाकिसतान) के गांव जंड में नाथूराम व श्रीमती मीराबाई के घर में हुआ। भारत विभाजन के बाद उनका पूरा परिवार संभवत: दिल्ली स्थांनांतरित हो गया था। विभाजन के दौरान हिंसाओं की त्रासदी की कहानियों की गूंज में उनका बचपन बीता और अमृतसर, लुधियाना, कुरुक्षेत्र के विस्थापित कैम्पों की हाय-तौबा की काली छाया ने उनके शिशु-मन को ऐसे छुआ कि अन्तर्मुखता, अकेलापन और एकान्त से स्थायी मित्रता हो गई। इसके बाद उनका पूरा परिवार संभवत: 1949 में दिल्ली स्थांनांतरित हो गया था, जहां उनके परिवार को स्थायी निवास मिला। दिल्ली में उन्होंने आई.ए.आर.आई. पूसा के सरकारी स्कूल से हायर सैकेण्डरी तक की शिक्षा ग्रहण की, गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज देवनगर और इवनिंग इन्स्टीट्यूट ऑफ हायर स्टज़िज, दिल्ली विश्व विद्यालय से हिन्दी में एम.ए. की शिक्षा ग्रहण की, लेकिन परिवार में आर्थिक अभाव निरंतर चलती रही। उन्होंने आगे की शिक्षा छोड़ यमुनानगर (हरियाणा) के एम.एल.एन. महाविद्यालय में प्राध्यापन कार्य आरंभ किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से 'नई कहानी' विषय में शोध स्वरूप पी.एच.डी. उपाधि प्राप्त की। अगस्त 2004 में इसी महाविद्यालय से विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्ति हुई। परिवारिक और शैक्षणिक संस्थाओं के माहौल ने उनमें साहित्यिक संस्कारों का बीजारोपण किया। जबकि घर में माता भगवान कृष्ण की भक्त होने के कारण भजन और गीत गुनगुनाती रहती थी, तो वहीं उनके बड़े भाई उन दिनों भजन और देवी की भेंटे लिखकर गाते थे। मसलन साहित्यिक रुझान उनका अपने घर परिवार से ही हुआ ओर वह भी बचपन से ही तुकबंदी करने लगे थे। उनका साहित्य एवं चित्र कला के प्रति शुरु से ही विशेष झुकाव रहा है। इसी कारण वह स्कूल-कॉलेज में मंचित कार्यक्रमों में गायन, नाटक आदि में निरन्तर प्रतिभागिता करते रहे। उच्च शिक्षा के दौरान वह पंजाबी के प्रख्यात कवि-चिन्तक डॉ. हरिभजन सिंह और डॉ. लक्ष्मीनारायण लाल, डॉ. महीप सिंह, डॉ. दशरथ ओझा, डॉ. नरेन्द्र मोहन आदि विद्वान साहित्यकारों के संसर्ग से साहित्य लेखन करने लगे, जिनकी कविताएं-लेख आदि स्कूल कॉलेज पत्रिकाओं के अलावा बड़ी पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ छपती रही। बकौल डा. कमल नयन, वह अपने आप को कवि और नाटककार मानते हैं, यद्यपि मूर्तिकला, स्थापत्य कला, पेंटिंग, वुडकार्विंग व क्ले माडलिंग, इंटीरियर डेकोरेशन जैसी विधाओं में भी उन्होंने काम किया है।
लोक कला क्षेत्र का भी हुनर 
डा. कपूर जब वह आठवीं कक्षा में थे तो उन्होंने अंग्रेजी ग्रामर की पुस्तक पर पहली कविता लिखी। सन् 1965 से 1967 तक संचेतन कहानी की ध्वज वाहक पत्रिका 'संचेतना' से सहायक सम्पादक के रूप में काम किया और दिल्ली से प्रकाशित होने वाली पत्रिका 'जाह्नवी' में उनका किशोर उपन्यास 'भारत सम्राट' धारावाहिक रूप से प्रकाशित हुआ। सन् 1976 में पहला कविता संग्रह और 1978 में पहला 'लघु नाटक' संग्रह प्रकाशित हुआ। खासबात है कि इसी दौरान नाट्य मंचन, पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, स्थापत्य कला आदि में भी उन्होंने बहुत काम किया गया, जिसमें मंच संचालन, संगीत आदि में उनकी विशेष रुचि रही। नाटक, कहानी, कविता, समीक्षा, निबन्ध लेखन में निरन्तर प्रवृत रहे। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लिखित छोटे-बड़े नाटकों के चार सौ से अधिक मंचन हो चुके हैं, जिनमें पंजाबी, उर्दू आदि का अनुवादित रूप भी शामिल है। सन् 1994 से डॉ. कपूर हिन्दी की लम्बी कविताओं के मंचन में लगे हैं और लगभग बीस लम्बी कविताओं का 'रंगपाठ' मंचित कर चुके हैं। उनकी लम्बी कविता 'शिशु होकर' एवं 'धन्यवाद कान्हा' का मंचन साहित्य-जगत में विशेष चर्चित विषय रहा है। डा. कपूर विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक, कला और सांस्कृतिक संस्थाओं में अलग अलग पदों पर रहे हैं। वे हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों में विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक सम्मेलनों में भी भागीदारी करते रहे हैं। 
आधुनिक युग में साहित्य 
आज के आधुनिक युग में साहित्य की स्थिति पर डा. कंवल नयन कपूर का कहना है कि यह सत्य है कि हर रचनाकार अपने रचनाकर्म में आजीवन संलग्न रहते हुए भी अपनी श्रेष्ठ रचना की प्रतीक्षा में ही प्रस्थान पा जाता है। लेकिन इस सोशल मीडिया और इंटरनेट के युग में बढ़ते बाजारीकरण ने हर क्षेत्र को प्रभावित किया है। लेखक भी बदलते परिवेश में अपनी रचनाओं में बदलाव करके लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन साहित्य और संस्कृति जगत में यह अच्छा संकेत नहीं है। खासकर आज की युवा पीढ़ी के साहित्य और संस्कृति के प्रति कम होती रुचि सामाजिक दृष्टि से चिंताजनक है, जिसका समाज पर प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए युवा पीढ़ी को साहित्य और संस्कृति से जोड़े रखने के लिए लेखकों, साहित्यकारों, कवियों और लोक कलाकारों को अपनी संस्कृति और सभ्यता को सर्वोपरि रखते हुए अपनी कलम चलाना आवश्यक है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ साहित्यकार एवं लेखक डा. कंवल नयन कपूर की प्रकाशित पुस्तकों में प्रमुख रुप से नाटक: यात्रा और यात्रा, कथा लंका दहन की, कथा लंका दहन की, जल घर, रक्त जीवी, आओ मेरे साथ,पंछी तीर्थम, शव पूजा, प्रकृति पर्व और छाया पुरुष जैसी कृतियां सुर्खियों में हैं। जबकि उपन्यास: भारत सम्राट, ठहरी हुई नदी, कविता संग्रह: बौणियां किरणां और उदास गुलमोहर, एक समन्दर मेरे अन्दर, किस्सा कमली दा,मूर्ख होने का सुख, शब्दों के पार, अजब कालखंड, संपत्ति और गीत-अगीत प्रकाशित हुई है। उनके अध्यात्मिक पुस्तकों में इदं शरीरं, श्री दुर्गा, उपनिषद् श्री भी शामिल है, जिनका काव्य रुपांतरण, संपादन के साथ हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में अनुवाद भी किया है। इसके अलावा एकांकी यात्रा-दो, हम (पंजाबी के प्रतिनिधि) एकांकी तथा हम (उड़िया के प्रतिनिधि) एकांकी के अलावा दर्शन चला हंस शून्य की ओर भी उनकी कृतियों का हिस्सा है। 
पुरस्कार व सम्मान 
साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डा. कंवल नयन कपूर को उनकी कृति 'जल घर' के लिए हरियाणा साहित्य अकादमी का सम्मान भी मिला है। वहीं उन्हें राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्त्राब्दी सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। वहीं साल 1995 में तत्कालीन राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा ने भी सम्मान से अलंकृत किया। इसके अलावा हरियाणा के भाषा विभाग, हिंदी साहित्य सम्मेलन, इंडियन ऑर्टस चंडीगढ़ तथा अनेक साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्थाओं से अनेक सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। 
03Mar-2025

सोमवार, 24 फ़रवरी 2025

चौपाल: हास्य कला में भी छिपे हैं समाजोत्थान के संदेश: रेणू दूहन

अभिनय और हास्य व्यंग्य कला में हासिल की लोकप्रियता 
    व्यक्तिगत परिचय 
नाम: रेणू दूहन 
जन्मतिथि: 17 अक्टूबर 1995 
जन्म स्थान: गांव पेटवाड़, जिला हिसार 
शिक्षा:बीए. एमए(हिंदी), डीईपीएड 
संप्रत्ति: हास्य कलाकार एवं मिमिक्री आर्टिस्ट 
संपर्क: रोहतक रोड़, जींद(हरियाणा), मोबा.-8396968657
 BY--ओ.पी. पाल 
 हरियाणा की लोक कला एवं संस्कृति को जीवंत रखने की दिशा में लेखक, लोक कलाकार, गीतकार अलग अलग विधाओं में अपनी कलाओं की अलख अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जगाने में जुटे हुए हैं। ऐसे ही कलाकारों में युवा महिला कलाकार रेणू दूहन ने सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों और संस्कृति के साथ सामयिक घटनाओं पर आधारित लेखन तथा लोक कला के प्रदर्शन से खासकर युवा पीढ़ी को नई दिशा देने का प्रयास करती आ रही है। कविता, निबंध लेखन के साथ अभिनय, हास्य व्यंग्य तथा मिमिक्री कलाओं से पहचान बनाने वाली कलाकार रेणू दूहन ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कुछ ऐसे पहलुओं का जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने समाज कल्याण और संस्कृति के संवर्धन में कलाकारों की अहम भूमिका निभाने का संदेश दिया है। 
---- 
हरियाणवी लोक कलाकार रेणू दूहन का जन्म 17 अक्टूबर 1995 को हिसार जिले के गांव पेटवाड़ में रमेश दूहन और श्रीमती वीना दूहन के घर में हुआ। जब वह पांच साल की थी, तो उनका परिवार जींद आकर रहने लगा। उनके घर में किसी प्रकार की साहित्य या सांस्कृतिक माहौल नहीं था। उनके पिता और भाई व्यापार करते हैं। जबकि उनका भाई पिछले नौ साल से दिल्ली में रहते हैं। परिवार में माता पिता ने तीन भाई बहनो में उसका भी एक लड़के की तरह पालन पोषण किया। किसी बात में या कुछ भी करने से पहले उसे कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वह एक लड़की है। उनके परिवार में कभी किसी तरह का साहित्य या सांस्कृतिक माहौल नहीं रहा और वह अकेली ही लोक कला के क्षेत्र में काम करने लगी। उन्हें बचपन से ही लोक कला के क्षेत्र में एक्टिंग में अभिरुचि रही, लेकिन उनके परिवार वालों को उनका कला के क्षेत्र में भागीदारी करना अच्छा नहीं लगा। हालांकि उनकी माता उन्हें प्रोत्साहित करती रही और इसके बाद भाई ने भी उनका कला के क्षेत्र में उसका सहयोग करना शुरु कर दिया। बकौल रेणू दूहन, बचपन से ही उन्हें मंच का बहुत शौंक था कि वह मंच पर आए और कुछ सुनाए। स्कूली शिक्षा में हर शनिवार को होने वाली बाल सभा में होने वाले कार्यक्रम में उन्हें एंकर बनाया जाता था। उन्होंने कई बार कविता, निबंध लेखन, नाटक, नृत्य आदि में भागीदारी की। स्कूल समय में एक निबंध लेखन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर उसे प्रथम स्थान मिला। जब वह कालेज में बीए कर रही थी तो उनकी कला को देखकर कई शिक्षिकाओं ने उन्हें इस दिशा में प्रोत्साहित करके मदद की। जब वह ग्रेजुएशन कर रही थी, तो रत्नावली फैस्टिवल में अपने कॉलेज से से वही जाती थी और अपनी लिखी कविता प्रतियोगिता भी होती थी। उसने भी कविता लिखने का मन बनाया और अपने चाचा की मदद से कविता लिखी, जो राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान पर रही। इससे उनका लोक साहित्य के प्रति आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था। इसी से प्रेरित होकर साल 2015 से उसने थोडा थोड़ा लिखना शुरु किया। इसके बाद से उसकी माता और परिजन भी खुश हुए और उसे प्रोत्साहित करना शुरु कर दिया। रेणू दूहन हास्य व्यंग्य और कविताएं भी लिखती हैं तो उनके इस हास्य में भी समाज के लिए कुछ न कुछ ऐसे संदेश छिपे होते हैं जो नशे की तरफ जाते आज के युवाओं को जागरुक करके उन्हें सही राहत दिखाने का काम कर सकते हैं। उनके लेखन, अभिनय या फिर हास्य व्यंग्य का फोकस समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने की दिशा में ही रहा है, ताकि खासकर युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति की मूल जड़ो से जुड़ी रहे। इस आधुनिक युग में लोक कला और संस्कृति के सामने आ रही चुनौतियों को लेकर उनका कहना है कि यदि हम समाज के लिए अच्छा नहीं कर रहे या लिख रहे हैं तो हमारी लेखनी का कोई फायदा नहीं। उनका मानना है कि हमे अपने समाज के लिए अच्छा लिखना चाहिए, चाहे हम कोई वीडियो बना रहे हो या कोई नाटक कर रहे हों, वह ऐसा है जिसे एक बच्चा भी देख पाए ओर जवान व बुजुर्ग भी। हमारा कंटेंट ऐसा होना चाहिए जो हम एक नहीं, बल्कि पूरा परिवार एक साथ मिलकर देख सके। कई बार आज का युवा लोकप्रिय होने के लिए कुछ भी करने को तैयार है तो कि बहुत गलत है।
ऐसे मिली करियर को मंजिल 
हास्य कलाकार रेणू दूहन ने बताया कि अभिनय के क्षेत्र में वह पहले से ही अभिरुचि रखती थी। उनकी पहली यूट्रयूब वीडियो बहन भाई का प्यार रक्षा बंधन को लेकर थी, जिसमें उसने बहन का किरदार निभाया। ऐसे वीडियो में वह लगातार बहन की ही भूमिका में अभिनय कर रही हैं। जैसे जैसे वह कुरुक्षेत्र के रत्नावली, नुक्कड नाटक आदि में हिस्सा लेती रही तो उनकी इस क्षेत्र में पहचान बनने लगी। जब उनका पहला स्टेंडअप कॉमेडी शो था, तो स्टेज एप ओटीटी के लिए तो वो मुझे जिंदगी में याद रहेगा। दरअसल गर्मी का समय में इस शो की शूटिंग में 16 घंटे लगे। हम लोग निरंतर शो में लगे रहे तो वह संभव हो पाया। सौभाग्य से यह शो उनके ही घर हुआ तो माता पिता भी प्रसन्न हुए। यह मेहनत रंग लाई और शो बहुत अच्छा गया। उनका जब वह शो रिलीज हुआ तो 3-4 दिन में ही उसे लाखों लोगों ने देखा। ऐसे में इससे बढ़कर खुशी का कोई ठिकाना नहीं हो सकता था, क्योंकि चौतरफा रेणू दूहन की लोकप्रिता बढ़ने से महसूस हुआ कि उनकी मेहनत रंग ले आई है। फिर बस चलते चले गये और इस कला को आगे बढ़ाने के लिए पीछे मुड़कर नहीं देखा। 
 ---- 
आस्ट्रेलिया में किया प्रदर्शन 
हास्य कलाकार एवं अभिनेत्री के रुप में रेणू दूहन ने साल 2019 में आस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में भी अपनी कला का प्रदर्शन करके हरियाणवी संस्कृति की अलख जगाई है। वहीं उन्होंने जहां हरियाणवी फिल्म बहु काले में बहन का किरदार निभाया है। तो उन्होंने वेबसीरिज फिल्मों डिजिटल ताई, गौंरू ऑफ हंसीपुर के अलावा उन्होंने स्टेज एप पर करीब एक दर्शन स्टेंडअप कॉमेडी शो किये और वह पिछले छह साल से यूट्यूब चैनल पर काम कर रही हैं। पिछले पांच साल से वे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव कुरुक्षेत्र में भी अपनी कला के रंग बिखेर रही हैं। थिएटर कार्यशाला के अलावा उन्होंने यूथ फेस्टिवल हिस्सेदारी करती रही हैं और कालेज में कार्यशाला आयोजित करके नई प्रतिभाओं को भी लोक कला व संस्कृति के प्रति उन्हें प्रशिक्षण देने का काम किया है। 
पुरस्कार 
रेणू दूहन को उनकी कला की विधाओं के लिए स्कूल व कालेज की शिक्षा के दौरान से ही कविता व चुटकले आदि लिखने और नुक्कड नाटक करने, रंगमंच के लिए राज्य स्तर पर दो बार चुटकलों के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अभिनय के क्षेत्र में रत्नावली फैस्टिवल में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया। निबंध प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार और कविता लेखन में द्वितीय व तृतीय पुरस्कार भी हासिल किये हैं। 
24Feb-2025

मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025

साक्षात्कार:सामाजिक विसंगतियों को दूर करने का माध्यम साहित्य: प्रो. शामलाल कौशल

हास्य व्यंग्य, काव्य और लघु कथाओं से समाज को दे रहे सकारात्मक संदेश 
      व्यक्तिगत परिचय 
नाम: प्रो. शामलाल कौशल 
जन्मतिथि: 9 दिसंबर 1943 
जन्म स्थान: डेरा ग़ाज़ी खान(पाकिस्तान) 
शिक्षा: एम.ए. (अर्थशास्त्र, अंग्रेज़ी तथाराजनीति शास्त्र) 
संप्रत्ति: सेवानिवृत्त प्रोफेसर( अध्यक्ष, अर्थशास्त्र), राजकीय महाविद्यालय, गोहाना सोनीपत( हरियाणा)। 
सम्पर्कः मकान न.975-बी/20, राजीव निवास, शक्ति नगर, ग्रीन रोड, रोहतक। मोबा-मे. 09416359045 
BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य जगत में समाज को नई दिशा देने के मकसद से ही लेखक साहित्य साधना करते आ रहे हैं। मूर्घन्य विद्वानों ने साहित्य को समाज का दर्पण माना है। इसलिए लेखक और साहित्यकार अपनी विभिन्न विधाओं में समाजिक सरोकार के मुद्दों पर साहित्य साधना करके समाज को अपनी संस्कृति और सभ्यता के प्रति सकारात्मक संदेश देते आ रहे हैं। हरियाणा की समृद्ध संस्कृति के संवर्धन में जुटे शिक्षाविद् एवं लेखक शामलाल कौशल भी सामाजिक सरोकार के मुद्दों पर आलेख, काव्य, हास्य व्यंग्य और लघु कथओं जैसी विधाओं से अपने रचना संसार को बढ़ाकर साहित्य और समाज को एक दूसरे के पूरक होने की सार्थकता को सिद्ध करने में जुटे हैं। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. शामलाल कौशल ने अपने साहित्यिक सफर को लेकर कई ऐसे पहलुओं को उजागर किया, जिसमें आजकल सामाजिक विसंगतियों के कारण दूर होती सभ्यता, संस्कृति, नैतिकता और बड़ों के प्रति आदर जैसी परंपराओं को जीवंत करने में साहित्य एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का माध्यम है। 
---- 
हरियाणा में रोहतक के वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. शामलाल कौशल का जन्म 9 दिसंबर 1943 को पाकिस्तान के डेरा ग़ाज़ी खान में एक साधारण परिवार में तोताराम तथा श्रीमती यशोदा बाई के घर में हुआ था। जब वह बहुत छोटे थे तो भारत के विभाजन के समय शोर शराबा होने लगा था और अलग से पाकिस्तान बनने पर हिंदू परिवार दंगाईयों के भय से अलग अलग स्थानों से होते हुए हिंदुस्तान की तरफ पलायन करने लगे। जहां उन्हें याद है वे पाकिस्तान से अपने माता पिता और भाई बहन और अन्य लोगों के साथ रेलगाड़ी की छत पर सवारी करके हिंदुस्तान पहुंचे। आखिरकार हमारा परिवार रेलगाड़ी से पंजाब मे संगरूर शहर में उतरा, जहां रेलवे स्टेशन के बार लगे एक हैंडपंप का पानी पीकर कई दिन के बाद अपनी प्यास बुझाई। उनके परिवार के अन्य सदस्य तथा रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए, तो उन्हें दो-तीन कैंपो में बारी-बारी कुछ दिन के लिए रखा गया और बाद में हमें संगरूर की सलीम खान की कोठी में रहने के लिए जगह दी गई, 40- या 50 परिवारों ने शरण ली। हालांकि शरणार्थियों की जिस तरह देखभाल की जा सकती थी वह यथासंभव की गई। मसलन हिंदुस्तान आने के बाद प्रारंभिक दिन बहुत कठिन और संघर्ष के बीच बीते। लोगों ने कोई न कोई काम करके बड़ी मेहनत की और हिंदुस्तान आकर अपने आपको सभी परिवारों ने पैरों पर खड़े होकर पालन पोषण किया। इसी संघर्षशील जिंदगी के बीच साल 1953 में पिता के निधन के कारण पढ़ाई करना बहुत मुश्किल था, लेकिन फिर भी उन्होंने किसी तरह संगरूर के राज हाई स्कूल से मैट्रिक पास की। गवर्नमेंट रणबीर कॉलेज से बीए पास किया, जहां उन्हें अर्थशास्त्र पढ़ाने वाले शिक्षक तथा समाजसेवी प्रोफेसर मुंशी राम वर्मा ने उनके लिए एक अभिभावक की भूमिका निभाई और हरसंभव सभी तरह की सहायता करके मार्गदर्शन किया। प्रोफेसर मुंशीराम वर्मा की वजह से ही वह इस मुकाम पर हैं। बाद में उन्होंने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से एमए (अर्थशास्त्र) उत्तीर्ण की। प्रो. वर्मा के लिए उनका एहसान वह सारी उम्र नहीं भूल सकते, जिसके बाद 1966 में हरियाणा में गोहाना में हरियाणा वार हीरोज मेमोरियल कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर उनकी नौकरी लगी। 1981 में यही कॉलेज सरकारी कॉलेज बन गया और यही से करीब 36 साल अध्यापन करने के बाद 2001 में वह सेवानिवृत्ति हुए, कॉलेज के विभिन्न प्राचार्यों, प्रोफेसरों तथा विद्यार्थियों से खूब मान सम्मान मिला। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जीवन की इस यात्रा में जब कभी भी उन्हें किसी कठिनाई का सामना करना पड़ा, तो परमात्मा ने किसी न किसी को अपना प्रतिनिधि भेज कर उनकी मुश्किल आसान कराई। बकौल शामलाल कौशल, हमारे परिवार में किसी की भी साहित्य में रुचि नहीं रही है। परिवार में शायद वह अकेले सदस्य थे, जिन्हें बचपन से ही अखबार पढ़ने की रुचि रही है। वह अपने कॉलेज की पत्रिका का संस्कृत खंड का स्टूडेंट एडिटर थे और जब वह प्रोफेसर बने, तो अपने कॉलेज की पत्रिका में भी उनके लेख भी नियमित तौर पर लेख प्रकाशित होते रहते थे। बचपन से ही उनका व्यवहार हंसी मजाक का रहा है। इसलए छात्र जीवन में वह साथियों को चुटकुले सुना कर पहले उनका ध्यान आकर्षित करता था और फिर पढ़ता था। मसलन मन में जो आता है वह लिख लेते थे और इसी कारण अब लिखने की आदत बन गई है। बेशक वह कविताएं, कहानियाँ तथा लघु कथाएं लिखते हैं, लेकिन उनका फोकस लेख तथा हास्य व्यंग्य लिखने में रहता है, जिसमें वह सामयिक तथा सामाजिक विषयों को तरजीह सर्वोपरि रखते हैं। हास्य व्यंग्य लिखने में उनका मकसद किसी का व्यक्तिगत उपवास करना नहीं,बल्कि किसी विषय विशेष को लेकर वह हंसी-हंसी में भ्रष्टाचार, पुरस्कारों का मिलना, सामाजिक रिश्ते, राजनेताओं का व्यवहार जैसी समस्याओं का विश्लेषण करके समाज को सकारात्मक संदेश दने का प्रयास करते हैं। 
ऐसे बने साहित्यकार 
प्रो. शामलाल ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने लेखन कार्य शुरु किया, जिसके लिए उन्हें डॉ. श्याम शाखा शाम, प्रख्यात साहित्यकार, समाजसेवी, शिक्षक डॉ मधुकांत जैसे कई ऐसे मूर्घन्य विद्वान और साहित्यकारों की प्रेरणा और मार्गदर्शन में साहित्य संवर्धन में कई विधाओं उन्होंने अपने रचना संसार को लगातार दिशा दी। इसमें उन्होंने सबसे पहले एक हास्य व्यंग्य लिखा, जिसके बाद लघु कथाएं लिखनी शुरू की। लेकिन साहित्य के क्षेत्र में उन्हें बड़े बड़े साहित्यकारों से परिचय करवाने का बहुमूल्य कार्य प्रख्यात साहित्यकार डॉ. मधु कांत ने करवाया, जिनसे आज तक बहुत मान सम्मान मिल रहा है। जो उन्हें लिखी गई रचनाएं विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित कराने के लिए भेजने के लिए प्रोत्साहित करते आ रहे हैं। खास बात ये भी है कि सेवानिवृत्ति के बाद साहित्य लेखन से ही उनका समय बहुत आसानी से गुजर जाता है और वरिष्ठ साहित्यकारों से मुलाकात और कार्यक्रमों में हिस्सेदारी से उनके ज्ञान में वृद्धि तथा सम्मान मिल रहा है। 
आधुनिक युग में अच्छे साहित्य का अभाव 
वरिष्ठ साहित्यकार प्रोफेसर शामलाल कौशल का इस आधुनिक युग में साहित्य के सामने आई चुनौतियों को लेकर कहना है। साहित्य समाज का दर्पण है, अगर समाज में अच्छे संस्कार होंगे, तो संस्कृति होगी। मसलन साहित्य का प्रभाव समाज पर पड़ता है और समाज भी साहित्य को प्रभावित करता है। लेकिन आज के समय में अच्छे साहित्य का अभाव इसलिए पनपा है कि हमारा समाज भी आजकल सभ्यता, संस्कृति, नैतिकता और बड़ों के प्रति आदर व ईमानदारी से दूर होते जा रहे हैं। हालांकि जिन्हें साहित्य का जुनून है वह अभी साहित्य साधना में जुटे हैं, लेकिन भौतिकतावाद के इस युग में साहित्य के प्रति पाठकों की रुचि पहले के मुकाबले में बहुत कम हो रही हैं। युवा पीढ़ी में साहित्य के प्रति रूझान न होने का कारण वह अपने करियर को लेकर इंटरनेट का ज्यादा सहारा ले रहे हैं। समाज के ताने बाने को संस्कृति के अनुरुप संजोने के लिए युवा पीढ़ी को साहित्य के लिए प्रेरित करने की बहुत जरुरत है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों में साहित्य से संबंधित सामग्री पाठ्यक्रमों में शामिल करके शिक्षक साहित्य की विभिन्न विधाओं के बारे में छात्रों को संस्कारी बना सकते है। युवाओं को साहित्य संबन्धित प्रतियोगिताओं में शामिल करके उन्हें प्रोत्साहित किया जा सकता है। वहीं साहित्य में आई गिरावट का कारण शॉर्टकट के रास्ते लोकप्रियता हासिल करने के प्रयास में लेखकों को भी बदलते सामाजिक परिवेश के अनुसार साहित्य संवर्धन करने की आवश्यकता है, तभी समाज और संस्कृति को जीवंत रखने की क्ल्पना की जा सकती है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. शामलाल कौशल की प्रकाशित 15 पुस्तकों में लेख संग्रह-जीना एक कला है तथा खुश कैसे रहें, काव्य संग्रह-यही तो जिंदगी है, हास्य व्यंग्य संग्रह-यह दुनिया पागलखाना, कुवारों का संडे बाजार व आज्ञाकारी पति होने के फायदे, लघुकथा संग्रह-अगर मां होती, हास्य व्यंग्य-ऐ बेशर्मी? तेरी सदा ही जय हो, लघु कविता संग्रह- जिनकी नहीं होती मां, अभी तो मैं जवान हूं और मेरे हीरो मेरे मां बाप, कहानी संग्रह-पिंजरे के पंछी सुर्खियों में हैं। वहीं संयुक्त लेखक डा. मधुकांत के साथ काव्य संग्रह- ऐ! जिन्दगी! तथा लेख संग्रह- तनाव ही तनाव भी उनकी कृतियों में शामिल है। 
पुरस्कार व सम्मान 
शिक्षाविद् एवं साहित्यकार प्रो. शामलाल कौशल को साहित्य साधना के लिए अनेक पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। हरियाणा साहित्य अकादमी ने उन्हें हास्य व्यंग्य संग्रह 'आज्ञाकारी पति होने के फायदे' को सर्वश्रेष्ठ कृति सम्मान से अलंकृत किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री 'साहित्य रत्न' पुरस्कार, निर्मला स्मृति आजीवन हिंदी साहित्य साधना सम्मान के अलवा दिल्ली, हरियाणा, यूपी आदि विभिन्न राज्यों की साहित्यिक संस्थाओं द्वारा अनेक बार सम्मान देकर पुरस्कृत कर चुकी हैं। 
17Feb-2025

सोमवार, 3 फ़रवरी 2025

साक्षात्कार: साहित्य में मानवीय रिश्तों को सर्वोपरि रखना जरुरी: भावना सक्सैना

महिला रचनाकार ने प्रवासी साहित्य में हासिल की लोकप्रियता 
            व्यक्तिगत परिचय 
नाम: भावना सक्सैना 
जन्म तिथि: 20 जनवरी 1973 
जन्म स्थान: दिल्ली 
शिक्षा: स्नातकोत्तर, अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातक व एमए अंग्रेज़ी 
संप्रति: सहायक निदेशक, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार 
संपर्क: फरीदाबाद (हरियाणा), मोबा.-9560719353 
-BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य जगत में समाज के परिदृश्य को सकारात्मक ऊर्जा देने के मकसद से लेखक एवं साहित्यकार अपनी विभिन्न विधाओं में साहित्य साधना से हिंदी, संस्कृति और सभ्यता का संवर्धन करने में जुटे हैं। हरियाणा के ऐसे लेखकों में शुमार महिला साहित्यकार भावना सक्सैना ने संपूर्ण शिक्षा अंग्रेजी में पूरी करने के बावजूद भारत में ही नही, बल्कि विदेश में भी हिंदी के प्रचार-प्रसार को महत्ता दी है। खासतौर से हरियाणा में ऐसे चुनिंदा लेखकों में शायद महिला लेखक के रुप में भावना सक्सैना ऐसी साहित्यकार हैं, जिन्होंने विदेश में रहते हुए प्रवासी साहित्य पर शोध के जरिए अपनी लेखनी से कहानी, आलेख, लघुकथा, कविता औऱ हाइकु जैसी विधाओं में अपने रचना संसार का परचम लहराया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में सहायक निदेशक एवं लेखिका भावना सक्सैना ने अपने साहित्यिक सफर को लेकर हरिभूमि संवाददाता से बातचीत में कई ऐसे अनछुए पहलुओं को साझा किया है, जिन्होंने अपनी रचनाओं में मानवीय रिश्तों को सर्वोपरि माना है, जो उनके लेखन की अनुभूतियों की अभिव्यक्ति को प्रकट करता है। 
---- 
सात समुंदर पार तक हिंदी साहित्य की अलख जगाने वाली हरियाणा की वरिष्ठ महिला साहित्यकार भावना सक्सैना का जन्म 20 जनवरी 1973 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक शिक्षित परिवार में सुरेंद्र कुमार कौशिक और श्रीमती दर्शन कौशिक के घर में हुआ। उनके पिता दिल्ली में बैंकर थे, तो माता भी प्रशासनिक क्षेत्र में सेवारत थी। इसलिए उनका बचपन दादा-दादी के स्नेह की छांव में गुज़रा और यह उनकी अमूल्य पूंजी है। बचपन से ही दादी को नियमित रूप से गीता और सुखसागर पढ़ते हुए देखा। वह काम करते हुए अनेक भजन भी गुनगुनाती रहती थी। मेरा सबसे पसंदीदा भजन था ‘धन्य हो महिमा तेरी भगवन नहीं पार किसी ने पाया है, ओ निराकर भगवान मेरे ये जाग साकार बनाया है’। घर का वातावरण बहुत सात्विक और स्नेह से पूर्ण था। उस समय मझली और छोटी बुआ संस्कृत में स्नातक व स्नातकोत्तर कर रही थीं और साथ ही पास-पड़ोस के बच्चों को निःशुल्क पढ़ाया करती थीं । पिताजी ने उनका प्रवेश प्रथम कक्षा में ही सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल में करा दिया था, जहाँ छोटा मगर अच्छा पुस्तकालय था। अंग्रेज़ी हिंदी की खूब पुस्तकें उपलब्ध रहीं। जो बच्चे बुआ से पढ़ने आते थे उनका पाठ्यक्रम कुछ अलग था। वह उन सबकी पुस्तकें लेकर पढ़ती, अपने से बड़ी कक्षाओं की भी। पुस्तकों की सहज उपलब्धता और परिवार में सभी की प्रेरणा से पढ़ने में रुचि उत्पन्न हुई। उनकी कुछ तुकबंदियाँ तो सातवीं-आठवीं कक्षा में आरम्भ हुई थीं, लेकिन उन्होंने अपनी पहली पूर्ण कविता कक्षा नौ में अंग्रेज़ी भाषा में लिखी। उनके फूफाजी उस समय अंग्रेज़ी प्राध्यापक थे, जिन्होंने उस रचना को काफ़ी सराहा। फिर गाहे बगाहे वह अपने विचारों को कविताओं के रूप में कलमबद्ध करती रही। कॉलेज के समय काफ़ी कविताएँ लिखी, लेकिन कभी प्रकाशित नहीं कराईं। आज भी वे डायरी और रजिस्टरों के पन्नों में कैद हैं, वे मन की अनगढ़ अनुभूतियाँ हैं और बेहद निजी संपदा हैं। स्नातकोत्तर, अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातक व एमए अंग्रेज़ी में करने के बाद उनकी भी केंद्र की सरकारी नौकरी मिल गई, जिनकी नियुक्ति केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो में वरिष्ठ अनुवादक पद पर हुई, जिन्हें वर्ष 2007 में सूरीनाम में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया। उन्होंने सूरीनाम में भी साहित्यिक साधना पर ध्यान केंद्रित रखा। मसनल वहाँ के बारे में जानने का प्रयास किया, लेकिन उस समय इंटरनेट पर इतनी सूचना सामग्री उपलब्ध नहीं थी। लेकिन वह सूरीनाम के हिंदुस्तानियों की भाषा और संस्कृति के प्रति प्रेम से बेहद प्रभावित हुई और उन्होंने सूरीनाम के भारतवंशी हिंदी लेखकों के साहित्य का आलोचनात्मक अध्ययन करते हुए उन पर आलेख लिखने शुरू कर दिये। दरअसल 2012 में सूरीनाम पर ही प्रवासी साहित्य के रुप में उनकी पहली पुस्तक प्रकाशित हुई। कुछ वर्ष पहले एक कहानी संग्रह नीली तितली प्रकाशित हुआ, जिसकी कई कहानियाँ सूरीनाम की पृष्ठभूमि पर हैं। इसके बाद एक हाइकु संग्रह और दूसरा कहानी संग्रह भी आया। बकौल भावना सक्सैना, साहित्य हो या काई अन्य क्षेत्र, हर क्षेत्र में उतार चढ़ाव मनुष्य की जिंदगी का हिस्सा है, जिसमें हताश होने के बजाए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वालों के मार्ग को कोई परास्त नहीं कर सकता। महिला साहित्यकार भावना सक्सैना ने साहित्य के क्षेत्र में जीवन की अनुभूतियाँ और समाज के घटनाक्रम ही रहे हैं। इनमें लेखन की सार्थकता होना आवश्यक है कि वह मानव जीवन और समाज के लिए मार्गदर्शन का सबब बने। उन्होंने ऐसी ही कहानी और कविताएं लिखकर महसूस किया है कि यह लेखन उनके लिए भावनाओं का सहज स्फूर्त प्रवाह है। खासबात ये है कि भावना सक्सैना ने अंग्रेजी माध्यम से पूरी शिक्षा ग्रहण करने के बावजूद देश और विदेश में हिंदी भाषा के लिए बहुत कार्य किया है। उन्होंने बताया कि जब वह एमए अंग्रेजी कर रही थी तो तब त्रिनदाद व टोबैगो में पाँचवा विश्व हिंदी सम्मेलन के आयोजन की खबर सुनकर मन में विचार उठता था कि वह हिंदी में अध्ययन कर रही होती तो वह अपने देश और भाषा की सेवा बेहतर कर सकती थी। यह भी संयोग रहा कि एमए का परिणाम लेने विश्विद्यालय गयी तो अनुवाद पाठ्यक्रम सम्बन्धी सूचना देखी और वहीं निर्णय किया कि यह उनके लिए हिंदी सेवा करने का जरिया हो सकता है। तत्काल ही अनुवाद पाठ्यक्रम का फॉर्म लेकर पाठ्यक्रम पूरा किया और एसएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसका नतीजा यह रहा कि उनकी तैनाती भारत सरकार के केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो में हो गई और अपनी मातृभाषा की सेवा करने का सपना पूरा हुआ, जिसके बाद उन्होंने हिंदी में भी एमए किया। केंद्रीय सेवा के दौरान वर्ष 2008 में विदेश मंत्रालय में प्रतिनियुक्ति के परिणामस्वरूप उनका चयन सूरीनाम जाने के लिए हुआ। सूरीनाम में तैनाती के दौरान वह हिंदी के एक अलग संसार से रूबरू हुई। वर्ष 2023 में 12वें विश्व हिंदी सम्मेलन से जुड़े कार्यों के लिए अस्थायी तैनाती कर दी गई, तो पुनः देश से दूर फिजी जाकर अपनी भाषा की सेवा करने का अवसर मिला। वहीं उनकी 'सूरीनाम में हिंदुस्तानी, भाषा, साहित्य व संस्कृति' तथा 'सूरीनाम का सृजनात्मक हिंदी साहित्य' नामक पुस्तकें दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रम में भी शामिल हैं। 
प्रवासी साहित्य पर शोध 
लेखिका भावना सक्सैना के अनुसार साल 2008 में सूरीनाम में हिंदी अताशे के रूप में प्रतिनियुक्त हुई तो उन्होंने सूरीनाम पदभार ग्रहण करने के बाद सूरीनाम के हिंदी लेखकों के बारे में जानकारियां जुटाना शुरु कर दिया, जहां हम वहां के बहुत कम कवियों व लेखकों से परिचित हैं। उसी दौरान सूरीनाम में पंडित हरिददेव सहतू के साथ मिलकर 'एक बाग के फूल' र्ग्षक से एक काव्य संकलन तैयार किया, जिसमें 27 कवियों की कविताओं का संकलन है। सूरीनाम में हिंदुस्तानी वंशजों के द्वारा बोली जाने वाली भाषा, उनकी रचित साहित्य और सहेजी गई संस्कृति जैसे अन्य पहलुओं पर भी अध्ययन किया और अनेक महत्वपूर्ण व्यक्तियों के साक्षात्कार किये। इस प्रकार के शोध के बाद उन्होंने 'सूरीनाम में हिंदुस्तानी भाषा, साहित्य व संस्कृति' नामक पुस्तक तैयार की। साल 2012 में वापस भारत लौटने पर उनकी साहित्य साधना रुकी नहीं, बल्कि तमाम एकत्र जानकारियों और साहित्य को मूर्त रुप दिया। उन्होंने प्रतिष्ठित भाषा-वैज्ञानिक डॉ.विमलेशकान्ति वर्मा के सह-संपादन में 'सूरीनाम का सृजनात्मक हिंदी साहित्य' नामक पुस्तक लिखी। इसके बाद डॉ. विमलेशकान्ति वर्मा के ही प्रवासी भारतीय हिंदी साहित्य ग्रंथ पर भी कार्य किया, जिसमें सूरीनाम, मॉरिशस, दक्षिण अफ्रीका और फीजी के लेखकों की रचनाएँ संकलित हैं। उनकी एक एक पुस्तक राष्ट्रीय पुस्तक न्यास से प्रकाशित हुई, जिसमें सरनामी हिंदी यानी सूरीनाम में बोली जाने वाली हिंदी पर शोध कार्य भी समाहित है। 
आधुनिक युग में साहित्य की चुनौतियां 
आधुनिक युग में साहित्य को लेकर भावना सक्सैना का कहना है कि साहित्य की हर युग में अपनी महत्ता है चाहे वह प्राचीन साहित्य हो या फिर वर्तमान में लिखा गया साहित्य। आज के समय में भी साहित्य को नए आयाम मिले हैं। पॉडकास्ट व अन्य डिजिटल माध्यमों से इसकी पहुंच बढ़ी है। इस युग में हर व्यक्ति के पास अच्छे साहित्य का भंडार उपलब्ध हो सकता है, बस उसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। भारत में साहित्य के पाठक तो बहुत हैं, लेकिन हिंदी साहित्य के पाठक अपेक्षाकृत कम हैं। जहां तक युवा पीढ़ी को साहित्य के प्रति प्रेरित करने का सवाल है इसके लिए हिंदी के लेखकों को ऐसी रचनाओं पर फोकस करना होगा, जो युवा पीढ़ी को पढ़ने के लिए प्रेरित कर सके। लेकिन देखा जा रहा है कि आज संभवतः मौलिकता का अभाव है। आजकल हिंदी के बहुत से लेखक मानो फैक्ट्री में साहित्य सृजन कर रहे हैं, ताकि सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रिया उन्हें लोकप्रिय बना सके। जबकि समाज को अपनी संस्कृति के प्रति सकारात्मक ऊर्जा देने के लिए साहित्यकारों और लेखकों को सजग रहने की आवश्यकता है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
महिला लेखक एवं साहित्यकार भावना सक्सैना की प्रकाशित पुस्तकों में सूरीनाम में हिन्दुस्तानी, भाषा, साहित्य व संस्कृति, कहानी संकलन नीली तितली सुर्खियों में है। उन्होंने सूरीनाम का सृजनात्मक हिंदी साहित्य, प्रवासी हिंदी साहित्य, एक बाग के फूल, अभिलाषा, हरियाणा साहित्य अकादमी की पत्रिका हरिगंधा के मार्च 2018 महिला विशेषांक का संपादन भी किया है। यही नहीं उन्होंने कलाकारों का जीवन सरनामी(रोमन) से हिंदी में अनुवाद भी किया है। 
पुरस्कार व सम्मान 
साहित्य के माध्यम से हिंदी के संवर्धन एवं प्रचार प्रसार के लिए साहित्यकार भावना सक्सैना को अमेरिका के द्वीव सूरीनाम में सूरीनाम हिंदी परिषद, सूरीनाम साहित्य मित्र संस्था और ऑर्गेनाइज़ेशन हिंदू मीडिया, सूरीनाम द्वारा श्रेष्ठ हिंदी सेवाओं प्रचार प्रसार के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वहीं हरियाणा साहित्य अकादमी से ने उन्हें साल 2014 में उनकी लिखित कहानी 'तिलिस्म' को प्रथम पुरस्कार से नवाजा है। उन्होंने नवंबर 2008 से जून 2012 तक भारत के राजदूतावास, पारामारिबो, सूरीनाम में अताशे पद पर रहकर हिंदी का प्रचार-प्रसार किया है।
03Feb-2025

