सोमवार, 12 मई 2025

साक्षात्कार: समाजहित में हिंदी साहित्य को जीवंत रखना आवश्यक: मीना चौधरी

कवियत्री के साथ सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में भी बनाई पहचान 
व्यक्तिगत परिचय 
नाम: मीना चौधरी 
जन्मतिथि: 28 मार्च 1971 
जन्म स्थान: जमशेदपुर (झारखंड) 
शिक्षा: बीएससी, एमबीए 
संप्रत्ति: लेखिका, कवि, संपादक, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता 
संपर्क:3313, डीएलएफ, फेज-4, गुरुग्राम (हरियाणा), ईमेल-meena.choudhary7@gmail.com, मोबा.-8527722319 Ph-8527722319 
-----
--BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य संवर्धन करने में जुटे साहित्यकार अलग अलग विधाओं में समाज को नई दिशा देने के मकसद से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी लेखनी चलाते आ रहे हैं। ऐसे ही लेखकों में महिला साहित्यकार मीना चौधरी भी एक कवि के रुप में अपने रचना संसार को आगे बढ़ा रही है। साहित्य और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए समर्पित लेखन करने के साथ वह कई साहित्यिक, सामाजिक, उद्यमी जैसी संस्थाओं के साथ जुड़ी हैं और एक सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत के दौरान साहित्यकार, कवि एवं लेखिका मीना चौधरी ने अपने साहित्यिक सफर को लेकर कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें उनका मकसद गद्य और पद्य दोनों विधाओं में साहित्यिक व सांस्कृतिक मंचों पर सक्रिय रहकर हिंदी साहित्य को जीवंत और विकासशील बनाए रखना है, ताकि साहित्य और समाज में उनकी सार्थक भूमिका बनी रहे। 
--- 
महिला साहित्यकार एवं लेखिका मीना चौधरी का जन्म 28 मार्च 1971 को जमशेदपुर(झारखंड) में एक मैथिल ब्राह्मण परिवार में हुआ। उनके पिता जमशेदपुर स्थित टेल्को कंपनी में इंजीनियर थे और माता एक समर्पित गृहिणी रहीं। उनका बचपन जमशेदपुर में ही बीता और उनका और दो भाइयों का पालन-पोषण तथा शिक्षा भी जमशेदपुर में ही हुई। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लिटिल फ्लावर स्कूल(कॉन्वेंट स्कूल ) से हासिल की। उनके परिवार या घर में किसी प्रकार का साहित्यिक या सांस्कृतिक माहौल नहीं था। उन्होंने अपनी शिक्षा विज्ञान विषयों में की, लेकिन हिंदी भाषा के प्रति उनका एक विशेष लगाव रहा और इसी हिंदी प्रेम के चलते उनकी साहित्यिक रुचि विकसित हुई। स्कूल और कॉलेज के दिनों में कभी-कभार कुछ भावनात्मक लेखन करती थी और उसी दौरान आकाशवाणी से भी जुड़ने का अवसर मिला। हालांकि छात्र जीवन की व्यस्तता के कारण यह साहित्य की रुचि थोड़ा पीछे रही। इसके बाद गृहस्थी में आने के बाद जब बच्चे बड़े हो गये तो वहीं साहित्यिक लगाव फिर से मन में जागृत होने लगा और उन्होंने अपनी साहित्यिक पारी को गति देकर लेखन शुरु कर दिया। उनके लेखन किसी एक विशेश विषय तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न पहलुओं पर कविताएं और आलेख लिखती आ रही हैं। उन्होंने बीएससी की शिक्षा के दौरान अपनी पहली रचना लिखी, जो स्थानीय अखबारों में भी प्रकाशित हुई। इससे उनका लेखन के प्रति ऐसे में आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था, जब उनकी रचना रेडियो पर भी प्रसारित हुई। उनका पहला हिन्दी कविता संग्रह 'रस स्राविता' प्रकाशित हुए, जिसे भाषा सहोदरी हिन्दी के सहयोग से 2019 में प्रकाशित किया गया। जबकि उनका दूसरा काव्य संग्रह 'पैबंद पर सितारे' शीर्षक से पुस्तक के रुप में 2021 में पाठकों के सामने आया। जबकि तीसरा काव्य संग्रह शीघ्र ही प्रकाशित होगा। बकौल मीना चौधरी, वह हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा के अलावा मैथिली में भी लेखन करती आ रही हैं। उन्होंने 'भाषा सहोदरी हिंदी' सहित कई संस्थाओं के साथ मिलकर हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य किया है, जिसके लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली और उन्होंने मॉरीशस, दुबई और सिंगापुर जैसे देशों में हिंदी को मंच को साझा किया। उनका कहना है कि उनके साहित्य क्षेत्र के सफर में उनके पति, बेटियों और दामाद समेत परिजनों का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन मिला है, जो उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। साहित्य क्षेत्र के अलावा वे सामाजिक सेवा में भी सक्रीय हैं और स्वच्छता जागरण समिति जैसी संस्थाओं से जुड़ी हैं। वहीं वे कई साहित्यिक संस्थाओं से जुड़ी होने के साथ भाषा सहोदरी की मुख्य संयोजिका हैं और आगमन की राष्ट्रीय महासचिव एवं महिला काव्य मंच, गुरुग्राम की महासचिव भी रही हैं। वे खुद के संस्थान इंडसोल एंटरप्राइजेज की अध्यक्ष भी हैं यानी इंडसोल एंटरप्राइजेज में स्व-नियोजित, उद्यमशीलता की दुनिया में अपनी व्यावसायिक विशेषज्ञता उनके पास है। एक साहित्यकार के रुप में वह राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन दुबई और मॉरीशस में मुख्य प्रबंधक रही हैं एवं भाषा सहोदरी पत्रिका की सम्पादक भी हैं। वहीं उन्होंने अनेक साहित्यिक मंचों के अलावा कई टीवी चैनलों एवं आकाशवाणी के कार्यक्रम में भी भागीदारी की है। 
आधुनिक युग में साहित्य चुनौतीपूर्ण महिला साहित्यकार, कवियत्री एवं लेखिका मीना चौधरी का इस आधुनिक युग में साहित्य की स्थिति को लेकर कहना है कि आज साहित्य अत्यंत रोचक, बहुआयामी और चुनौतीपूर्ण है। तकनीकी प्रगति, सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों ने अभिव्यक्ति के नए रास्ते खोले हैं, जिससे साहित्य अब सिर्फ पुस्तकों तक सीमित नहीं रहा। ब्लॉग, ई-बुक्स, पॉडकास्ट और यूट्यूब जैसी डिजिटल माध्यमों ने नए लेखकों को मंच दिया है, और पाठकों को विविधता से भरा साहित्य उपलब्ध कराया है। हालांकि, इस डिजिटल बाढ़ में गंभीर साहित्य कहीं-कहीं हाशिये पर भी दिखता है, जिसका प्रभाव खासतौर से युवा पीढ़ी पर तेजी से हुआ है और युवा पीढ़ी की साहित्य में घटती रुचि के पीछे डिजिटल मनोरंजन का वर्चस्व, त्वरित जानकारी की आदत, और पाठ्यक्रम केंद्रित शिक्षा प्रणाली ने साहित्यिक संवेदनाओं को हाशिए पर डाल दिया है। तात्कालिकता, वायरल होने की लालसा और मनोरंजन की प्रधानता के चलते साहित्यिक गहराई और संवेदना के स्तर पर कभी-कभी समझौता होता है। इसके बावजूद साहित्य आज भी सामाजिक सरोकारों का दर्पण बना हुआ है और बदलते परिवेश में मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, पर्यावरण और राजनीतिक चेतना जैसे आधुनिक विषयों पर सशक्त लेखन हो रहा है। जहां तक साहित्य के पाठकों में कमी आने का कारण है उसमें तेजी से बदलती जीवनशैली और डिजिटल माध्यमों की बढ़ती निर्भरता है। इसलिए युवाओं को साहित्य पढ़ने के लिए प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि साहित्य न केवल भाषा और अभिव्यक्ति को समृद्ध करने के साथ सोचने, समझने और महसूस करने की क्षमता भी बढ़ाता है। ऐसी प्रेरणा युवाओं को अपनी संस्कृति, समाज और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में सहायक होगी। 
प्रकाशित पुस्तकें 
महिला लेखिका एवं कवि मीना चौधरी की प्रकाशित पुस्तकों में रस स्राविता, पैबंद पर सितारे और मेरी स्वरचित काव्य संग्रह हैं प्रमुख रुप से शामिल हैं। उनके हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा में साँझा संकलन एवं पत्र-पत्रिकाओं में कविताएं, लघुकथा और लेख भी प्रकाशित हुए है। इसके अलावा वे गद्य और पद दोनों साहित्यिक विधाओं में आलेख और रचनाएं लिखती आ रही हैं। 
पुरस्कार व सम्मान 
साहित्यकार एवं लेखिका मीना चौधरी को साहित्यिक क्षेत्र में योगदान के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचो से अनेक सम्मान मिल चुके हैं। इनमें विश्व हिंदी सम्मान दुबई, 'सहोदरी रत्न' मॉरिशस, 'शब्द मनीषी सम्मान', विविधता में एकता राष्ट्रीय सम्मान, आगमन तेजस्विनी अवार्ड, रंग राची सम्मान, स्वर लहरी सम्मान, प्रेरणा पीढ़ी पुरस्कार, भाषा सहोदरी सम्मान प्रमुख रुप से शामिल रहे। इसके अलावा उन्हें अनेक साहित्यिक मंचों से भी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। 
14May-2025

सोमवार, 5 मई 2025

चौपाल: समाज को संस्कृति से जोड़ने में कला का अहम योगदान: रवि मोहन

अभिनेता एवं रंगकर्मी के रुप में बॉलीवुड तक बनाई अपनी पहचान 
       व्यक्तिगत परिचय 
नाम: रवि मोहन 
जन्मतिथि: 11 मई 1975 
जन्म स्थान: कैथल 
शिक्षा: एम.फिल (आधुनिक इतिहास) कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, (हरियाणा में 20वीं सदी में रंगमंच विकास) 
 संप्रत्ति: स्वतंत्र थिएटर निर्देशक, रंगकर्मी 
 संपर्क:वार्ड नं. 10, पंचमुखी हनुमान मंदिर, सफीदो, जिला जींद(हरियाणा), मोबा. 9215512300, ईमेल- rasravimohan@gmail.com  
 BY-ओ.पी. पाल 
हरियाणा की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में विभिन्न विधाओं में अपनी कला के हुनर से ऐसे कलाकारों की अहम भूमिका है, जो हरियाणवी भाषा, बोली, सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं के संवर्धन में जुटे हुए हैं। ऐसे ही कलाकारों में अभिनेता एवं रंगमंच के कलाकार रवि मोहन भी शामिल है, जिन्होंने बॉलीवुड तक का सफर करने के बावजूद अपनी संस्कृति को सर्वोपरि रखते हुए समाज को सकारात्मक संदेश देने के मकसद से अपनी कला को बुलंदियों तक पहुंचाया है। साहित्यिक नाटकों, कहानियों के मंचन और सामाजिक सरोकार के मुद्दों पर अपनी कला के संसार को दिशा देने का प्रयास किया है। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में अभिनेता, थिएटर निर्देशक और रंगकर्मी रवि मोहन ने अपनी कला के सफर को लेकर कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिससे समाज को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने में कला महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। 
--- 
हरियाणा के लोक कलाकार रवि मोहन का जन्म 11 मई 1975 को रास बिहारी और श्रीमती अनीता भारद्वाज के घर में हुआ। उनके परिवार में किसी प्रकार का साहित्य या सांस्कृतिक माहौल तो नहीं था, लेकिन उनके पिता कभी अपनी शादी से पहले कैथल में रामलीला में कुछ न कुछ किरदार करते थे। लेकिन शादी के बाद उनके जन्म के बाद कभी मंच पर काम नहीं कर पाए। उनका परिवार 46 साल पहले कैथल सफीदों आ गया था। जहां उन्होंने ग्रॉसरी का बिजनेस शुरू किया, जिसमें काफी आर्थिक नुकसान हुआ और माता पिता ने इस बड़े ही कठिन दौर में तीन भाई बहन का किसी तरह से पालन पोषण किया। सफीदों आने के परिवार और उनके जीवन में काफी संघर्ष का सामना करना पड़ा। उनकी रवि मोहन की पत्नी गवर्नमेंट कॉलेज सफीदों में अंग्रेजी की शिक्षका है और लख्मीचंद से एनीमेशन और वीएफएक्स कोर्स कर रही है। बकौल रवि मोहन, उनकी प्राथमिक शिक्षा सरकारी स्कूल में हुई और साल 1990 में सरकारी स्कूल से ही दसवीं पास करने के बाद वह पिताजी के साथ उनके काम में हाथ बंटाने लगा, लेकिन तीन-चार साल के बाद उन्हें शुभचिंतकों ने पढ़ाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। साल 1993 में उन्होंने कालेज में दाखिला लिया, जहां उनके मित्र उससे तीन साल आगे थे। कॉलेज पास आउट करने के बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में आधुनिक इतिहास में एमए की और उसके बाद अच्छे नम्बरों से एमफिल करने में कामयाब रहा। कला के क्षेत्र में अपनी अभिरुचि के बारे में रवि मोहन ने बताया कि बचपन में स्कूली शिक्षा के दौरान उन्हें कभी-कभी मंच पर ग्रुप सॉन्ग और छोटे-छोटे अभिन्य करने का सौभाग्य मिला, लेकिन रंगमंच जानने का मौका कभी नहीं मिला। कॉलेज के दौरान उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मौका मिला और उनकी कला से उन्हें सम्मान मिला, क्योंकि वह कॉलेज में भी एनसीसी की क्विज कांटेस्ट, गेम सॉन्ग, फैंसी ड्रेस, नाटक, नृत्य और गाना बजाना जैसी गतिविधि में बढ़चढ़कर हिस्सा लेते रहे। इन सांस्कृतिक गतिविधियों में उनके साथ सभी सहपाठी लगभग गांव की पृष्ठभूमि से ही थे। विश्वविद्यालय में वे सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रीय रहते हुए लोक नृत्य और नाटकों में भागीदारी करते रहे। लोक कलाकार और थिएटर निर्देशक रवि मोहन ने बताया कि संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली और नेशनल स्कूल आफ ड्रामा फैकल्टी के विशेषज्ञों के सानिध्य में उन्होंने साल 2002 और 2003 में रंगमंच की कार्यशालाओं से प्रशिक्षण लिया और दो माह के अल्पकाल में उन्होंने रंगमच की बारीकियों को जाना, तो वह रंगमंच की तरफ आकर्षित होकर रंगकर्मी के रुप में अपना कला को आगे बढ़ाने लगा। पिछले करीब 28 वर्षों से रंगमंच से जुड़कर करीब 50 नाटकों का निर्देशन किया है, जबकि 15 नाटकों में अभिनय करने के अलावा कुछ वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स में भी कोई न कोई किरदार किया। उन्हें हरियाणा की तरफ से राष्ट्रीय नाट्य प्रतियोगिता में बतौर निर्देशक के रुप में भी काम करने का मौका मिला। अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह और राष्ट्रीय विद्यालय नई दिल्ली की तरफ से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नाटय उत्सव भारत रंग महोत्सव में भी भाग लिया। उन्होंने 2003 में राज कला मंच नामक खुद की एक नाटक एनजीओ का पंजीकरण कराया और इस मंच से अब तक 14 राष्ट्रीय नाटक उत्सव चैनल थिएटर के नाम से आयोजित किए हैं, जिनमें सीमा विश्वास, टॉम अल्टर, राकेश बेदी, कुमुद मिश्रा, सुधीर पाण्डेय, पद्मश्री नीलम मान सिंह, सुरेश शर्मा, राजेश सिंह, चित्तरंजन त्रिपाठी, वामन केंन्द्रे जैसे कई बड़े थिएटर कलाकारों ने अपनी सहभागिता निभाई। साल 2007 से 2010 तक वह हरियाणा से मुंबई और मुंबई से हरियाणा आकर काम करता रहा। एक समय ऐसा आया, जब उन्हें यह निर्णय करना था कि उन्हें मुंबई में या अपने हरियाणा में काम करना है। इसके बाद उन्होंने हरियाणा में रंगमंच करने का फैसला लिया कि वह राज कला मंच के लिए पूरा समय देकर हरियाणा की संस्कृति के संवर्धन करने का काम करेंगे। रवि मोहन 'हरियाणा में रंगमंच की संभावनाएं और सरकार की भूमिका' के अलावा 'रामायण और महाभारत के संदर्भ में विश्व रंगमंच' शीर्षक पर वरिष्ठ फेलोशिप कर रहे हैं। उन्होंने एनजेडसीसी, डब्ल्यूजेडसीसी, एनसीजेडसीसी, एमएसीसी, एसएनए दिल्ली, सीएसएनए चंडीगढ़, संस्कृति मामले हरियाणा और हरियाणा कला परिषद जैसे सरकारी सांस्कृतिक संगठनों के साथ काम किया है और वर्तमान में वह एक निर्देशक के रूप में अपने नाटकों का मंचन कर रहे हैं।
कला व संस्कृति को प्रेरित करना आवश्यक 
रंगमंच के कलाकार रवि मोहन का कहना है कि इस आधुनिक युग में रंगमंच की स्थिति संतोषजनक नहीं कही जा सकती। हरियाणा में किसी भी कॉलेज और विश्वविद्यालय में रंगमंच में शिक्षा नहीं दी जा रही है। इसलिए युवा पीढ़ी नाटकों के साथ जुड़कर रह जाती है। मसलन रंगमंच ऐसी मुश्किल विधा है, जिसके लिए संस्कार ग्रहरण करना भी बड़ी चुनौती है। आजकल सोशल मीडिया की वजह से युवा वर्ग अपनी संस्कृति और संस्कारों से दूर होता नजर आ रहा है। इसलिए इस बदलते परिवेश में युवाओं को लोक कला अभिनय संगीत व संस्कृति के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। समाज और सरकार को उत्तम साहित्य, लोक कला और अन्य कला की विद्यायों, अच्छे नाटकों, अच्छी फिल्मों का सहयोग और परमोशन करना होगा। वहीं समाज और सरकार को कला का समर्थन करके कलाकारों को प्रोत्साहित करके सहयोग करने की जरुरत है। समाज और सरकार को उत्तम साहित्य, लोक कला और अन्य कला की विद्यायों, अच्छे नाटकों, अच्छी फिल्मों का सहयोग और परमोशन करना होगा। 
हरियाणा में संजोया अभिनय 
अभिनेता एवं रंगकर्मी रवि मोहन ने नेशनल चैनल डीडी-1 पर अक और कहानी, डीडी-हिसार के लिए सबरंग, सोनी टीवी पर क्राइम पेट्रोल एवं जिंदगी के क्रॉस रोड के अलावा एमएक्स प्लेयर पर कैंपस डायरी, स्टेज ऐप पर मेरे यार की शादी है और ब्रॉडलाइन एरोप्लान (फेदर फिल्म) में अपने अभिनय का किरदार निभाया है। उन्होंने दूसरा आदमी दूसरी औरत और एक शाम कहानियों के नाम, धीमा जहर, हरियाणा के क्रांतिवीर, मैकबेथ, नागमंडल, मारिया फरार, रेजांग-ला द लास्ट वार, अंधा युग, मैं कहानी हूं, कनुप्रिया, छाया के बिना आदमी के अलावा भारत के विभिन्न राज्यों में विभिन्न राष्ट्रीय रंगमंच समारोहों में अपनी कला से अहम योगदान दिया। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा के जिलों के शिक्षण संस्थानों और विभिन्न ड्रामा स्कूलों में अभिनय और डिजाइनिंग के लिए विजिटिंग फैकल्टी के लिए भी अपनी कला का प्रदर्शन किया है। 
पुरस्कार एवं सम्मान 
अभिनेता एवं कलाकार रवि मोहन को वर्ष 2000 में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ लोक नर्तक एवं सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। वहीं इसी वर्ष के दौरान उन्हें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय कलर से सम्मानित किया गया। जबकि वर्ष 2007 में राष्ट्रीय स्तर पर निर्देशन के लिए स्वर्ण पदक से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें हरियाणा में रंगमंच प्रोत्साहन के लिए राज्यपाल पुरस्कार, रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों में अनुकरणीय समर्पण के लिए रोटरी वोकेशनल पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार जैसे सैकड़ो पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। 
05May-2025

सोमवार, 28 अप्रैल 2025

साक्षात्कार: साहित्य के बिना समाज की कल्पना संभव नहीं: डा. शिवकांत शर्मा

चिकित्सा पेशे के वावजूद विरासत में मिले साहित्य के संवर्धन में जुटे 
           व्यक्तिगत परिचय 
नाम: डॉ. शिवकान्त शर्मा 'शिव' 
जन्मतिथि: 23 जून 1958 
जन्म स्थान: गॉंव पेटवाड़ (हिसार) 
शिक्षा: एम.बी.,बी. एस, एम.डी. 
सम्प्रति:चिकित्सक,साहित्यकार एवं कवि 
संपर्क: कान्त हस्पताल, नजदीक रोहतक गेट, भिवानी, मोबा. 9896364315 
--BY-ओ.पी. पाल 
भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपराओं को इस आधुनिक युग में जीवंत रखने की चुनौतियों से निपटने के लिए लेखक, कवि, गजलकार और साहित्यकार अपनी अलग अलग विधाओं में साहित्य संवर्धन करने में जुटे हैं। साहित्य से जुड़े विद्वानों में ऐसे ही साहित्यकारों में डा. शिवकांत शर्मा भी शुमार है, जो समाज को नई दिशा देने के मकसद से चिकित्सक होने के साथ साहित्यिक साधना करते आ रहे हैं। उन्होंने सामाजिक सरोकार, समसामयिक चिंतन, व्यवस्था से जूझते मानवीय संघर्ष व भारतीय मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन जैसे गंभीर मुद्दे अपने लेखन के मूल भाव में समाहित किये हैं। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में चिकित्साविद् एवं कवि व गजलकार डा. शिवकांत शर्मा 'शिव' ने कुछ ऐसे अनछुए पहलुओं का जिक्र किया है, कि साहित्य के बिना समाज की कल्पना करना बेमाने है। 
---- 
हरियाणा में छोटी काशी के नाम से पहचाने जाने वाले भिवानी में पेशे से चिकित्सक एवं साहित्यकार व कवि के रुप में लोकप्रिय डॉ. शिवकान्त शर्मा का जन्म हिसार जिले के गॉंव पेटवाड़ में मदनगोपाल शास्त्री और श्रीमती शशि देवी के घर में 23 जून 1958 को हुआ। उनके दादा पंडित रामप्रसाद उस समय के सुप्रसिद्ध लोककवि के रुप में प्रसिद्ध रहे हैं, जिन्होंने अनेक खंडकाव्य लिखे और वे सनातन के प्रबल प्रचारक व लोकप्रिय भजनोपदेशक भी थे। जबकि उनके पिता मदन गोपाल शास्त्री भी हरियाणवी संस्कृति के पुरोधा के रुप में हरियाणा के शीर्षस्थ साहित्यकारों में शुमार रहे हैं, जिनकी हिन्दी व हरियाणवी में 10 पुस्तकें सभी लेखन विधाओं में प्रकाशित हुई हैं। हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा उन्हें पंडित लखमीचंद सम्मान (2009)व महाकवि सूरदास सम्मान(2013) से विभूषित किया गया। श्रेष्ठ कहानी पुरस्कार से भी उनके पिता को अलंकृत किया जा चुका है। पारिवारिक परम्परा और संस्कारों से सिक्त साहित्य के क्षेत्र में भी हैं। परिवार से मिली साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ा रहे डा. शिवकांत शर्मा भी बचपन से ही इस क्षेत्र में अभिरुचि रखने लगे थे, जिसके कारण आज वह खुद पारिवारिक परम्परा और संस्कारों को लेकर साहित्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा रहे हैं। हिंदी गीत, हरियाणवी गीत, कविता, दोहे और ग़ज़लों के साथ उनकी कहानी लेखन में भी गहन अभिरुचि रखने वाले डा. शिवकांत शर्मा ने अपनी पहली रचाना एक कविता के रुप में महज 16 साल की आयु में लिख ड़ाली थी। मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद शुरु हुई उनकी साहित्यिक यात्रा अनवरत जारी है। उनकी सर्वप्रिय विधा गीत लेखन है। अपनी विलक्षण प्रतिभा के बल पर एमबीबीएस, एमडी की शैक्षणिक डिग्रियां हासिल करके एक छाती रोग भिवानी में अस्पताल का संचालन करके वरिष्ठ छाती रोग विशेषज्ञ के रुप में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। बकौल डा. शिवकांत शर्मा, साहित्य जगत की शुरुआत में उन्होंने नीरज के गीतों से प्रेरित होकर अनेक गीत व कुछ कविताएं लिखीं, जिनका प्राणतत्व प्रेम भाव व प्रणय केन्द्रित रहा है। उनकी रचनाए कॉलेज मैगजीन में भी छपती रही। इसी बीच रोहतक से डॉ श्याम सखा श्याम के संपादन में प्रकाशित श्रेष्ठ साहित्यिक पत्रिका 'मसि-कागद' में एक गीत छपा। उन्हीं दिनों छोटी बहन की ताज़ा कही दो ग़ज़लें भी छपीं, जिन्हें कई स्थापित व वरिष्ठ साहित्यकारों ने बहुत सराहा। उनका साहित्य क्षेत्र में लेखन के प्रति ऐसे में आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था, जब कुछ बेहद वरिष्ठ ग़ज़लकारों व लेखकों ने व्यक्तिगत पत्र लिखकर उनकी रचनाओं की प्रशंसा करके प्रोत्साहित किया। ऐसे पत्रों को वे आज भी धरोहर के रुप में संजोए हुए हैं। वर्ष 1985 में उनकी नियुक्ति भिवानी के सरकारी अस्पताल में हुई, जिसके बाद उन्हें अनेक साहित्यिक अनुष्ठानों में भाग लेने का मौका मिलने लगा। यहां के शायरों के सम्पर्क व प्रभाव में आकर उनकी ग़ज़ल लेखन में रुचि और गहराती चली गई, हालांकि उनका गीत लेखन भी निरंतर चलता रहा। साहित्यिक मंच मिलने से अपनी रचनाएं सुनाने व और गुणी मित्रों की रचनाएं सुनने से लेखन में सुधार व निखार आया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक प्रेम भाव केन्द्रित रचनाओं के बाद उनके लेखन के मूल भाव में मुख्यतया: सामाजिक सरोकार, समसामयिक चिंतन, व्यवस्था से जूझते मानवीय संघर्ष व भारतीय मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन जैसे गंभीर विषय रहे हैं। वहीं पिछले कुछ समय से हरियाणवी ग़ज़ल में विशेष रुचि होने पर उन्होंने कुछ ग़ज़लें ठेठ हरियाणवी भाषा में भी लिखी और साहित्यिक मंचों से सुनाए जाने पर उन्हें लोकप्रियता मिली, जिन्हें सराहना भी मिली। मसलन आकाशवाणी हिसार से प्रसारित हरियाणवी ग़ज़ल 'बाबा बणज्या' को एक सप्ताह में ही करीब 30 हजार प्रशंसक सामने आए। डा. शिवकांत ने आकाशवाणी, हिसार दूरदर्शन, जनता टीवी आदि चैनलों पर आयोजित विभिन्न मुशायरों व कवि सम्मेलनों में सहभागिता की है और अखिल भारतीय 'ग़ज़ल कुम्भ' में कई बार ग़ज़ल पाठ किया। 
आधुनिक युग में विमुख हुआ साहित्य 
प्रसिद्ध साहित्यकार और कवि डा. शिवकांत शर्मा का आधुनिक युग में साहित्य के सामने आ रही चुनौतियों को लेकर कहना है कि हमारे साहित्य का बहुत ही गौरवशाली इतिहास रहा है, जो आज का दौर में अनेक कारणों से उपेक्षित है। इसका कारण सोशल मीडिया की विस्तारित लोकप्रियता, बढ़ते पाश्चात्य प्रभाव, मनोरंजन प्रधान मानसिकता आदि है, जिसकी वजह से समाज के बड़े हिस्से को स्तरीय व संस्कारित साहित्य से विमुख किया है। मंचों से कुछ कवि मित्रों की सस्ती लोकप्रियता हेतु की गई फ़ूहड़ चुटकुलेबाजी व विकृत मनःस्थिति के कुछ श्रोताओं द्वारा उन्हें सराहना देने से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कवियों का मन उद्वेलित होता है और वे भीतर ही भीतर कुंठित महसूस करने लगते हैं। जहां तक युवा पीढ़ी में साहित्य के प्रति अनुराग पैदा करने का सवाल है उसके लिए स्कूल स्तर पर उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक व साहित्यिक धरोहर से परिचित करवाना आवश्यक है। ऐसे में युवा पीढ़ी को स्कूल व कॉलेजों स्तर पर कविता लेखन प्रतियोगिताएं और कार्यशाला आयोजित प्रोत्साहित करना होगा, जिससे आकाशवाणी व दूरदर्शन से युवा केन्द्रित साहित्यिक गतिविधियां बढ़ाने की आवश्यकता है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि डा. शिवकांत शर्मा की प्रकाशित पुस्तकों में हरियाणा साहित्य अकादमी के सौजन्य से एक ग़ज़ल संग्रह 'दर्द की दहलीज़ से' प्रमुख रुप से सुर्खियों में है, जिसमें 84 गज़लें शामिल हैं। जबकि उनका एक ग़ज़ल संग्रह व गीत संग्रह प्रकाशाधीन हैं। ग़ज़ल संग्रह 'दर्द की दहलीज़ से' की भूमिका वरिष्ठ शायर ज़मीर दरवेश ने लिखी है। उनके लिखे गीत ग़ज़लें और अन्य रचनाएं राष्ट्रीय पत्र,पत्रिकाओं के अलावा काव्य संग्रहों में संकलित होकर प्रकाशित हुई हैं।
पुरस्कार व सम्मान 
साहित्य के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए डॉ. शिवकान्त शर्मा को हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा उनके ग़ज़ल संग्रह 'दर्द की दहलीज़ से' को सर्वश्रेष्ठ कृति सम्मान से नवाजा है। वहीं वे राज्यकवि उदयभानु 'हंस' कविता सम्मान से भी अलंकृत हो चुके है। इसके अलावा उन्हें विशिष्ट साहित्यिक अलंकरण, भिवानी रत्न, साहित्य कौस्तुभ सम्मान, ग़ज़ल-गौरव सम्मान, पं. देवराज संधीर स्मृति सम्मान, पंडित माधव मिश्र भिवानी गौरव सम्मान जैसे अनेक पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें साहित्यिक मंच से भी अनेक पुरस्कार मिले हैं। वहीं चिकित्सा के क्षेत्र में भी डा. शिवकांत को राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित व हरियाणा के 'ब्रांड एम्बेसडर' नियुक्त कर चुकी है और भारतीय छाती रोग सोसायटी की हरियाणा ईकाई द्वारा 'लीजैंड अवार्ड' से सम्मानित कर चुकी है। स्कूली शिक्षा के दौरान वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सर्वश्रेष्ठ छात्र सम्मान से तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल द्वारा पुरस्कृत किया जा चुका है। 
28Apr-2025

