गुरुवार, 3 मार्च 2022

साक्षात्कार: आजादी के अमृत महोत्सव में ‘आल्हा’ हरियाणवी गीत के रचनाकार नाहड़िया

सामाजिक परिस्थितियों से लोक संस्कृति के संरक्षण का दृष्टिकोण मिला 
-ओ.पी. पाल
------ 
व्यक्तिगत परिचय 
नाम:सत्यवीर यादव 
साहित्यिक नाम : सत्यवीर नाहड़िया 
जन्म: 15 फरवरी 1971 
जन्म स्थान: नाहड़, रेवाड़ी (हरियाणा) सैनिक परिवार में शिक्षा:एम.एससी.,बी.एड.,पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर डिप्लोमा 
सम्प्रति: प्राध्यापक (रसायन शास्त्र) शिक्षा विभाग, हरियाणा सरकार 
अभिरुचि:अध्ययन, लेखन, काव्यपाठ, गायन, छायांकन एवं संचालन-संयोजन 
---- 
हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 2018 के लिए जनकवि मेहर सिंह सम्मान से नवाजे गये रचनाकार सत्यवीर नाहड़िया प्रदेश के एक ऐसे साहित्यकार हैं, जिन्हे आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हरियाणा राज्य का आजादी गीत हरियाणवी संस्कृतिक विधा ‘आल्हा’ रूप में लिखने का सौभाग्य हासिल हुआ है। यही नहीं वे उन चुनिंदा साहित्यकारों में शुमार हैं, जिन्होंने गद्य लेखन हिंदी तथा पद्य लेखन हरियाणवी में किया है। उन्होंने साहित्य जगत में सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पर्यावरणीय मुद्दों के साथ ही राष्ट्रीयता तथा सामाजिक विसंगतियों पर आधारित बहुआयामी विषयों पर अपनी रचनाधर्मिता को केन्द्रित रखा है। खासतौर से ग्रामीण संस्कृति से तेजी से विलुप्त होती लोकसंपदा तथा लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु नाहड़िया ने निबंध, शोध आलेख, अध्ययन, गायन, छायांकन, फीचर लेखन, संयोजन, संचालन आदि विधाओं में निरंतर लेखन कार्य किया है। रेवाड़ी जिले के गांव खोरी स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रसायन शास्त्र के प्राध्यापक के तौर पर सेवारत सत्यवीर नाहड़िया ने अपने साहित्यिक सफर और अनुभवों को हरिभूमि संवाददाता के साथ हुई खास बातचीत के दौरान साझा किया। ---- केंद्र सरकार की पहल पर केंद्रीय साहित्य अकादमी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हरियाणा के जिस आजादी गीत को आने वाले समय मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लांच करेंगे, वह प्रसिद्ध साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया से ही हरियाणवी बोली में लिखवाया गया है, जिसे संगीत नाटक अकादमी संगीतबद्ध कर रही है। हरियाणा में रेवाड़ी जिले के नाहड़ गांव में किसानी संस्कृति के एक सैनिक परिवार में 15 फरवरी 1971 को जन्में साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया के पिता होशियार सिंह यादव भूतपूर्व सैनिक हैं। तीन भाइयों में उनके दोनों अग्रज भारतीय वायु सेना में सेवारत रहे। सैनिक परिवार से राष्ट्रीयता व अनुशासन के संस्कार की वजह से ही शयद उन्हें सामाजिक परिस्थितियों से लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन लेखन तथा विश्लेषण का दृष्टिकोण मिला होगा, तभी तो लोक जीवन के बहुआयामी पक्षों को वैज्ञानिक दृष्टि से विश्लेषण भी उनके रचना संसार के लेखन में देखा जा सकता है। लोकजीवन, किसानी संस्कृति तथा सैन्य परंपरा इसी सामाजिक परिवेश से उन्हें विरासत में मिली। साहित्यकार नाहड़िया का कहना है कि देश और दुनिया में अपने स्वर्णिम सैनिक संस्कृति तथा अनूठी लोक संस्कृति के लिए विख्यात रहे हरियाणा प्रदेश का अनूठा लोकजीवन उनके लेखन की प्रेरणा रही है। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक तथा साहित्यिक पहलुओं पर अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने का मकसद उनके लेखन का हिस्सा रहा है। फिलहाल रेवाड़ी के सेक्टर-1 में रहे साहित्यिक हरफनौला नाहड़िया ने बताया कि नवीं कक्षा में पढाई के दौरान उनकी पहला रचना शीर्षक बताइए प्रतियोगिता में नारानुमी तुकबंदी पहली बार प्रकाशित हुई, उसके बाद वह लिखते ही चले गये। हिंदू कॉलेज सोनीपत व रोहतक के छात्रावासीय छात्रकाल ने लेखन तथा मंच का माहौल मिलने के कारण उन्हे बहुत कुछ निरंतर सीखने को मिला और हरियाणा के हर जिले का प्रतिनिधित्व होने से इस अनूठे प्रदेश की विविधता में एकता के साक्षात दर्शन हुए। यहीं पर रहते हुए खादर, बांगर, बागड़ मेवात, अहीरवाल, ब्रज आदि क्षेत्रों की बोलियां को सीखने व समझने का अवसर भी मिला। सत्यवीर नाहड़िया दोहा, कुंडलिया, आल्हा, रागिनी,मुक्तक चौपाई, कविता आदि विधाओं में हिंदी तथा हरियाणवी की एक दर्जन कृतियां, कुछ संगीत एल्बम्स के अलावा राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में फीचर, लेख, समीक्षा, शोधपत्र तथा स्तंभ लेखन से जुड़े हैं। छायांकन की सफाई में हाथ आजमाते हुए उनी निपुणता जगजाहिर है, जिनके करीब डेढ़ सौ कलात्मक छायाचित्र राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रमुखता से प्रकाशित हुए हैं। वे 17 वर्ष बोड़िया कमालपुर तथा गत 4 वर्ष से खोरी में बतौर रसायनशास्त्र प्राध्यापक रहे नाहड़िया की प्रमुख लेखन विधाओं में दोहा, कुंडलिया, रागनी आल्हा, मुक्तक, निबंध, फीचर, संस्मरण,लेख आलेख तथा समीक्षा शामिल है। 
-------
प्रकाशित पुस्तकें 
प्रदेश के नामचीन साहित्यकारों में शुमार सत्यवीर नाहड़िया की साहित्य की विभिन्न विधाओं में हिंदी तथा हरियाणवी की करीब डेढ़ दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें प्रमुख रुप से लोक राग(हरियाणवी रागनी-संग्रह) एक बख़त था (हरियाणवी मुक्तक संग्रह), ज़रा याद करा क़ुर्बानी (रेजांगला शौर्य गाथा, आल्हा संग्रह), बख़त बख़त की बात (हरियाणवी दोहा सतसई), गाऊँ गोबिंद गीत (हरियाणवी दोहा सतसई, गीता अनुवाद), चालती चाक्की और नाहड़िया की कुण्डलियाँ (हरियाणवी कुण्डलिया संग्रह), हिन्दी पत्रकारिता के मसीहा गुप्त जी, गुड़ियानी और गुमनामी की पीर (निबन्ध), संत शिरोमणि बाबा रामस्वरूप दास जी: व्यक्तित्व एवं कृतित्व (काव्य संग्रह), पंचतत्त्व की पीर और रचा नया इतिहास (बाल दोहावली), दिवस खास त्योहार (बाल कविता संग्रह), हरियाणवी लोक संस्कृति के आयाम (निबंध), बोल कबीरा बोल (चौपाई-ग़ज़ल संग्रह), ठाड्डा मारै रोवण दे ना (हरियाणवी लघुकविता संग्रह) शामिल हैं। इसके अलावा तीन अन्य कृतियाँ प्रकाशनाधीन हैं। सत्यवीर नाहड़िया चार हरियाणवी फिल्मों में अब तक विभिन्न विधाओं में करीब डेढ़ दर्जन पुस्तकें लिख चुके नाहड़िया हरियाणवी कृतियों में रागनियां पर आधारित लोक राग, हरियाणवी मुक्तक में एक बखत था, हरियाणवी दोहा सतसई बखत-बखत की बात, श्रीमद्भगवत गीता का हरियाणवी दोहों में अनुवाद गाऊं गोविद गीत, आल्हा में हरियाणवी शौर्यगाथा जरा याद करो कुर्बानी तथा कुंडलियां विधा में नाहड़िया की कुंडलियां वह चालती चाक्की, चौपाई-गजल विधा में बोल, कबीरा बोल, ठाड्डा मारै रोवण दे ना आदि शामिल हैं। वहीं अग तक चार हरियाणवी फिल्मों में गीत एवं संवाद लेखन के अलावा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रचनाकार के समग्र लेखन पर शोध कार्य संपन्न कर चुके हैं। नाहड़िया की पांच हजार से अधिक लेख, रचनाएं, फीचर, शोध आलेख, समीक्षाएं, रचनाएं राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। पिछले एक दशक से एक दैनिक अखबार में हरियाणवी काव्य स्तंभ के स्तंभकार और हरियाणवी इलेक्ट्रॉनिक चैनल एवन तहलका के लिए हरियाणवी रागनी दैनिक स्तंभ लेखन का कार्य करते आ रहे हैं।
----- 
पुरस्कार/सम्मान 
हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा सुप्रसिद्ध साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया को साल 2018 के लिए दो लाख रुपये के जनकवि मेहर सिंह सम्मान से नवाजा है। यह पुरस्कार हाल ही में 24 फरवरी को पंचकूला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदान किया। इससे पहले बाबू बालमुकुंद गुप्त सम्मान हासिल करने वाले नाहड़िया देवीशंकर प्रभाकर साहित्य सम्मान, स्व. माता रघुराजी देवी एवं पं. राजकरण शुक्ल स्मृति सम्मान, अंतर्राष्ट्रीय हिंदी साहित्य सेवा एवं शोध संस्थान गुरुग्राम द्वारा लोक साहित्य साधना सम्मान, डॉ. जे. एस. यादव साहित्य सम्मान, साहित्य अनुराग सम्मान, लालसौट, (दौसा, राजस्थान), सरस्वती सम्मान, अहीरवाल गौरव सम्मान, दैनिक भास्कर के फोटोमेनिया अवार्ड के अलावा रसायन शास्त्र प्राध्यापक हेतु राज्य शिक्षक पुरस्कार का सम्मान भी हासिल कर चुके हैं। यही नहीं वे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित काव्यपाठ एवं स्लोगन लेखन और हरियाणा विज्ञान मंच द्वारा विज्ञान निबंध लेखन में राज्यस्तर पर प्रथम स्थान लेकर अव्वल रहे हैं। वहीं आकाशवाणी तथा दूरदर्शन से उनकी हरियाणवी रचनाएं, हरियाणवी संस्कृति पर आधारित फीचर, शोधपत्र एवं वार्ताएं प्रसारित होते रहे हैं।
संपर्क सूत्र: चाँद-धरोहर, 257, सेक्टर-1, रेवाड़ी (हरियाणा) 01274-222325, 8168507684, 9416711141 
28Feb-2022

