सोमवार, 25 मई 2026

देश की सीमाओं पर जल्द लागू होगा 'स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट': ड्रोन, राडार और आधुनिक कैमरों से लैस होगा 'टेक्नोलॉजी-ड्रिवन सिक्योरिटी ग्रिड'

गृह मंत्री अमित शाह ने किया एलान, नक्सलवाद खत्म, अब घुसपैठ को उखाड़ फेंकने की बारी 
BY-ओ.पी. पाल 

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में आयोजित 'सीमा सुरक्षा बल के अलंकरण समारोह एवं रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान' में देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार का बड़ा विजन सामने रखा। अमित शाह ने एलान किया कि अगले एक साल के भीतर सरकार ड्रोन, राडार, आधुनिक कैमरों और अत्याधुनिक तकनीकों से लैस 'स्मार्ट बॉर्डर प्रोजेक्ट' लेकर आ रही है, जिससे पाकिस्तान और बांग्लादेश से सटी सीमाओं पर एक अभेद्य सुरक्षा ग्रिड तैयार किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि भारत में किसी भी प्रकार का अप्राकृतिक जनसांख्यिकीय बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। 

लंकरण समारोह में बोलते हुए गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा के पारंपरिक तरीकों में आमूलचूल बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने साइबर थ्रेट्स, हाइब्रिड वॉरफेयर और ड्रोन से नार्कोटिक्स व हथियारों की तस्करी जैसी नई चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए सरकार अगले एक साल में ‘नई बॉर्डर सिक्योरिटी स्ट्रेटेजी’ लाएगी। उन्होंने BSF के जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि बॉर्डर सिक्योरिटी कोई आइसोलेटेड ड्यूटी नहीं, बल्कि एक टेरिटोरियल रिस्पॉन्सिबिलिटी (क्षेत्रीय जिम्मेदारी) है। बीएसएफ को केवल सीमाओं तक सीमित रहने के बजाय राज्य पुलिस, खुफिया एजेंसियों, जिला प्रशासन, स्थानीय थानों, पंचायतों और पटवारियों के साथ मिलकर एक मजबूत खुफिया तंत्र विकसित करना होगा। 

त्रिपुरा, असम और बंगाल सरकार के समन्वय से रुकेगी घुसपैठ
गृह मंत्री शाह ने विशेष रूप से पूर्वी सीमाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में ऐसी सरकारें हैं जो नीतिगत रूप से घुसपैठ के खिलाफ हैं। बीएसएफ को इन राज्यों के स्थानीय प्रशासन के साथ सघन संवाद स्थापित करना चाहिए ताकि घुसपैठ और गौ-तस्करी के हर छोटे-बड़े रूट को हमेशा के लिए बंद किया जा सके। 

यह 'मोदी डॉक्ट्रिन' है: वार्ता का जमाना अब चला गया 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वह जमाना चला गया, जब आतंकी हमले और नक्सलवादी बेखौफ होकर जनसंहार करते थे और सरकारें सिर्फ़ वार्ताएं करती थीं। पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों का हमने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से उनके मर्मस्थान पर प्रहार कर मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह हमारी नई डिफेंस डॉक्ट्रिन है, यह 'मोदी डॉक्ट्रिन' है। गृह मंत्री ने गर्व से कहा कि सरकार के दृढ़ निश्चय के कारण पांच दशक पुरानी नक्सलवाद की गंभीर समस्या आज देश से समूल समाप्त हो चुकी है और भारत नक्सल मुक्त हो चुका है। अब ठीक इसी दृढ़ता के साथ घुसपैठ की समस्या को भी जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। 

जवानों के कल्याण के लिए बड़ा एलान 
सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने के लिए गृह मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'उच्च-शक्ति प्राप्त जनसांख्यिकी मिशन' की घोषणा की है, जिसके लिए जल्द ही एक विशेष कमेटी गठित कर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, सरहद पर देश की रक्षा में मुस्तैद जवानों को बड़ी सौगात देते हुए शाह ने एलान किया कि अगले दो महीने के भीतर मोदी सरकार सभी अद्र्धसैनिक बल और बीएसएफ जवानों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक बहुत बड़ा कल्याणकारी कार्यक्रम लेकर आएगी, ताकि हमारे जवान परिवार की चिंताओं से मुक्त होकर देश की सेवा कर सकें। 
23May-2026

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें