गुरुवार, 17 अक्टूबर 2019

जम्मू—कश्मीर के विकास में वरदान साबित होगी ‘वंदे भारत’ ट्रेन


आज धारा 370 और 35ए इतिहास का हिस्सा बन चुकी
 हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ योजना के तहत पूर्णतया स्वदेश में निर्मित दूसरी रेलगाड़ी ‘वंदे भारत’ एक्सप्रेस जम्मू—कश्मीर के विकास के लिए वरदान साबित होगी, जिसका धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य के विकास को गति मिलेगी।
यह बात गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली से कटरा ‘वंदे भारत’ रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पहले आयोजित समारोह में कही। उन्होंने जम्मू—कश्मीर को रेलवे का यह तोहफा देते हुए कहा कि महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन की तरह देश को 5 ट्रिलियन इकोनामी बनाने के नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद सभी धार्मिक स्थानों की यात्रा को सरल तथा सुगम बनाया गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की मनोकामना पूणॆ हो सके। अमित शाह ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी वह महामानव थे जिन्होंने न केवल भारत अपितु पूरी दुनिया का जीवन को देखने का नजरिया बदल दिया। गांधी जी ने अपने काम से पूरी दुनिया को एक नया दर्शन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांत साश्वत हैं जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। शाह ने कहा कि ‘स्वदेशी’ गांधीजी का एक सबसे बड़ा नारा था, जो पूरी तरह से स्वदेश में निर्मित गाड़ी ‘वंदे भारत’ द्वारा साकार किया गया है।
गांधी व रेल का संबन्ध
शाह ने कहा कि मोहनदास से महात्मा बनने का काम रेल के डिब्बे से ही शुरू हुआ था और जिस ब्रिटिश काल का कभी सूर्य अस्त नहीं होता था उसे देश से जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश की जनता को आजादी के आंदोलन के साथ जोड़ने के लिए गांधी जी ने रेलवे का सहारा लिया। रेलवे के माध्यम से बापू 6 साल तक पूरे भारत में आम-जन के साथ आत्मीयता से जुड़े, विशाल देश की समस्याओं को समझा और गरीब से गरीब व्यक्ति को भी अपने साथ जोड़ने का काम किया। शाह ने कहा कि रेल विभाग को गांधी और रेलवे के संबंध को रेखांकित करने का काम करना चाहिए ताकि आमजन को पता चले कि रेलवे के साथ बापू किस प्रकार जुड़े थे|
विकास का रोड़ा थी 370
गृ​हमंत्री शाह ने कहा कि हर भारतीय के मन में था कि धारा 370 हटाई जाये और श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 तथा 35ए हटाने का एतिहासिक कदम लिया गया। उन्होंने कहा कि आज धारा 370 और 35ए इतिहास का हिस्सा बन चुकी है| धारा 370 केवल देश की एकता और अखंडता के लिए ही नहीं बल्कि कश्मीर के विकास में भी बाधक थी। उनका कहना था कि धारा 370 हटने के बाद कश्मीर के अंदर आतंकवाद और आतंकवादियों की विचारधारा को संपूर्ण उन्मूलन करने में सफलता प्राप्त हुई है। शाह ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में कश्मीर देश का सबसे विकसित राज्य होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ाने में ‘वंदे भारत’ रेलगाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।  
04Oct-2019