मंगलवार, 21 जनवरी 2025

चौपाल: मर्यादा के दायरे में हरेक कला सामाजिक निर्माण में सहायक: संजीत कौशिक

हास्य एवं मिमिक्री कलाकार के रुप में हासिल की लोकप्रियता 
           व्यक्तिगत परिचय 
नाम: संजीत कौशिक 
 जन्मतिथि: 26 जनवरी 1975 
जन्म स्थान: गांव फतेहगढ़, जिला जींद 
शिक्षा:स्नातक 
संप्रत्ति: हास्य कलाकार एवं मिमिक्री आर्टिस्ट 
संपर्क: गांव फतेहगढ़ जिला जींद(हरियाणा) मोबा.-9466605959
BY--ओ.पी. पाल 
हरियाणा की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते लोक कलाकारों ने विभिन्न विधाओं में समाज को नई दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे ही लोक कलाकारों में समाजिक कल्याण की दिशा में हास्य और व्यंग्य की विधा से मनोरंजन के माध्यम से अपनी कला के हुनर दिखा रहे हैं। ऐसे ही हरियाणवी कलाकार संजीत कौशिक सांस्कृतिक क्षेत्र में मंचों से दर्शकों को हंसाकर समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने में जुटे हैं। खासबात है कि वे शिक्षा विभाग हरियाणा में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत संजीत नई पीढ़ी को कबड्डी और कुश्ती के गुर सिखाकर एक कोच की भूमिका भी निभा रहे हैं, वहीं अपनी कला का हुनर से समाज को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दे रहे हैं। कला के क्षेत्र में उन्होंने राजनीति, फिल्मी या अन्य किसी भी क्षेत्र की हस्तियों की हूबहू आवाज निकालकर कला के क्षेत्र में एक हास्य और मिमिक्री कलाकार के रुप में लोकप्रियता हासिल की है। हास्य कलाकार संजीत कौशिक ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में अपनी कला के सफर को लेकर कई ऐसे पहलुओं का जिक्र करते हुए कहा कि कला क्षेत्र में मर्यादित और सकारात्मक रुप में प्रस्तुत की जाने वाली हरेक विधा समाजिक निर्माण में सहायक सिद्ध होती है।
--- 
हरियाणा के हास्य कलाकार संजीत कौशिक का जन्म 26 जनवरी 1975 को जींद जिले के गांव फतेहगढ़ में भैयाराम शास्त्री एवं श्रीमती सत्यवती देवी के घर में हुआ। एक साधारण परिवार में किसी प्रकार का साहित्य या सांस्कृतिक माहौल नहीं था। जब संजीत कक्षा नौ में पढ़ रहे थे, तो साल 1990 में उनके परिवार को ब्रजपात से गुजरना पड़ा यानी हिंदी शिक्षक रहे उनके पिता 38 साल की अल्पआयु में ही एक सड़क हादसे में असामयिक रुप से सांसकारिक यात्रा पूरी कर चुके थे। परिवार पर छाए इस संकट के बावजूद संजीत ने अपने बचपन में कला के क्षेत्र की अभिरूचि को प्रभावित नहीं होने दिया। वह स्कूल में होने वाली प्रतिदिन की प्रार्थना गायन और शनिवार को होने वाली बाल सभाओं में भागीदारी करके अपनी कला का प्रदर्शन करते रहे, जिसकी वजह से उनकी कला के क्षेत्र में रुचि बनी रही। बकौल संजीत कौशिक, साल 2004 में चौटाला सरकार के दौरान 'सरकार आपके द्वार' अभियान के तहत उन्हें एक-दो कार्यक्रम गांव में मिले और सरकारी विद्यालय में नौकरी करते करते विद्यालय सभाओं के साथ उन्हें छोटे छोटे मंचों पर सांस्कृतिक कला के मौके मिले, जहां उनके चुटकले, अभिनय जैसी कला को लोग पसंद करने लगे, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया और उनकी कला में कई विधाएं शामिल होती चली गई। उनका सौभाग्य रहा कि जहां भी उन्हें मौका मिला, वहीं उन्होंने सर्वश्रेष्ठ कला के हुनर दिखाया, जहां उन्हें हमेशा सराहना मिली और इस प्रोत्साहन ने उन्हें सकारात्मक भूमिका निभाते हुए लोगों को मनोरंजन करने का मोका मिला। निजी रुप से उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी की मर्यादा में रहते हुए संस्कारिक मनोरंजन, अभिनय जैसी विधाओं से समाज को सकारात्मक संदेश देने का ही प्रयास किया है। उनका मानना है कि व्यक्ति को अपने आप मे जो भी हुनर है, उसको समाजहित में पेश करें, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ी रहे। संजीत कौशिक शिक्षा विभाग के खण्ड कार्यालय जुलाना में असिस्टेंट बीईओ के पद कार्यरत है, इसके बावजूद वे हरियाणी लोककला और संस्कृति के संवर्धन के मकसद से अपनी कला को धार देने में जुटे हुए हैं। वह समाज सेवी के रुप में भी समाज को दिशा देते आ रहे है, जिसके उनकी पहचान बनी हुई है। 
ऐसे मिली हास्य कला को मंजिल 
हरियाणवी हास्य व मिमिक्री कलाकार एवं स्टेज एंकर संजीत कौशिक ने हरियाणवी फिल्मों एवं वेब सीरिज में अभिनय के रुप में भी अपनी कला का प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि स्टेज एप के लिए 12 एपिसोड सिंगल में स्टैंडअप कॉमेडी, चौधर वेब सीरीज में सहायक अभिनेता का किरदार, शक फ़िल्म में बॉस, नूर फ़िल्म में पापा तथा सपाट रस्ता फ़िल्म में भाई का अभिनय करके अपनी कला से समाज को संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया है। उन्होंने हरियाण में विभिन्न मंचों पर हास्य एवं मिमक्री प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा है। वहीं वे उपमंडल स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय पर्वो गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस पर मंच संचालन की भूमिका भी निभाते आ रहे हैं। संजीत शिक्षा विभाग में बच्चों को कुश्ती और कबड्डी के गुर सिखाकर उनके भविष्य को उज्जवल बनाने में जुटे हैं, जिन्हें कोच के रुप में भी पहचाना जाता है। 
सम्मान व पुरस्कार 
हास्य कलाकार संजीत कौशिक की हास्य-व्यंग्य एवं मिमिक्री कला तथा अभिनय के क्षेत्र में समाज और संस्कृति के लिए किये जा रहे उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर विभिन्न मंचो से उन्हें अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। कला परिषद हरियाणा कुरुक्षेत्र ने उन्हें साल 2019 में हरियाणवी हास्य अवार्ड से नवाजा था। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों में अभिनय करके अपनी कला का प्रदर्शन किया है। खेल के क्षेत्र में एक कोच के रुप में उन्हें अनेक पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। 
संस्कृति व संस्कार जरुरी 
आधुनिक युग में अभिनय, लोक कला, संगीत आदि की स्थिति को लेकर कलाकार संजीत कौशिक का कहना है कि यह बहुत ही खराब समय है और हर कोई अपने स्वार्थी ताम झाम में व्यस्त हैं। संस्कृति और संस्कारों बारे किसी का कोई ध्यान नहीं है। मसलन एक दूसरे की कॉपी करके लोकप्रिय होना चाहते हैं, जिसका सीधा प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। ऐसे समय में किसी को किसी लोककला या संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है, बस अपने मनोरंजन से मतलब रख रहे हैं, जो आने समाज और संस्कृति के लिए घातक है। हालांकि समाज और संस्कृति के हितों के लिए भी कलाकार अपनी विधाओं में कार्य कर रहे हैं, लेकिन ज्यादातर आज यूट्यूब, इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया का सहारा ले रहे है यानी आज के युग में बढ़ते बाजारीकरण की दौड़ में शामिल है। यही कारण है कि खासतौर से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं, जिसका समाज पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
20Jan-2025

सोमवार, 13 जनवरी 2025

साक्षात्कार: समाज को सामाजिक परंपराओं के प्रति सकारात्मक ऊर्जा देती कवयित्री आशमा कौल

साहित्य सृजन में हिंदी भाषा के संवर्धन के लिए हासिल की लोकप्रियता 
         व्यक्तिगत परिचय 
 नाम: आशमा कौल 
 जन्म तिथि:18 अक्टूबर, 1961 
 जन्म स्थान:श्री नगर, कश्मीर 
शिक्षा: दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक, रूसी भाषा में डिप्लोमा, पत्रकारिता एवं जनसंचार, केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो, भारत सरकार से अनुवाद प्रशिक्षण । 
संप्रति: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार से (सेवा निवृत) राजपत्रित अधिकारी 
 संपर्क: 2665, सेक्टर 16, एस. पी. रोड, फरीदाबाद- 121002 , मोबाईल नंबर 9868109905 
 BY--ओ.पी. पाल 
साहित्य के क्षेत्र में अपनी विभिन्न विधाओं में समाज को नई दिशा देते आ रहे लेखकों में हिंदी भाषी ही नहीं, बल्कि देश की विभिन्न भाषा के लेखक भी हिंदी साहित्य के संवर्धन के लिए साधना करते आ रहे हैं। ऐसे ही लेखकों में कश्मीर के श्रीनगर में जन्मी महिला साहित्यकार आशमा कौल है, जो कश्मीरी भाषी होने के बावजूद हिंदी भाषा में अपने रचना संसार को आगे बढ़ाते हुए साहित्य सृजन करने में जुटी हैं। कश्मीर के श्रीनगर में जन्मी और दिल्ली विश्वविद्यालय से शिक्षित होने के बाद हरियाणा में बसी आशमा कौल ने अपनी लेखनी से कहानियों, लघुकथाओं और खासतौर से कविताओं के जरिए समाज के बिगड़ते ताने बाने के बीच समाज को सामाजिक परंपराओं के प्रति सकारात्मक ऊर्जा देने का प्रयास कर रही हैं। हिंदी की सुपरिचित कवयित्री के रुप में लोकप्रिय आशमा कौल ने अपने साहित्यिक सफर को लेकर हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कुछ ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिनमें सामाजिक व्यवस्था का विचलन, मूल्य विघटन जैसे सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों का हल साहित्य से संभव है। 
---- 
हरियाणा में साहित्य साधना कर रही महिला साहित्यकार आशमा कौल का जन्म जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नानी के घर हुआ, लेकिन उनका पालन पोषण दिल्ली में पिता बिहारी लाल पारिमू और माता श्रीमती रीता पारिमू ने किया, जहां उनके पिता केंद्र सरकार में कार्यरत थे। मेरा जन्म श्रीनगर, कश्मीरमें नानी के घर हुआ था लेकिन मेरा पालन-पोषण दिल्ली में हुआ जहां मेरे पापा केंद्र सरकार में कार्यरत थे। उनके परिवार में कोई लेखक नहीं था, लेकिन उनकी माता ने कश्मीर में रत्न भूषण प्रभाकर किया था, इसीलिए घर में कश्मीरी, हिन्दी और अंग्रेजी तीनों भाषाएं व्यवहार में शामिल रही। वह आशमा बचपन में अपनी बनाई कोई कविता माँ को सुनाती, तो वह विस्मित होती और खुश भी होती। मां के कहने पर ही उसने अपने भावों को एक डायरी में लिखना शुरू कर दिया था। बकौल आशमा कौल, वैसे तो उसने छठी या सातवीं कक्षा में ही कविता लिखना शुरू कर दिया था, लेकिन उन्हें तब यह नहीं पता था, कि कविता किस चिड़िया का नाम है। शायद उस समय पिछले जन्मों के कुछ संस्कार रहे होंगे और वाग्देवी का वरदहस्त मुझ पर रहा होगा, कि उस बालपन में वह कविता लिखने लगी थी। उनकी पहली कविता ‘क्षितिज’ कॉलेज की पत्रिका में छपी थी और सुंदर पेंटिंग की किताब देकर उसे पुरुस्कृत किया गया। ऐसे में साहित्य के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था। उनका कहना है कि उनका साहित्यिक सफ़र बहुत ही रोमांचक रहा। मसलन विवाह से पहले वह बहुत अंतर्मुखी और एकांतप्रिय लड़की थी और शोर-शराबे से दूर बैठ कर या तो कोई कविता लिख रही होती या कोई पेंटिंग बना रही होती थी। उस समय पिता को कविता लिखना बेकार लगता और वह उसे पढ़ाई पर ध्यान देने को कहते, लेकिन वह छिप-छिप कर कविताएं लिखकर माँ और बड़ी बहन को सुनाती थी। साल 1987 में उनका विवाह हुआ और वह आशमा पारिमू से आशमा कौल बनकर फरीदाबाद में बस गई। अकेले होने की वजह से पहले दिन से ही गृहस्थी की डोर संभाल ली थी। खासबात ये रही कि कि कुछ साल बाद ही फरीदाबाद में कुछ लेखक उनके मित्र बन गए और वह फिर से लिखने लगी। उन्हें याद आया कि उनकी बचपन में लिखी डायरी मायके में लोधी रोड पर थी, किसी तरह डायरी निकाली तो उसे दीमक ने खाचारों ओर से खा लिया था। ईश्वर की कृपा से डायरी के बीच बीच की जगह बच गई थी और उसने उन कविताओं को पुनः पृष्ठों पर उतारा। उस ड़ायरी की कुछ कविताएं दिल्ली हिन्दी अकादमी के सहयोग से ‘अनुभूति के स्वर’ संग्रह में आई और कुछ कविताएं हरियाणा साहित्य अकादमी के सहयोग से ‘अभिव्यक्ति के पंख’ संग्रह में आई। वह बहुत भाग्यशाली रही कि इन संग्रहों की प्रस्तावना वरिष्ठ साहित्यकार स्वर्गीय कमलेश्वर, आकाशवाणी के महानिदेशक कुबेर दत्त, स्वर्गीय दिनेशनंदिनी डालमिया, चंद्रकांता, लक्ष्मी शंकर वाजपायी, अमरनाथ अमर और उपेन्द्रनाथ रैना ने लिखी। वह भी केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राजपत्रित अधिकारी के पद पर कार्यरत थी, तो पूरा समय नौकरी और बच्चों के साथ निकल जाता और चाहते हुए भी कुछ अधिक लिख नहीं पा रही थी। ऐसे समय में पतिदेव की सलाह पर उसने बस या गाड़ी से दिल्ली आते जाते समय में बहुत कुछ लिखा और साहित्यिक यात्रा धीमी गति से ही चाहे, लेकिन जारी रखा। जब कुछ काव्य संग्रह प्रकाशित हुए तो उनके पिता ने भी उनका ने उनका उत्साहवर्धन किया और हिन्दी भाषा कमज़ोर होते हुए भी वे आँख की समस्या से जूझ रहीं माँ को हर दिन उनकी एक नई कविता पढ़कर रोज़ सुनाते। बचपन में समाज में होने वाली हर छोटी बड़ी घटना से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी रचनाओं में प्रकृति और खासतौर से नारी स्वयं अपनी जगह बना लेते हैं। इसलिए उनकी रचनाओं का फोकस हमेशा सामाजिक विद्रूपताओं पर रहा है। उनके काव्य संग्रह ‘बीज ने छू लिया आकाश’ की अधिकांश कविताएं प्रकृति से ही प्रेरित हैं, जिसे वर्ष 2024 का ‘जयपुर सम्मान’ प्राप्त हुआ। खासबात ये है कि उनकी भाषा कश्मीरी है, लेकिन उनका लेखन हिन्दी में रहा है। हालांकि कश्मीर पर भी उनका काव्य संग्रह ‘जन्नत ए कश्मीर’ है, जिसमें वहाँ की सुंदरता और आतंकवाद से जुड़ी कविताएं हैं। इसकी भूमिका पद्मश्री स्वर्गीय जे. एन. कौल जी ने लिखी है। इस संग्रह का अंग्रेजी अनुवाद प्रसिद्ध कवि और अनुवादक भूपिंदर तिकू जी ने किया ‘Kashmir the Paradise on Earth’और इसकी भूमिका जे.एन.यू. के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ सुधीर सोपोरी और ए.पी.जे. इंस्टिट्यूट ऑफ मास-कम्यूनिकेशन के सलाहकार प्रोफेसर अशोक ओगरा ने लिखी है। उनकी रचनाएं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रही हैं। वहीं उनकी कविताओं का प्रसारण आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से भी हो रहा है। वे सर्वभाषा राष्ट्रीय कवि सम्मेलन (कटक) में बतौर कश्मीरी अनुवाद-कवयित्री के रूप में आपकी सहभागिता करने के साथ कई साहित्यिक और सामाजिक संस्थाओं की सदस्य भी हैं। 
आधुनिक युग में वैभव पर साहित्य 
आधुनिक युग में वैसे तो साहित्य अपने पूरे वैभव पर है और इस युग में गद्य, पद्य, निबंध, आलोचना और नाटक जैसी विधाओं में हर तरह से हिन्दी साहित्य का विकास हुआ है। खासतौर से कविता को साहित्य का स्वर्णिम युग कहा जा सकता है। लेकिन यह भी सच है कि दूसरी तरफ साहित्य के पाठक कम हो रहे हैं, जिसका सबसे बड़ा कारण है कि आज पत्रिकाओं और पुस्तकों की जगह सोशल मीडिया ने ले ली है। इस पाठकीय संकट बढ़ने कारणों में अब लोग गूगल सर्चिंग से सब जानकारी ले रहे हैं। खासतौर से युवा पीढ़ी की तो साहित्य में रुचि बेहद कम होती जा रही है। इसके पीछे आज की नई पीढ़ी तनावपूर्ण परिस्थितियों में सफल होने के लिए संघर्षरत है और बेरोजगारी और प्रतिस्पर्धात्मक तनाव की वजह से इस पीढ़ी पर दबाव बढ़ रहा है। इन भी कारणों से प्रभावित साहित्य का समाज पर भी बहुत बुरा असर पड़ रहा है, जिसके कारण समाजिक मूल्यों में गिरावट आ रही है और समाज का ताना बाना नष्ट हो रहा है। युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सभ्यता से दूर होती जा रही है। ऐसे में युवाओं को साहित्य के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। क्योंकि साहित्य युवा वर्ग को स्वस्थ कलात्मक और ज्ञानवर्धक मनोरंजन प्रदान के साथ उनके चरित्र निर्माण में भी सहायक होता है। जहां साहित्यकारों व लेखकों को भी सस्ती लोकप्रिता हासिल करने के बजाए अच्छे साहित्य सृजन करने की जरुरत है, तो वहीं माता पिता को अपने बच्चों में पढ़ने के संस्कार बचपन से ही डालने की आवश्यकता है, ताकि वे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर सके। साहित्यिक उत्सव और पुस्तक मेलों में सरकार या साहित्यिक संस्थाओं को युवा वर्ग को भागीदारी करने का मौका देना चाहिए। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ महिला साहित्यकार आशमा कौल की अब तक करीब एक दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें नौ काव्य संग्रह-अनुभूति के स्वर, अभिव्यक्ति के पंख, बनाए हैं रास्ते, ‘ज़िंदगी एक पहेली, जन्नत-ए-कश्मीर, बीज ने छू लिया आकाश, स्मृतियों कीआहट, मन के मनके और‘नाज़ुक लम्हे सुर्खिंयों में हैं। इसके अलावा उनका एक लघु कथा संग्रह ‘दोषी कौन’ भी लोकप्रिय है। काव्य संग्रह ‘जन्नत-ए-कश्मीर’ का अंग्रेजी अनुवाद ‘Kashmir the Paradise on Earth’ के नाम से प्रकाशित हो चुका है। उनके दो संग्रह (कहानी और काव्य) जल्द ही पाठकों के बीच होंगे। 
सम्मान व पुरस्कार
 साहित्य सृजन कर रही कवयित्री आशमा कौल को हिंदी साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘शब्द गंगा साहित्य सम्मान’, परमहाकवि रसखान राष्ट्रीय शिखर साहित्य सम्मान’, अखिल भारतीय ‘अम्बिका प्रसाद दिव्य रजत अलंकरण सम्मान’, ‘जयपुर साहित्य सम्मान’, ‘शिल्पी चड्ढा स्मृति सम्मान’, ‘भारती भूषण’, ‘हिन्दी काव्य विभूषण’ की मानद उपाधि,‘शब्द माधुरी’ सम्मान, ‘अंतरंग कला सम्मान’, राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान, ‘स्मृति साहित्य सम्मान’, ’काव्य-रतन’ सम्मान, इंडो-पाक तंजीमे एहसासात’ से ‘साहित्य शिल्पी’ सम्मान', शकुंतला कपूर स्मृति श्रेष्ठ लघु कथा सम्मान नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें ‘हिन्दी काव्य विभूषण’ की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं साहित्य समर्था’ जयपुर से लघुकथा पर द्वितीय पुरुस्कार हासिल हुआ। उन्हें साहित्य सभा कैथल, लघुकथा मंच सिरसा, आगमन संस्था आदि साहित्यिक संस्थाओं से अनेक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा चुका है। 
13Jan-2025

सोमवार, 6 जनवरी 2025

चौपाल: हास्य कला से समाज को संस्कृति से जोड़ रहे हैं कॉमेडियन मोहन दलाल

हास्य-व्यंग्यात्मक शैली की कला से मिली लोकप्रियता 
           व्यक्तिगत परिचय 
नाम: मोहन दलाल 
जन्मतिथि: 01 जनवरी 1998 
जन्म स्थान: गांव गैबीनगर, जिला हिसार 
शिक्षा: ग्रेजुएट 
संप्रत्ति: स्टैंडअप कॉमेडियन, लेखक व निर्देशक 
संपर्क: गांव गैबीनगर, जिला हिसार, 9896944276
 By--ओ.पी. पाल 
हरियाणवी संस्कृति के प्रति समर्पित लोक कलाकार समाज के बिगड़ते ताने बाने को पुनर्जीवित करने के लिए विभिन्न विधाओं में अपनी कलाओं के हुनर का प्रदर्शन करने में जुटे हैं। ऐसे ही लोक कलाकारों में हिसार के लोक कलाकार मोहन दलाल हरियाणवी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं, रीति रिवाजों की परंपराओं को संजोने के मकसद से अपनी हास्य-व्यंग्यात्मक शैली की कला के रंग बिखेरेने में जुटे हैं। उन्होंने अपने लिखित और निर्देशित हरेक कॉमेडी शो, चुटकलों, कविताओं और किस्सों में दर्शकों को हंसाने के के साथ समाज को अपनी संस्कृति के प्रति सकारात्मक संदेश देने का ही प्रयास किया है। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में हास्य कलाकार मोहन दलाल ने अपनी लोक कला के सफर में कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें कला की हरेक विधा समाज, खासतौर से आज की युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम है।
 ----- 
हरियाणा के लोक कलाकार मोहन दलाल का जन्म 01 जनवरी 1998 को हिसार जिले के गांव गैबीनगर में एक किसान परिवार में रमेश कुमार और श्रीमती राजवंती देवी के घर में हुआ। उनका परिवार हरियाणवी संस्कृति और अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उनके दादा सांग के तन्मय भाव से शौकीन रहे हैं, तो पिता को उन्होंने अक्सर भजनों में लीन पाया, जहां उनका समर्पण और आध्यात्मिकता उन्हें गहराई से प्रभावित करती रही। वहीं उनकी दादी का व्यक्तित्व हरियाणवी संस्कृति की नारी शक्ति का प्रतीक रहा, जिन्होंने आस-पड़ोस की महिलाओं को एक सूत्र में बांधे रखा और सांस्कृतिक संदर्भों को सदा ही जीवंत बनाए रखा। जबकि उनकी मां आकाशवाणी (रेडियो) सुनने की शौकीन थीं। ऐसे सांस्कृतिक माहौल से जुड़े परिवार में मिले संस्कारों के बीच मोहन ने अपने परिवार में खान-पान, सांस्कृतिक संदर्भ, धर्म, त्योहार, और रीति-रिवाज जैसी हरियाणवी संस्कृति की श्रेष्ठता को निभाते हुए देखा है। ऐसे समृद्ध सांस्कृतिक और परंपरागत माहौल के बीच एक किसान के बेटे के रूप में उनका बचपन खेत-खलिहान की सोंधी मिट्टी, गली-चौपाल की गर्मजोशी, घर की सादगी और दहलीज की मर्यादाओं के बीच बीता है। इन अनुभवों ने उन्हें केवल हरियाणवी संस्कृति की आत्मा से ही परिचित नहीं कराया, बल्कि जीवन को सरलता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक भावना के साथ जीने की सीख भी दी। उनके परिवार का हर सदस्य अपने आचरण और व्यवहार में हरियाणवी संस्कृति की छवि प्रस्तुत करता आ रहा हो, तो वह भी हरियाणवी संस्कृति में पूरी तरह रच-बसकर बड़े हुए और उनके जीवन के हर पहलू में यह संस्कृति बसते हुए झलकती गई। बकौल मोहन दलाल, सांस्कृतिक समृद्धि से परिपूर्ण परिवार में उनके व्यक्तित्व को ऐसा स्वरुप मिला कि बचपन से उनमें नाटक, कभी कविता, कभी कॉमेडी जैसी विधाएं ऐसे ही अन्तस में उतरती गईं। शायद यही वजह है कि जब भी वह किसी सांस्कृतिक प्रस्तुति या 'रिचुअल' जैसी विधा को निर्देशित करते हैं, तो उसमें हर बारीकी को सजीव करने का मन करता है। इन पारिवारिक अनुभवों और परंपराओं ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ा है और उनकी सोच को सांस्कृतिक गहराई प्रदान की। उनकी कला की विविध विधाओं में सार्वजनिक प्रदर्शन सही अर्थों में पहली बार राजकीय महाविद्यालय जींद से प्रारंभ हुआ। यद्यपि वह इससे पहले एक बार बिना किसी गाइडेंस के जी.जे.यू. के मंच से अभिनय का प्रदर्शन कर चुके थे, जिसे सराहना भी मिली थी। इससे पहले स्कूल में जब कभी अभिव्यक्ति का मौका मिलता तो अपने मन की बातें छोटी-छोटी प्रस्तुतियों में भिन्न रूपों में कह लेते थे। कभी चुटकुले के माध्यम से कभी कविता के माध्यम से हिम्मत जुटाने का प्रयास रहा। हालांकि यह मंचीय शुरुआत कोई सहज नहीं थी और मंच की प्रस्तुतियां देखकर मंजिल तो पाने की ललक रही, लेकिन ग्रामीण बच्चों की तरह झिझक और स्वयं को अभिव्यक्त करने का भरपूर संकोच होता था। परंतु कला के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय में उनकी गुरू मां डॉक्टर मंजुलता रेढू ने उन्हें जो सशक्त आधार दिया, जो धरातलीय दृढता उन्हें प्रदान की है, उसी के फल के रूप में आज वह अपनी कला को लेकर सबके सामने है। आज भी वह मंचीय प्रस्तुतियों में उनका आशीर्वाद लेना नहीं भूलते और यही प्रयास रहता है कि उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को पूरी प्राणवत्ता से संभालने का जो दायित्व उन्हें सौंपा है, उसे वह जीवन पर्यन्त निभाता रहे। उनका कहना है कि लोक कला, लेखन और अभिनय के सफर में कई दिलचस्प अनुभव और चुनौतियां रहीं। पहली बार मंच पर प्रदर्शन और दर्शकों की सराहना ने बहुत आत्मविश्वास बढ़ाया, जबकि तकनीक और टीमवर्क ने नई सीख दी। गुरू से मिली कठिन परिश्रम, नैतिक जीवन मूल्यों और निष्ठा की सीख से लोक कला को खरा और प्रासंगिक बनाए रखने जैसी चुनौतियां भी सामने आईं। आत्मालोचन ने सुधार की ओर खींचा और मौके दिये। हर अनुभव ने उन्हें बेहतर कलाकार और इंसान बनने की राह दिखाई। 
पुरस्कार व सम्मान 
हास्य कलाकार मोहन दलाल की हास्य व्यग्य कला के जरिए समाज में दिये जा रहे उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें हरियाणा गौरव अवॉर्ड, हरियाणा सूत्रधार अवार्ड, हरियाणवी साहित्य रत्न सम्मान, सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार अवॉर्ड, रॉल ऑफ हॉनर, कॉलेज कलर अवार्ड के अलावा उन्हें तीन बार राज्य स्तर पर हरियाणवी कविता प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। वहीं उन्हें साहित्य एवं सांसकृतिक मंचों पर भी अनेक सम्मान और पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। 
सामाजिक मुद्दो पर फोकस 
हरियाणा के हास्य कलाकार मोहन दलाल का कहना है कि लोक साहित्य, कला और अभिनय के क्षेत्र में उनका फोकस हमेशा समाज के ज्वलंत मुद्दों और परंपरागत सांस्कृतिक मूल्यों को उजागर करने पर रहा है, ताकि समाज में सकारात्मक विचारधारों को बढ़ावा मिले। हरियाणवी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को जीवंत रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनकी हमेशा ही प्राथमिकता रही है। उनकी कला की गतिविधियों का बड़ा हिस्सा ग्रामीण जीवन, महिलाओं की स्थिति, आर्थिक असमानता जैसे सामाजिक मुद्दों को उजागर करने पर केंद्रित रहे है। हास्य और व्यंग्य के माध्यम से समाज की कुरीतियों पर प्रहार करना और लोगों को सोचने पर मजबूर करना मेरे अभिनय का मुख्य उद्देश्य रहा है। उनका मकसद कला और साहित्य के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाना, हरियाणवी संस्कृति को संरक्षित करना और इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। 
लुप्त हो रही है कला संस्कृति 
कलाकार मोहन दलाल का आधुनिक युग में कला के क्षेत्र की चुनौतियों के बारे में कहना है कि आधुनिक युग में साहित्य, लोक कला, अभिनय और संगीत जैसे सांस्कृतिक माध्यमों का स्वरूप बहुत तेजी से बदल रहा है। ये विधाएं अब परंपरागत सीमाओं से आगे बढ़कर नए आयामों में प्रवेश कर रही हैं। इसके साथ ही इन्हें कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ रहा है। इसके बावजूद कलाकारों के लिए पारंपरिक कला और लोक साहित्य को प्रासंगिक बनाए रखना एक महत्वपूर्ण पहलू रहा है। यानी डिजिटल मंचों पर लोक कला को प्रस्तुत कर इसे नए आयाम देने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन सोशल मीडिया की वजह से युवा पीढ़ी के बीच लोक कलाएं, संस्कृति और साहित्य अपनी चमक खो रहे हैं। वैश्वीकरण और पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव ने युवा वर्ग को परंपरागत मूल्यों और लोक कलाओं से दूर कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप, पारंपरिक ज्ञान और विधाएं समय के साथ लुप्त होती जा रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में युवाओं में रचनात्मकता और संवेदनशीलता को विकसित करने की दिशा में लोक कलाओं को स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर तक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए। वहीं साहित्यकारों, लेखकों, फिल्म निर्देशकों और कलाकारों को भी लोककला, संगीत, अभिनय, रंगमंच जैसी सांस्कृतिक कलाओं में सकारात्मक तथ्यों के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि वे अपनी संस्कृति को संरक्षित करके आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल धरोहर पेश कर सकें। 
06Jan-2025

सोमवार, 30 दिसंबर 2024

साक्षात्कार: सर्वजन हिताय में साहित्य से समाज का निर्माण संभव: जयभगवान सैनी

वरिष्ठ लेखकों की रचनाओं को हरियाणवी में अनुवाद ने दी पहचान 
व्यक्तिगत परिचय 
 नाम: जयभगवान सैनी 
जन्मतिथि: 14 जनवरी 1959 
जन्म स्थान: भिवानी (हरियाणा) 
शिक्षा: एम.ए.(लोक प्रशासन), एमबीए, एलएलबी, डिप्लोमा सिविल इंजीनियरिंग, एमएमसी(पत्रकारिता)। 
संप्रत्ति: संप्रत्ति: सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य(आईटीआई) एवं स्वतंत्र साहित्य लेखन 
संपर्क: 496सी/120सी, ढाणी बड़वाली, हिसार(हरियाणा), मो. 7988338502

BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य जगत के मूर्धन्य विद्वानों का भी ऐसा मत रहा है कि जब सामाजिक और अपनी संस्कृति का संवर्धन करने के मकसद से लेखन का जुनून सिर चढ़कर बोलता है, तो समर्पित साहित्य साधना से उसके लक्ष्य को मंजिल मिल ही जाती है। ऐसे ही हिंदी और हरियाणवी भाषा में लेखन करने वाले जयभगवान सैनी ने एक वरिष्ठ साहित्यकार के रुप में लोकप्रियता हासिल की है। उन्होंने गद्य व पद्य दोनों विद्या में जिस प्रकार से अपने साहित्यिक रचना संसार को गति दी है, उसमें उन्होंने अनेक वरिष्ठ साहित्यकारों की पुस्तकों का हरियाणवी भाषा में अनुवाद करके साहित्यिक जगत में लेखकों की फेहरिस्त में अपना नाम दर्ज कराया। अपने साहित्यिक सफर को लेकर हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कई ऐसे पहलुओं को उजागर किया, जिसमें उन्होंने सामाजिक सभ्यता और संस्कृति को सामयिक तथ्यों के साथ सर्वजन हिताय में साहित्य की सार्थकता को चरितार्थ किया है। --- 
साहित्यकार जयभगवान सैनी का जन्म भिवानी जिले में 14 जनवरी 1959 को किशनलाल सैनी व श्रीमती तुलसी देवी के घर में हुआ था। उनका परिवार की पृष्ठभूमि में गरीबी से जूझते हुए एक कृषक मजदूर की रही है। उनके परिवार व कुटूम्ब में कोई भी ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं था। परिवार में मैट्रिक पास करने वाले जयभगवान ही पहले सदस्य रहे, जिन्होंने व्यक्तिगत परीक्षा देकर मैट्रिक की शिक्षा हासिल की। इसलिए उसके परिवार में साहित्य या कला जैसा माहौल होने का का काई सवाल ही पैदा नहीं होता। उनका परिवार भिवानी से हिसार आकर बस गया था, तो जयभगवान की शिक्षा दीक्षा हिसार में ही हुई। उन्हें बचपन से ही पढ़ने-लिखने के शौक था, जिसके कारण उन्होंने उच्च शिक्षा में मास्टर डिग्री और एलएलबी के अलावा इंजीनियरिंग का डिप्लोमा भी किया। परिजनों ने उनकी शिक्षा के लिए सहयोग व प्रोत्साहन भी दिया। औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग(आईटीआई) में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्ति के बाद वे निरंतर साहित्य साधना में जुटे हुए हैं। हालांकि साहित्य के प्रति उनका स्कूल व कालेज में शिक्षारत रहते ही बेहद रुझान रहा और इसी कारण वह साहित्यकार भी बन गये। बकौल जयभगवान सैनी, उनकी साहित्य लेखन के प्रति रूचि गद्य विद्या में थी और शायद उनकी लिखी हुई पहली रचना के रुप में कहानी ‘तबादला’ हरियाणा साहित्य अकादमी की पत्रिका हरिगंधा में 1999 में छपी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2001 को जब गुजरात में भूकंप आया था, तब वह गाँधी धाम की सेवा में गये थे, जहां उनके मित्र वीरेन्द्र कौशल ने उन्हें पद्य में भी लिखने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद वह पद्य विद्या में भी लिखने लगे और उनकी कविताएं राष्ट्रीय अखबारों में भी छपने लगी, तो उनका गद्य और पद्य दोंनों विधाओं में लेखन के लिए आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था। हालांकि साहित्यिक सफर के दौरान उन्हें कई खट्टे मीठे अनुभवों से भी गुजरना पड़ा। मसलन जब वह इस क्षेत्र में मार्गदर्शन के कुछ ऐसे साहित्यकारों से मिले, जो अपने आपको उच्च कोटि के साहित्यकार मानते थे, लेकिन प्रोत्साहित करने के बजाए उन्होंने उसे दुतकार कर भगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन उन्हें लिए प्रो. रूप देवगुणजी, डा. मधुकांत, डा. जयभगवान सिंगला, डा.ओमप्रकाश कादयान,डा. अशोककुमार ‘मंगलेश’, आनन्दप्रकाश ‘आर्टिस्ट’ आदि अच्छे साहित्यकारों का सानिध्य मिला, जिन्होंने दुतकारने वाले साहित्यकारों को मुहंतोड़ जवाब देकर उनका मार्गदर्शन करते हुए बेहद प्रोत्साहित किया, जिनके मार्ग दर्शन से आज वह एक साहित्यकार के रुप में लोकप्रिय हैं। उनके साहित्यिक सफर में यह भी खासबात यह भी रही कि उन्होंने ऐसे प्रसिद्ध और वरिष्ठ साहित्यकारों की कृतियों का हरियाणवी भाषा में अनुवाद करके अपनी साहित्यिक प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी साहित्यिक रचनाओं का फोकस सामाजिक जीवन और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दे रहे हैं, जिनमें पढ़ना-लिखना, खाना-पीना, फल-सब्जियाँ, पहनना-ओढ़ना, चलना-फिरना, सोना-उठना, पेड़-पौधे, गाँव-शहर, प्रकृति के अलावा देश विदेश की सामयिक घटनाओं संबन्धित विषय शामिल हैं। वे देश के विभिन्न राज्यों के धार्मिक स्थलों की यात्रा करके उनका अवलोकन कर चुके हैं। 
आधुनिक युग में लड़खड़ाया साहित्य 
वरिष्ठ साहित्यकार एवं अनुवादक जयभगवान सैनी का कहना है कि आज के इस आधुनिक युग में साहित्य की स्थिति इतनी दयनीय है कि वह लड़खड़ा रहा है। साहित्य के पाठक कम होने का प्रमुख कारण भी यही है। हालांकि आज के दौर में मोबाइल में व्यस्त खासकर युवा पीढ़ी को समय के अभाव में माता पिता का पहले जैसे समय की तरह मार्ग दर्शन और संस्कार नहीं मिल पा रहे हैं और न ही दादा दादी से पढ़ने-लिखने, बोलने-चालने के संस्कार न मिलना भी साहित्य को प्रभावित कर रहे हैं, जिसका सीधा कुप्रभाव समाज पर पड़ रहा है।उनका कहना है कि युवाओं को साहित्य पढ़ने के लिए प्रेरित करने के लिए स्कूल-कॉलेज के पाठ्यक्रमों में साहित्य को अधिक से अधिक शामिल करने की आवश्यकता है, जिसकी पुस्तकालयों में उपलब्धता और उसक प्रचार प्रसार पर अधिक ध्यान देना जरुरी है। वहीं साहित्य में आ रही गिरावट के लिए ऐसे लेखक और साहित्यकार भी जिम्मेदार हैं, जो सस्ती और जल्दी लोकप्रियता हासिल करने के लिए पाश्चत्य संस्कृति परोस रहे हैं, जो युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में समाज के लिए भी घातक है। इसलिए साहित्यकारों की भी जिम्मेदारी है कि वे समाज में सकारात्मक विचारधारा का संदेश देने वाले साहित्य का सृजन करें। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ साहित्यकार जयभगवान सैनी की प्रकाशित तीन दर्जन से ज्यादा पुस्तकों में पांच यात्रा संस्मरण-श्री अमरनाथ यात्रा एवं गंगा मैया, डगर-डगर-नगर-नगर, रास्तों में रास्ते, वे सुनहरे पल व चलें धामों की ओर, तीन बाल साहित्य-कलरव करते पक्षी, पक्षियों का संसार, चुन्नू-मुन्नू, पांच कविता संग्रह-उम्मीदें, फलो का फल, सब्जीनामा, धरोहर की पाती व धरती मां(हरियाणवी अनुवादित), दस लघु कविता संग्रह-लुप्त-विलुप्त, मन की गंगोत्री, अतीत के झरोखें, दिवस में दिवस, मैने पूछा, विभूतियों की महिमा, प्रो. रुप देवगुण:अतीत की झलकियां, एक पै अगराई मैं, अन्न पै अधिकार सभी का के अलावा कहानी संग्रह-घटना-दुर्घटना प्रमुख रुप से शामिल हैं। इसके अलावा उमडती हरियाणवी यादें शीर्षक से उनकी आत्मकथा भी सुर्खियों में हैं। 
पुरस्कार व सम्मान 
हरियाणवी भाषा में अनुवादक एवं साहित्य जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए जयभगवान सैनी को देश और प्रदेशों में सामाजिक और साहित्यिक संस्थाओं द्वारा अनेक बार सम्मानित किया गया है। उन्हें प्रमुख रुप से साहित्य गौरव सम्मान, लघु कविता सेवी सम्मान, लघु कविता सृजन सम्मान, लघु कविता रत्न सम्मान, जयलाल दास स्मृति सम्मान जैसे पुरस्कारों से नवाजा गया है। वहीं देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है और उन्हें कई उपाधियों व पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका हैं। 
30Dec-2024

शनिवार, 28 दिसंबर 2024

चौपाल: सामाजिक संस्कृति का संवर्धन करने में जुटे फिल्म अभिनेता हरिओम कौशिक

फिल्मों में अभिनय के साथ निर्माता-निर्देशक के रुप में बनाई पहचान 
      व्यक्तिगत परिचय 
नाम: हरिओम कौशिक 
जन्मतिथि: 7 जून 1989 
जन्म स्थान: गांव जाँट (महेंद्रगढ़) 
शिक्षा: एमए (कुरुक्षेंत्र विश्वविद्याल कुरुक्षेत्र), पासआउट सुपवा रोहतक। फिल्म अभिनय में ग्रेजुएशन
संप्रत्ति: निर्माता, निर्देशक, अभिनेता । 
संपर्क: गाँव जाँट, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) 
BY--ओ.पी. पाल 
देश-विदेशों तक हरियाणा की लोक कला, संस्कृति और सभ्यता को पहचान दिलाने के लिए सूबे के कलाकारों का अहम योगदान रहा है। ऐसे ही कलाकारों में रंगमंच, थिएटर और बॉलीवुड तक एक अभिनेता के रुप में लोकप्रियता हासिल करने वाले हरिओम कौशिक भी शुमार हैं। खासबात है कि सामाजिक और परिवारिक फिल्मों और उनमें अभिनय को तरजीह देना प्रमुख लक्ष्य रखा। उन्होंने सामाजिक और संस्कृति के संवर्धन की दिशा में कहानियां लिखने के साथ फिल्म निर्माता और निर्देशक के रुप में भी सिनेमा को नया आयाम देने में जुटे हैं। एक फिल्म अभिनेता हरिओम कौशिक ने अपने फिल्मी और अभिनय के सफर को लेकर हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कई ऐसे अनछुए पहलुओं को भी उजागर किया, जिसमें उनका मानना है कि फिल्मों के माध्यम से सामाजिक संस्कृति का संवर्धन संभव है और इसके लिए वे युवा पीढ़ी को सिनेमा के गुर सिखाकर उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ने की मुहिम चलाने में जुटे हैं। 
फिल्म निर्माता, निर्देशक एवं अभिनेता हरिओम कौशिक का जन्म 7 जून 1989 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ शहर में कैलाश कौशिक और श्रीमती सुमन देवी के घर में हुआ उनके पिता का महेंद्रगढ़ में एकका निजी स्कूल है, जिसमें उनकी माता जी सुमन देवी भी उनके सहयोग करती है। हरिओम की धर्मपत्नी हेमंत कौशिक शिक्षा विभाग में सरकारी पद पर कार्यरत है। उनके परिवार में किसी प्रकार का सिनेमा या रंगमंच का कोई साहित्यिक व सांस्कृतिक माहौल नहीं था। हरिओम की शिक्षा पिता के अपने स्कूल में ही हुई, जहां होमवर्क न करने पर अन्य बच्चों से ज्यादा उनकी पिटाई होती थी। स्कूल में सुबह की प्रार्थना से शुरुआत होती थी और बालसभा के मंच से चुटकुले सुना कर उनकी रंगमंच की शुरुआत हुई। उन्होंने बाद में कॉलेज में यूथ फेस्टिवल से नाटक मंचन से अपनी कला का प्रदर्शन किया। बचपन में उन्होंने आरएसएस से वर्ग में नाटक बहुत किए और ज्यादातर भागीदारी रहती थी । फिर एनएसएस में खूब मंच की प्रस्तुति दी। बकौल हरिओम कौशिक, हरेक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उतार चढ़ाव आता है। ऐसे ही मोड़ उनके फिल्मी एवं अभिनय के सफर में भी आए हैं। मसलन पोस्टर बॉयज़ फ़िल्म में हीरो के दोस्त के किरदार फाइनल हुआ और वर्कशॉप भी हुई, लेकिन शूट से एक दिन पहले उन्हें फ़िल्म से निकाल दिया गया। लेकिन उन्होंने हौंसले के साथ पीछे मुड़ना सही नहीं समझा। इसके बाद उन्होंने जोगी कास्टिंग में कास्टिंग असिस्टेंट के रुप में काम किया और स्टार्स के ऑडिशन लिये और जोगी जी उन्हें अपने सानिध्य में जाते से मुंबई घर लगने लगा। जहां तक फिल्मों में काम करने के विषयों का सवाल है, उन्होंने पारिवारिक फिल्म्स लिखना और बनाना ही प्रमुख लक्ष्य रखा है यानी समाज को साफ़ सुथरा सिनेमा देना ही उनके जीवन का लक्ष्य रहा है। कौशक ने बताया कि पिछले दिनों उनकी दो फ़िल्में 1600 मीटर और बहु काले की पारिवारिक कहानियों पर आधारित रही, जिन्होंने खूब नाम और पैसा दोनों कमाया है। फिल्म उद्योग में लोकप्रिय हुए हरिओम कौशिक सीबीएफसी दिल्ली के सदस्य होने के साथ आईएफएफआई 2022 की पूर्वावलोकन समिति के सदस्य तथा स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के आईक्यूएसी के सदस्य भी हैं। ओम कौशिक फिल्मस के प्रेसिडेंट के रुप में हरिओम कौशिक मुंबई में ‘धर्मा प्रोडक्शन’, ‘राजमौली प्रोडक्शन’ तथा ‘सुजीत सरकार’ के साथ भी काम कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने ओम कौशिक फिल्म्स की ओर से हिसार के गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय के जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों को सिनेमा के क्षेत्र में ट्रेनिंग, इंटर्नशिप और संयुक्त प्रोजेक्ट (लघु-फिल्म, वृत्तचित्र, सेमिनार, वर्कशॉप) आदि की सुविधा प्रदान करने के मकसद से हिसार के गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय के जनसंचार विभाग एवं ओम कौशिक फिल्म्स महेंद्रगढ़ के मध्य मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, ताकि विद्यार्थी प्री-प्रोडक्शन से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन तक की सारी बारीकियों को सीख पाएंगे। 
आधुनिक युग में बढ़ी पाश्चात्य संस्कृति 
इस आधुनिक युग यानी रील बनाने के प्रचलन से कला के क्षेत्र में विकट समय कहा जा सकता है, जहां युवा बहुत जल्दबादी में थिएटर या सिनेमा तक पहुंचने का प्रयास करते देखे जा रहे हैं। ऐसे में हम जैसे लेखकों और निर्देशकों की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ जाती है, कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए परिपक्वता के साथ फिल्म या नाटक लिखना आवश्यक है। दूसरा बड़ा कारण यह भी है कि सोशल मिडिया पर वीडियो बना रहे लोग गंदे कंटेंट ज़्यादा परोस रहे हैं, जो आने वाली युवा पीढ़ी के लिए भयावह है और वहीं सामाजिक विसंगतियां पनपने के ज्यादा आसार है। समाज में अपनी सभ्यता और संस्कृति के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए युवाओं को स्कूल की पढ़ाई के साथ थिएटर को जोड़ने से इस क्षेत्र में सुधार की गुंजाइश है। रंगमच पर नाटकों का मंचन संस्कारी, सभ्य, सामाजिक व्यवहारिक के रुप में होता है, जिससे हर कोई प्रभावित हो सकता है। आज लोककला, संगीत, अभिनय, रंगमंच जैसी सांस्कृतिक कलाओं में गिरावट आ रही है। बाजारीकरण के इस दौर में फिल्म्स में अभी मिलावट हो रही और फूहड़ता परोसी जा रही है। इस तरह के कंटेट स्थायीत्व नहीं दे सकते। इसलिए लोक कला या अभिनय अथवा रंगमंच में प्रसिद्धी हासिल करने के लिए सिद्धी करने की ज्यादा आवश्यकता है। तभी हम समाज में सभ्यता और अपनी संस्कृति को जीवंत रख सकते हैं। 
ऐसे मिली लोकप्रियता 
फिल्म निर्देशक एवं अभिनेता हरिओम कौशिक की यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है, कि उनका दो साल के लिए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, दिल्ली क्षेत्र के सलाहकार के रूप में चयन हुआ है। यह उनकी फिल्म जगत में बढ़ती लोकप्रियता का ही परिणाम है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और कहानी लेखक भी हैं। उन्होंने अपनी फिल्म निर्माण कंपनी 'ओम कौशिक फिल्म्स' की स्थापना भी की और अपनी पहली पहली फिल्म '1600 मीटर' का निर्माण किया। इसके अलावा हिंदी फिचर फिल्म 'तोता' को भी निर्देशित कर चुके हैं। इससे पहले उन्होने मुंबई फिल्म जगत की प्रसिद्ध जोगी फिल्म कास्टिंग में कई महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम किया। हरिओम ने हाल ही में रिलीज हुई फिचर फिल्म हरियाणा में अहम किरदार निभाया है और वर्तमान में मेवात, पहरा, फौजा और स्कैम जैसे प्रोजैक्ट्स पर काम कर रहे हैं। 
इन फिल्मों का किया निर्देशन 
फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक हरिओम कौशिक ने जहां 1600 मीटर, वेब सीरीज बहू काले का निर्देशन किया, वहीं निर्देशन के साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म फौजा के क्रिएटिव डायरेक्टर की भी भूमिका निभाई। उन्होंने फिल्म मेवात, बुरे लड़के भिवानी, टोटा, चिड़िया, वनवास जैसी वेबसीरीज फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने गंभीर आदमी, काठमांडू, हरियाणा, फौजा, बुरे लड़के, बहू काले की, ग्रुप डी, स्कैम और टोटा जैसी फिल्मों में एक अभिनेता के रुप में काम किया है। जबकि उधम सिंह, विक्रम बत्रा, गुलाबो सिताबो, गुंजन सक्सैना और आरआरआर में कास्टिंग सहायक की जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। 
23Dec-2024

सोमवार, 9 दिसंबर 2024

चौपाल: सामाजिक कल्याण में फिल्मों की अहम भूमिका: हितेश शर्मा

हरियाणवी फिल्म ‘दादा लखमी’ से अभिनेता के रुप में मिली पहचान 
          व्यक्तिगत परिचय 
नाम: हितेश शर्मा 
जन्म तिथि: 19/11/1989 
जन्म स्थान: फ़रीदाबाद (हरियाणा) 
शिक्षा: ग्रेजुएट, एक्टिंग कोर्स डिप्लोमा 
संप्रत्ति: अभिनय, लोक कलाकार 
संपर्क: मोबा. 9076251115, ईमेल: Hiteshssharma119@gmail.com 
BY-ओ.पी. पाल 
हरियाणवी संस्कृति, सभ्यता, भाषा, रिति-रिवाज और तमाम सामाजिक तानाबाना समायोजित करने की दिशा में लोक कलाकारों ने अपनी अलग विधाओं में हरियाणा को नई पहचान दी है। इसमें हरियाणा के सूर्य कवि ‘पंडित लखमी चंद’ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दादा लखमी’ जहां हरियाणवी सिनेमा को जीवंत करने का सबब बनी, वहीं इस फिल्म ने कई कलाकारों को उनकी मंजिल दी है। ऐसे ही कलाकारों में दादा लखमी के युवा रुप का किरदार निभाने वाले कलाकार हितेश शर्मा रहे हैं, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से एक अभिनेता के रुप में लोकप्रियता हासिल की है। अपने अभिनय की कला के सफर को लेकर अभिनेता हितेश शर्मा ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत के दौरान कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिनमें समाज को सकारात्मक विचाराधारा का संदेश देने में लोक कला या फिल्मों का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। उनका मानना है कि कलाकारों को अपनी संस्कृति को संजोएं रखने की दिशा में अपनी कला में ऐसा किरदार करना चाहिए, जिसमें समाजिक कल्याण निहीत हो। 
--- 
हरियाणवी फिल्म दादा लखमी में में पंडित लखमी चंद का अभिनय करने वाले हितेश शर्मा का जन्म 19 नवंबर 1989 को फरीदाबाद के सिकरोना गांव में सुखराम शर्मा व श्रीमती कुसुम शर्मा के घर में हुआ। उनके मध्यवर्गीय परिवार में पिता शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी करते थे और माता घर संभालती रही। हितेश तीन भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके परिवार में साहित्य या किसी कला या संस्कृति का कोई माहौल नहीं था, लेकिन उन्हें बचपन से ही अभिनय के क्षेत्र में रुचि रही, इसके लिए उनके परिवार ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए पूरा सहयोग दिया, जिसकी बदौलत आज वह अभिनय के क्षेत्र में लोकप्रिय कलाकार हैं। बकौल हितेश शर्मा जब व पांच साल के थे तो उनका परिवार दिल्ली आ गया और उनकी शिक्षा दीक्षा दिल्ली में हुई है। स्नातक तक की शिक्षा ग्रहण करने वाले हितेश शर्मा ने सात साल की उम्र में ही रामलीला में भगवान राम व सीता माता और हनुमान के किरदार ने उसे बहुत प्रभावित किया और वह घर आकर उनकी तरह नाचने के साथ उछल कूद करके डॉयलाग दोहराते थे। इसी अभिरुचि के चलते बचपन में ही उन्होंने एक अभिनेता बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। यही कारण रहा कि उन्होंने आसपास के स्कूलों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रंगमंच पर नाटकों में हिस्सा लेना शुरु कर दिया। स्नातक की शिक्षा पूरी होते ही उन्होंने साल 2010 में मारवाह स्टूडियों एशिएन एकेडमी और नोएडा के फिल्म टेलीविजन एएएफटी नामक संस्थान में एक साल का अभिनय(एक्टिंग) का कोर्स किया। इसी दौरान उनकी मुलाक़ात उनके गुरु श्रीरामजी बाली, आदिल राणा और सतीश आनंद हुई और उ नके साथ थिएटर करना शुरू कर दिया। वहीं उन्होंने गुरु मां रीना शुक्ला से गाना सीखना शुरू किया, जिससे अभिनय करने में ज्यादा मदद मिलने लगी। लेकिन सिनेमा तक आने में समय लगा और उन्हें 2017 सबसे पहले क्राइम पैट्रॉल में एक डायलॉग करने को मिला। इसके बाद साल 2018 में उन्हें ज़िंदगी का ऐसा मौका मिला, जिसने उसे रातोरात टीवी का चमकता सितारा बना दिया। मसलन सोनी टीवी का शो ‘ये उन दिनों की बात है’। फिर एक स्टूडियों के मालिक रविन्द्र राजावत ने उनकी मुलाकात साल 2019 में फिल्म निर्देशक यशपाल शर्मा से कराई, जो फिल्म दादा लखमी बनाने जा रहे थे। उन्होंने इस फिल्म में काम करने की उत्सुकता दिखाई और क़रीब 8 महीने तक उन्होंने निर्देशक को अपनी प्रोफाइल के साथ्ज्ञ अपना डांस और अभिनय के वीडियो बनाकर भेजता रहा, लेकिन कोई ख़ास रिस्पांस नहीं था। फिर भी वह लगे रहे और बामुश्किल महीनों बाद उन्होंने मुझे फिल्म दादा लखमी का हिस्सा बनाया। असल में यही से उनका फिल्म में अभिनय करने पहला मौका मिला और वह अपने किरदार से एक अभिनेता के रुप में जगह बनाने में कामयाब रहा। इसी फिल्म में अभिनय के बाद उनकी एक्टिंग में बेहतर सुधार भी आया। हालांकि परिजनो, पडोसियों व रिश्तेदारों ने मजाक भी बनाया, लेकिन वह अपनी मंजिल की तरफ बढ़ता रहा। यह वास्तविकता भी है कि फिल्म स्टार बनने के लिए संघर्ष कम नहीं है, जो मुंबई में रहते हुए पैसों की तंगी के साथ कई संघर्ष को झेला भी है। मसलन जहां भी कोई बता देता वहीं ऑडिशन पर ऑडिशन दिये। लेकिन उनके ऊपर तो अभिनेता बनने का भूत सवार था, इसलिए कोई परवाह किये बिना अपने आत्मविश्वास के साथ वह अपनी मंजिल की ओर बढ़ते चले गये। इसी संघर्ष का नतीजा है कि वह आज एक अभिनेता के रुप में पहचाने जाते हैं। 
यहां से मिली मंजिल 
हरियाणा के सूर्यकवि पंडित लखमी चंद के जीवन पर यशपाल शर्मा द्वारा निर्देशिक फिल्म ‘दादा लखमी’ में हितेश शर्मा ने दादा लखमी के युवा रुप का अभिनय किया है। जिसमें बाल रुप में योगेश वत्स और बड़े रुप में खुद यशपाल शर्मा ने किरदार निभाया। हिरयाणा की यह ऐसी फिल्म रही, जिसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ 103 पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्होंने हरियाणवी वेब सीरीज अग्निवीर और बीवी मायके कब जाएगी में भी अभिनेता के रुप में शानदार किरदार निभाया है। वहीं दर्शकों के सामने जल्द आने वाली 1857 ए हिडन स्टोरी में हितेश ने तात्या टोपे की भूमिका निभाई है। इसके अलावा एमएमबीडी, लघु फिल्म इप्सा, 48 कोस-2 में भी अपनी कला का प्रदर्शन किया है। फिल्म अभिनेता हितेश शर्मा को दादा लखमी के अभिनय के लिए दो पुरस्कार, इप्सा के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिलने वाला था, लेकिन एक मत से रह गया और दक्षिण के सुपर स्टार सूर्य को यह पुरस्कार मिला। 
आधुनिक युग में बदलाव की जरुरत 
अभिनेता हितेश शर्मा का कहना है कि उनका सिर्फ ऐसी फिल्मों में काम करने पर फोकस रहा है, जिसमें समाज कल्याण या संस्कृति को बढ़ावा मिलता हो। इसलिए उन्होंने पिछले तीन साल में अच्छी रकम की ऑफर के बावजूद पांच फिल्में छोड़ी है, जिनमें काम करने से समाज में गलत संदेश जाना तय था। आज के इस आधुनिक और सोशल मीडिया के युग में ज्यादातर फिल्में फूहड़पना परोस रहे हैं, जिसके कारण समाज व संस्कृति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और खासकर युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसलिए उन्हें लगता है कि सिनेमा में बदलाव होना चाहिए और फिल्म निर्देशकों व कलाकारों को जल्द लोकप्रियता पाने और धन कमाने के बजाए अच्छे कंटेट पर ध्यान देकर खासतौर से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति के प्रति प्रेरित करने के लिए ऐसी फिल्मों का निर्माण करने की आवश्यकता है, ताकि दूषित होते समाज में सकारात्मक संदेश से सामाजिक विसंगतियों को समाप्त किया जा सके। ऐसा भी नहीं है कि बॉलीवुड ने ऐसी हज़ारो अच्छी फ़िल्में दी है, जिसमें कंटेट सामाजिक जिम्मेदारी रही है। 
09Dec-2024