सोमवार, 21 अप्रैल 2025

चौपाल: सामाजिक निर्माण में फिल्मों का अहम योगदान: अशोक वर्मा

फिल्म अभिनेता के साथ फिल्म निर्माता के रुप में बनाई पहचान 
             व्यक्तिगत परिचय 
नाम: डा. अशोक वर्मा 
जन्मतिथि: 6 सितंबर 1982 
जन्म स्थान: गांव रामकली, जिला जींद(हरियाणा)
शिक्षा: ग्रेज्युएट 
संप्रत्ति: फिल्म निर्माता और अभिनेता 
संपर्क: सफीदो, जिला जींद(हरियाणा), मोबा. 9817605572 
-- BY-ओ.पी. पाल 
हरियाणवी सिनेमा के दौर को जीवंत करने के लिए फिल्म और लोक कला से जुड़े कलाकारों ने अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत करने के लिए बॉलीवुड तक का सफर तय किया है। ऐसे कलाकारों में पिछले लंबे समय से हरियाणवीं फिल्म उद्योग से जुड़े अभिनेता अशोक वर्मा भी शुमार है, जिन्होंने समाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर फिल्मों, वेब सरीज और सीरियलों में अपनी अभिनय की कला के साथ फिल्म निर्माता के रुप में भी लोकप्रियता हासिल की है। हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी सिनेमा में लेखन और अभिनय के साथ हास्य कलाकार के रुप में उन्होंने हिरयाणवी संस्कृति और सामाजिक सरोकार से जुड़ मुद्दों को सर्वपरि रखते हुए युवा पीढ़ी को भी सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है। फिल्म निर्माता और अभिनेता अशोक वर्मा ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें फिल्मों की पटकथा का सकारात्मक दृष्टिकोण समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है। 
---- 
 हरियाणवी फिल्म निर्माता और अभिनेता अशोक वर्मा का जन्म 6 सितंबर 1982 को जींद जिले के गांव रामकली में धर्मवीर वर्मा और ओमपति देवी के घर में हुआ। उनके पिता जींद के सफीदों में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में फोरमैन के पद पर तैनात रहे, जहां वह बचपन से ही परिवार के साथ रहते है। जबकि उनके बड़े भाई चिकित्सक के पेशे में है। घर परिवार में भले ही कोई सांस्कृतिक या कला का माहौल नहीं था, लेकिन अशोक वर्मा को बचपन से ही सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि थी। स्कूल के दौरान वह बाल सभाओं में होने वाले वाले कार्यक्रमों में हिस्सेदारी करते थे। उन्होंने बचपन में ही फिल्मों में काम करने का सपना देखा। यही कारण था कि जब भी वि टीवी पर प्रसारित होने वाली फिल्मों के डायलॉग बोलने का अभ्यास करके अपनी कला को अंजाम देने का प्रयास करते। बकौल अशोक वर्मा, साल 2001 में वह जब लैब तकनीशियन की परीक्षा देने चंडीगढ़ गया, तो पता चला कि पंजाबी हास्य कलाकार जसपाल भट्टी भी यहीं रहते हैं और उन्होंने उनसे मुलाकात करके अपनी कला को साझा किया। उन्होंने अपने साथ काम करने का मौका दिया और यहीं से उनका पंजाबी सीरियल प्रोफेसर मनी प्लांट से कला के क्षेत्र में करियर हुआ। फिल्म और कला के क्षेत्र में उनके माता पिता व भाई समेत परिवार के सभी सदस्यों ने उनको प्रोत्साहित किया और उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने में हर कदम पर सहयोग किया। अभिनेता अशोक वर्मा ने बचपन में फिल्मों में काम करने का जो सपना संजोया था उसी लक्ष्य के साथ वह 2005 में मुंबई पहुंच गये, जहां उन्होंने अपने एक दोस्त एवं टीवी सीरियल डायरेक्टर अभिषेक भोला के कहने पर हिंदी बॉलीवुड फिल्म 'गोल्डन बॉयज' के लिए ऑडिशन दिया, जिसके लिए उन्हें डॉक्टर के किरदार के रुप में असरानी और मुकेश तिवारी जैसे कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। इसी दौरान उन्होंने स्टार प्लस टीवी धारावाहिक में बॉलीवुड अभिनेता के साथ भी अभिनय करने के अलावा हिंदी सीरियल लापतागंज में काम किया, लेकिन कुछ परिवारिक समस्याओं के कारण उन्हें वापस हरियाणा आना पड़ा। उसके बाद उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा की और उसके बाद साल 2010 में फिर बॉलीवुड फिल्मों में काम करने के जज्बे के साथ फिर मुंबई जाकर काम किया। उसके बाद साल 2018 से उन्होंने हरियाणा फिल्म उद्योग में काम करना शुरु कर दिया। उन्होंने हरियाणवी वेब सीरीज़ भूतां का बटेऊ, फिल्मी थाना, दो जुगाड़ी, पहलवान बहु, फंडू सरपंच, फंडू का स्कूल, टाइम पास, धर्मे का कुनबा आदि कई अन्य फिल्मों में हास्य कला का प्रदर्शन किया। तब से वह लगातार हरियाणवी फिल्म उद्योग में काम कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म निर्माण और अभिनेता के रुप में हमेशा समाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर फोकस करते हुए ऐसी पटकथाओं पर आधारित फिल्मों का निर्माण और किरदार निभाया है, जिससे समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा सके और समाज में अपनी संस्कृति, भाषा, रीति रिवाज, खान-पान और परंपराओं को संरक्षित रखा जा सके। ऐसी परिवारिक और प्रेरणा दायक फिल्मों को लोगों ने पसंद भी किया है और फिल्मों को अवार्ड भी मिले हैं। 
ऐसे मिली अभिनय को मंजिल 
हरियाणवीं फिल्म उद्योग से जुड़े अभिनेता अशोक वर्मा ने पिछले दो दशक से ज्यादा समय के दौरान हरियाणवी, पंजाबी और हिंदी सिनेमा में काम करते हुए फिल्म निर्माता और फिल्म पटकथा लेखक के रुप में भी लोकप्रियता हासिल की है। अब तक 15 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय करने के साथ उन्होंने करीब 20 वेब सीरीज में भी प्रमुख अभिनेता का किरदार निभाया उनके द्वारा निर्मित हिट फिल्मों में पुनर्जन्म, रमेश रोशनी की लव स्टोरी, वीर किसान, स्वर्ग v/s नरक, भाई चारा आदि में हरियाणवी फिल्म पुनर्जन्म सुपर हिट फिल्म रही हैं, जिनमें उन्होंने अपने अभिनय की कला को भी दिखाया है। लोकप्रिय फिल्म निर्माता एवं अभिनेता की आने वाली फिल्मों में मासूम शर्मा, यशपाल शर्मा व सपना चौधरी के साथ फिल्म 'लाइसेंस' मुकेश दहिया के साथ फिल्म 'हलालपुर' के अलावा प्रीत पराई, कमीनो के सुपर स्टार, धीमा जहर, हैलो पुलिस, गडरिया, हॉरर, अनामिका होंगी। वहीं सुमन सेन और अनामिका बावा के साथ फिल्म 'एक रहस्य' और फिल्म 'रोहतक कब्ज़ा' हैं, जिसमें उन्होंने आशुमन प्रोडक्शन से खुद प्रोडूसर की भूमिका भी निभाई है। रोहतक कब्जा में विक्की काजला, अंजलि राघव और हरियाणा के बहुत से कलाकार अपने अलग अलग किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा अशोक वर्मा ने अमित सैनी रोहतकिया, मासूम शर्मा, एमडी, केडी, देव कुमार देवा, सुरेंदर रोमियो, मनीष मस्त, जीतू जी, विक्की काजला अन्नू कादयान, वीर साहू, सपना चौधरी आदि हरियाणवी टॉप सिंगरों के साथ भी करीब 400 हरियाणवी गानो में बतौर मॉडल व अभिनेता काम किया है। वहीं सरकार, राजनीतिक और विभिन्न कंपनियों के विज्ञापन फिल्मों में भी एक्टिंग की है। 
जीवंत हुआ हरियाणवी फिल्म उद्योग 
इस सोशल मीडया और आधुनिक युग में अभिनय, लोक कला, संगीत आदि की क्या स्थिति को लेकर अशोक वर्मा का कहना है कि हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री ने पूरे देश और विदेशो में अपनी छाप छोड़ी है और हर जगह हरियाणवी गाने बजते नजर आते हैं। यदि अगर हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री की बात करे, तो बहुत पहले हरियाणवी फिल्मो का दौर था, फिर बीच में कुछ धीमा हो गया, लेकिन फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा के निर्देशन बनी हरियाणवी फिल्म 'दादा लख्मी' ने हरियाणवी फिल्मों को ऐसी दिशा दी है कि अब लगातार अलग अलग प्लेट फार्म पर फिल्मों, सीरियल व वेब सीरीज ने हरियाणवी फिल्म उद्योग को जीवंत कर दिया है। यही कारण है कि अपनी संस्कृति को लेकर आज का युवा भी सोशल मीडिया रील के जरिए इस क्षेत्र मंय अपनी पहचान बनाने का प्रयास करने लगा है। 
पुरस्कार व सम्मान 
हरियाणवी फिल्म निर्माता एवं अभिनेता अशोक वर्मा को उनकी फिल्म 'धीमा जहर' को हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोहतक के एमडीयू में आयोजित हरियाणा फिल्म महोत्सव में बेस्ट एडिटर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। ल 2022 में ग्लोबल आईकोनिक अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें स्कूल, कालेज और अन्य कार्यक्रमों में अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। 
21Apr-2025

सोमवार, 14 अप्रैल 2025

साक्षात्कार: समाजहित में साहित्यक अध्ययन का खास महत्व: डा. अशोक अत्री

बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक की समस्याओं को बनाया रचनाओं का हिस्सा 
           व्यक्तिगत परिचय
 नाम: डा. अशोक कुमार अत्री 
जन्मतिथि: 09 जनवरी 1974 
जन्म स्थान: गांव ऐंचरा खूर्द, जींद (हरियाणा) 
शिक्षा: बी.ए, बी.एड. एमए, एम.फिल, पीएच.डी. 
संप्रत्ति: असिस्टेंट प्रोफेसर(राजनीतिक शास्त्र), लेखक, साहित्यकार 
सपंर्क: मकान न 704, सैक्टर 19, हुड्डा, कैथल, मोबा. 9416558150/7015589827 
BY--ओ.पी. पाल 
साहित्य के क्षेत्र में गद्य और पद्य दोनों विधाओं में साहित्य साधना करते आ रहे लेखकों ने समाज को नई दिशा देने के मकसद से अपने रचना संसार को दिशा दे रहे हैं। ऐसे ही साहित्यकारों में शिक्षाविद् डा. अशोक कुमार अत्री भी अपनी लेखनी से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों के अलावा प्रकृति, पर्यावरण और सभ्यता तथा रीति रिवाजों को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक की समस्याओं को अपनी रचनाओं में समाहित करके संस्कृति के संवर्धन करने में जुटे हुए हैं। एक शिक्षक के रुप में वे कालेज में सांस्कृतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए युवा पीढ़ी को साहित्य से जुड़े रहने सीख देकर उन्हें विशेष रुप से हरियाणवी संस्कृति के देश विदेशों में बढते प्रचार एवं प्रभाव का मौका दे रहे हैं। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत के दौरान शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डा. अशोक कुमार अत्री ने अपने साहित्यिक सफर को लेकर कुछ ऐसे पहलुओं का जिक्र किया है, जिसमें साहित्य समाज को सकारात्मक संदेश देने में सक्षम है।
--- 
हरियाणा के कैथल स्थित आरकेएसडी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रुप में कार्यरत डा. अशोक कुमार अत्रि का जन्म 09 जनवरी 1974 को जींद जिले के गांव ऐचरा खुर्द में मामन राम व श्रीमती शांति देवी के घर में हुआ। उनका यह गांव साहित्यिक चेतना के स्थल के रूप में समृद्ध एवं प्रसिद्ध रहा है। यहां गांव की सबसे बड़ी हस्ती के रुप में पं जगदीश चन्द्र वत्स हरियाणवी कथा एवं सांग लेखन में शास्त्रीय स्वरुप के आधार माने जा सकते हैं। अशोक के दादा पं ज्ञानीराम हमारे क्षेत्र के प्रसिद्ध गायक रहे हैं, तो उनकी दादी भी लोक सत्संग में लीन रहती थी। उनके पिता पं मामनराम एवं चाचा पं राजेंद्र शास्त्री रामलीला के मंजे हुए कलाकार रहे हैं। मसलन उनके परिवार में साहित्य और सांस्कृतिक माहौल रहा है। लेकिन उनका साहित्यिक सफर बहुत बाद में शुरू हुआ यानी शिक्षण कार्य में आने के बाद ही उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि उन्हें लेखन करना चाहिए। हालांकि वह तुकबंदी कर लेते थे अर्थात कोई शेर या कविता करता था तो वह उसी लहजे में कुछ लाईने जोड़ लेते थे। उन्होंने पहली बार अपनी भतीजी मन्नू के लिए पहली कविता लिखी थी। बकौल डा. अशोक अत्रि, उन्हें पढाई के दौरान से ही कविताएं पंसद रही हैं, जिसमें अयोध्या सिंह उपाध्याय की 'एक बूँद' उनकी पंसदीदा कविता रही। उसके बाद पढते हुए अंग्रेजी कविता रोड नोट टेकन, डेफोडिल्स एवं गो एंड कैच ए फालिंग स्टार उन्हें बहुत पसन्द आई। उनका पहला कविता संग्रह 'दिल चाहता कुछ बताना था' जिसमें उनके जीवन संघर्ष से जुडी यादें समाहित है और इसकी थीम कविता 'वो दिन' एक लम्बी कविता है। इस संग्रह में जीवन के विभिन्न आयामों से सम्बंधित कविताएं शामिल हैं। विशेषरूप से हरियाणावी संस्कृति एवं उसके विभिन्न पक्षों को भी इसमें समायोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि जब उनके चचेरे भाई आनंद को उनके द्वारा लेखन करने का पता लगा, तो उन्होंने अपना पब्लिकेशन ही शुरू किया एवं उनके कविता संग्रह की हजारों प्रतियाँ छाप दी। उन्होंने विशेष रुप से गांव का तालाब कविता का जिक्र करते हुए बताया कि ग्रामीण समाज में तालाब गांव की जीवन रेखा होते थे, कपडे धोना, नहाना, पशुओं को नहलाना, महिलाओं के द्वारा रीति रिवाज़ सभी इससे जुड़े होते थे, लेकिन अब ये ऊझाड, बेजान पडे हैं, कब्जाग्रस्त हैं इसलिए यह मुद्दा भी सामाजिक सरोकार से जुड़ा है। इसी प्रकार बदलते परिवेश में सामाजिक और तीज त्यौहार व रीति रिवाज की चर्चा को लेकर भी उनके लेखन का फोकस रहा है, जिसके लिए उन्होंने उन्होंने ग्रामीण जीवन, सामूहिक परिवार, त्यौहारों का परम्परावादी रूप, हरियाणवी वेशभूषा, खानपान, उभरती समस्याओ पर फोकस करते हुए कविता एवं कहानी लिखने का प्रयास किया है। मसलन महात्मा गांधी के दर्शन पर आधारित कविता 'गांधी अकेला' एक और अन्य महत्वपूर्ण रचना में उन्होंने समकालीन समय में गांधी के आदर्शो के प्रति जनता की उदासीनता को उजागर किया है। इसके अलावा प्रकृति से जुड़ी कविताओं में पर्यावरण की समस्या को उठाया गया है। वहीं समाज की सजगता के लिए पति-पत्नी सम्बन्धों, नौजवानों और बच्चों पर भी उन्होंने कविताएं लिखी हैं। उन्होंने बताया कि जीवन में उतार चढ़ाव आना भी स्वाभाविक है और उनके सामने भी स्वास्थ्य सम्बंधित समस्याएं उभरी और घबराहट से बचने का अलग अलग तरीका ढूंढने लगा। इसके बाद उन्होंने कविता लेखन के साथ कहानी भी लिखना शुरू किया, तो उन्हें राहत व शांति मिली। इसके बाद उनका कहानी संग्रह 'फिर सुबह' और उसके बाद कविता संग्रह 'आ अब लौट चलें प्रकृति की ओर' प्रकाशित हुआ। उनके साहित्य में हरियाणवी संस्कृति के अनछुए पहलूओं को महत्व दिया गया है। उन्होंने अपने कश्मीर, गोवा, शिमला, नैनीताल, इंदौर, आईजोल, रांची, मनाली, पांडीचेरी, जयपुर, मुम्बई, भोपाल, कलकत्ता, लखनऊ, अमृतसर, वैष्णो देवी, रामेश्वरम एवं अजमेर आदि यानी भारत भ्रमण को भी हास्य प्रदान अनुभवों से जोड़कर यात्रा वर्तांत के रुप में पाठकों तक एक कृति को पहुंचाया है। वहीं एक शिक्षक के रूप में महाविद्यालय में आज भी उनके पास सास्कृतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी हैं, जिसमें महाविद्यालय राज्यस्तरीय रत्नावली कार्यक्रम का विजेता होने के कारण वह हरियाणवी संस्कृति पर ज्यादा जोर देते आ रहे हैं। नई पीढ़ी को वे विशेषरूप से सांग, रिचवल, चौपाल, नृत्य को विशेष तव्वजो एवं फुलझड़ी एवं बिंदरवाल बनाना जैसी विधाएं सीखा रहें हैं। खासबात ये भी है कि डॉ. अशोक कुमार अत्री हरियाणा के एक मात्र ऐसे साहित्यकार एवं लेखक हैं, जिन्होंने तुर्की के एसआईआईआरटी विश्वविद्यालय सिरट में हुई अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में अपना शोध-पत्र ‘ट्रैड रूट पालिटिक्स:द इंडियन व्यू’ प्रस्तुत किया था, जिसमें ग्रुप-20 सम्मेलन में भारत द्वारा प्रस्तावित ‘इंडिया मिडल ईस्ट यूरोप कोरिडोर’ पर सहमति एवं इससे संबंधित उभरी राजनीति को जानने की कोशिश शामिल है। 
बदलाव के दौर मे हरियाणवी साहित्य 
साहित्यकार एवं कवि डा. अशोक अत्री का इस आधुनिक युग में साहित्य के सामने चुनौती को लेकर कहना है कि आज खासतौर से हरियाणवी साहित्य बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हालांकि इसके दोनों ही पक्ष हैं, जसमें हरियाणवी संस्कृति को बढावा भी मिला है, लेकिन वहीं कुछ अप्रासांगिक तथ्य शामिल होने से विशेष रुप से जातिय श्रेष्ठता, गन संस्कृति का समर्थन एवं लोक परम्परा का अभाव एक नकारात्मक पहलु के रूप कहे जा सकते हैं। ऐसे में इस बात की आवश्यकता है कि साहित्य में गहन अध्ययन मनन करने से ही समाज, खासतौर से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करने पर फोकस होना चाहिए, ताकि समाज में तेजी से उभरती कुरीतियों को दूर करने में मदद मिल सके। इसके लिए हरियाणा के साहित्यकारों एवं कलाकारों को अपनी जड़ो को पहचानने एवं टिके रहने की आवश्यकता है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
डा. अशोक कुमार अत्री की प्रकाशित प्रमुख पुस्तकों में कविता संग्रह 'दिल चाहता कुछ बताना था' और 'आ अब लौट चलें प्रकृति की ओर', कहानी संग्रह 'फिर सुबह' के अलावा पुस्तक 'भारत एवं मध्य एशिया के गणराज्य' हैं। जबकि उनकी दो कृति यानी रचना 'ये कौन छायाकार है' और एवं 'यात्रा वृत्तांत' प्रकाशनाधीन है। उनके साहित्य में हरियाणवी संस्कृति के अनछुए पहलूओं को महत्व दिया गया है। वहीं उनकी महात्मा गांधी के दर्शन पर आधारित कविता 'गांधी अकेला' भी सुर्खियों में रही है। 
पुरस्कार एवं सम्मान 
साहित्यकार डा. अशोक अत्री को साहित्य क्षेत्र में योगदान के लिए अनेक पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इनमें हरियाणा साहित्य अकादमी ने उनकी पुस्तक के लिए प्रकाशन प्रोत्साहन के लिए नकद राशि दी है, तो वहीं उन्हें साहित्य सभा कैथल से बीबी भारद्वाज समृति सम्मान, हरियाणा संस्कृत अकादमी से प्रशस्ति पत्र, जिला प्रशासन कैथल से जनगणना 2011 में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और कोरोना काल में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान, अग्रवाल सभा कैथल से साहित्य सम्मान, डीएवी महाविधालय करनाल से सांग विधा के प्रचार प्रसार के लिए सम्मान और एसडी महाविद्यालय पानीपत से विकसित भारत युवा संसद में योगदान के लिए सम्मान जैसे अनेक पुरस्कार व सम्मान से नवाजा गया है। 
14Apr-2025

सोमवार, 7 अप्रैल 2025

चौपाल: सामाजिक व सांस्कृति क्षेत्र में कला का अहम योगदान: चेतना

अभिनय क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ अवार्ड ने दिलाई अभिनेत्री की पहचान 
        व्यक्तिगत परिचय 
नाम: चेतना सारसर 
जन्मतिथि: 25 अक्टूबर 1999 
जन्म स्थान: गांव तलाव, जिला झज्जर (हरियाणा)
शिक्षा: ग्रेजुएट, एक्टिंग एवं एडिटिंग कार्स (सुपवा) 
संप्रत्ति: अभिनय, लेखन 
 संपर्क: गांव तलाव, जिला झज्जर (हरियाणा)। मोबा. 9996523991 
BY-ओ.पी. पाल 
हरियाणा की समृद्ध संस्कृति के संवर्धन के लिए समाज को सजग करने की दिशा में साहित्यकारों, लेखकों, लोक कलाकारों और गीतकारों जैसी शख्सियतों ने जिस रुप में अपना अहम योगदान दिया है, उससे हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनी है। ऐसे ही हरियाणा की युवा पीढ़ी भी यह साबित करती नजर आ रही है कि कला किसी की मोहताज नहीं है। ऐसी ही कहानी ग्रामीण परिवेश से निकलकर फिल्म जगत में एक अभिनेत्री के रुप में पहचान बनाकर हरियाणा की बेटी चेतना सारसर अपनी अभिनय कला के जुनून को अंजाम दे रही है। खास बात है कि वह केवल एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि कविताएं और कहानियां तथा फिल्मों की पटकथा लिखकर समाज को सकारात्मक संदेश भी दे रही है। हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में प्रतिभाशाली अभिनेत्री चेतना सारसर ने कुछ ऐसे पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें कला सकारात्मक पक्ष समाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में अपना अहम योगदान दे सकता है और वहीं इसी सोच, लगन और मेहनत के बल पर हर इंसान के लिए अपना लक्ष्य को हासिल करना भी संभव है। 
---- 
हरियाणा की प्रतिभाशाली अभिनेत्री चेतना सारसर का जन्म 25 अक्टूबर 1999 को झज्जर जिले के तलाव गांव में रोहतास और सुमन लता के घर में हुआ। ग्रामीण परिवेश में लड़कियों के लिए परिवारिक माहौल अलग ही होता है, लेकिन उनके पिता दुकानदार हैं, जो सामाजिक कार्यो में सक्रीय हैं और एक सामाजिक कार्यकर्ता के रुप वे मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। घर परिवार में आर्थिक तंगी और हालातों के कारण चेतना के माता-पिता खुद ज्यादा पढ़ाई नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी चेतना को पढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। चेतना की प्रारंभिक शिक्षा झज्जर के एक सरकारी स्कूल में हुई। उन्होंने छठी कक्षा से ही खेलों खासकर ताइक्वांडो में रुचि लेना शुरू किया और बाद में वह राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी बनकर उभरी। उस समय वह अपने करियर में पुलिस अधिकारी या कोच बनने का सपना देखती थी। उन्होंने झज्जर के ही सरकारी कन्या सीनियर सेकैंडरी स्कूल से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। बकौल चेतना, सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों यानी अंधविश्वास व कुरीतियों के खिलाफ सामाजिक चेतना जगाने के लिए कुछ कलाकार गांव में आकर नुक्कड नाटक करते थे, तो उनकी एक्टिंग को देखकर उसने भी अभिनय के क्षेत्र में एक्टिंग करने का सपना संजोया। गांव में नाटक मंडलियों के कार्यक्रमों से उनकी अभिनय जैसी कला के प्रति अभिरुचि इतनी गहराती गई कि उसने एक अभिनेत्री बनने का लक्ष्य तय करके जो सपना देखा था, वह आज अभिभूत होता दिख रहा है और वह एक अभिनेत्री के रुप में अपनी पहचान बनाती जा रही है। हालांकि उनके परिवार या सगे संबन्धियों में कहीं तक भी कोई कला या सांस्कृतिक माहौल नहीं था। चेतना ने स्नातक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद जब घर में एक्टिंग का कोर्स करने के लिए एक्टिंग इंस्टीट्यूट में दाखिला लेने की इच्छा जताई, तो उनके माता-पिता ने कला के क्षेत्र में जाने के लिए उसका हौंसला बढ़ाया। परिवार के मिले प्रोत्साहन के बाद उसने साल 2017 में रोहतक स्थित पंडित लखमी चंद सुपवा में प्रवेश ले लिया। उन्होंने बताया कि उसे स्कूली समय से ही टीवी सीरियल्स देखना बहुत पसंद रहा और जब भी वह कोई अच्छा सीन देखतीं, तो बाद में आईने के सामने खड़े होकर उसी किरदार निभाने की कोशिश करती रही। धीरे-धीरे उन्हें एक्टिंग करने में अपना वह करियर नजर आने लगा, जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा। सुपवा यूनिवर्सिटी, रोहतक प्रवेश लेने के बाद उनके अभिनय करियर की असली शुरुआत हुई। हालांकि उनका कहना है कि उसने एक्टिंग कोर्स के लिए सुपवा में प्रवेश लिया था, लेकिन कुछ कारणों से उन्हें कोर्स बदलकर एडिटिंग में प्रवेश लेना पड़ा। लेकिन उन्होंने मन में ठान लिया था कि वह अभिनय की कला को कतई नहीं छोड़ेंगी। खास बात ये भी है कि चेतना स्टूडेंट प्रोजेक्ट्स में लगातार अभिनय करती रहीं, जिससे उन्हें इंडस्ट्री में बाहरी प्रोजेक्ट्स में भी काम करने के मौके मिलने लगे और इसी लगन व मेहनत का नतीजा है कि अभिनय के प्रति जुनून के चलते वह आज उस मुकाम पर है, जो उनका लक्ष्य का रास्ता है।
हरियाणा सिनेमा में योगदान
हरियाणवी सिनेमा में योगदान देकर गौरवान्वित महसूस करती चेतना का कहना है कि वह अब पूरी तरह अपने अभिनय करियर पर फोकस कर रही है और भविष्य में फिल्मों व वेब सीरीज में अपने दमदार अभिनय के जरिए ऐसी सकारात्मक किरदार निभाने का लक्ष्य है, जिससे उनकी भूमिका समाज को अपनी संस्कृति के प्रति संदेशवाहक बन सके। इसके लिए चेतना सारसर सिर्फ एक अभिनेत्री के रुप में ही नहीं, बल्कि वह एक लेखिका के रुप में भी छोटी-छोटी कविताएं और कहानियां लिखती हैं। वहीं उन्होंने कई लघु फिल्मों की पटकथा भी लिखकर अपने करियर को फिल्म निर्देशक और प्रोड्यूसर तक बुलंद करने की योजना को भी आगे बढ़ाया है। 
यहां से मिली मंजिल 
हरियाणा की अभिनेत्री चेतना सारसर ने सुपवा में प्रवेश के दौरान ही फिल्म स्कूल के स्टूडेंट प्रोजेक्ट्स, शॉर्ट फिल्मों और गानों में काम करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे उसने अपने अभिनय कौशल को निखारने की मुहिम को आगे बढ़ाया। मसलन उसे हरियाणा के चर्चित मिर्चपुर कांड पर आधारित राजेश अमरलाल बब्बर ने निर्देशित वेब सीरीज 'कांड 2010' में अभिनय करने का मौका मिला, जिसमें उसने दलित युवती रीता का किरदार निभाया। सच्ची घटना पर आधारित यह वेब सीरीज खूब देखी गई, जिसमें चेतना की मुख्य भूमिका को दर्शकों ने खूब सराहा। 
बेस्ट एक्टिंग अवार्ड
हरियाणा की उभरती सिने तारिका चेतना को एक अभिनेत्री के रुप में ऐसी पहचान मिली, कि पिछले दिनो ही मुंबई में आयोजित 5वें बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (बीआईएफएफ) में मशहूर अभिनेता मनोज जोशी और सीमा पाहवा के हाथों उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। इस अवार्ड को चेतना ने अपनी माता सुमन लता को समर्पित किया है। चेतना ने मेवात वेब सीरीज के केई एपिसोड में अभिनय करके अपनी कला का लोहा मनवाया है। उन्होंने वेबसीरीज अखाडा, क्राइम पेट्रोल में भी प्रमुख किरदार निभाया है। 
07Apr-2025

सोमवार, 31 मार्च 2025

साक्षात्कार: प्रकृति और मानव के बीच दूरियां मिटाने में अहम साहित्य: कृष्ण लाल गिरधर

सामाजिक सरोकार के मुद्दों पर कविताओं के लेखन से मिली पहचान 
           व्यक्तिगत परिचय 
नाम: कृष्ण लाल गिरधर 
जन्मतिथि: 12 सितंबर 1961 
जन्म स्थान: गांव-मदीना (रोहतक), 
शिक्षा:एम.ए.(अंग्रेजी),एम.ए.(पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन), एम.एड 
संप्रत्ति:सेवानिवृत्त प्रवक्ता (अंग्रेजी), लेखक, साहित्यकार, कवि 
संपर्क: 388, सेक्टर-02, रोहतक (हरियाणा), मोबा: 9466306226\8708468289 ई-मेल : krishanlal388@gmail.com 
BY-ओ.पी. पाल 
साहित्य और संस्कृति का संवर्धन का सर्वहित में समाज को नई दिशा देने में अहम योगदान माना गया है। इसी मकसद से लेखक, साहित्यकार एवं कलाकार अपनी अलग अलग विधाओं में साहित्य साधना करते आ रहे हैं। साहित्य के क्षेत्र में हिंदी, हरियाणवी, अंग्रेजी एवं अन्य भाषाओं में लेखन करने वाले विद्वानों ने अपनी संस्कृति को संजोए रखने समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है। ऐसे ही साहित्यकारों में शुमार कृष्ण लाल गिरधर ने साहित्यिक सफर में हिंदी, अंग्रेजी और हरियाणवी भाषा में अपनी कविताओं और आलेखों के माध्यम सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दो के अलावा प्रकृति, पर्यावरण, मनुष्य का व्यवहार, मानवता, दया, सत्य, प्रेम और करूणा जैसे विषयों को उजागर कर लोकप्रियता हासिल की है। खासतौर से करोना काल में मानवीय मूल्यों और भारतीय संस्कृति के लिए सामाजिक सेवा और लेखन से योगदान करने वाले शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं कवि कृष्ण लाल गिरधर ने हरिभूमि संवाददाता से बातचीत के दौरान कुछ ऐसे अछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें साहित्य के जरिए प्रकृति और मानव के बीच में बढ़ती दूरियां मिटाना संभव है। --- वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण लाल गिरधर का जन्म 12 सितंबर 1961 को रोहतक के निकटवर्ती गांव मदीना में मनोहर लाल और श्रीमती मीराबाई के घर में हुआ। पिता एक दुकानदार थे। गांव में ही खेतों खलियान के बीच प्रकृति की गोद में बचपन बीता और उनकी प्राथमिक शिक्षा दीक्षा हुई। राजकीय उच्च विद्यालय मदीना से उन्होने मैट्रिक पास की और सन् 1977 में हिंदू कॉलेज रोहतक में दाखिला लिया। सन 1981 में बी.ए. की परीक्षा पास करने के बाद सर छज्जू राम कॉलेज हिसार में बी.एड.में दाखिला लिया। सन 1982 में बतौर गणित अध्यापक के रुप में राज्यकी सीनियर सेंकैंडरी स्कूल निदाना, साल 2002 में राजकीय सीनियर सेकैंडरी स्कूल सांपला और साल 2005 से सितंबर 2019(सेवानिवृत्ति) तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मदीना में कार्यरत रहे। करीब बीस साल उन्होंने अंग्रेजी मास्टर ट्रेनर के रुप में कार्य किया। अध्यापन के दौरान उन्होंने एम.ए.(पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन), एम.ए.(अंग्रेजी) और एमएड. की परीक्षाएं महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक से उत्तीर्ण की। दरअसल उनका परिवार भारत विभाजन के बाद अमृतसर और उसके बाद कुरुक्षेत्र से जिला रोहतक में आकर बस गया। उनके परिवार में किसी प्रकार का कोई साहित्यिक माहौल नहीं था। सन 1978 में कॉलेज समय के दौरान उन्होंने पहली कविता लिखी और आज के अवसर और हिंदू कॉलेज रोहतक की तरफ से उन्होंने गॉड कॉलेज रोहतक में काव्य पाठ प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। अपने जीवन की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जब वह अंग्रेजी परीक्षा की तैयारी अपने गांव के पास नहर पर स्थित एक ही बड़े शीशम के पेड़ के नीचे बैठकर अध्ययन कर रहा था और उसमें जॉन मिल्टन द्वारा अंग्रेजी की कविता ऑनहिज ब्लाइंडनेस पढ़ रहा था, कि अचानक लगभग 5 फीट लंबा कोबरा सांप उनके सामने से गुजरा और सीधा नहर से पानी पीकर के सूर्य नमस्कार किया और वापस उनके आगे से ही गुजर गया, लेकिन उसने उसे कोई हानि पहुंचाई। बकौल कृष्ण लाल, यहां से उन्हें एक संदेश मिला, जो कि जॉन मिल्टन ने भी कहा कि वह अंधा हो गया है, लेकिन परमात्मा ने उन्हें लेखन कार्य दिया है वह तो उन्हें करना ही पड़ेगा, वरना आगे उसके दरबार में वह क्या जवाब देगा। इस प्रकार उन्हें अंदर सेही एक प्रेरणा मिली और फिर कलम उठाकर लिखना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि सबसे पहले सन 1995 में राज्य शिक्षक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के जनसंख्या विभाग में मेरी दो हिंदी कविताएं प्रकाशित हुई। मार्च 2007 में 'मैं विकलांग नहीं हूं' शीर्षक कविता प्रकाशित हुई। इसके बाद घरेलू परस्थितियों के कारण वह 10 साल तक साहित्यिक रचनाओं में योगदान नहीं कर पाए। साहित्यिक साधना में उनकी रचनाओं का फोकस पर्यावरण, सामाजिक कुरीतियों, मनुष्य का व्यवहार, मानवता, दया, सत्य, प्रेम करूणा आदि के भाव रहे है। अभी तक लगभग 60 हिंदी कविताएं प्रकाशित है और 100 कविताओं के कविता संग्रह पर काम जारी है। हरियाणवी भाषा में भी उन्होंने करीब 67 कविताएं लिखी, जिनमें से एक है 'शहर मह ताई'' जो कि पर्यावरण पर कुठाराघात है, जो एनसीईआरटी गुड़गांव में भाषा प्रशिक्षण सेमिनार में सन 2005 में प्रस्तुत की गई। वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण लाल गिरधर ने बताया कि सन् 2017 से 2024 तक उन्होंने अंग्रेजी शायरी लिखना शुरु किया और अंग्रेजी भाषा में उनकी किताबे प्रकाशित हुई। साहित्य साधना के अलावा कृष्ण लाल सामाजिक सेवा में भी सक्रीय है, जिन्होंने कोराना काल के दौरान अज्ञात किडनी रोगी को स्वैच्छिक प्लाज्मा दान करके मानवीय भाव को प्रकट किया और समाज को जागरुकता के लिए महामारी के दौर में प्रकृति पोषण और मनुष्य और प्रकृति को लेकर कविताएं भी लिखी। भारत विकास परिषद जैसी सामाजिक संस्थाओं से जुड़े कृष्णलाल के लेख, कविताएं और विभिन्न पत्रिकाओं में भी प्रकाश होते आ रहे हैं। 
साहित्य की स्थिति चुनौतीपूर्ण 
साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए साहित्यकार कृष्ण लाल का कहना है कि आज के बदलते परिवेश में साहित्य की स्थिति चुनौतीपूर्ण है, जिसमें पारिवारिक दबाव एवं एकल परिवार दवाब के कारण खासतौर से युवाओं में साहित्य के प्रति रुचि बेहद कम होना चिंता का विषय है। उनका मानना है कि यदि युवाओं को साहित्य के प्रति प्रेरित न किया गया, तो आने वाले समय में हम अपनी संस्कृति एवं धरोहर को लुप्त कर लेंगे। इसलिए युवा पीढ़ी का साहित्य और संस्कृति के प्रति मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर साहित्य उत्सव का आयोजन करना जरूरी है। खासतौर से युवाओं को साहित्य सर्जन के लिए प्रेरित करने के लिए प्राइमरी स्कूल स्तर पर ही अथक प्रयास करने होंगे, जिसमें कक्षा अध्यापकों का कला और साहित्यिक सकारात्मक रुझान होना अति आवश्यक है। यह भी सत्य है कि आज साहित्य लेखन के स्तर पर भी गिरावट आई है और इसके मूल कारण स्कूलों कॉलेजों में साहित्यिक गोष्ठियों की कमी आई है। इस आधुनिक युग में साहित्य के प्रति पठन-पाठ का कम होने का भी एक मुख्य कारण है कि आजकल की युवा शक्ति की आधुनिक अंधी दौड़ भी है। वहीं हर कोई गूगल या अन्य आधुनिक डिवाइसेज पर विश्वास करके पुस्तकों के पढ़ने में कम रुचि दिखा रहा है। दूसरा मुख्य कारण यह भी है कि आजकल की जो भी चलचित्र या एपिसोड युवा पीढ़ी नेटफ्लिक्स या अन्य प्रोग्राम पर देखती है, उसमें साहित्यिक रुचि को ना दिखाकर केवल मनोरंजन के साधन तक सीमित कर दिया है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
शिक्षाविद् एवं साहित्यकार कृष्णलाल गिरधर की प्रकाशित अंग्रेजी भाषा की छह पुस्तकों में फिलिंग फीलिंग फेदर्स, लाईफ( लिव, लव, लाफ़), लव एंड पीस तथा मी एंड माई अनसैड फिलिंग्स सुर्खियों में हैं। वहीं उनकी दो पुस्तकें नेचर नचर्स और मैन एंड नेचर करोना काल के दौरान लिखी गई, जबकि दो पुस्तकें महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से संबन्धित प्रकाशित हुई हैं। इसके अलावा उन्होंने हिंदी साहित्य में करीब सौ कविताएं लिखी, जिनका संग्रह जारी है। वहीं उन्होंने 67 कविताएं हरयिाणवी भाषणा में लिखी हैं। उनके हिंदी व अंग्रेजी लेख तथा कविताएं सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं की पत्रिकाओं में भी प्रकाशित हुई हैं। 
पुरस्कार व सम्मान 
हिंदी और अंग्रेजी साहित्यकार कृष्ण लाल गिरधर को उनकी पुस्तक पर मेघालय के तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक से राज्यपाल पुरस्कार मिल चुका है। वहीं उन्हें अंतर्राष्ट्रीयश् अंग्रेजी साहित्य के करीब 75 सम्मान पत्र (सर्टिफिकेट) मिले हुए हैं। हरियाणा साहित्य अकादमी से भी उन्हें उनकी पुस्तक मी एंड माई अनसैड फिलिंग्स के लिए पुरस्कृत किया जा चुका है। हरियाणा राज्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम भी उन्हें कई प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर चुका है। जबकि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से भी उन्हें कई पुरस्कार के रुप में सम्मनित किये जा चुके हैं। 
31Mar-2025

सोमवार, 24 मार्च 2025

चौपाल: सामाजिक और संस्कृतिक विरासत को संजोने में फिल्मों की अहम भूमिका: विजय तंवर

फिल्मों, धारावाहिक और वेबसीरिज के निर्देशक के रुप में बनाई पहचान 
       व्यक्तिगत परिचय 
नाम: विजय तंवर 
जन्मतिथि: 15 दिसंबर 1965 
जन्म स्थान: गांव करोला, जिला गुरुग्राम(हरियाणा)
शिक्षा: पोस्ट ग्रेजुएट, फिल्म मेकिंग कोर्स 
संप्रत्ति: फिल्म सहायक निर्देश, कलाकार 
संपर्क: गुडगांव (हरियाणा), मोबा: 9873915125 
BY-ओ.पी. पाल 
भारत एक संस्कृतिक देश है, जिसमें हरियाणा की समृद्ध संस्कृति का अपना अलग महत्व है, जिसकी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलख जगाने में कलाकार, गीतकार, साहित्यकार और लेखक अपनी अपनी विधाओं में साधना करते आ रहे हैं। ऐसे ही फिल्म जगत में अपनी कला के माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति को सर्वोपरि रखने का संदेश देते आ रहे कलाकार विजय तंवर ने अभिनेता के साथ फिल्म निर्देशक की भूमिका में लोकप्रियता हासिल की है। हिंदी, हरियाणवी और क्षेत्रीय फिल्मों के अलावा धारावाहिक व वेबसीरिज के निर्माण में जुटे फिल्म निर्देशक विजय तंवर ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत में कुछ ऐसे तथ्यों को भी उजागर किया है, जिसमें फिल्मों के क्षेत्र में कला और संस्कृति के आधार पर निर्मित फिल्मों से सामाजिक विरासत को संजोना संभव है। --
-- 
हरियाणा की लोक कला और संस्कृति को नया आयाम देने में जुटे कलाकार विजय तंवर का जन्म 15 दिसंबर 1965 को गुरुग्राम जिले के गाँव करोला में जगदीश सिंह तंवर और श्रीमती भगवती देवी के घर में हुआ। उनका परिवार की पृष्ठभूमि डिफेंस से संबन्धित है, जिनके पिता भारतीय नौसेना में थे। पिता के साथ रहते हुए ही उन्होंने अपनी स्कूली और कालेज की शिक्षा मुंबई में ही ग्रहण की। उनके परिवार में उन्हें अभिनय, रंगमंच या संगीत का माहौल तो कतई नहीं मिला, लेकिन वह स्कूल में अपनी म्यूजिक क्लास के दौरान थोड़ा गाना बजाना कर लिया करते थे। इसी कारण स्कूल के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने लगे। स्कूल मे कविता लेखन, निबंध लेखन, ड्रामा क्लास के माध्यम से उनमें लोक कला के प्रति रुझान सामने आया। बकौल विजय तंवर, जब वह कक्षा सात में थे, तो उन्होंने युगल गीत प्रतियोगिता मे भाग लिया और जबकि उसका साथ समारोह के दिन गायब रहा, जिसके कारण सबकुछ गाना और अभिनय उन्हें ही करना पड़ा। हालांकि इस गाने में उनकी भूमिका केवल इंजन की सिटी बजाने की थी, लेकिन 'गाड़ी बुला रही है सीटी बजा रही है' को उसने जैसे तैसे पूरा किया, लेकिन तालियों की गड़-गडगडाहट ने उन्हें गाने की बीच हुई गलतियों को भी भुला दिया। इसके लिए उनकी सराहना हुई, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था और उसके बाद उन्होंने धीरे धीरे स्कूल की सभी सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी करके कुछ न कुछ कला का प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। भले ही वह कविता लेखन हो या निबंध अथवा फिर डांस या नाटक सभी में वह बढ़चढ़कर हिस्सा लेते रहे। इसी उत्साह और कला के बढ़ते प्रभाव के कारण उन्होंने सड़क सुरक्षा, पेट्रोल टीम, एनसीसी टीम, तैराकी आदि क्षेत्र में स्कूल स्तर से कालेज स्तर तक अपने हुनर से अव्वल रहकर सभी के दिलों में जगह बनाई। उन्होंने बताया कि दसवी कक्षा के दौरान मुंबई में उन्होंने तीन फिल्मों त्रिशूल, नास्तिक, रॉकी इत्यादि की शूटिंग को देखा तो उनके मन में काम करने का जज्बा पैदा हुआ। खासकर शूटिंग के दौरान सभी प्रमुख अभिनेता समेत सभी कलाकार निर्देशक से लेकर तकनीकी टीम को सम्मान देते हैं और निर्देशक के इशारे पर काम करते हैं। उन्होंने सम्मान की खातिर फिल्म जगत में किसी भी ऐसी भूमिका के लिए उत्सुकता महसूस की। इसलिए वह फिल्म निर्देशकों और प्रोड्यृशरों के दफ्तरों के चक्कर काटकर उनसे मेलजोल बढ़ाने लगा। फिल्म क्षेत्र में काम करने के लिए ही विजय तंवर ने सामाजिक कार्य में प्रोफेशनल मास्टर डिग्री, फिल्मोग्राफी, फिल्म मेकिंग में कोर्स भी किये हैं। 
ऐसे मिली मंजिल 
फिल्म निर्देशक विजय तंवर ने बताया कि उनके ग्रेज्युएशन के दौरान कुछ प्रोड्यूशर डायरेक्टरों से संबन्ध मजबूत हुए, तो उन्हें सहायक निर्देशक के रुप में काम मिल गया। हालांकि उन्होंने ऐसा कोई कोर्स तो नहीं किया था, इसलिए भरोसा जमाने के लिए चार पांच साल लग गये। जैसे तैसे उन्हें पहली फिल्म मिली तो उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उसके बाद पांच फिल्मों में काम किया, जिनमें दो रिलीज हो पाई। उनके सहायक निर्देशन में पहली रिलीज होने वाली फिल्म 'अधूरी सुहाग रात' थी, जिसके मुख्य किरदार मोनेश बहल, अमिता नाजिया और भारत भूषण थे। जबकि उनकी दूसरी फिल्म मोहब्बत मेरा नसीब थी, जिसमें अनुपम खेर, सुरेश ओबरॉय, मोनेश बहल, पुनीत इसार आदि रहे। इसके बाद बागी औरत फिल्म में उन्होंने काम किया। ग्रेज्युएशन के बाद उन्होंने दूरदर्शन पर 52 एपिसोड का सीरियल 'दास्ताने हातिम ताई' किया, जिसमें प्रेम चोपड़ा, शमी कपूर, सुजीत, परीक्षित साहनी, विश्वजीत आदि दिग्गज कलाकार शामिल रहे। उन्होंने इसके बाद एसोसिएट डायरेक्टर के रुप में तीन और सीरियल किये, जिनमें द ग्रेट मौघाल्स में इजहार अहमद, 'स्पेशल टास्क फोर्स' में शहबाज खान ने मुख्य किरदार की भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्हें एक हरियाणवी फिल्म चोरी नट की में काम करने का मौका मिला, जिसमें अर्जुन, जैक गौड आदि थे। तंवर ने हिंदी फिल्म गुड्डू में भी विजय तंवर को निर्देशन के रुप में काम करने का मौका मिला, जिसमें उनके साथ मुख्य किरदार निभाने वाले कलाकार शाहरुख खान, मनीषा कोइराला, नवीन निश्चल, मुकेश खन्ना जैसे दिग्गज कलाकारो शामिल रहे। फिल्मों में वॉलीवुड कलाकारों के साथ काम करने का मौका देने वाले निर्देशक कमल साहनी, राजन जौहरी, राकेश कश्यप और नरेश गुप्ता आदि के सहयोग व उनके प्रोत्साहन को वह कभी नहीं भूल सकते। 
पुरस्कार व सम्मान 
कलाकार विजय तंवर के निर्देशन में समाज में बालिकाओं की स्वीकार्यता पर आधारित निर्मित लघु फिल्म 'दिशा' को 25 से भी ज्यादा फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार मिल चुके हैं। फिल्म निर्देशक की भूमिका निभाने वाले विजय तंवर को मिले प्रमुख पुरस्कारों में दादा साहब फाल्के अवार्ड के अलावा मराठवाडा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल मुंबई, काशी इंडियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, गंगटोक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, एशियन टेलेंट इंटरनेशन फिल्म फेस्टिवल, रील्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, सेवन सिस्टर नॉर्थईस्ट इंटर नेशनल फिल्म फेस्टिवल, उमरेड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, जलगांव इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल तथा रोशनी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आदि में पुरस्कार मिले हैं। 
संस्कृति में विद्यमान है कला की अभिव्यक्ति 
फिल्म कलाकार विजय तंवर का आधुनिक युग में कला और संस्कृति पर पड़ते प्रभाव को लेकर कहना है कि भारत देश एक बहुत विविध और उन्नत संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक विकास के साथ एक सयुंक्त राज्य है। युवाओ को लोक कला संगीत, अभिनय संस्कृति के प्रेरित करना चाहिए, जिसके लिए वह भी करते आ रहे हैं। कला के माध्यम से ही संस्कृति हमारे जीवन में संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, सिनेमा, फोटोग्राफी रुप में अभिव्यक्ति पाती है और भारत संस्कृति में सत्य शिव सुन्दरम की भावना विद्यमान है। इस युग में युवाओ को लोक कला, संगीत, अभिनय, रंगमंच जैसी संस्कृति के लिए प्रेरित करना आवश्यक है, जो समाजिक परिदृश्य को संरक्षित या मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है। यही नहीं किसी भी देश के विकास के लिए भी कला का एक अलग महत्व है, जो एक साझा दृष्टिकोण और एक निश्चित लक्ष्य का दर्शाता है। उनका कहना है कि इस आधुनिक युग में सोशल मीडिया के जरिए भी युवाओं को अपनी संस्किृति से जुड़े रहना चाहिए, इसके लिए लेखकों, कलाकारों, गीतकारों और साहित्यकारों को बदलते परिवेश के आधार पर अपनी विद्याओं को प्रस्तुत करने की जरुरत है। भले ही नए तकनीक संचार के उपयोग के कारण युवा अधिक ध्यान दे रहे हों, लेकिन अपनी संस्कृति के मान सम्मान से ही वे अपनी सामाजिक विरासत को संजोए रख सकते हैं। 
24Mar-2025

सोमवार, 17 मार्च 2025

साक्षात्कार: समाज सेवा के भाव से साहित्य संवर्धन आवश्यक: संतोष गर्ग

साहित्य और समाज में अपने ऐतिहासिक योगदान से मिली पहचान 
          व्यक्तिगत परिचय 
नाम: श्रीमती संतोष गर्ग 
जन्मतिथि: 12 नवंबर 1960 
जन्म स्थान: बुढ़लाड़ा (पंजाब) 
शिक्षा: बीए, योगा व नेच्युरोपैथी डिप्लोमा, फैशन डिजाइन 
संप्रत्ति: कवयित्री, लघुकथाकार, बाल उपन्यासकार, कहानीकार, मैनेजिंग डायरेक्टर(एनजी डायग्नोस्टिकस, पंचकूला) 
संपर्क: एससीएफ-59, सेक्टर-6. पंचकूला (हरियाणा),मो:9356532838, 7986432838,  
ईमेल: santoshgarg1211@gmail.com 
BY-ओ.पी. पाल 
सामाजिक और संस्कृतिक प्रासांगिकता के हित में साहित्य जगत में अहम माना गया है। मूर्धन्य विद्वान भी साहित्य की समाज का दर्पण के रुप में व्याख्या करते रहे हैं। ऐसी एक प्रख्यात कवयित्री, लघुकथाकार, बाल उपन्यासकार और कहानीकार के रुप में डा. संतोष गर्ग ने अपनी लेखनी से हिंदी साहित्य को एक नया आयाम देकर साहित्य जगत में लोकप्रियता हासिल की है। उनकी साहित्यिक रचनाओं में नारी सशक्तिकरण, आध्यात्म, समाज सुधार और बाल साहित्य जैसे विषयों का समावेश शामिल है। उन्होंने हिंदी, पंजाबी, हरियाणवी और अंग्रेज़ी भाषाओं की ज्ञाता संतोष गर्ग ने सामाजिक क्षेत्र में अपनी सक्रीयता से समाज को एक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया। साहित्य और समाज में अपने ऐतिहासिक रुप से योगदान दे रही महिला साहित्यकार डा. संतोष गर्ग ने अपने साहित्यिक और सामाजिक सफर को लेकर हरिभूमि संवाददाता से बातचीत में कई ऐसे पहुलुओं को उजागर किया है, जिसमें उनका मानना है कि साहित्य संवर्धन समाज सेवा के भाव से हो तो उसका संस्कृति और संस्कारों को जीवंत रखने के लिए ज्यादा महत्व है। 
---
हिंदी साहित्य के क्षेत्र में कवयित्री, लघुकथाकार, बाल उपन्यासकार, कहानीकार के रुप में लोकप्रिय डा. संतोष गर्ग जन्म 12 नवंबर 1960 को पंजाब के बुढ़लाड़ा के एक संयुक्त परिवार में रूलदू राम सिंगला और श्रीमती देवकी देवी के घर में हुआ। परिवार में पिताजी की चाची श्रीमती वीरो देवी और उनकी सगी दादी श्रीमती लक्ष्मी देवी और दादा इन्द्र मल के अलावा पिताजी के साथ बचपन बीता। संतोष की पढ़ाई लिखाई वहीं पर हुई। एक संयुक्तत परवार में उन्होंने अपनी मां व दादी को चरखे पर सूत कातना, उसको रंग देना और फिर दरी बनाना, चारपाइयां बनाना, दूध बिलोना और फिर उसका घी बनाने जैसे काम करते देखा, जिन्हें देखकर वह भी ऐसे कामों में माहिर हो गई। परिवार में किसी तरह का साहित्य या सांस्कृतिक माहौल नहीं था। बकौल संतोष गर्ग, उनकी शादी 17 साल की उम्र में 23 अप्रैल 1978 को हरियाणा के कलायत गांव में उनकी शादी हुई हो गई थी। शादी से पहले वह सिर्फ 11वीं कक्षा पास की थी और बाकी उच्च शिक्षा शादी के बाद ग्रहण की। उनका बचपन ठाट-बाट से बीता। बचपन में उन्हें कोई साहित्यिक माहौल तो नहीं मिला, लेकिन वह स्कूल के मंचों पर 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे बड़े कार्यक्रमों में गीत बोलती थी। आचार्य जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी जी की शिष्या एवं महिला साहित्यकार संतोष ने बताया कि शादी के बाद कलायत गांव से वह अपने पति के साथ हिसार आकर रहने लगी, जहां उनके पति की हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में प्रोफेसर के रुप में नई नई नौकरी लगी थी, वहीं से वे अब प्रोफेसर एंड हैड पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके दोनों बच्चों का जन्म भी हिसार में ही हुआ। बाद में उन्होंने एम.सी कॉलोनी में अपना घर खरीदा और किन्हीं कारणों से अढ़ाई साल बाद अर्बन एस्टेट टू में नया घर लिया और वह साल 2012 से अपने बच्चों के साथ मोहाली में रहने रह रही हैं। हरेक क्षेत्र की तरह साहित्यिक सफर में उतार चढ़ाव सभी के सामने आते हैं। उनके सामने भी बच्चों के भविष्य को लेकर चुनौतियां थी और परिवार की जिम्मेदारियां थी। इसके बावजूद साहित्यिक कार्यक्रमों में भाग लेती रही। हिंदी व पंजाबी के अलावा हरियाणवी भाषा में भी उन्होंने कुछ रचनाएं लिखी हैं। अपने साहित्यिक सफर में अब तक हिंदी भाषा में निरन्तर कवि गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों का आयोजन भी कराती आ कर रही हैं। वह अखिल भारतीय साहित्य परिषद में हरियाणा प्रांत की उपाध्यक्ष, और राष्ट्रीय कवि संगम में 2016 से ट्राई सिटी चंडीगढ़ के अध्यक्ष पद पर लगातार सक्रिय हैं। वहीं एसएस फाउंडेशन द्वारा संचालित, राष्ट्रीय संवेदनाओं को समर्पित मनांजलि मंच संस्था की संस्थापक अध्यक्ष के रुप में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, उनकी किताबें, कपड़े, त्यौहार मनाना, खाने- पीने का सामान बांटना और कोराना काल में मानव सेवा जैसी सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रीय हैं। वे एक व्यवसायिक कंपनी में प्रबंध निदेशक हैं, जो फैशन डिजाइनर होने के साथ योगा व नेच्युरोपैथी चिकित्सक भी हैं। वे ऐसी साहित्यकार और समाजसेवी हैं जिन्होंने चारों कुंभ, चारों धाम, कन्याकुमारी, गंगा सागर, कैलाश मानसरोवर, यूरोप, स्विट्जरलैंड आदि देश विदेश की यात्रा की और उनकी आकाशवाणी और दूरदर्शन पर सरकारी कवि सम्मेलनों में भी सक्रीय भागीदारी रही है। 
यहां से शुरु हुआ साहित्यिक सफर 
हिसार में रहते हुए वह अमृता प्रीतम, शिव कुमार बटालवी और ओशो की पुस्तकें पढ़ा करती थी। कई बार अपने मन के भाव भी डायरी में उतार लेती। पहली बार चोरी से लिखें भावों की डायरी फाड़ दी थी उसका मुझे बहुत अफसोस है। एक तरह से उनकी मेरी साहित्यिक यात्रा 1988 में आरंभ हुई, जब उनकी लिखी हुई दो कविताएं एक समाचार पत्र में पहली बार प्रकाशित हुई। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ना स्वाभाविक था। चूंकि पंजाब में शुद्ध पंजाबी बोली जाती है, जिसके कारण उनकी बोलने की भाषा में कुछ पंजाबी के तो कुछ हिंदी के और कुछ शब्द हरियाणवी के भी आते हैं। रही बात हिंदी लिखने की, तो इसका श्रेय हिसार के साहित्यकारों को है। यह उनका सौभाग्य रहा कि उन्हें सर्वोदय भवन में हिसार के राज्यकवि प्रोफेसर उदयभानु हंस, डॉ राधेश्याम शुक्ल, सतीश कौशिक, राजेंद्र प्रसाद जैन, मदन गोपाल शास्त्री, प्रदीप नील जैसे विद्वानों को सुनने का अवसर मिलता रहा। इस बात का अहसान उन्हें भी नहीं हुआ कि कब हिंदी उनकी प्रिय भाषा बन गई। साहित्य जगत में उनकी सभी प्रकाशित पुस्तकें हिंदी भाषा में ही हैं और बहुत से सांझा संकलनों में भी रचनाएं प्रकाशित हैं। साल 1995 में उनकी पहली कृति के रुप में काव्य संग्रह 'दिल मुट्ठी में' प्रकाशित हुआ। फिर उन्होंने लघु कथा संग्रह और अन्य विधाओं में पुस्तकें लिखना शुरु किया। उन्होंने बताया कि उनका काव्य संग्रह सूख गए नैनन के आँसू’ और डायरी के पन्ने ‘मनांजलि’ हरियाणा साहित्य अकादमी सौजन्य से प्रकाशित हुआ। साहित्य के क्षेत्र में उन्होंने गद्य व पद्य दोनों विधाओं में ही रचनाएं लिखी हैं। मसलन कविताओं के अलावा लघु कथाए, कहानी, उपन्यास और बाल साहित्य भी लिखा है। उनके लेखन का फोकस ज्यादातर प्रेम, प्यार, विरहा, अध्यात्म, सेवा, संस्कारों पर रहा है। हालाकिं समाजिक सरोकार के मुद्दों पर भी कलम चलाई है, लेकिन राजनीति पर बहुत कम लिखा है। 
साहित्य की स्थिति बेहतर 
आधुनिक युग में साहित्य के सामने चुनौतियों को लेकर डा. संतोष गर्ग का कहना है कि वर्तमान में साहित्य की स्थिति बहुत अच्छी है। लिखना, पढ़ना, प्रकाशित होना और मीडिया द्वारा, गूगल पर सब काम अच्छा हो रहा है। हालांकि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल ज्यादा हो रहा है। यदि हम पुरातन साहित्य से तुलना करेंगे, तो आज के दौरे में समय का अभाव है, इसलिए पहले की तरह मोटे ग्रंथ पढ़ना आसान नहीं, आज पाठक लघुता तलाश करते हैं। उनका कहना है कि साहित्य के पाठक कम नहीं, बल्कि ज्यादा बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर बहुत साहित्य लिखा जा रहा है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। उनका सवालिया निशान यहां भी कि यदि हम साहित्य के पाठकों को कम आंकते हैं, पुस्तक मेलों में पहले की अपेक्षा भीड़ क्यों बढ़ रही है? लेकिन यह भी भूल जाते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक की सारी पुस्तकें आपकी जेब के मोबाइल में कैद हैं। जहां तक युवा पीढ़ी में साहित्य के प्रति रुचि कम होने का सवाल है, ऐसा उन्हें नहीं लगता। बदलते परिवेश में परिवर्तन को देखते हुए रचनाओं को साहित्य के स्वरुप को भी बदलना जरुरी है। मसलन युवा पीढ़ी को साहित्य के प्रति आकर्षित करने के लिए लंबी रचनाओं के बजाए लघु और उनके अर्थ को समझने वाली सामग्री का इस्तेमाल करना चाहिए। जहां तक संस्कृति और संस्कार का सवाल है वह बचपन में बच्चों को मोबाइल पकड़ाने से नहीं आएंगे, उसके लिए शिक्षा संस्कार के लिए समय देना आवश्यक है। 
प्रकाशित पुस्तकें 
वरिष्ठ महिला साहित्यकार संतोष गर्ग की प्रकाशित 19 पुस्तकों में चार काव्य संग्रह-दिल मुट्ठी में, सूख गए नैनन के आँसू, शब्दों को विश्राम कहाँ और बाल काव्य संग्रह 'कागज़ की नाव', एक बाल उपन्यास नानी, निक्की और कुंभ’ व बाल काव्य संकलन काव्य संकलन ' दुनिया गोल मटोल' के अलावा 'हर मन तिरंगा, पिता होते हैं पर्वत से, कोरोना काल कवियों के झरोखे, लघुकथाएं अपनी-अपनी सोच, लघुकथा संग्रह 'लघुता कुछ कहती है' सुर्खिंयों में हैं। वहीं उन्होंने अध्यात्म साहित्य पर 'यात्रा गुरू के गाँव की’, ‘मानस मोती’, ‘पंचामृत’, 'सहस्त्रमानक’, 'संवाद' और सनातन-वार्ता नामक पुस्तकें भी पाठकों के सामने दी हैं और पांच काव्य संकलनों का लेखन संपादन कार्य स्वयं किया है। 
सम्मान व पुरस्कार 
हरियाणा साहित्य अकादमी से आध्यात्म पुस्तक सनातन-वार्ता के लिए श्रेष्ठ कृति पुरस्कार के अलावा संतोष गर्ग 'तोषी' को महादेवी वर्मा कविता गौरव सम्मान, साहित्य सम्मेलन शताब्दी सम्मान, गुरु रविंद्र नाथ टैगोर सम्मान, लघुकथा स्वर्ण सम्मान, पावरफुल वूमेन आफ हरियाणा अवार्ड, वूमैन एम्पावरमैंटअवार्ड, कोरोना योद्धा सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। वहीं उन्हें जर्मनी में भारतीय प्रधान कौंसुलेट ऑफ फ्रैंकफर्ट और दुबई में भारतीय प्रधान कौंसुलेट जनरल द्वारा भी सम्मान पाने का गौरव हासिल हुआ है। इसके अलावा उन्हें विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक और विभिन्न समारोह में भी सम्मान मिला है। हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में राज्य तथा राज्य से बाहर जीवन पर्यंत निःशुल्क यात्रा सुविधा (लाइफ टाइम फ्री ट्रैबलिंग) की सुविधा भी उन्हें दी गई है। 
17Mar-2025

सोमवार, 10 मार्च 2025

चौपाल: संस्कृति और संस्कार संवर्धन में कला की अहम भूमिका: प्रदीप जेलपुरिया

मिमिक्री कलाकार ने एंकरिंग, कविता लेखन और रागनी गायन गायन में भी बनाई पहचान 
     व्यक्तिगत परिचय 
नाम: प्रदीप जेलपुरिया 
जन्मतिथि: 29 दिसंबर 1983 
जन्म स्थान: बहादुरगढ़, जिला झज्जर(हरियाणा)
शिक्षा: एम हिंदी, बीकॉम 
संप्रत्ति: मिमिक्री, रागनी गायन, एंकरिंग, कविता लेखन एवं सिपाही (जेल) 
संपर्क: शक्तिनगर, झज्जर रोड, बहादुरगढ़ (हरियाणा) मोबा.9467687200 
By--ओ.पी. पाल 
हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने के लिए लोक कलाकार अलग अलग विधाओं में अलख जगाते आ रहे सूबे के लोक कलाकारों और गीतकारों ने देश में ही नहीं, वरन् विदेशों में भी अपनी छाप छोड़ी है। ऐसे ही विख्यात कलाकर प्रदीप जेलपुरिया ने मिमिक्री और मंच संचालन के साथ अपने गीतों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से लोकप्रियता हासिल की है, वहीं वह जेल विभाग में सेवा देते हुए कैदियों को भी संस्कृति और संस्कारों की सखी दे रहे हैं। मिमिक्री के साथ रागनी गायन, एंकरिंग, कविता लेखन के माध्यम से सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और खेल जैसे समारोह में एंकरिंग की भूमिका में बुलंदियां छू रहे कलाकार प्रदीप जेलपुरिया ने हरिभूमि संवाददाता से हुई बातचीत के दौरान अपनी कला के सफर में कई ऐसे अनछुए पहलुओं को उजागर किया है, जिसमें अपनी संस्कृति का संवर्धन करना उनकी कला की प्राथमिकता है।
---- 
हरियाणा के विख्यात मिमिक्री कलाकार प्रदीप जेलपुरिया का जन्म जिला झज्जर के शहर बहादुरगढ़ में 29 दिसंबर 1983 को दलीप सिंह और श्रीमती कृष्णा देवी के घर में हुआ। उनके पिता एक सरकारी स्कूल में अध्यापक और माता गृहणी के रुप में परिवार की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। परिवार में भले ही साहित्यिक या सांस्कृतिक माहौल न हो, लेकिन उनकी माता पड़ोसियों की जिस अंदाज में मिमिक्री करती थी, उसका प्रभाव बचपन में ही प्रदीप पर पड़ने लगा। इसी कारण उन्हें बचपन में ही अभिनय जैसी कला में अभिरुचि हो गई थी और वह एक्टरों की मिमिक्री करने लगे। प्रदीप की प्राथमिक शिक्षा सरकारी स्कूल एवं माध्यमिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय रेवाडी से हुई। जबकि बीए दिल्ली विश्वविद्यालय के अंबेडकर कालेज और एमए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से उत्तीर्ण की। बकौल प्रदीप जेलपुरिया, वह स्कूली शिक्षा के दौरान नाटकों में मंचन और मिमिक्री करने लगे। कक्षा पांच में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय रेवाड़ी में हो गया। जब वह सातवीं कक्षा में थे तो उन्होंने पहली बार अपने प्रिंसिपल की मिमिक्री की, इस पर प्रिंसिपल ने उसे डांटने या पीटने के बजाय इस कला के लिए प्रोत्साहित किया। एक तरह से उनकी मिमिक्री कला की शुरुआत भी स्कूली शिक्षा के दौरान ही शुरु हुई। वह स्कूल के कार्यक्रमों में नाटकों में भी अभिनय मंचन और मिमिक्री करने लगे। उन्होंने बताया कि एमडीयू में एमए करने के दौरान एक आईपीएस अधिकारी ओपी नरवाल का सानिध्य मिला, जिनके प्रोत्साहन से पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित आल इंडिया पुलिस गेम(घुडसवारी) में उन्होंने बतौर एंकर की भूमिका निभाई। उनकी उपलब्धियों को देखकर ग्रैपलिंग गेम में कल्चरल अफेयर्स का निदेशक बनाया गया, जिसके तहत उन्होंने ग्रैपलिंग गेमों में कई वर्ष एंकरिंग की। इसके अलावा उन्होंने झज्जर बहादुरगढ़, रोहतक, रेवाडी, फरीदाबाद एवं नूहं के गीता महोत्सव में भी एंकरिंग की। वहीं 2019 में वह जैनेन्द्र जी के संपर्क में आया, जिन्होंने मंच पर बोलने का सलीके का ज्ञान दिया, जिन्हें उन्होंने अपना गुरु मानकर नए आयाम स्थापित किये। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वहीं डीआईपीआरओ दिनेश शर्मा ने पहली बार गीता महोत्सव झज्जर में एंकरिंग करने का अवसर दिया। रागनी के लोक कलाकार विकास पासोरिया से प्रभावित होकर उन्होंने विभिन्न मंचों पर एंकरिंग के साथ हरियाणवी संस्कृति संजोए रखने के लिए मुहिम छेड़ी और हरियाणा रागनी का मंचन भी किया और हरियाणवी गाने '70 का हरयिाणा' में भी भूमिका निभाई। गत वर्ष 2024 में विशाखापटनम, राजीवगांधी स्टेडियम दिल्ली, छत्रसाल स्टेडियम दिल्ली, एवं तालकटोरा स्टेडियम दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर एंकरिंग एवं हरियाणवी गानों से उन्होंने सबका मन मोहा है। हरियाणवी बोली और संस्कृति का राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करना उनकी प्राथमिकता है। जीवन में उतार चढ़ाव आते हैं, लेकिन उन्होंने उस हालातों में भी हौंसला नहीं खोया, जब कुछ साल पहले पैरालिसिस के कारण उनका चेहरा खराब होने लगा था। उनकी विभिन्न कलाओं का फोकस हरियाणवी संस्कृति और संस्कारों पर रहता है। उनकी पहली कविता बाबू मेरा भगवान है यू ट्यूब पर एक चैनल पर लोकप्रिय हुई। सरकार की तरफ से सुरजकुंड मेले आयोजित छोटी चौपाल में भी उन्होंने एंकरिंग की है। 
आज के आधुनिक युग में लोक कला और संस्कृति में गिरावट को लेकर प्रदीप जेलपुरिया का कहना है कि हरियाणवी कला और मां बोली का अपना अलग ही महत्व है। लेकिन आज की युवा पीढ़ी मोबाइल की वजह से भड़काऊ चलचित्रों की वजह से अपनी हरियाणवी संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं, जिसका समाज पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। समाज और अपनी संस्कृति की भलाई के लिए कलाकारों और लेखकों को अपने गानों या लेखन में फूहड़ता परोसने के बजाय शिक्षाप्रद और ज्ञानवर्धक सामग्री प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए स्कूल व कालेज स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। वहीं म्हारी संस्कृति महारा स्वाभिमान जैसी संस्थाओं तथा नए कलाकारों को संस्कृति के प्रति सरकार को भी प्रेरित करके प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, ताकि समाज को सकारात्मक संदेश देकर संस्कृति का संवर्धन किया जा सके। 
कैदियों को दे रहे हैं संस्कृति की सीख 
कलाकार प्रदीप जेलपुरिया का साल 2003 में जेल विभाग में सिपाही के पद पर चयन हुआ। जेल वार्डर (सिपाही) के पद पर नौकरी के बावजूद उनकी कलाकारी का जज्बा जीवित रहा। जेल के माहौल में रहकर उन्होंने कविता लिखना शुरू किया और जेल में कैदियों को संस्कृति और संस्कार देने का काम शुरु कर दिया। विभाग ने भी उनकी कला को देखते हुए उनकी ड्यूटी बतौर म्यूजिक इंचार्ज जेल रोहतक में कर दी। फिलहाल उनकी ड्यूटी मेवात म्यूजिक इंचार्ज जेल है। उन्होंने ड्यूटी के साथ अवकाश वाले दिन बहुत से कैदियों के अपने स्टूडियो में कार्यक्रम भी शुरु किये। वहीं विभाग के अधिकारियों की अनुमति से वह समाज को नई दिशा देने के मकसद से संस्कृति के लिए हरियाणवी में कार्यक्रम भी करते आ रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा 'शान मेवात प्रोग्राम' के तहत 5 जिलों में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, झज्जर, रेवाड़ी, रोहतक, भिवानी और नूह सभी जिलों के उपायुक्तों ने एप्रिसिएशन लेटर दिए, जिसके बाद आकाशवाणी हिसार में उनका साक्षात्कार प्रसारित किया गया।
पुरस्कार व सम्मान 
अभिनय, गीतों और लेखन के साथ मिमिक्री की कला में विख्यात होते कलाकार प्रदीप जेलपुरिया को कालेज शिक्षा के दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी आंबेडकर कॉलेज से सर्वश्रेष्ठ मिमिक्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था। वहीं उन्हें हरियाणा गौरव पुरस्कार, झज्जर गौरव पुरस्कार के अलावा गृह विभाग के एसीएस विजय वर्धन और जेल महानिदेशक भी पुरस्कार से नवाज चुके हैं। इसके अलावा उन्हें विभिन्न मंचों से अनेक पुरस्कार व सम्मान मिले हैं। 
-10Mar-2025