दिल्ली और कटरा के बीच शुरु हुई वंदे भारत एक्सप्रेस

मोदी सरकार ने दिया देश को नवरात्र का तोहफा
ओ.पी.पाल.कटरा(जम्मू—कश्मीर)।
मोदी सरकार ने मेक इन इंडिया के तहत देश को दूसरी हाईस्पीड़ स्पीड़ रेलगाड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस की दिल्ली से श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक शुरुआत कर दी है। मसलन केंद्र सरकार ने नवरात्र में ही माता वैष्णोदेवी जाने वाले श्रद्धालुओं को एक बड़ा तोहफा दिया है।
केद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार सुबह नई ​दिल्ली रेलवे स्टेशन से दूसरी हाईस्पीड दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पांच अक्टूबर से आम यात्रियों के लिए दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस का पांच नियमित यानि व्यावसायिक संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर पहले ही टिकटों की बुकिंग जारी है। इस हाई स्पीड ट्रेन चलने से दिल्ली और कटरा तक आवागमन करने वालों को कम से कम चार घंटे के समय की बचत होगी यानि इस गाड़ी से यह यात्रा 12 घंटे के बजाए आठ घंटे में पूरी हो जाएगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-कटरा वंदे भारत में भी दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत की तरह'डायनामिक फेयर लागू नहीं किया गया है। रेलवे के अनुसार पूरी तरह से वातानुकूलित इस ट्रेन में कुल 16 कोच हैं। इनमें से दो ड्राइवर कार, दो एग्जीक्यूटिव चेयर कार और 12 चेयर कार कोच शामिल हैं। ये सभी कोच एक-दूसरे से जुड़े हैं, ताकि एक कोच से दूसरे कोच में आने-जाने पर यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। हर कोच के लिए अलग से पैंट्री कार की व्यवस्था की गई है। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर हरी झंडी दिखाई थी।
इस ट्रेन में ये खास
दिल्ली व वाराणसी के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस के मुकाबले इस ट्रेन में पैंट्री (रसोईयान) ज्यादा बड़ी है। पत्थरबाजी से बचने के लिए ट्रेन में खास तरह की खिड़की और जानवरों के टकराने से होनेवाले नुकसान को रोकने के लिए कैटल गर्ड का भी इंतजाम किया गया है। रसायन की जगह इस ट्रेन में वॉटर बेस ऑर्गेनिक द्रव का इस्तेमाल हुआ है। यह भारत की पहली ग्रीन ट्रेन है। इसके अलावा इस ट्रेन में वैक्यूम टॉयलेट, दूर तक फैलने वाली लाइटिंग, हैंड्स फ्री टैप्स, ड्रायर्स और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा हर सीट पर मुहैया कराई गई है। इसके साथ ही एग्जीक्यूटिव क्लास में 360 डिग्री पर घूमने वाली कुर्सी भी दी गई है। वहीं हर कोच में एलईडी स्क्रीन है, जिसमें आने वाले स्टेशन की जानकारी, ट्रेन की स्पीड और अन्य सूचनाएं दी जाएंगी। ट्रेन में सीसीटीवी कैमरा और उद्घोषणा प्रणाली भी सुचारु किया गया है। सभी कोच के दरवाजे ऑटोमेटिक तरीके से काम करते हैं, जिसका पूरा कंट्रोल गार्ड के पास है। ट्रेन में सामान्य ट्रेनों की तरह चेन पुलिंग सिस्टम नहीं है। अगर किसी यात्री को कोई परेशानी आती है, तो उन्हें पास ही लगे एक बटन को दबाना होगा, जिसके बाद गार्ड आपके पास पहुंच जाएगा।
04Oct-2019
सप्ताह में छह दिन सेवा
पांच अगस्त से नियमित चलने वाली दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह ​दिन चलेगी। दोनों दिशाओ से वाना होने के बाद यह ट्रेन रास्ते में अंबाला कैंट, लुधियाना और जम्मू तवी स्टेशनों पर दो-दो मिनट के लिए रुकेगी। दिल्ली से वंदे भारत (22439 अप) सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 2 बजे कटरा पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन (22440 डाउन) दोपहर 3 बजे कटरा से रवाना होकर रात 11 बजे दिल्ली आएगी।

दिल्ली से कटरा तक नियमित चलेगी बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन


तीन अक्टूबर को नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन
हरिभूमि ब्यूरो. नई दिल्ली।
भारतीय रेलवे की एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी को नई दिल्ली और श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा के बीच पांच अक्टूबर से नियमित चलाने का निर्णय लिया है, जो सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। इससे पहले तीन अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस नई रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर कटरा के लिए रवाना करेंगे।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रेलयात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने नई दिल्ली और श्री माता वैष्णों देवी कटड़ा के बीच सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) चलने वाली एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी (टी-18) का नियमित संचालन करने का निर्णय लिया है। इस नई रेल सेवा को पांच अक्टूबर से नियमित रूप से शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली-श्री माता वैष्णों देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर कटरा के लिए रवाना करेंगे। तीन अक्टूबर को शुभारंभ के बाद नई दिल्ली-श्री माता वैष्णों देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस एक विशेष रेलगाड़ी के रूप में सुबह 9.50 बजे रवाना रवाना होकर सांय 5.50 बजे कटरा पहुंचेगी, जो वापसी में चार अक्टूबर को नई दिल्ली आएगी। उद्घाटन सेवा पर इस ट्रेन में वाणिज्यिक सुविधा नहीं होगी।                                               
-----------------------------
दस रेलवेकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से नवाजा
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार सतर्कता और त्वरित कार्रवाई दिखाते हुए सम्भावित दुर्घटनाओं को टालने वाले उत्तर रेलवे के सभी पाँच मंडलों के संरक्षा वर्ग के कुल 10 कर्मचारियों को उत्तर रेलवे की अपर महाप्रबन्धक सुश्री अर्चना जोशी ने एक समारोह के दौरान रेलवे संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है। रेलगाड़ियों के परिचालन में संरक्षा के मद्देनज़र उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किए गए कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के रहमत नगर रेलवे मास्टर आशीष कुमार सैनी, जासस के चाबीवाला प्रेम शंकर, कानपुर ब्रिज के चाबीवाला धीरज कुमार, लखनऊ में निहालगढ़ स्टेशन के गैंगमेट मूलीराम, मुरादाबाद मंडल के मेवा नवादा के टोकन पोर्टर राहुल कुमार, रोजा जंक्शन के लोको पायलट विनोद कुमार यादव, फिरोजपुर मंडल के चोलांग स्टेशन के ट्रैकमैन ब्रहम पाल, जालंधर शहर के लोको पायलट राजबीर सिंह, अंबाला मंडल के चावा में स्टेशन मास्टर रोहित पंवार और सरहिंद के कांटेवाला रमेश चन्द शामिल रहे। इस मौके पर  मुख्य संरक्षा अधिकारी श्रीमती सीमा कुमार तथा अन्य विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।
02Oct-2019

मंगलवार, 1 अक्टूबर 2019

हरियाणा: उम्मीदवारों के चयन पर कांग्रेस ने की माथापच्ची


स्क्रीनिंग कमेटी के लिए दावेदारो की फौज से का चयन चुनौती
ओ.पी. पाल. नई दिल्ली। 
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की चुनौती कम नहीं हो रही हैं, जिसमें में उन्हें अपने उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया में बेहद कठिन दौर का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्याशियों के चयन के लिए शनिवार को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की चली मैराथन बैठक में हरेक सीट पर टिकट के दावेदारों की फौज से एक प्रत्याशी का चयन करने के लिए वरीयता के आधार पर पैनल तैयार कर लिये गये, लेकिन राजनीतिक संकट में उलझी कांग्रेस को यह डर सता रहा है कि एक प्रत्याशी का चयन होते ही अन्य प्रत्याशी बगावत कर सकते है, जिसका कारण हरियाणा कांग्रेस में पहले से ही बढ़ती अंतर्कलह मानी जा रही है।
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभ के लिए भाजपा के खिलाफ बेहतर रणनीति के साथ चुनाव मैदान में जाने के प्रयास में कांग्रेस ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारना चाहती है, जो जीत हासिल करके कांग्रेस की खोई हुई सियासी जमीन को विस्तारित कर सके। इसीलिए नामांकन दाखिल प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद कांग्रेस के पास 90 सीटों पर 1200 से ज्यादा टिकट के दावेदारों की छंटनी करना बेहद मुश्किल चुनौती जैसा बना हुआ है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित रकाबगंज रोड़ पर बनाए गये कांग्रेस के वाररूम में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की कई घंटे बैठक चली, जिसमें प्रत्याशियों के पैनल पर चर्चा हुई, लेकिन सूत्र बताते हैं कि हरेक सीट पर एक दर्जन से भी ज्यादा टिकट के दावेदारों की सूची है, जिन्हें वरीयता के आधार पर कम करने के प्रयास किये गये। प्रत्याशियों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में हुई इस बैठक में कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद, स्क्रिनिंग कमेटी के सदस्य मधुसूदन मिस्त्री, देवेन्द्र यादव, दीपा दासमुंशी और अन्य कांग्रेस दिग्गजों ने गहन मंथन किया। सूत्रों के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और प्रतिपक्ष नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा इस बार प्रदेश की भाजपा सरकार को सत्ताहीन करने के लिए जीतोड़ प्रयासों में ऐसे प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं, जो अपने विधानसभा क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखता हो, लेकिन राज्य कांग्रेस की गुटबाजी उनके प्रयासों को पलीता लगा सकती है। सूत्रों की माने तो इस स्क्रीनिंग कमेटी में शनिवार को दावेदारों के नामों की छंटनी तो की गई है, लेकिन उन्हें अंतिम रुप देने के लिए कल रविवार को फिर से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। कांग्रेस के सूत्रों ने इस बात पर संतोष जताया है कि उम्मीदवारों की दावेदारी में आवेदन के लिए ज्यादातर ने टिकट के लिए तय मापदंड पूरे करने वालों की सूची लंबी है, इसलिए प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया बेहद कठिन साबित हो रही है।
चुनाव रणनीति से समझौता नहीं
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा इसी बात को दोहरा रही हैं कि इस बार राज्य के विधानसभा चुनाव में बनाई गई रणनीति में कोई ढील नहीं दी जा सकती, तभी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को सुनिश्चतता किया जा सकता है। इसलिए चुनाव में ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा, जो कांग्रेस की इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने की क्षमता रखते हों। यही कारण है कि कांग्रेस को प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम निर्णय लेने में विलंब हो रहा है, जो तीन अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तिथि से पहले ही लिया जाना है। कांग्रेस ने अपनी चुनावी मुद्दों में भाजपा सरकार की नाकामियों के अलावा जनसुविधाओं के साथ किसानों व बेरोजगारों की समस्या को शामिल किया है, जिन्हें कांग्रेस चुनाव में जोर शोर से प्रचारित करने की रणनीति पर चुनाव मैदान में जा रही है।
पहली सूची सोमवार को संभव
स्क्रिनिंग कमेटी की इस बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा व अन्य नेताओं ने संकेत दिये हैं कि कल रविवार को होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी के दूसरे दौर की बैठक में ज्यादातर प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, ताकि 30 सितंबर को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में उन पर अंतिम मुहर लग सके। केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लगते ही कांग्रेस के अधिकांश प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। हालांकि कांग्रेस पहले ही ऐलान कर चुकी है कि मौजूदा सभी 17 विधायकों का फिर से प्रत्याशी बनाया जा रहा है, जिन्हें अपना नामांकन दाखिल करने को भी कह दिया गया है।
घोषणा पत्र तैयार
हरियाणा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने यहां कहा कि पार्टी का हरियाणा चुनाव के लिए घोषणापत्र लगभग तैयार है, जिसे जनता के सुझावों के बाद तैयार किया गया है। इसे अंतिम रूप देने के लिए घोषणा पत्र समिति की अध्यक्ष किरण चौधरी के साथ एक दिन पहले ही विचार विमर्श के बाद उसकी समीक्षा की गई। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में ऐसे वादे करने का निर्णय लिया है, जिसे वह सत्ता में आने के बाद पूरा करके जनता की कसौटी पर पूरा उतर सके।
29Sep-2019