मंडे स्पेशल: देश में सबसे ज्यादा मनरेगा दिहाडी देने में हरियाणा में घटे मजदूर

योजना में सर्वाधिक मजदूरी देने वाला राज्य बना हरियाणा ग्रामीण विकास और ग्रामीण उत्थान में वरदान ‘मनरेगा’ ओ.पी. पाल.रोहतक। प्रदेश में बेकारी-बेरोजगारी का हो हल्ला मचा हुआ है, हर ओर इसकी चर्चा हो रही है। सरकार अपने तर्क दे रही है और विपक्ष आरोप लगा रहा है। इस सबके बीच एक कडवा सच यह भी है कि राज्य में मनरेगा रोजगार मांगने वालों की तादाद में कमी आई है। वर्ष 2020-2021 में जहां मनरेगा के तहत रोजगार मांगने वालों की संख्या 5.23 लाख थी वहीं 2021-2022 में यह घटकर 4.08 लाख रह गई। हालांकि कुछ लोग इसके पीछे उत्तर प्रदेश, बिहार या अन्य राज्य से आकर काम करने वाले मजदूरों के वापस चले जाने को कारण बता रहे है, तो कुछ मजदूरों के मनरेगा से दूर जाने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। यह हालात तो तब है, जब देश में मनरेगा सर्वाधिक मनरेगा मजदूरी देने वाला प्रदेश हरियाणा ही है। यहां प्रति श्रम दिवस के 315 रुपये दिए जाते हैं वहीं पडोसी पंजाब में 263 और राजस्थान में 220 रूपये का ही भुगतान किया जा रहा है। 
हरियाणा राज्य के सभी जिलों में वर्ष 2008-09 से लागू महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में खर्च होने वाली राशि का 90 प्रतिशत केंद्र और 10 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन कर रही है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लागू इस योजना का मूल उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार के वयस्क सदस्य को स्वेच्छा से अकुशल शारीरिक श्रम के तहत एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 100 दिनों का गारंटीकृत मजदूरी रोजगार प्रदान करना है। ग्राम पंचायतों में पंजीकृत ग्रामीण परिवारों को जॉब कार्ड जारी किए जाते हैं। हांलाकि हरियाणा में केद्र सरकार द्वारा सितंबर 2005 में पारित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम, 2005 को पहली बार मनरेगा योजना 2 फरवरी 2006 को महेंद्रगढ़ और सिरसा जिलों की सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया गया। जबकि एक अप्रैल 2007 को दो और जिलों अंबाला और मेवात में भी लागू कया गया। जबकि 1 अप्रैल, 2008 को यह योजना हरियाणा के शेष सभी जिलों में लागू कर दी गई थी। खास बात ये है। कि इस योजना के तहत सबसे ज्यादा दैनिक मजदूरी हरियाणा में दी जाती है। सरकार ने मनरेगा में पिछले चार साल में 2859 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च कर चंकी है। इस योजना में पुरुष और महिला श्रमिकों के बराबर वेतन दिया जा रहा है। मजदूरी का यह भुगतान श्रमिकों के बचत बैंक या डाकघरों के खातों के माध्यम से साप्ताहिक या पाक्षिक आधार पर किया जा रहा है। 
हर साल घट रही है संख्या
प्रदेश सरकार का दावा है कि प्रदेश में मनरेगा के तहत 12 लाख परिवार पंजीकृत हैं। जबकि हरियाणा में साल दर साल इस योजना के तहत 100 दिनों का रोजगार पाने के लिए पंजीकृत लोगों की संख्याा तो बढ़ी है, लेकिन काम मिलने में मामले में इनकी संख्या् घटती नजर आ रही है। साल 2020-2021 में 5.23 लाख परिवारों पंजीकरण कराकर रोजगार मांगा, जिनमें से 4.57 लाख को काम मिला। जबकि मौजूदा वित्तीय वर्ष 2021-2022 में 4.08 लाख पंजीकृत परिवारों में से दिसंबर 2021 तक 3.31 लाख परिवारों को मनरेगा में रोजगार मिल पाया। इससे पहले साल 2013-14 में पंजीकृत 7,80,025 थी। इसमें 14,103 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार मिला था। जबकि 2017-18 में रजिस्टधर्ड परिवार की संख्या बढ़कर 886781 हो गई, जबकि 100 दिनों का रोजगार केवल 3942 परिवार को मिला। साल 2018-19 में प्रदेश में केवल 3783 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार मिला है, जबकि इस दौरान पूरे प्रदेश में 9,30,111 परिवार रजिर्स्टसड थे। 
पुरुषों से आगे महिलाएं 
प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार प्रदेश में मौजूदा वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान अब तक मनरेगा ₹में 639.86 करोड़ का व्यय किया गया है और ग्रामीण क्षेत्रों में 128.32 लाख श्रम दिवसों का सृजन किया गया है। इन कुल श्रम दिवसों में से 54.03 लाख यानि 42 प्रतिशत अनुसूचित जाति और महिलाओं के लिए 67 लाख यानि 52 प्रतिशत श्रम दिवस रहे। इसके अलावा साल 2020-21 में 185 लाख श्रम दिवस सृजित हुए। जबकि साल 2019-20 के दौरान केवल सात लाख श्रम दिवसों का आयोजन हो सका। इसका कारण कोरोना काल बताया गया है। मसलन साल साल 2020 के मार्च से जून और साल 2021 के अप्रैल से जुलाई माह में एक भी श्रमिक दिवस का सृजन नही हो सका। 
बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान 
मनरेगा योजना के लिए आवेदन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराने पर बेरोजगारी भत्ता देय होगा। रोजगार भत्ते की दर पहले तीस दिनों के लिए मजदूरी दर का एक चौथाई और शेष अवधि के लिए मजदूरी दर के आधे से कम नहीं होगी। यदि आवेदक पंद्रह दिनों के भीतर काम के लिए रिपोर्ट नहीं करता है या वित्तीय वर्ष के दौरान परिवार के वयस्क सदस्यों को कम से कम एक सौ दिन का काम प्राप्त होता है, तो बेरोजगारी भत्ता का भुगतान नहीं किया जाएगा। 
संकट मोचक बना कोरोना काल 
प्रदेश को साल 2020 ने पूरी दुनिया के साथ कुछ ऐसे अनुभव दिए कि कोई नहीं भुला सकता। कोरोना संक्रमण की वजह से लगे लॉकडाउन ने हर किसी के जीवन पर जबरदस्त असर डाला और सबसे ज्यादा असर प्रवासी मजदूरों पर हुआ। उद्योग धंधे चौपट होने की वजह से मजदूरों का सबसे बड़ा पलायन शुरू हुआ और प्रवासी मजदूर अपनी कार्यभूमि को छोड़ घर की तरफ पलायन करने लगे। ऐसे में प्रदेश के बेरोजगार मजदूरों के लिए मनरेगा योजना संकट मोचन बनी। इस बात का प्रमाण हरियाणा में भी देखने को मिला। प्रदेश में जो आंकड़े सामने आए वो वाकई हैरान करने वाले रहे। ऐसे समय हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2020 में मनरेगा के तहत दिए जाने वाले रोजगार में साल 2019 की तुलना में करीब-करीब 85 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा में साल 2019 में मनरेगा स्कीम में 3.64 लाख वर्कर्स को काम दिया गया, जबकि साल 2020 में 5.62 लाख लोगों को काम दिया जा चुका है। 
एक समान मजदूरी की सिफारिश 
मनरेगा में प्रतिदिन कामगारों को दी जाने वाली मजदूरी एक समान नहीं है। मनरेगा योजना में काम करने वाले को सबसे ज्यादा 315 रुपये रोज हरियाणा में मिलते हैं, जबकि सबसे कम यह दर सिर्फ 190 रुपए मजदूरी तो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में है। इसीलिए ग्रामीण विकास मंत्रालय से जुड़ी संसद की स्थायी समिति ने हाल ही में संसद में पेश अपनी एक रिपोर्ट में सरकार से सिफारिश की है कि मनरेगा के तहत मिलने वाली मजदूरी दर पूरे देश में एक समान की जाए। वहीं मनरेगा में काम के दिनों को वर्तमान 100 दिनों से बढ़ाकर 150 दिन के रोजगार की गारंटी देने का सुझाव दिया है। इस रिपोर्ट में मनरेगा के लिए आवंटित बजट में लगातार होती आ रही बेहद कमी पर भी समिति ने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की है और कहा कि बजट का आवंटन व्यावहारिक होना चाहिए, ताकि वर्ष के बीच में धन की कमी आड़े न आए। यही नहीं समिति ने मनरेगा को सोशल आडिट, समय पर मजदूरी भुगतान और केंद्र व राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर भी रिपोर्ट में जोर दिया और सरकार को सुझाव दिया कि मनरेगा में जल संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और वनीकरण जैसे कार्य भी जोड़े जा सकते हैं, जो पर्यावरण रक्षा के लिहाज से उपयोगी हैं। 
मनरेगा में प्रमुख कार्य 
मनरेगा के तहत कंटूर ट्रेंच, कंटूर बंड, बोल्डर चेक, गेबियन स्ट्रक्चर, अंडरग्राउंड डाइक, मिट्टी के बांध, स्टॉप डैम और स्प्रिंगशेड विकास सहित जल संरक्षण और जल संचयन, वनीकरण और वृक्षारोपण सहित सूखा रोधन, सूक्ष्म और लघु सिंचाई कार्यों सहित सिंचाई नहरें, खोदे गए खेत तालाब, बागवानी, वृक्षारोपण, फार्म बंधन और भूमि विकास, तालाबों से गाद निकालने सहित पारंपरिक जल निकायों का नवीनीकरण, भूमि विकास, बाढ़ नियंत्रण और जल भराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी जैसे कार्य शामिल है, जिसमें बाढ़ चैनलों को गहरा करना और मरम्मत करना, चौर का जीर्णोद्धार, तटीय सुरक्षा के लिए तूफानी जल नालियों का निर्माण भी शामिल है। जहां कहीं आवश्यक हो, गांव के भीतर पुलियों और सड़कों सहित सभी मौसमों में पहुंच प्रदान करने के लिए ग्रामीण संपर्क, भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र का ब्लॉक स्तर पर ज्ञान संसाधन केंद्र के रूप में और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत भवन के रूप में निर्माण के अलावा कृषि से संबंधित वर्मी कम्पोस्टिंग, तरल जैव-खाद, पशुधन संबंधी कार्य मुर्गी पालन आश्रय, बकरी आश्रय जैसे कार्यो में भी रोजगार दिया जाता है। 
28Feb-2022

सोमवार, 21 फ़रवरी 2022

मंडे स्पेशल: दबे पांव जानलेवा बन रहा कैंसर

प्रदेश पर शिकंजा कस रहा कैंसर! 
रोहतक, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, जींद कैथल में सबसे ज्यादा मरीज पिछले पांच साल में आए डेढ़ लाख से ज्यादा मरीज, 50 हजार से ज्यादा मौंतें 
ओ.पी. पाल.रोहतक। कैंसर रुपी फन धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को शिकंजे में ले रहा है। इस जानलेवा बीमारी के शिकार पीडितों की तादात वर्ष दर वर्ष बढ़ रही है। पुरुषों से ज्यादा महिलाएं इसकी चपेट में आ रही है। प्रदेश के कई जिले तो ऐसे है जहां बीमारी का प्रसार मानक से कहीं ज्यादा है। रोहतक जिले में एक लाख में से 143.9 और गुरुग्राम में 124 लोग कैंसर का शिकार हुए हैं। झज्जर, हिसार, जींद और कैथल जिले में भी यह बीमारी बहुत तेजी से पांव पसार रही है। हालात यह है कि राज्य सरकार ने कैंसर मरीजों को राहत देने के इरादे से 25 हजार पीडितों को प्रति मरीज 2250 रूपये प्रति माह पेंशन का ऐलान किया था, लेकिन महज पांच सालों में ही डेढ़ लाख से ज्यादा लोग कैंसर की चपेट में आ चंके हैं। अकेले साल 2021 में ऐसे मरीजों का आंकडा 30 हजार को पार दर्ज किया गया। हालांकि अभी विशेषज्ञ इसके कारणों को लेकर एक मत नहीं है। कुछ कीटनाशक तो कुछ फास्ट फूड, आधुनिक जीवन शैली को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं, लेकिन लगातार बढ रहे मरीजों की संख्या दहशत को कारण बनती जा रही है। 
देश में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के फैलते जाल में हरियाणा का भी बड़ा हिस्सा शामिल है। प्रदेश में हर साल कैंसर का दायरा बढ़ रहा है। मसलन पिछले पांच साल में हरियाणा में जहां 1.50 लाख से ज्यादा कैंसर के मामले सामने आए हैं, वहीं इन 5 सालों में 54 हजार से ज्यादा कैंसर के काल का ग्रास बन चुके हैं। हालात यहां तक पहुंच गये हैं कि जहां साल 2013 में प्रदेश में कैंसर के 11,717 मामले थे, वहीं साल 2021 में 30015 मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि साल 2013 में कैंसर के कारण 1845 मौत हुई थी, वहीं साल 2020 में मौत का यह आंकड़ा बढ़कर 16109 पहुंच गया है। इसी माह विश्व कैंसर दिवस पर देश के जारी आंकड़े चौंकाने वाले रहे, जिसमें हरियाणा के आंकड़ो ने ज्यादा चिंता इसलिए बढ़ाई, कि राज्य में महिलाओं में कैंसर तेजी से घात कर रहा है। प्रदेश का कोई भी जिला ऐसा नहीं है, जहां कैंसर का शिकंजा न कसा हो, लेकिन प्रदेश के रोहतक जिला सबसे ज्यादा (143.9) कैंसर प्रभावित है। इसके बाद गुरुग्राम (124.8), झज्जर (109.9), हिसार (105.3), जींद (104.7) और सोनीपत(101.4) में कैंसर का अधिक प्रकोप देखा गया है। गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, जींद और सोनीपत ऐसे जिलों में शुमार हैं, जहां एक लाख में से 100 से ज्यादा कैंसर के मरीज हैं। सबसे कम प्रभावित जिलों में पलवल व नूहूं(मेवात) हैं। हिसार समेत कई जिलों में बच्चों को भी कैंसर अपना शिकार बना रहा है। 
रोगियों को सरकार देगी पेंशन 
हरियाणा सरकार ने राज्य में वृद्धावस्था पेंशन की तर्ज पर कैंसर मरीजों को 2250 रुपये की प्रति माह पेंशन देने की योजना लागू कर रही है। सरकार ने इस योजना के पहले चरण में कैंसर, किडनी तथा एचआईवी के 25 हजार रोगियों को इस पेंशन का लाभ देने का ऐलान किया है। इसके लिए राज्य सरकार ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से इस सम्बंध में आंकड़ो के साथ एक रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा पंजीकरण के आधार पर सरकार ने पहले ही हरियाणा रोडवेज की बसों में कैंसर रोगियों के साथ केयर टेकर को फ्री बस पास की सुविधा दे रखी है। इस योजना का लाभ ऐसे मरीज और तीमारदारों को मिलता है जो हरियाणा रोडवेज की बस से मरीज का इलाज अथवा जांच कराने के लिए अस्पताल तक जाते हैं। यही नहीं कैंसर रोगियों को विशेष छूट की श्रेणी में रखते हुए रेल मंत्रालय स्लीपर और एसी-3 टियर में फ्री में सफर करने की सुविधा दे रहा है। हालाकिं विशेष परिस्थितियों में कैंसर रागियों के लिए फ‌र्स्ट क्लास, एसी चेयर और सेकंड श्रेणी कोच में भी सीट आरक्षित करने का नियम बनाया है।
कैंसर रोगियों को सुविधाएं 
प्रदेश में कैंसर रोगियों को बेहतर इलाज की सुविधा के लिए जिला स्तर पर आधुनिक हेल्प डेस्क बनाने की योजना है। जहां कैंसर रोगियों की मदद के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए जाने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। इसके लिए शीर्ष स्तर पर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। राज्य के कई नागरिक अस्पतालों में मरीजों की जांच से लेकर इलाज करने के लिए मैमोग्राफी मशीन, हाई एनर्जी लीनियर एक्सलीरेटर, ब्रेकी थैरेपी और सीटी स्ट्यूमूलेटर जैसी आधुनिक मशीनें भी मुहैया कराई जा तही है। 
मुख्यमंत्री राहत कोष का गठन
हरियाणा में कैंसर रोगियों के इलाज के खर्च को वहन करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष बनाया गया है। इस कोष से कैंसर रोगियों के इलाज पर आने वाले खर्च की अनुमाति धनराशि सीधे मरीज अथवा संबंधित अस्पताल के खाते में भेजी जाती है। इसके लिए सिविल सर्जन कार्यालय के माध्यम से उपायुक्त की संस्तुति पर अनुदान की फाइल मुख्यमंत्री राहत कोष से लाभार्थी को भेजी जाती है। 
इसलिए ज्यादा प्रभावित महिलाएं 
प्रदेश में जागरूकता की कमी और सामाजिक कलंक महिलाओं को समय पर निदान के लिए डॉक्टरों से संपर्क करने से रोक रहे हैं। यानी सामाजिक और हरियाणवी सांस्कृति तथा अपनी सांस्कारिक कारणों की वजह से महिलाओं को खुलकर सामने आने और स्तन कैंसर के बारे में चर्चा करने या खुद को निदान कराने में मुश्किल होती है। चिंता और कैंसर के रूप में निदान होने के डर के अलावा उपस्थिति में बदलाव और किसी के शरीर के बारे में अच्छा महसूस न करना भी तनावपूर्ण कारक हैं। यही कमी या संकोच एक संभावित रोगी को मनोवैज्ञानिक रूप से उसे चेक-अप के लिए आने से रोकती है। कैंसर के उपचार के विकल्प कभी-कभी महंगे होते हैं और यह समय पर उपचार के लिए जाने में एक सीमा के रूप में भी कार्य करता है। इसलिए राज्य सरकार बीमारी और उपचार के विकल्पों के बारे में जागरूकता दूर-दूर तक फैलाने की जरूरत पर बल दे रही है। विशेषज्ञों के अनुसार स्तन कैंसर के मामले पांच वर्ष पहले तक 40 से 60 साल की महिलाओं में ही आते थे, लेकिन अब कुंवारी लड़कियों भी इसकी जकड़ में आती जा रही है। खासकर ऐसी लड़कियां जिनकी शादी 30 वर्ष तक नहीं होती।
तीन साल में 11,144 महिलाओं की मौत 
प्रदेश में स्तन कैंसर में कैंसर के मामलों का बहुमत है और गैर-संचारी रोग से पीड़ित महिलाओं में मृत्यु का प्रमुख कारण है। मसलन साल 2018 से 2020 तक तीन साल के दौरान कैंसर से हुई महिलाओं की मौतों मे 11,144 महिलाएं स्तन,गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के कारण अपनी जान गंवा चुकी हैं। इनमे स्तन कैंसर से 4716, गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर से 1964 सर्वाइकल कैंसर से 4464 महिलाएं प्रभावित थी। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की एक रिपोर्ट के अनुसार स्तन कैंसर के सभी मामलों में 10 प्रतिशत हिस्सा होता है। ब्रेस्ट, गर्भाशय और सर्वाइकल कैंसर से ज्यादातर मौतें होती हैं। कैंसर से मरने वाले लोगों में महिलाओं का प्रतिशत पुरुषों से अधिक है। 
तंबाकू से ओरल कैंसर 
विशेषज्ञों के अनुसार मुंह के कैंसर के मामलों और इससे होने वाली लोगों की मृत्यु का कारण तंबाकू है। इसके सेवन से पुरुषों में होने वाले 5 मुख्य कैंसर ओरल केविटि, फेफड़े, गला, खाने की नली का कैंसर शामिल है। खासतौर पर इन कैंसर में 40 फीसद कैंसर तंबाकू के अत्याधिक इस्तेमाल के कारण होता है। इसलिए तंबाकू पर प्रभावी नियंत्रण से इन सभी कैंसर से होने वाली मौतों को रोका जा सकता है। 
--------- 
हरियाणा में कैंसर का फैलता मकड़जाल 
वर्ष      मरीज      मौतें 
2013  11,717    1845 
2014  11,776    2715 
2015  13,697   3317 
2016  16,180   3668 
2017  19,385   3987 
2018  27665   15255 
2019  28453   15684 
2020  29219   16109 
2021  30015    -----
21Feb-2022

शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2022

साक्षात्कार:साहित्य पढ़कर ही समय की नब्ज़ पर हाथ रखना संभव: डा. दिनेश दधीचि

कविता संग्रह, बाल कविता संग्रह और गजल संग्रह चर्चाओं में रहना उनकी लेखन विधा की कहानी के गवाह --ओ.पी. पाल 
व्यक्तिगत परिचय 
नाम: डॉ. दिनेश दधीचि 
जन्म: 15 दिसंबर 1954 
जन्म स्थान: कुरुक्षेत्र (हरियाणा) 
शिक्षा: बीए(ऑनर्स अंग्रेजी), एमए, एम.फिल, पीएचडी, उर्दू में सर्टिफिकेट कोर्स (कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और पत्राचार माध्यम से (जामिया मिलिया इस्लामिया) संप्रत्ति:पूर्व प्रोफ़ेसर एवं अध्यक्ष, अंग्रेज़ी विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र। 
------ 
हरियाणा के सुप्रसिद्ध साहित्यकारों में शुमार लेखक एवं कवि, गजलकार और कहानीकार जैसी विधाओं में सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. दिनेश दधीचि एक ऐसे व्यक्तित्व व कृतित्व के धनी रचनाकार है, जिन्होंने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में विभिन्न विधाओं में साहित्यिक पुस्तकें लिखकर सामाजिक सरोकारों को छुआ है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त डॉ. दिनेश दधीचि को हरियाणा साहित्य अकादमी ने वर्ष 2017 के लिए बाबू बालमुकुंद गुप्त सम्मान के पुरस्कार से नवाजा है। साहित्य क्षेत्र के कवि, गजलकार, कहानीकार और निबंधकार लेखक डा. दिनेश दधीचि ने अपने रचना संसार के सफर के अनछुए पहलुओं को विस्तार से हरिभूमि संवाददाता के साथ हुई बातचीत में साझा किया है। प्रदेश के कुरुक्षेत्र में 15 दिसंबर 1954 को जन्मे डा. दिनेश दधीचि के पिता डॉ. मदनलाल वर्मा भी एक शिक्षक और विद्वान लेखक और हिंदी व संस्कृत के गीतकार रहे हैं। मसलन उन्हें साहित्यिक एवं सांस्कृतिक तथा लेखन की विधाएं विरासत में मिली हैं, जो आज उन्हें एक सुप्रसिद्ध साहित्यकार की पहचान दे रहा है। डा. दिनेश दधीचि का कहना है कि उनका एक शिक्षक और साहित्यकार के रूप में युवाओं, विशेष रूप से युवा साहित्यकारों से जीवनभर जुड़ाव रहा है और इसी अनुभव के आधार पर वे युवा पीढ़ी को लेकर बहुत आशान्वित है, कि उनमें भरपूर उत्साह और प्रतिभा की भी कोई कमी नहीं है। लेकिन फिर भी समाज को नई दिशा देने के लिए उनके लिए कुछ बाते महत्वपूर्ण हैं, जिसमें एक तो किसी भी क्षेत्र में किसी तरह के शॉर्टकट को अपनाना ठीक नहीं होता। दूसरे, आज की स्थिति में बहुआयामी जटिल यथार्थ को परत-दर-परत समझने के साथ-साथ अच्छा साहित्य ख़ूब पढ़ने के बाद ही समय की नब्ज़ पर हाथ रखा जा सकता है। लेखन में सुधार ज़्यादा पढ़ने से होगा, जिसमें चिंतन स्पष्ट होना चाहिए। अभिव्यक्ति की गुणवत्ता पर भी युवा पीढ़ी के कई साहित्यकारों का ध्यान कुछ कम रहता है। कहने का तात्पर्य, सामाजिक सोद्देश्यता और सार्थक जीवन मूल्यों तथा आदर्शों के लिए प्रतिबद्धता से ही उनके व्यक्तित्व का और उनकी प्रतिभा एवं सृजनशीलता का विकास होगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से 2014 में अंग्रेज़ी विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ० दिनेश दधीचि परिवारिक संस्कारों के कारण ही बौद्धिक गतिविधियां उन्हें बचपन से सक्रीय करती रही। इसी का परिणाम रहा कि उन्होंने विद्यार्थी जीवन में प्रत्येक परीक्षा में सर्वोच्च स्थान लेकर अनेक पदक व पुरस्कार हासिल किये। यही नहीं उच्च शिक्षा में भी उन्होंने अव्वल रहते हुए अनेक पुरस्कार हासिल किये। डा. दधीचि ने साहित्य के क्षेत्र में अपनी लेखन की विभिन्न विधाओं में हिंदी में ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी में भी कई पुस्तके लिखी हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित उनकी आइडियाज एलो (निबंध के संकलन का संपादन) अंग्रेजी भाषा में लिखी गई पुस्तक तो हरियाणा के तीन विश्वविद्यालयों के बी.ए. प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम में शामिल है। इसके अलावा उनकी कई रचनाएं हरियाणा विश्वविद्यालयों में स्नातक छात्रों के पाठ्यक्रम का हिस्सा है। डॉ० दधीचि के व्यक्तित्व व कृतित्व के विषय में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में एक एमफ़िल छात्रा ने डॉ० रामपत यादव के निर्देशन में शोध कार्य भी किया है। उनके लिखे गये कविता संग्रह, बाल कविता संग्रह और गजल संग्रह चर्चाओं में रहना उनकी लेखन विधा की कहानी के गवाह हैं। डा. दिनेश दधीचि की ग़ज़लों में समसामयिक, व्यवस्था व राजनीति पर तीखा प्रहार, सामाजिक सरोकार भी हैं और उन्होंने समस्याओं तथा शोषण का चित्रण बड़े ही कलात्मक ढंग से हुआ है। अन्य कई विद्वान साहित्यकारों द्वारा संपादित काव्य संकलनों में भी डा. दधीचि की कविताएं शामिल की गई हैं, तो वहीं राष्ट्रकवि स्वर्गीय सोहन लाल द्विवेदी ने भी इनकी ‘प्रखर प्रतिभा तथा सहज सर्जना’ की सराहना की है। हरियाणा साहित्य अकादमी के कविता, कहानी एवं निबंध संकलनों में भी इनकी रचनाएँ प्रकाशित हुई हैं। हरियाणा प्रादेशिक हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा 'कहूँ कहानी' में संकलित कहानी के आधार पर इन्हें सर्वश्रेष्ठ कहानीकार के रूप में पुरस्कृत किया गया। 
प्रकाशित पुस्तकें 
प्रसिद्ध साहित्यकार, कवि एवं लेखक डॉ. दिनेश दधीचि की हिंदी के अलावा अंग्रेजी में खासी पकड़ है और उनकी प्रकाशित पुस्तकों में कई किताबे अंग्रेजी भाषा में भी प्रकाशित हुई हैं। उनकी अंग्रेजी भाषा में लिखी प्रमुख पुस्तकों में ट्रीटमेंट ऑफ आइडियाज इन द नॉवेल्स ऑफ सॉल बेलो (1993), आइडियाज एलो (निबंध के संकलन का संपादन 2004), द सिक्रेट ऑफ हेल्थ (योगा गुरु प्रो. भीम एस. दहिया की अंग्रेज़ी पुस्तक का अनुवाद(1993), हरियाणा विश्वविद्यालयो में स्नातक छात्रों के लिए अंग्रेजी में अनुवादित ‘गोदान’(1996), संपादित कविता की एक पाठ्यपुस्तक ‘सुगंध’(2015) और वन-एक्ट प्ले की एक पाठ्यपुस्तक ‘सेंटर स्टेज’ (2016) शामिल हैं। इसके अलावा कॉपी एडिट पैरेबल इंटरनेशनल इंग्लिश-हिंदी डिक्शनरी (2017), डॉ० सरूप सिंह: साहित्य और सियासत के बीच (प्रो. भीम एस. दहिया की अंग्रेज़ी पुस्तक का अनुवाद-2007) भी शामिल है। जबकि हिंदी भाषा में कविताओं व गजलों की इबारत हाशिए की 1983), कविता संग्रह बर्फ़ के ख़िलाफ़ (1996), बाल कविताओं पर फुहार (2004), लघु कविताएं मारीच बहुत हैं (2008) एवं काश! देख पाते हम (2015), हास्य व्यंग्य निबंध नींबू-पानी (1993) के अलावा गजल संग्रह शेष कुशल है (2019) सुर्खियों में हैं। 
पुरस्कार सम्मान 
हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 2017 के लिए दो लाख रुपये के बाबू बाल मुकुन्द गुप्त सम्मान हासिल करने वाले साहित्यकार डॉ. दिनेश दधीचि को इससे पहले डॉ.जे.एस. यादव मैमोरियल अवार्ड (2016), पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के सर्वश्रेष्ठ कहानीकार के रूप में प्रेमचंद पदक (1971-72), उदय भानु हंस कविता पुरस्कार (2006), हरियाणा प्रादेशिक हिंदी साहित्य सम्मेलन का बलदेव कौशिक सम्मान (2009), फ़ोकस हरियाणा टीवी चैनल द्वारा 'फ़ोकस हीरो' का सम्मान, साहित्य सभा कैथल तथा कुरुक्षेत्र ज़िला प्रशासन से भी सृजनात्मक लेखन की उपलब्धियों का सम्मान मिल चुका है। डा. दधीचि ने हिन्दी विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में एमफ़िल की उपाधि के लिए स्वीकृत शोधप्रबंध, विषय: डॉ० दिनेश दधीचि: व्यक्तित्व एवं कृतित्व। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगीत की शब्द-रचना (संयुक्त) जैसी उपलब्धियों का भी सम्मान हासिल किया है। इसके अलावा काव्य मंचों एवं अन्य साहित्यिक संस्थाओं द्वारा भी अनेक सम्मान देकर पुरस्कृत किया है। 
संपर्क:  ईमेल: dk.english@gmail.com
मोबाइल: +919354145291
ब्लॉग: www.burfkekhilaf.blogspot.com
31Jan-2022

मंडे स्पेशल: बीस लाख गरीब परिवारों को मुख्यधारा में लाने का खाका तैयार

 

हुनर के साथ मिलेगा विभिन्न योजनाओं का लाभ 
प्रदेश में मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना को सिरे चढ़ाने जुटी सरकार 
गरीबों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा देगी सरकारी योजनाएं 
ओ.पी. पाल.रोहतक। प्रदेश सरकार ने करीब 20 लाख परिवरों को गरीबी से निकालकर मुख्यधारा में शामिल करने की तैयारी पूरी कर ली है। राज्यभर में शिविर लगाकर ऐसे गरीब परिवारों की पहचान की गई है। सरकार की अब इनकी आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री परिवर समृद्धि योजना जैसी अलग-अलग सरकारी योजनाओं से इन्हें लाभ पहुंचाने की योजना है। सबसे पहले इन परिवारों में कोरोना संक्रमण के कारण किसी सदस्य का निधन हो गया है, तो आश्रितों को दो लाख रुपये दिये जाएंगे, ताकि वे अपना काम शुरू कर सकें। सरकार ऐसे परिवारों को हुनरमंद बनने के लिए कौशल विकास विभाग की भी सहायता ले रही है। इसका मकसद इन्हें काम सीखकर रोजगार शुरू करवाना है। जिला स्तर पर उपायुक्तों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि ऐसे परिवारों के उत्थान मे कोई कोताही सहन नहीं होगी। आदेश दिये गये हैं कि जो परिवार जिस सरकारी योजना से सहायता का हकदार है उसे वह देकर मुख्यधारा में शामिल किया जाए। 
हरियाणा सरकार ने वैसे तो प्रदेश में आर्थिक संकट से जूझते गरीब परिवारों को सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा देने के लिए अनेक सरकारी योजनाओं को पटरी पर उतारा है, लेकिन इनमें पिछले साल अगस्त में लांच की गई संशोधित मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना एक ऐसी अनूठी पहल है, जिसमें ‘समृद्ध परिवार-सुरक्षित परिवार-सशक्त परिवार’ की थीम पर गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के अलावा गरीब किसान, खेतिहर मजदूर, श्रमिक, दस्तकार, छोटे गरीब दुकानदारों के साथ ही उस हर परिवार को सामाजिक संरक्षण के दायरे में शामिल किया है, जो आर्थिक रूप से कमजोर है। सबसे खास बात ये है कि सरकार ने इस योजना के साथ केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा, प्रधानमंत्री फसल बीमा, प्रधानमंत्री किसान मानधन, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन तथा प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना जैसी आधा दर्जन योजनाओं का का भी विलय किया है, ताकि गरीब परिवारों की आमदनी में इजाफा किया जा सके। इसके अलावा सरकार ने हरियाणा मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के लाभार्थियों को भी फैमिली प्रोविडेंट फंड की सुविधा प्रदान करने का भी फैसला किया है। 
योजना के मानक का आधार 
मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना का लाभ ऐसे परिवारों को दिया जा रहा है जिनकी सालाना आय 1.80 लाख से कम है और इस योजना में ऐसे किसानों को भी शामिल किया गया है, जिनके पास पांच एकड़ से कम जमीन है। इस योजना में सरकार ऐसे परिवारों को गरीबी के कुचक्र से निकालने के लिए छह हजार रुपये सालाना देगी। सरकार ने हरियाण में समाज के वंचित क्षेत्रों के भविष्य को सुरक्षित करने और जीवन को सुनिश्चित करके सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा की दिशा में इस योजना का विस्तार करते हुए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वहीं कोरोना महामारी के दौरान ऐसे परिवारों में संक्रमण से किसी सदस्य की मौत हो जाने पर राज्य सरकार ने उस परिवार के आश्रितों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया, जिसमें सरकार ने एक मार्च 2021 से 31 मई 2021 तक कोरोना के कारण हुई मौत से बदहाल अनेक परिवारों को आर्थिक मदद भी दी है। यदि मौत प्राकृतिक कारण से होती है तो उस परिवार को दो लाख रुपये का मुआवजा हरियाणा मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दिया जाएगा। 
दो वर्गो में विभाजित की योजना 
प्रदेश में चल रही मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना में केंद्रीय योजनाओं का विलय करने की वजह से राज्य सरकार ने इस योजना को दो श्रेणी में शुरू करने का फैसला किया, जिसमें हरेक श्रेणी में विकल्प चुनने का भी मौका दिया गया है। मसलन पहली श्रेणी में 18 से 40 वर्ष आयु वाले परिवारों को दो विकल्प दिये हैं, जिसमें ऐसे परिवार पहले विकल्प में छह हजार रुपये की राशि सालाना या दूसरे विकल्प में दो-दो हजार रुपये की राशि तिमाही ले सकता है। जबकि दूसरी श्रेणी मे 41 से 60 वर्ष आयु वाले लाभार्थी इस विकल्प नहीं चुनते तो उनके लिए प्रधानमंत्री श्रमिक पेंशन योजना, पीएम जीवन ज्योति योजना व पीएम सुरक्षा बीमा योजना का विकल्प दिया गया है, जिसमें उनके प्रीमियम का भुगतान सरकार वहन करेगी। ऐसे लाभार्थियों का प्रीमियम भरने के बाद आर्थिक मदद की बकाया राशि को समृद्धि योजना के तहत उम्र के मुताबिक हर पांच साल में 15 से 30 हजार रुपये का लाभार्थी को भुगतान किया जाएगा। हालांकि 40 से 60 साल आयु वर्ग की श्रेणी मे भी सालाना छह हजार रुपये का लाभ दिया जाएगा। यदि इस राशि को लेने के बजाए इस राशि को समृद्धि योजना में जमा कराता है तो उसे हर पांच साल में 36 हजार रुपये की राशि मिलेगी। सरकार इस योजना में 60 साल से अधिक आयु वालों के लिए भी ऐसी योजना का प्रारूप तैयार कर रही है। 
कोरोनाकाल में दी गरीबों को मदद 
हरियाणा सरकार ने जहां सुभाष बराला समिति की सिफारिश को आधार मानकर कर्ज में डूबे किसानों को आर्थिक रुप से मजबूत करने के लिए बीपीएल परिवारों की तर्ज पर उन्हें भी हर महीने 500 रुपये समृद्धि योजना के तहत देने का निर्णय लिया है। वहीं कोरोनाकाल के दौरान लॉकडाउन के कारण आर्थिक तंगी से घिरे गरीब परिवारों को कामधंधे के लिए एकमुश्त पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद दी, जिसके लिए 1200 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज जारी करके मजदूरों, रिक्शा चालकों, स्ट्रीट वेंडरों, दैनिक वेतन भोगी और दिहाड़ी मजदूरों समेत बीपीएल परिवारों को आर्थिक मदद दी गई। वहीं बीपीएल परिवार के किसी सदस्य के संक्रमित होने पर हर दिन पांच हजार रुपये के हिसाब से सात दिन इलाज के लिए 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। वहीं गरीबों के लिए मुफ्त कोरोना रोधी वैक्सीन लगवाने की सुविधा प्रदान की। इसके अलावा सरकार ने राज्य के सभी ईडब्ल्यूएस के लिए दुर्घटना बीमा और हरियाणा के किसानों और असंगठित श्रमिक के लिए सुनिश्चित पेंशन और पारिवारिक भविष्य निधि को भी इस योजना हिस्सा बनाया है। 
प्रदेश सरकार भरेगी प्रीमियम 
केंद्रीय योजनाओं में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में प्रदेश के गरीब परिवार के 18 से 50 वर्ष तक के सभी सदस्यों को दो लाख रुपये की जीवन बीमा योजना में प्रत्येक की 330 रुपये प्रीमियम की वार्षिक राशि हरियाणा सरकार देगी। इसी प्रकार दो लाख रुये की प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के लिए 18 से 70 वर्ष तक परिवार के सभी सदस्यों का प्रीमियम की वार्षिक राशि का भी सरकार देगी। जबकि 18 से 40 वर्ष तक की आयु वालों के लिए प्रधानमंत्री किसान मानधन, श्रम योगी मानधन व लघु व्यापारी मानधन योजना के प्रीमियम का 55 से 200 रुपये मासिक का खर्च भी हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इन योजनाओं में 60 वर्ष की आयु के बाद सभी पात्र सदस्यों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। सरकार की इस योजना के तहत बीमा व पेंशन के प्रीमियम मिलाकर 6 हजार रुपए सालाना आर्थिक सहायता परिवार को मिल सकेगी। योजना के लाभ के लिए परिवार का पहचान पत्र और बीमित सदस्य का बैंक खाता अनिवार्य किया गया है। 
परिवार का मुख्य होगा योजना का पात्र 
हरियाणा मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना 2022 में सरकार ने सिर्फ घर या परिवार के मुखिया को ही छह हजार रुपये सालाना की मदद के लिए पात्र लाभार्थी माना है। हां यदि योजना में पंजीकृत परिवार के मुखिया की किसी कारणवश घर के मुखिया की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार वालो को दो लाख रुपये की राशि मुआवज के रूप में दी जाएगी। जबकि इसके समृद्धि योजना के तहत वर्ष 18-40 आयु तक के पात्र आयु वर्ग के सभी सदस्यों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के माध्यम से दुर्घटना बीमा की राशि पर हर साल 12 रुपये का भुगतान करना होगा। 
31Jan-2022

सोमवार, 24 जनवरी 2022

मंडे स्पेशल: हरियाणा मेें दस्तावेजों का विकल्प होगा ‘परिवार पहचान पत्र’

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में फर्जीवाड़े पर लगेगा अंकुश 
आमजन को अब अलग अलग दस्तावेज रखने की नहीं पड़ेगी जरुरत 
ओ.पी. पाल.रोहतक। देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य बन गया है, जहां सभी परिवारों को मेरा परिवार-मेरी पहचान योजना के तहत परिवार पहचान पत्र बनाकर देने का काम तेजी से जारी है। इस प्रकार हरियाणा के प्रत्येक परिवार की पहचान भी अब सिंगापुर और ब्राजील की तरह होगी? यानि प्रदेश के लोगो को सरकारी योजनाओ का लाभ हासिल करने के लिए अलग अलग दस्तावेजों की जरुरत नहीं पड़ेगी। इसी मकसद से सभी दस्तावेजों के विकल्प के रूप में सरकार सूबे के हर परिवार के लिए परिवार पहचान पत्र जारी करने का काम तेजी से कर रही है। सबसे खास बात ये है कि इस परिवार पहचान पत्र के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ योग्य एवं पात्र लोगों को ही मिल सकेगा यानि फर्जीवाड़े की गुंजाइश खत्म हो जाएगी। सरकार का मकसद भी सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार जैसी कुपथा को समाप्त करके आमजन को सहूलियतें प्रदान करना है। सरकार का दावा है कि इस परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए अब तक 67 लाख परिवारों ने पंजीकरण करा लिया है, जिनके दायरे में करीब 2.76 करोड़ से ज्यादा की आबादी शामिल है। परिवार के पंजीकरण के बाद इस पहचान पत्र को जारी करने से पहले परिवारों द्वारा दी गई जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा और फिर उनमें गरीब परिवारों की पहचान करके उन्हें अंत्योदय जैसी कल्याणकारी योजनाओं में शामिल किया जाना है। सरकार की इस योजना के धरातल पर आते ही जन्म से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र तक के लिए आमजन को इधर उधर भटकने से छुटकारा मिलेगा, क्योंकि परिवार पहचान पत्र एक यूनिक आईडी के रूप में तैयार की जा रही है, जिसमें स्वत: ही संशोधन हो जाएगा। पीपीपी के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में इस योजना को कानूनी अमलीजामा पहनाने के बाद सरकार ने दावा है कि राशन आपूर्ति से लेकर कालेज प्रवेश तक के लिए जल्द ही परिवार पहचान पत्र की अनिवार्यता को लागू कर दिया जाएगा। प्रदेश में परिवार पहचान पत्र बनाने की पहल देश के अन्य राज्यों के लिए मिसाल बनती नजर आ रही है। कई राज्यों ने हरियाणा के इस मॉडल को अपनाने के लिए विचार कर रहे हैं। हरियाणा सरकार ने हालांकि इस योजना का ऐलान जनवरी 2019 में किया था, लेकिन राज्य में चुनाव के बाद योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया के बावजूद इसे शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 4 अगस्त 2020 को पंचकूला में एक विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में 'परिवार पहचान पत्र' (पीपीपी) लॉन्च किया, ताकि राज्य भर में प्रत्येक परिवार को राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर शुरू की गई कई नागरिक-केंद्रित सेवाओं को सुचारू और स्वचालित रूप से डिलीवरी के लिए सक्षम बनाया जा सके। राज्य के हर परिवार के लिए अनिवार्य किये गये पीपीपी के तहत प्रत्येक परिवार को एक एकल इकाई मानकर 8 अंकों की विशिष्ट पहचान संख्या आवंटित करने का निर्णय लिया गया। 
ऐसे सिरे चढ़ी पीपीपी योजना 
प्रदेश सरकार ने 24 अप्रैल 2020 को मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए एक नये विभाग के रुप में नागरिक संसाधन सूचना विभाग की स्थापना को मंजूरी दी, जिसके लिए 26 अप्रैल 2020 को राज्यपाल द्वारा मुहर लगाकर अधिसूचना जारी कर दी। यह विभाग पीपीपी योजना के लिए हर जिले में काम कर रहा है। परिवार कार्ड के दुरुपयोग को रोकने के लिए राज्य सरकार ने राज्य विधानसभा में 24 अगस्त 2021 को हरियाणा परिवार पहचान विधेयक-2021 पारित करा लिया, जिसकी अधिसूचना 26 अगस्त को जारी कर दी गई। वर्तमान में मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना, दिव्यांग जन पेंशन योजना और विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना को ‘परिवार पहचान पत्र' के साथ एकीकृत किया गया है। सरकार ने परिवार पहचान पत्र राज्य के सभी नागरिको के लिए बनाना अनिवार्य कर दिया गया हैं। इसका मकसद राज्य में गरीब व कमजोर वर्ग के लोगो के सही आंकड़ों का पता लगाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ हासिल करने वालों पर अंकुश लगाना है।
गरीब परिवारों की पहचान 
सरकार की इस योजना के तहत अभी तक लगभग 67 लाख परिवार यानी 2 करोड़ 76 लाख लोग रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। पंजीकरण कराने वाले परिवारों के ब्यौरे की जांच के लिए प्रदेशभर में जिला व ब्लाक स्तर पर गठित टीमें जांच कर रही है। इस योजना के तीन चरण पूरे होने के बाद परिवार पहचान पत्र को अंतिम रूप देने का काम तेजी चल रहा है। इस जाचं के दौरान अभी तक 50 हजार से ज्यादा ऐसे परिवारों की पहचान की गई है, जिनकी सालाना आय एक लाख रुपये से भी कम है, जिनमें 30 हजार परिवार ऐसे भी हैं, जिनकी सालाना आय 50 हजार से भी कम पायी गई है। हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि चालू वर्ष में कम से कम एक लाख ऐसे परिवारों की पहचान की जानी है जिनकी सालाना आय बढ़ाकर एक लाख रुपये तक की जा सके। पंजीकृत परिवारों की जानकारियों का सत्यापन करने के लिए टीमों का सर्वे भी तेजी से चल रहा है। अब तक प्रदेश में 50 फीसदी से ज्यादा पीपीपी बनाये जा चुके हैं। 
इसलिए अनिवार्य होगा पीपीपी 
प्रदेश सरकार की करीब 440 योजना और सेवाएं जनता के लिए कार्यान्वित की जा रही हैं। इन सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए परिवार पहचान पत्र को इसलिए अनिवार्य किया गया है, क्योंकि नागरिक संसाधन सूचना विभाग द्वारा परिवार का ब्यौरे के ऑटोमैटिक अपडेशन को सुनिश्चित करने के लिए फैमिली आईडी को बर्थ, डेथ और मैरेज रिकॉर्ड से जोड़ा जा रहा है। फैमिली आईडी छात्रवृत्ति, सब्सिडी और पेंशन जैसी मौजूदा, स्वतंत्र योजनाओं को जोड़ेगी, ताकि स्थिरता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। यही नहीं जन्म, आय, मृत्यु, जाति, मूल निवास जैसे प्रमाण पत्र बनवाने के लि पीपीपी बनवाना जरुरी है। इन सभी दस्तावेजों को परिवार पहचान पत्र से जोड़ने का काम किया जा रहा है, ताकि पीपीपी डेटाबेस में डेटा प्रमाणित और सत्यापित हो जाने के बाद किसी को भी को कोई और दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार की ओर से जल्द ही आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस के लिए भी परिवार पहचान पत्र को जरूरी दस्तावेज में शामिल करने पर विचार कर रही है। जब कि नियम 134ए के तहत प्राइवेट स्कूलों में आवेदन करने वाले बच्चों को अब अपना परिवार पहचान पत्र देनेच के संबंध में हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है। 
दो प्रकार के कार्ड 
सरकार की इस योजना में उन परिवारों को स्थायी परिवार पहचान पत्र दिये जा रहे हैं, जो स्थाई रूप से हरियाणा में रह रहे हैं और उनके लिए हरियाणा परिवार पहचान पत्र बनवाना अनिवार्य है, जिन्हें एक स्थायी 8 अंकों की पारिवारिक आईडी जारी की जा रही है। इसके अलाव वे सभी परिवार जो हरियाणा के बाहर रह रहे हैं, लेकिन राज्य की किसी सेवा या योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं। उनको भी परिवार पहचान पत्र बनवाना अनिवार्य है। ऐसे सभी अस्थाई परिवारों को 9 अंकों की पारिवारिक आईडी जारी की जाएगी। 
प्राधिकरण का होगा गठन 
प्रदेश में परिवार पहचान पत्र को कानूनी दायरे में लाने के बाद संवैधानिक रुप से हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण का गठन होना है, जिसके लिए सरकार अलग से अधिसूचना जारी करेगी। प्राधिकरण इस योजना में प्रत्येक परिवार के लिए एक विशिष्ट पहचान संख्या देने और उनका डेटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया में नियमों को अधिसूचित करने का काम करेगा। 
कोर्ट ने भी लगाई मुहर 
हरियाणा सरकार की पीपपी योजना को जहां अन्य राज्य भी एक आदर्श योजना के रूप में देख रहे हैं, वहीं इसके लिए कानून बनाने का विरोध करके विपक्षी दलों ने पीपीपी के दुरुपयोग की संभावना और निजता का उल्लंघन बताकर योजना का विरोध किया, तो ऐसे ही विरोध के साथ गुरुग्राम के आदित्य गुप्ता ने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसमें इसके लिए गठित नए विभाग नागरिक संसाधन सूचना विभाग और पीपीपी की अनिवार्यता के लिए जारी अधिसूचना को रद्द करने की मांग करते हुए योजना को चुनौती दी थी। अदालत ने इस याचिका को खारिज करते हुए इस योजना को हरी झंडी दी है। उधर सरकार ने भी सभी आशंकाओं को लेकर स्पष्ट किया है कि परिवार पहचान पत्र के लिए सरकार की ओर से जुटाया जा रहा डाटा पूरी तरह सुरक्षित है, जो परिवारों ने अपनी आय और परिवार का ब्यौरा स्वयं घोषित किया है और सरकार सरकार स्तर पर उसका सत्यापन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डाटा का उपयोग किसी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं किया जाएगा, न किसी निजी एजेंसी के साथ साझा होगा। डाटा को सरकारी क्लाउड पर सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जा रहा है। परिवार पहचान पत्र के तहत नया डेटाबेस तैयार होगा। इसमें भविष्य में नया डाटा जुड़ता रहेगा और यह निरंतर अपडेट होता रहेगा। 
24Jan-2022

चौपाल: गरीबी भी नहीं डिगा सकी कलाकार का हौंसला

हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने में जुटे छाजू राम 
-ओ.पी. पाल 
हरियाणवी संस्कृति और सभ्यता को अपने गीतों और भजन गायकी के जरिए आगे बढ़ा रहे ग्रामीण परिवेश में रहने वाले साधारण व्यक्तित्व वाले लोक गायक छाजूराम जमालपुरिया की कला पर भले ही गरीबी भारी पड़ रही है। इसके बावजूद यह कलाकार अपनी कला के बीच गरीबी को आड़े नहीं आने दे रहा है और गांव-गांव जाकर आमजन को अपने गीतो, कविता, भजनो और रागणियों के जरिए हरियाणवी संस्कृति को पुनर्जीवित करने और साक्षारता अभियान को आगे बढ़ाने में जुटा हुआ है। पिछले करीब पांच दशक से अपनी कला का जो प्रदर्शन किया है उसके सफर को लेकर लोक कलाकार छाजूराम जमालपुरिया ने हरिभूमि संवाददाता से बातचीत में अपने गरीबी के मर्म और कला की विधाओं को विस्तार से साझा किया। 
प्रदेश के फतेहाबाद जिले की तहसील टोहाना के जमालपुर शेखा गांव में दस दिसंबर 1939 में जन्में छाजूराम जमालपुरिया ने बताया कि उसकी शिक्षा भले ही आठवीं तक हो पाई हो, लेकिन व अपने भजन, कविताओं और गीतों से प्रदेश के गांव गांव जाकर साक्षरता मिशन अभियान में प्रचार कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने शिक्षा आधारित नाटक भी वह खुद तैयार करता है, जिसमें शिक्षा, संस्कृति, अध्यात्मिकता, रीति रिवाज और सामाजिक सभ्यता की अलख जगाने के मकसद से वह नाटकों के मंचन में खुद भी हिस्सेदारी करता है। उन्होंने बताया कि भजन लाल, हरपाल सिंह, हनुमान सिंह, सुभाष बराला और मंगतराम खबड़ा जैसे सूबे के कई कद्दावर नेताओं और मंत्रियों ने चुनाव के लिए लिखे और गाये जाने वाले गीतों को सराहा और तारीफ भी की। बकौल कलाकार विविध कलाओं में अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने वाले इस लोक गायक का कद चुनावी मौसम में जरुर बढ़ जाता है, जब सूबे में लोकसभा और विधानसभा के प्रत्याशियों के लिए नेताओं के चुनाव प्रचार के लिए उसके गीतों की कैसेट चलाते हैं। मसलन कद्दावर नेता उसके गीत सुनने के बाद उसकी सराहना तो करते हैं, लेकिन उसकी कला को मान्यता देने के लिए आश्वासन के अलावा कुछ और नहीं मिला है। यही कारण है कि उसकी कला पर भारी पड़ती गरीबी का साया उसे अन्य कलाकारों की तरह सुर्खियों में लाने से रोक रहा है या कुछ यूं कह सकते हैं कि उसकी कला लुप्त होने के कगार पर है और वह उसे जबरन जीवंत रखने के लिए हौंसला खोना नहीं चाहता। वर्तमान में हालात ये हैं कि अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए यह कलाकार गांव में ही एक कापी किताबों की दुकान चलाकर अपने परिवार में आठ सदस्यों का पालन पोषण कर रहा है। छाजूराम को इस बात का मलाल है कि चुनावों के समय जिन मंत्रियों और नेताओं के लिए उसने गीत लिखे और अपनी कला में गाये हैं और उन्होंने उसकी कला को सराहते हुए अनेकों आश्वासन भी दिये, लेकिन आज तक उसकी कला को मान्यता देना तो दूर की बात रही, बल्कि राज्य के कला संस्कृति मंत्रालय से कोई आर्थिक मदद तक नहीं मिल सकी है। 
  लेखन व गायकी की कला 
छाजूराम की गायकी एवं लेखन की शुरूआत साल 1972 में हुई। इसके बाद उन्होंने राजकला नामक हरियाणवी किताब लिखी, जबकि उनकी दूसरी किताब ‘मॉं की महिमा’ प्रकाशित हुई। इसके अलावा उन्होंने कलिया सरपंच और अनपढ़ मानस पशु बराबर जैसे नाटक भी लिखे हैं। साल 1994 के बाद छाजू राम के गीतों और भजनों की कैसेट भी जारी हुई, जिनमें कॉलेज रॉंडा का, नजरा साड़ी का, बॉर्डर पर पीली दारू, जय बाबा जगन्नाथ, प्रणाम शहीदा नु, साइबर दर्शन पाऊं पंजाबी और चलो डांगरा धाम शामिल हैं। यही नहीं साक्षरता अभियान में गांव गांव में शिक्षा का प्रचार करने के अलावा उन्होंने जमालपुर शेखा गांव में ही आयोजित नाटकों महाराजा हरिचन्द्र, अमर सिंह राठौर, पूर्ण भगत, शाही लकड़हारा, सत्यवान सावित्री जैसे नाटकों में अभिनय भी किया। छाजूराम को उसके नाटकों के मंचन में सहरानीय भूमिका को देखते हुए रामलीलाओं के मंचन में राम का अभिनय करने का भी मौका मिला है, जिसको लोगों ने सराहा भी और उसे प्रोत्साहन व सहयोग भी दिया। उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर पीली शराब पर गीत की कैसेट उन्होंने शराबबंदी पर निकाली, जबकि जय बाबा जगन्नाथ गीत की कैसेट भक्ति रस रोहतक में जारी हुई। 
24Jan-2022

सोमवार, 17 जनवरी 2022

मंडे स्पेशल: हरियाणा में एक साल में लगी पौने चार करोड़ से ज्यादा डोज

कोरोना की तीसरी लहर के खिलाफ बड़ा हथियार वैक्सीनेशन 
राज्य के 61.43 लाख लोगों को है कोरोना सुरक्षा कवच पहने का इंतजार 
ओ.पी. पाल.रोहतक। कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में कोरोना रोधी वैक्सीन सबसे बड़ा हथियार बनकर सामने आया। देशभर में टीकाकरण अभियान के एक साल पूरा होने पर हरियाणा भी पीछे नहीं रहा और इस दौरान प्रदेश में करीब 3.80 करोड़ डोज लगाई गई। नए साल के पिछले एक पखवाड़े में प्रदेश में करीब 36 लाख वैक्सीन की डोज दी गई, जिनमें 15-18 आयु वर्ग के किशोरों के अलावा बूस्टर डोज भी शामिल है। हालांकि अभी तक प्रदेश में अभी तक प्रदेश में करीब 61.43 लाख लोगों को कोरोना सुरक्षा कवच पहनने यानी दूसरी डोज का इंतजार है। कोरोना की तीसरी लहर पीक पर है और इसके लिए टीकाकरण अभियान की रफ्तार को युद्धस्तर पर तेज करना होगा। ऐसे में सवाल भी उठता है कि प्रदेश में टीकाकरण का लक्ष्य कब तक पूरा होगा? हरियाणा सरकार ने कोरोना की दूसरी लहर में ही तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों का दावा किया था। इसके लिए वैक्सीन को सबसे बड़ा हथियार मानते हुए वैक्सीनेशन केंद्रों की संख्या को दोगुना भी किया। इसके कारण वैक्सीन की डोज लेने वालों का आंकड़ा तो बढ़ा। नतीजन पिछले साल ही सितंबर में प्रदेश में दो करोड और 13 दिसंबर को तीन करोड़ डोज का आंकड़ा पार हो गया। लेकिन तीसरी लहर में टीकाकरण की यह रफ्तार पिछले साल जैसी नजर नहीं आई। यदि आंकड़ो पर गौर करें तो 31 दिसंबर को प्रदेश में 3.43 करोड़ डोज लगाई जा चुकी थी, जिसके बाद नए साल में ऐसे समय गति कम हुई, जब किशोरों के अलावा बूस्टर डोज देने का अभियान भी शुरू हो गया।
टीकाकरण 3.79 करोड़ के पार 
प्रदेश में अब तक लगाई गई 3,79,45,566 वैक्सीन की डोज में से 2,20,14,533 पहली और 1,58,71,774 दूसरी डोज के अलावा 59,259 बूस्टर डोज भी शामिल है। इसमें 15-17 आयु वर्ग को 7.90 लाख से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। इसके अलावा 18-44 आयु वर्ग में 2.41 करोड़, 45-60 आयु वर्ग में 77.65 हजार और 60 साल से ज्यादा बुजुर्गो को 54 हजार डोज दी जा चुकी हैं। जबकि वैक्सीनेशन कराने वालों में 2.08 करोड़ पुरुष, 1.71 करोड़ महिलाएं तथा 8199 थर्डजेंडर भी शामिल हैं। 
योगदिवस पर बना था रिकार्ड 
 प्रदेश में 21 जून को विश्व योग दिवस के दिन में 6,27,136 डोज लगाई गई थीं। जबकि 17 सितंबर को मेगा वैक्सीन डे पर 5,69,871 डोज लगाई गई, 3,63,556 लोगों ने पहली तो 2,06,315 लोगों ने दूसरी डोज ली थी। प्रदेश में इससे ज्यादा टीका इसके बाद किसी भी दिन नहीं हो सका। सरकार का दावा है कि प्रदेश में पहली डोज का लक्ष्य पूरा हो गया है, जबकि 77 प्रतिशत लक्ष्य दूसरी डोज का हासिल किया गया है। हालांकि प्रदेश में 18+ को सबसे ज्यादा डोज दी गई, जिसका अभियान पिछले साल मई में शुरू हुआ था। 
किशोरों में उत्साह हुआ कम 
प्रदेश में तीन जनवरी से शुरू हुए 14-17 आयु वर्ग के किशोरों में पहले दिन ही 70 हजार से ज्यादा डोज लगी, सबसे 1,43,382 ज्यादा छह जनवरी को लगाई गई, लेकिन पिछले एक सप्ताह से हर दिन ढाई हजार का आंकड़ा भी पार नहीं हो पा रहा है। जबकि सरकार ने स्कूलों में भी इस आयुवर्ग के किशोरों को डोज देने की व्यवस्था की हुई है। सरकार का इस आयु वर्ग के 15.79 लाख किशोरों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य है, जो अभी करीब 60 फीसदी यानि 7.90 लाख के पार पहुंच पाया है। 
------------------------------------------ 
प्रदेश में एक साल के टीकाकरण अभियान में किस जिले में कितनी लगी डोज 
-----------
जिला    अनुमानित आबादी   कुल डोज      पहली डोज      दूसरी डोज     बूस्टर डोज 
------------------------------------------------------------- 
गुरुगाम         17,26,452      46,42,325       25,64,630    20,64,442    13,031 
फरीदाबाद    20,63,096       34,50,493      19,94,514     14,50,115     5,804 
करनाल       17,16,069       21,18,514       12,29,118     8,85,769       3,627 
हिसार         19,88,081       21,12,003      12,65,011     8,42,754       4,238 
सोनीपत     16,53,001       20,46,176     12,15,363      8,28,823       1,990 
अंबाला       12,86,319       19,07,123      9,99,154      9,04,550        3,419 
पानीपत    13,74,198        17,83,643     10,80,675     7,00,964        2,004 
सिरसा      14,76,515        17,62,858     10,34,776      7,26,573       1,509 
यमुनानगर 13,84,194      16,37,611      9,51,130       6,83,657       2,824 
भिवानी     18,63,267       15,86,473      8,72,151        7,12,541       1,781 
जींद         15,20,933        14,99,316     9,08,537        5,89,704        1,075 
कैथल      12,24,707        14,80,969     8,66,632        6,12,750        1,587 
रोहतक    12,09,773        14,46,358     8,56,609       5,87,964        1,785 
झज्जर    10,92,582       14,10,683      8,19,513       5,89,941        1,229 
रेवाड़ी      10,26,378       14,01,813      7,85,770       6,13,120        2,923 
पलवल     11,88,687      13,07,233      7,87,766      5,18,714        0,753 
कुरुक्षेत्र    10,99,707      12,74,183       7,43,977      5,28,810       1,396 
महेन्द्रगढ़ 10,51,180      12,06,876       6,94,277     5,10,824       1,775 
फतेहाबाद 10,73,893      11,16,974       6,78,276    4,38,185       0,513 
नूहूं(मेवात) 12,41,760     9,92,576       7,13,246     2,78,846        0,484 
पंचकूला   6,39,874        9,87,994         5,36,595     4,47,036       4,363 
चरखी दादरी 7,02,276    7,73,372        4,16,753        3,55,470     1,149 
----------------------------------------------------------------------------------------
  कुल  2,89,00,667      3,79,45,566    2,20,14,533    1,58,71,774    59,259
---------------------------------------------------------------------------------------
17Jan-2022

कोरोना: तीसरी लहर से जंग के लिए कितने तैयार हम!

प्रदेश में दवाओं, ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की फिलहाल कमी नहीं इस बार नहीं होंगे मजबूर
खानपुर, अग्रोहा मेडिकल समेत सभी जिलों में तैयारी भरपूर 
----- 
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस बार कोरोना से निपटने के लिए हमारी पूरी तैयारी है। हम किसी भी हाल में मजबूर नहीं होंगे। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि फिलहाल प्रदेश में दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। ऑक्सीजन भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। ऐसे हम दूसरी लहर की तरह मजबूर नहीं होंगे। रोहतक पीजीआई, चंडीगढ़ पीजीआई, खानपुर मेडिकल, करनाल में कल्पना चावला मेडिकल, मुलाना मेडिकल, अग्रोहा मेडिकल और सभी जिला अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए सभी सुविधाएं मौजूद हैं। हमें किसी भी हाल में घबराना नहीं है। पेश प्रदेश में कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग क्या-क्या दावे कर रहा है और उनमें क्या सच्चाई है? इसका आकलन पेश कर रहे हैं प्रदेश के विभिन्न जिलों के हरिभूमि के संवाददाता। 
--- 
हरिभूमि टीम: हरियाणा।
सोनीपत में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ओमिक्रोन के छह केस आ चुके हैं। पिछले साल कोरोना ने मौत का जैसा तांडव मचाया था, इस बार ऐसा नहीं होगा। बढ़ती बीमारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर जरूरी कदम उठाएं जा रहे हैं। जिले के महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर, नागरिक अस्पताल सोनीपत, गोहाना नागरिक अस्पताल सहित सीएचसी और पीएचसी सेंटरों पर ऑक्सीजन बेड तैयार हैं। सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में कुल 1525 बेड तय किए हैं। जिनपर 24 घंटे ऑक्सीजन की सुविधा है। 
अग्रोहा मेडिकल के चालीस डॉक्टर संक्रमित 
हिसार। कोरोना की तीसरी लहर में कोरोना संक्रमित 21 से 30 साल के युवाओं की संख्या 300 के पार हो चली है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े करीब 100 लोगों को कोरोना चपेट में ले चुका है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में अब तक 40 से ज्यादा डाक्टर, एमबीबीएस स्टूडेंट्स और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। नागरिक अस्पताल में भी डाक्टरों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना पाजिटिव होने का आंकड़ा 20 के करीब पहुंच चुका है। हिसार में तीसरी लहर में 1031 से ज्यादा संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंचने पर भी विभिन्न अस्पतालों में दहाई के आंकड़ें में मरीज भर्ती हैं। 
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की स्थिति 
कुल बेड 200, खाली 192, आईसीयू बेड, 100 खाली 96, आक्सीजन बेड 60, खाली 60, नोट: अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में सभी बेड आक्सीजन व ऑक्सीमीटर युक्त हैं। 
बच्चों के कोविड बेड का सूरत-ए-हाल- बेड 161 (सभी खाली), ऑक्सीजन बेड 161 (सभी खाली), आईसीयू बेड 252, खाली 245, आईसीयू वेंटीलेटर बेड 41 (सभी खाली)।
महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर 
बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में 500 बेड के अस्पताल को विशेष कोविड अस्पताल घोषित किया गया है। पहले यहां केवल 180 बेड पर ही ऑक्सीजन की सुविधा थी। लेकिन दूसरी लहर से सबक लेते हुए यहां तीन एक-एक हजार एलएनपी क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए हैं। सभी 500 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा शुरू कर दी गई है।
सोनीपत में 5 तो खानपुर में 15 मरीज भर्ती 
नागरिक अस्पताल सोनीपत में मौजूदा समय में 200 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध हैं। विभाग की तरफ से 20 बेड आईसीयू के लिए तैयार किए गए हैं। वहीं, महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में कोरोना के मरीजों के लिए 250 सामान्य व आईसीयू के 50 निर्धारित किए हैं। इनमें 30 बेड बच्चों के भी शामिल हैं। यहां फिलहाल 15 मरीजों का ही इलाज चल रहा है। 
टीकाकरण भी तेज 
अलग-अलग 98 स्थानों पर हर रोज टीकाकरण किया जाता है। 14 जनवरी तक जिले में 20 लाख 33 हजार 359 जिला में 12 लाख 09 हजार 164 को लगी पहली व 08 लाख 22 हजार 580 को लगी दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। इसके अलावा 1615 लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा चुकी है।
 ज्यादा मरीज नहीं-अभी ज्यादा मरीज नहीं आ रहे हैं। थर्ड वेव में दो दिन पहले तक कुल 7 पेंशट अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए, 4 संक्रमितों के रिकवर होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। -डॉ. राजीव चौहान, कोविड इंचार्ज, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज। 
झज्जर: 19 कोविड अस्पताल तैयार 
ऑक्सीजन बेड 646, निजी अस्पताल में बेड 580, आईसीयू बेड 318, बच्चों के लिए आरक्षित 134,  वेटिंलेटर 76,  ऑक्सीजन कसंट्रेटर 321, ऑक्सीजन सिलेंडर 1141, ऑक्सीजन प्लांट 2।
भिवानी: बेड और ऑक्सीजन पर्याप्त कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने जिले मे जो तांडव मचाया था उसी अभी तक लोग भूले नहीं है। वहीं जिले में दूसरी लहर की अपेक्षा तीसरी लहर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार ऑक्सीजन और बेड की व्यवस्था पर विशेष फोकस किया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 909 बेड की व्यवस्था की है । इसक साथ साथ सामान्य अस्पताल में 230 बेड पर सेंट्रल पाइप लाइन आक्सीजन शुरू हो चुकी है जो निर्बाध रूप से आक्सीजन सप्लाई करती रहेगी। 
नारनौल: स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार नारनौल: महेंद्रगढ़ जिला की करीब 13 लाख आबादी है, लेकिन आबादी अनुपात के हिसाब से स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर फिलहाल कमी है। हां, जिस प्रकार से पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार हुआ है, उससे भविष्य जरूर बेहतर नजर आने लगा है। नारनौल शहर से करीब चार किलोमीटर दूर गांव कोरियावास में नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भवन तैयार हो रहा है। जिला के एकमात्र इस मेडिकल कॉलेज की शुरुआत अगले साल 2023 में शुरू होने की आस है। वहीं नारनौल के जिला स्तरीय सरकारी अस्पताल को 50 के दशक में उस समय बनाया गया था, जब पंजाब को पैप्सू कहा जाता था। कई दशक बीते, लेकिन जिला स्तरीय अस्पताल आज भी जटिल बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं जांच सुविधाओं का मोहताज ही बना हुआ है। 
जींद में ऐसी तैयारी 
जिला मुख्यालय स्थित सामान्य अस्पताल 200 बेड का है।कोविड-19 के लिए यहां दो स्पेशल वार्ड बनाए गए हैं। जिनकी क्षमता 80 बेडों की है। अगर जरूरत पड़ी तो यहां 150 बेडों को बढ़ाया जा सकता है। बच्चों के लिए 40 बेडों का निक्कु वार्ड बनाया गया है। सभी बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई उपलब्ध है। यहां चिकित्सकों के 58 पद स्वीकृत हैं लेकिन 22 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। इनमें भी स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की भारी कमी है। नर्सिंग स्टाफ में 90 पद स्वीकृत हैं। जबकि 60 ही नर्सिंग स्टाफ कार्यरत है। सामान्य अस्पताल के एसएमओ डा. गोपाल गोयल ने बताया कि अस्पताल में स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की कमी है। 
कुरुक्षेत्र 611 बेड के साथ तैयार
स्वास्थ्य विभाग हाईअलर्ट पर है। मरीजों को काेई परेशानी नहीं हो इसके लिए सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। जिले में सरकारी और निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए 611 बेड की व्यवस्था की गई है। जिनमें आईसीयू विद वेंटिलेटर के 103 बेड हैं। कोरोना से निपटने को 8 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें सैंपलिंग, कांटेक्ट ट्रेसिंग, बुलेटिन जारी करना, मोल्युकुलर लैब सहित अन्य कार्य संभाल रही हैं। अभी कोविड मरीजों के लिए किसी भी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी नहीं है। सभी मरीजों का अच्छी तरह से इलाज किया जा रहा है। तमाम वेंटिलेटर, कंसंट्रेटर, गैस सिलिंडर के साथ मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले तमाम उपकरणों की व्यवस्था कर ली गई है। -सीएमओ, डॉ. सुखबीर सिंह 
यमुनानगर में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट 
कोविड-19 की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। तेजली खेल परिसर समेत आधा दर्जन स्थानों पर आइसोलेशन सेंटर बनाए गए हैं। निजी अस्पतालों में बेड आरक्षित हैं। कोविड अस्पतालों व आइसोलेनशन सेंटरों में आठ सौ बेड की व्यवस्था है। जगाधरी सामान्य अस्पताल, ईएसआई अस्पताल व शहर के समामन्य अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा चुके हैं। सीएमओ डॉ. विजय दहिया ने बताया कि जिले में कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं। टीकाकरण के लिए 114 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में अभी कोरोना के 641 एक्टिव मरीज हैं।
हिसार के अस्पतालों में स्थिति.- बेड 1400-खाली 1315,  आक्सीजन बेड 967-खाली 945, आईसीयू बेड 252- खाली 242, आईसीयू वेंटिलेटर बेड 213- खाली 211।
कैथल में ऑक्सीजन की नहीं होगी कमी 
जिले में इस बार मरीजों को कोई परेशानी नहीं आएगी। ऑक्सीजन के प्लांट तैयार हो चुके हैं। इसलिए ऑक्सीजन की भी कोई कमी नहीं होगी। हालांकि नागरिकअस्पताल सहित कई प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत पदों के अनुसार पूरे डॉक्टर नहीं है। इसलिए मरीज ज्यादा बढ़े तो बाहर से डॉक्टर बुलाने पड़ सकते हैं।
यह है स्थिति :जिला नागरिक अस्पताल में डाक्टरों के स्वीकृत 55पद में से केवल 22 नियुक्त डॉक्टर।:नर्सों के स्वीकृत 90 में से 45 पद खाली। :एसएमओ के 5 में से 1, ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट के 10 में से 5, नसिंर्ग सिस्टर के 10 में से 9 व लैब टेक्निशियन के 14 में से 7 पद खाली पड़े हैं। :अन्य सहायक कर्मचारियों के भी काफी पद खाली हैं। :सरकारी और निजी अस्पतालों में 212 ऑक्सीजन बेड।
17Jan-2022

साक्षात्कार: साहित्यिक सेवा में निहित है समाज हित: विकेश निझावन

हिंदी साहित्य और हिंदी की समृद्धि के लिए न्यौछावर किया जीवन 
---ओ.पी. पाल 
व्यक्तिगत परिचय 
नाम: विकेश निझावन 
जन्म: 7 अक्टूबर 1949 
जन्म स्थान: अम्बाला शहर (हरियाणा) 
शिक्षा: एम.ए. (हिन्दी) पंजाब विश्वविद्यालय, दो वर्ष का फारमेसी में डिप्लोमा, पत्रकारिता एवं एक वर्ष का सॉयन्टालोजी का कोर्स। 
संप्रत्ति: 15 वर्षों का दवा विक्रेता 'कैमिस्ट' का अनुभव।557-बी, सिविल लाइन्स, अम्बाला शहर। 
----- 
हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2017 के लाला देशबन्धु गुप्त सम्मान से नवाजे गये साहित्यकार, पत्रकार एवं लेखक विकेश निझावन एक ऐसे साहित्यकार हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन हिंदी साहित्य और हिंदी की समृद्धि के लिए न्यौछावर कर दिया। हाल ही में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने उन्हें पत्रकारिता मानव सभ्यता में प्रमुख योगदान के लिए फैलोशिप दी है। संगीत के क्षेत्र में गहन पकड़ रखने वाले निझावन चित्रकारी में भी निपुण हैं, जिन्होंने साहित्य क्षेत्र की विभिन्न विधाओं में समाज को दिशा देने के लिए अपनी लेखनी के जरिए देश विदेश में ख्याति हासिल की है। समाज हित के लिए साहित्यिक सेवा करने में जुटे अपनी बहुमुखी प्रतिभा के धनी प्रसिद्ध साहित्यकार विकेश निझावन ने हरिभूमि संवाददाता के साथ हुई खास बातचीत के दौरान अपने साहित्यिक और स्वतंत्रत पत्रकारिता के सफर के अनझुए पहलुओं को साझा किया। हरियाणा के अंबाला शहर रेलवे रोड के मूल निवासी डॉ. श्याम सुंदर निझावन के घर में 7 अक्टूबर 1949 को जन्मे विकेश निझावन का व्यक्तित्व बचपन से ही गंभीर प्रवृत्ति का रहा और बचपन से ही उनकी साहित्य, कला और बागवानी के क्षेत्र में गहरी रुचि इस बात का प्रमाण है कि 12 साल की उम्र में ही उन्होंने कविता लेखन से साहित्य जगत में कदम रखा। बातचीत के दौरान लेखक एवं साहित्यकार विकेश निझावन ने बताया कि वह कक्षा 7 से ही कविता लिखने लगे और 15 वर्ष की उम्र 1973 में उनकी पहली कहानी ‘जाने और लौट आने के बीच’ तत्कालीन अग्रणी पत्रिका सारिका में प्रकाशित हुई, जिसका अंग्रेजी, गुजराती, मलयालम, तेलगू, पंजाबी और उर्दू जैसी देश की लगभग हर क्षेत्रीय भाषा में अनुवाद भी हुआ। उन्होंने उच्च शिक्षा लेकर फार्मेसी में डिप्लोमा किया और रोजगार की दृष्टि से केमिस्ट शॉप का संचालन किया। साथ ही उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से हिंदी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएशन भी कर लिया। साहित्यिक सफर में निझावन की रचित 200 से भी ज्यादा कहानियां देश के अखबरों व पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। विकेश निझावन की कहानियों व कविताओं में विभिन्न प्रकार की मानवीय कुंण्ठाओं, संत्रास, सामाजिक यथार्थ मध्यवर्गी य जीवन और मानवीय सम्बन्धों आदि विविधता का समावेश नजर आता है। एक लब्ध कथाकार एवं लेखक निझावन ने अपने साहित्यिक रचना संसार में व्यक्ति की भावनाओं और संवेदनाओं का बहुत ही सहज चित्रण किया है। उनकी चित्रकारी की कला जहां उनकी लिखित पुस्तकों में रेखा चित्रों में विद्यमान हैं तो अन्य साहित्यकारों ने भी अपनी रचनाओं में उनके बनाए गये रेखा चित्रों को जगह दी है। हिन्दी के अलावा पंजाबी तथा अंग्रेजी भाषा तथा साहित्य का तो उन्होंने गहन, सूक्ष्म एवं सर्वांगीण अध्ययन-मनन,विवेचन-विश्लेषण किया है। निझावन ने बताया कि वे पिछले 12 साल से पुष्पगंधा के नाम से एक ऐसी कथा पत्रिका का संचालन कर रहे हैं, जिसकी ख्याति देश-विदेश में भी है। उन्होंने बताया कि उनकी रचनों का पिछले करीब साढ़े तीन दशक से आकाशवाणी रोहतक एवं आकाशवाणी कुरुक्षेत्र से नियमित प्रसारण हो रहा है। वहीं कहानियां एक टुकड़ा ज़िंदगी, ऊदबिलाव एवं 'न चाहते हुए' का दूरदर्शन एवं जी चैनल पर नाट्य-रूपान्तर और जालन्धर दूरदर्शन तथा हिसार से अनेक कार्यक्रम एवं चर्चा परिचर्चा में शामिल होना भी उनके लिए किसी उपलब्धियों से कम नहीं है। उनके साहित्य के दायरे इतना विस्तृत रहा कि उन्होंने तीन माह की 'इंग्लैंड' की यात्रा की, जहां उन्होंने विभिन्न स्थलों के बारे में जाना और उस यात्रांत कहानी की लेखनी का विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई। 
पुस्तकों का प्रकाशन 
साहित्यकार विकेश निझावन की अब तक प्रकाशित करीब दो दर्जन पुस्तकों में 12 कहानी संग्रह हैं, जिनमें हर छत का अपना दुःख, महादान, अब दिन नहीं निकलेगा, आखिरी पड़ाव, महासागर, मेरी चुनिंदा कहानियाँ, गठरी, कोई एक कोना, कथापर्व, छुअन तथा अन्य कहानियाँ, सिलवटें और विकेश निझावन की 31 संकलित कहानियां शामिल हैँ। जबकि उपन्यासों में मुखतारनामा और कितने कब्रिस्तान(प्रकाशनाधीन) के अलावा लघुकथा संग्रह में दुपट्टा और कितनी आवाजें (लघुकथा संकलन-सम्पादन) भी चर्चा में है। जबकि छह कविता संग्रह में मेरी कोख का पांडव, एक खामोश विद्रोह, एक टुकड़ा आकाश, शेष को मत देखो, बाल कविताएं प्यारा बचपन (दो भाग) और बचपन के गीत (दो भाग) शामिल है। वहीं पर्यावरण हमारा दोस्त शीर्षक से निबंध के प्रकाशन के अलावा निझावन के अनेक संकलनों में कहानियां एवं कविताएं भी शामिल है। यहीं नहीं 'पेंगुइन' द्वारा प्रकाशित संकलन 'गदर के 150साल' में उनके आलेख भी संकलित हैं। वहीं उन्होंने साहित्यिक पत्रिका 'पुष्पगंधा', 'शुभ तारिका' एवं 'रूपा की चिट्ठी' के अलावा 'दीपशिखा' पत्रिका के 'लोककथा' अंक, 'कितनी आवाजें लघुकथा संकलन का भी संपादन किया है। विकेश निझावन की उपलब्धियों में अंगेज़ी, गुजराती, मलयालम, उर्दू, तेलगु, पंजाबी आदि भाषाओं में अनेक कहानियाँ अनूदित करना है। वहीं 'छुअन तथा अन्य कहानियां' के अलावा पुस्तक महादान का मराठी में अनुवाद करना भी शामिल है। भारत सरकार के निमंत्रण पर महान साहित्यकार मोहन राकेश जी पर शोध का कार्य किया, जिसे सरकार की ओर से पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की छात्रा डॉक्टर सोनिया राणा द्वारा उनके जीवन साहित्य पर रिसर्च की गई, जिसे ‘विकेश निझावन जीवन और साहित्य’ के रूप में प्रकाशित किया गया। 
पुरस्कार एवं सम्मान
हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा साहित्यकार विकेश निझावन को वर्ष 2017 के लिए दो लाख रुपये के लाला देशबन्धु गुप्त सम्मान से नवाजा है। इससे पहले हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा उनके कहानी संग्रह 'अब दिन नहीं निकलेगा' और कविता संग्रह ‘एक टुकड़ा आकाश' के अलावा दो कहानियों 'माँ' 'छुअन तथा अन्य कहानियों में महादान को पुरस्कृत किया जा चुका है। हरियाणा साहित्य अकादमी एवं साहित्य कला संगम' से उदयभानू हंस कविता पुरस्कार-2011 का सम्मान और विश्व हिन्दी सहस्त्राब्दी सम्मान लेने का गौरव भी उन्हें हासिल है। उनके उपन्यास 'मुखतारनामा' ने ‘पलाश कहानी प्रतियोगिता' राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान में प्रथम पुरस्कार लिया, जिसके लिए उन्हें जैनेन्द्र व हिमांशु जोशी ने सम्मानित किया। पंजाब में प्रेमचंद प्रतियोगिता में उनकी कहानी ‘उसकी मौत' और दिल्ली की साहित्यिक संस्था से कहानी 'हर छत का अपना दुःख' पुरस्कृत हुई। इसके अलावा साहित्यिक संस्था प्रज्ञा रोहतक, कहानी लेखन महाविद्यालय-अम्बाला के कुरुक्षेत्र शिविर, साहित्य सभा कैथल, रिंजा-शिलां, राष्ट्रभाषा विचार मंच-अम्बाला, सिरसा, फतेहाबाद एवं कुछ अन्य संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है। मासिक पत्रिका 'कादम्बिनी से राष्ट्रीय स्तर पर कहानी 'पुल के दूसरी ओर' पुरस्कृत की गई। तरंगिनी आदरा, मुम्बई द्वारा 'साहित्य शिरोमणि' पुरस्कार से 2015 में सम्मानित किया गया है। सिनेमेटिक टूरिज्म कांफ्रेंस में हिन्दी लेखन के लिए पंजाब सरकार द्वारा सम्मानित करने के लिए विभिन्न संस्थाएं भी निझावन को सम्मानित कर चुकी हैं। 
स्थायी पता: विकेश निझावन, 557-बी, सिविल लाइन्स, आई. टी. आई. बस स्टॉप के सामने, अम्बाला शहर-
134003 (हरियाणा), मोंब-9896100557/8168724620
17Jan-2022